दीपावली त्यौहार के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस ने फ्लैगमार्च कर असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश दिया

दीपावली त्यौहार के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस ने फ्लैगमार्च कर असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश दिया
मंदसौर, -दीपावली त्यौहार के मद्देनजर शहर में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में शहर की सुरक्षा व्यवस्था समेत यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु आज बुधवार को थाना कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के मुख्य व्यावसायिक मार्गों में फ्लैगमार्च कर असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश दिया। बताते चलें कि पुलिस अधीक्षक श्री मीणा के द्वारा सभी थाना प्रभारियों को शहर में तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ पुलिस को लगातार भ्रमण कर यातायात व्यवस्था को दुरस्त रखने का निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में आज बुधवार को कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़ ने शहरी क्षेत्र में पुलिसकर्मियों संग भ्रमण कर शहर की सुरक्षा व्यवस्था जांची।
मौजूद लोगों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि सभी लोग पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखें।कानून व्यवस्था का पालन करें। इस दौरान अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति क्षेत्र में घूमता नजर आए तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि उसके विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जा सके।पर्व के दौरान अराजकतत्वों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ऐसे लोगों से सख्ती से निबटेगी। इस मौके पर कोतवाली थाना पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



