रेतम बैराज बांध के गेट बंद, किसानों ने जताई खुशी,कहा सिंचाई के लिए पानी सुरक्षित

रेतम बैराज बांध के गेट बंद, किसानों ने जताई खुशी,कहा सिंचाई के लिए पानी सुरक्षित
मल्हारगढ़। क्षेत्र में इस वर्ष अब तक बरसात सामान्य से काफी कम हुई है। इसी कारण हरमाला गांव स्थित रेतम बैराज बांध अभी खाली पड़ा हुआ है और भविष्य के लिए पर्याप्त जल संग्रहण नहीं हो सका है। इसके बावजूद स्थानीय अधिकारियों द्वारा बांध के गेट खोले जाने से क्षेत्र के किसानों में चिंता का माहौल बन गया था। किसानों को आशंका थी कि यदि बरसात कम रही तो आगामी रबी सीजन में पानी की भारी समस्या खड़ी हो जाएगी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र के किसानों ने भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष बाबूलाल डाका को अवगत कराया। उन्होंने किसानों की इस समस्या को तुरंत मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा तक पहुंचाया।
मामले की जानकारी मिलते ही देवड़ा ने अधिकारियों से तत्काल चर्चा की और गेट बंद करने के निर्देश दिए।देवड़ा के निर्देश के बाद बांध के गेट तुरंत बंद कर दिए गए, जिससे किसानों ने राहत की सांस ली। किसानों ने खुशी जताई और कहा कि समय पर उठाए गए इस कदम से आगामी फसलों में सिंचाई के लिए पानी सुरक्षित रहेगा। क्षेत्र के किसानों ने उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और किसान मोर्चा मंडलअध्यक्ष बाबूलाल डाका का आभार व्यक्त किया। इससे किसानों में संतोष और विश्वास का माहौल बन गया है।
================