समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 15 अक्टूबर 2026 गुरुवार

गांधीनगर में आकर्षक एवं मनमोहक गरबों की प्रस्तुतियों के साथ हो रही है माता की आराधना
नवरात्रि पर्व हमारी सनातन संस्कृति और नारी शक्ति की आराधना का अनुपम प्रतीक
मन्दसौर। प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी गांधी नगर स्थिति नव दुर्गा गरबा समिति द्वारा भव्य गरबा महोत्सव का आयोजन अपार उत्साह के साथ किया जा रहा है। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन माताओं एवं बहनों द्वारा एक से बढ़कर एक आकर्षक और मनमोहक गरबों की प्रस्तुतियाँ दी जा रही हैं, जिससे संपूर्ण प्रांगण भक्तिमय माहौल से सराबोर है।
नवरात्रि पर्व के तीसरे दिन माँ दुर्गा की महाआरती का में भाजपा के वरिष्ठ नेता मदनलाल राठौर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुनील जैन महाबली एवं भाजपा युवा नेता बंटी चौहान विशेष रूप से उपस्थित हुए। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, समिति के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालु भक्तों ने मिलकर माता रानी की आरती की और सभी के सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि नवरात्रि का यह पावन पर्व हमारी सनातन संस्कृति, अटूट आस्था और नारी शक्ति की आराधना का अनुपम प्रतीक है। गरबा महोत्सव जैसे आयोजन न केवल समाज को एकता के सूत्र में बांधते हैं, बल्कि हमारी भावी पीढ़ी को अपनी समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने का भी एक अत्यंत सराहनीय प्रयास हैं।
इस दौरान अतिथि स्वागत समिति संरक्षक कुशाल सिंह शक्तावत, राजेंद्र सिंह राणा, राजेंद्र सिंह राणावत, गोवर्धन सिंह सोलंकी, मनोहर लाल चौहान, मार्गदर्शक रघुवीर सिंह देवड़ा, के सी शर्मा, प्रेमचंद बामणिया, बालमुकुंद दुबे, सत्यनारायण राव, मदन मालवीय, अशोक गौड, धर्मपाल सिंह देवड़ा, जगदीश शर्मा, अध्यक्ष रामनारायण प्रजापति, उपाध्यक्ष घनश्याम माहेश्वरी, भोला भारती सोनी, सुरेश जोशी, जगदीश मालवीय, कोषाध्यक्ष सुनील बसेर, सचिव रतन लाल चौहान, सह सचिव पूरनमल प्रजापति, संचालनकर्ता हस्तीमल सांखला, जितेंद्र सिंह सोलंकी, व्यवस्थापक मुकेश गुर्जर, नवीन तिवारी, बिंदुपाल सिंह राठौर तथा सदस्य सुरेश शर्मा, बाबूलाल डांगी, भेरूलाल सांवरा, विजेंद्र सिंह चुण्डावत एवं सुरेंद्र सिंह आदि ने किया।
कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने EVM-VVPAT वेयर हाउस का निरीक्षण किया
मंदसौर 14 अक्टूबर 2026 / कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री दिव्यांक सिंह ने नवीन कलेक्टर भवन के सामने स्थित EVM-VVPAT वेयर हाउस का निर्धारित मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयर हाउस की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर श्री सिंह ने गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था, सीलिंग, लॉगबुक एवं प्रवेश रिकॉर्ड का सत्यापन किया। साथ ही अग्नि सुरक्षा उपायों एवं सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, निर्वाचन शाखा के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
–00–
SQAY चैंपियनशिप में दलौदा का परचम, 9 पदकों के साथ रनर-अप ट्रॉफी पर कब्जा
दलौदा पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने जीते 8 स्वर्ण और 1 रजत पदक, मंदसौर जिले का बढ़ाया गौरव
दलौदा । प्रदेश की राजधानी भोपाल में 9 एवं 10 अक्टूबर को आयोजित 5वीं राज्य स्तरीय SQAY मार्शल आर्ट चैंपियनशिप में मंदसौर जिले के दलौदा स्थित दलौदा पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के 25 जिलों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। दलौदा पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 8 स्वर्ण एवं 1 रजत सहित कुल 9 पदक जीतकर रनर-अप ट्रॉफी अपने नाम की।
प्रतियोगिता में अंडर-19 के 50 किग्रा वर्ग में जगदेव पंवार, 70 किग्रा में माधवराज भाटी, 55 किग्रा में नैतिक राठौर तथा 66 किग्रा में हरिओम पाटीदार ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं अंडर-17 के 45 किग्रा वर्ग में चंद्रशेखर कुमावत, 60 किग्रा में करण व्यास और 50 किग्रा में भूपेंद्र पाटीदार ने स्वर्ण पदक जीते। अंडर-14 के 45 किग्रा वर्ग में निलेश चौधरी ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इसी क्रम में अंडर-17 के 48 किग्रा वर्ग में कृष्णा कुमावत ने रजत पदक जीतकर विद्यालय की पदक तालिका में एक और उपलब्धि जोड़ी।
खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता पर विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती सोनाली जैन एवं प्राचार्य श्री प्रदीप शेरावत ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन, समर्पण एवं खेल भावना की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
9 पदकों के साथ रनर-अप ट्रॉफी हासिल कर दलौदा पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे मंदसौर जिले को गौरवान्वित किया।
–00–
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लाडली बहनों के बैंक खातों में सहायता राशि अंतरित की
मंदसौर जिले की बहनों को 39 करोड़ से अधिक का लाभ
मंदसौर 14 अक्टूबर 2026 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश की बहनों के बैंक खातों में मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना अंतर्गत सहायता राशि अंतरित की।
बहनों को माह अक्टूबर की 1500 रुपए आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर मंदसौर जिले की 26 हजार से अधिक लाडली बहनों को 39 करोड चार लाख रूपए की सहायता राशि का लाभ मिला। जिले के सभी गांव, वार्डों में वेबकास्ट के माध्यम से कार्यक्रम देखा सुना गया।
–00–
खाद्य पदार्थो के अमानक नमूनों के प्रकरणों में लाइसेंस होंगे निरस्त
चलित लैब नमूनों का परीक्षण कर मौके पर ही रिपोर्ट देगी
खाद्य एवं औषधी प्रशासन सलाहकार समिति बैठक मे कलेक्टर ने दिए निर्देश
मंदसौर 14 अक्टूबर 2026 / विगत दिवस खाद्य एवं औषधि प्रशासन की जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले के आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अशुद्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री एवं निर्माण की रोकथाम के लिए चर्चा की जाकर रूपरेखा तय की गई। बताया गया कि कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह के निर्देश पर आमजन की स्वास्थ्य सुरक्षा हेतु विशेष निगरानी दल का गठन किया गया है। गठित दल में खाद्य सुरक्षा, दुग्ध महासंघ, पुलिस विभाग, नापतोल, खाद्य आपूर्ति विभाग सम्मिलित किए गए हैं। निगरानी दल जिले मे आकस्मिक निरीक्षण करते हुए खाद्य पदार्थों की जांच करेगा।
बैठक मे समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने निर्देश दिए कि खाद्य पदार्थों की जांच हेतु जिले में चलित लेब भ्रमण करेगी। खाद्य पदार्थो के नमुने लेकर मोके पर ही जांच रिपोर्ट देगी। चलित लेब की व्यवस्था जिले में जनभागीदारी अथवा शासन स्तर से की जाएगी। कलेक्टर ने जिले मे खाद्य पदार्थो के नमूना संग्रहण हेतु ब्लॉक स्तरीय रोस्टर बनाऐ जाने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिये कि जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री श्याम सिंह रावत द्वारा निर्देशों के पालन नहीं करने, आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान मे रखते हुए खाद्य नमूने प्राप्त करने मे लापरवाही बरतने पर उनके निलंबन हेतु शासन स्तर पर कार्यवाही की जाए। बताया गया कि 1 अप्रैल 2026 से माह अक्टूबर 2026 तक लिए गए खाद्य पदार्थो के नमूने जो लेब रिपोर्ट में अमानक, मिथ्याचारी एवं असुरक्षित मे पाए गए है ऐेसे 15 पंजीयन/लाईसेंस तत्काल निरस्त करने के निर्देश कलेक्टर द्वारा बैठक में दिये गए।
बैठक में नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्र मे अशुद्ध खाद्य पदार्थो के क्रय विक्रय की रोकथाम हेतु समन्वय बनाते हुए जनजागरूकता शिविर लगाऐ जाने खाद्य पदार्थो के क्रय, विक्रय एवं निर्माण में पूर्ण स्वच्छता एवं शुद्धता रखने के लिए जागरूक करने, नियमों का पालन नही करने पर दण्डात्मक कार्यवाही किए जाने के निर्देश कलेक्टर ने दिये।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. द्विवेदी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी श्री नारायण सिंह चंद्रावत, महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र श्री मंगल रैकवार, उपभोक्ता संघटन के श्री मिथुन वाप्ता एवं श्री विनोद गुप्ता, खाद्य व्यवस्था से श्री शरद धिंग एवं श्री अरूण शर्मा एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी उपस्थित थे।
खाद्य सुरक्षा को लेकर अब प्रतिमाह बैठक आयोजित की जाएगी। आगामी बैठक 23 नवंबर को कार्यालय कलेक्टर सभागृह मे होगी। –00–
स्वास्थ्य कार्यकर्ताओ ने सीखे पानी की जाँच के तरीके
PHE विभाग की जल जागरूकता पर विकासखंड स्तरीय कार्यशाला संपन्न
मंदसौर 14 अक्टूबर 2026 / ग्रामीण क्षेत्र मे रहने वाले प्रत्येक ग्रामवासी क़ो जल जीवन मिशन योजना के तहत वर्षभर स्वच्छ व शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो,इसके लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी वीभाग निरंतर कार्य करता है।
इसी क्रम मे PHE विभाग के कार्यपालक यंत्री श्री वैभव भावसार के निर्देशन मे मल्हारगढ़ विकासखंड के सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं जिनमे विकासखंड की सभी 17 आशा सुपरवाइजर (199 आशा कार्यकर्त्ताओ की प्रभारी), 35 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) एवं 42 ANM क़ो फील्ड टेस्टिंग किट के माध्यम से जल गुणवत्ता परिक्षण करने का प्रशिक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगढ़ पर PHE विभाग के जिला सलाहकार श्री मुकेश गुप्ता, PMU सलाहकार श्री अंकित ठाकुर ने दिया।
इस किट के माध्यम से पानी के महत्वपूर्ण 10 टेस्ट जिनमे PH, फ्री क्लोरीन, कुल कठोरता, क्लोराइड, नाइट्रेट, टर्बीडिटी, फ्लोराइड, टोटल अल्कलिनिटी व अमोनिया की प्रारंभिक जाँच आसान विधियों से किट के साथ उपलब्ध प्रयोग विधि पुस्तिका से कही भी की जा सकती हे, ताकि ग्रामो मे स्थापित पेयजल स्त्रोतो से प्राप्त पानी की जाँच ग्राम मे ही किट के माध्यम से की जा सके व ग्रामवासी भी पानी की गुणवत्ता व मानक से परिचित हो।
इस अवसर पर आयोजित कार्यशाला मे उपस्थित सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओ को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की गाइडलाइन, पेयजल स्त्रोतो क़ो स्वच्छ रखने, स्त्रोतो का नियमित क्लोरिनेशन करने, पीने के पानी का समुचित्त भण्डारण रखने, दूषित पानी के पीने से होने वाली बीमारियों से बचने, जल प्रदाय योजनाओं मे जन सहभागिता सुनिश्चित करने, जल के अपव्यय को रोकने, ग्राम मे समग्र स्वच्छता का वातावरण सुनिश्चित करने की समझाईश दी गईं। इस अवसर पर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. घनश्याम पाटीदार , BEE श्री ओमप्रकाश लोहार व BCM श्री दिलीप शर्मा उपस्थित रहे।
–00–
जल संसाधन विभाग के तालाबों से एक लाख 65 हजार से अधिक हेक्टेयर में रबी सिंचाई की जावेगी
जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक संपन्न
मंदसौर 14 अक्टूबर 2026 / मंदसौर जिले में वर्ष 2026-27 में रबी फसलों के लिए एक लाख 65 हजार 87 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की जा सकेगी। उक्त जानकारी बुधवार को आयोजित जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक में दी गई। बैठक में सुवासरा विधायक श्री हरदीप सिंह डंग, कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन श्री विजेंद्र सिंह डोडवे आदि उपस्थित थे।
बैठक में विधायक श्री डंग ने शामगढ़ सिंचाई परियोजना तथा कृषक हित में अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आवश्यक दिशा निर्देश जल संसाधन विभाग को दिए। श्री डंग ने कहा कि रबी के दौरान सिंचाई के लिए किसानों को प्रत्येक संभव मदद दी जाए किसानों को कोई दिक्कत नहीं हो। कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह ने जल संसाधन विभाग को सुनियोजित ढंग से कार्य योजना तैयार करके रबी सिंचाई में किसानों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया।
बैठक में कार्यपालन यंत्री श्री डोडवे ने बताया कि वर्ष 2026-27 में जिले में रबी फसलों के लिए चार सूक्ष्म सिंचाई परियोजनाओं से 1 लाख 25 हजार हेक्टेयर में सिंचाई की जाएगी। इसी प्रकार उप संभाग मल्हारगढ़ के 22 तालाबों से 12226 हैकटेयर, सुवासरा के 58 तालाबों से 12852 हैकटेयर, गरोठ के 20 तालाबों से 600 हेक्टर, उप संभाग भानपुरा के 23 तालाबों से 13734 हैकटेयर तथा गांधी सागर डूब के एक तालाब से 600 हैकटेयर में सिंचाई के लिए जल राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में बताया गया कि इस वर्ष रबी मौसम में कृषकों से कम पानी वाली फसले लेने की अपील की गई है। विभाग के तालाबों से पानी लेने हेतु विभाग से एनओसी लेना होगी। बताया गया कि मल्हारगढ़ क्षेत्र के काका साहब गाडगिल तालाब से जिले के कचरिया देव तथा बरखेड़ा देव एवं नीमच जिले के देवीपुरा तथा पलसोड़ा जैसे दूरस्थ ग्रामों के किसानों को रबी की दो सिंचाई के लिए ही पानी मिल सकेगा।
–00–
“युवा संगम” रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला 16 अक्टूबर को आईटीआई मल्हारगढ़ में होगा
मंदसौर 14 अक्टूबर 2026 / जिला रोजगार अधिकारी द्वारा बतया गया कि मध्यप्रदेश शासन एवं जिला रोजगार कार्यालय, मंदसौर के तत्वावधान में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 16 अक्टूबर 2026 को “युवा संगम” का आयोजन किया जाएगा। मेले का आयोजन प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक शासकीय आईटीआई मल्हारगढ़ में होगा।
मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित निजी कंपनियों एवं संस्थानों द्वारा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए भर्ती प्रक्रिया एवं साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। इस रोजगार मेले में कुल 12 कंपनियों के सम्मिलित होने की जानकारी दी गई है। इनमें MRF Tyres dahej gujrat , Apollo Tyres vadodra , GAIL Institute of Skill guna , Checkmate Services ahmadabad , CII-MCC indore , HDFC Life Insurance mandsaur , Maa Chamunda Enterprises ratlam , TVS Lucas Pvt. Ltd. Chakan pune , Tata Gotion Green Energy Solutions Pvt. Ltd. Chakan pune , Mukesh Agro Tech Pvt. Ltd., Mandsaur, Motherson ahamdabad तथा CNM-Case Construction Pvt. Ltd., Indore प्रमुख हैं।
मेले में 8वीं कक्षा उत्तीर्ण से लेकर स्नातक, आईटीआई एवं डिप्लोमा योग्यताधारी अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार विभिन्न पदों के लिए भाग ले सकते हैं।
रोजगार मेले में सम्मिलित होने वाले सभी अभ्यर्थी अपना Resume (बायोडाटा), पासपोर्ट साइज फोटो, समग्र आईडी तथा शैक्षणिक योग्यता एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की फोटोकॉपी साथ लेकर आएं, ताकि भर्ती प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला प्रशासन एवं जिला रोजगार कार्यालय द्वारा युवाओं से अपील की जाती है कि वे इस अवसर का अधिकाधिक लाभ उठाएं तथा अपनी शैक्षणिक योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने के लिए मेले में उपस्थित हों। अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें: 9118870369
–00–
5 मध्य प्रदेश बटालियन एनसीसी मंदसौर की वार्षिक कॉन्फ्रेंस संपन्न
वार्षिक बैठक में कैडेट्स के प्रशिक्षण, अनुशासन एवं एनसीसी गतिविधियों को लेकर अधिकारियों को दिए गए निर्देश
मंदसौर 14 अक्टूबर 2026 / 5 मध्य प्रदेश बटालियन एनसीसी, मंदसौर द्वारा आज वार्षिक कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। बैठक में मंदसौर एवं नीमच जिले के अंतर्गत आने वाले शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में संचालित एनसीसी इकाइयों के समस्त एनसीसी अधिकारियों ने सहभागिता की। बैठक में बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल सुनील चीकोड़े एवं प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल अक्षत बक्शी ने एनसीसी अधिकारियों को कैडेट्स के प्रशिक्षण, सैन्य कौशल, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, शारीरिक दक्षता तथा राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने के संबंध में विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रम के अनुसार कैडेट्स को विभिन्न विषयों का व्यवस्थित प्रशिक्षण प्रदान किया जाए, ताकि वे एक अनुशासित, जिम्मेदार एवं कर्तव्यनिष्ठ नागरिक के रूप में विकसित हो सकें।
नायब सूबेदार अमर पाटील की पदोन्नति पर आयोजित हुई रैंक सेरेमनी
वार्षिक कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ बटालियन के लिए गौरव और प्रसन्नता के समाचार के साथ हुआ। भारतीय सेना की मराठा लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंट में सेवारत बटालियन के ट्रेनिंग JCO नायब सूबेदार अमर पाटील को सूबेदार के पद पर पदोन्नत किया गया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर बटालियन में रैंक सेरेमनी आयोजित की गई। समारोह में कमान अधिकारी कर्नल सुनील चीकोड़े एवं एनसीसी अधिकारी सेकंड ऑफिसर कुलदीप सिंह चंद्रावत द्वारा अमर पाटील को सूबेदार रैंक से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल अक्षत बक्शी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
यह पदोन्नति भारतीय सेना में अमर पाटील की सेवा, समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं सैन्य दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता का गौरवपूर्ण प्रतीक है। उनके सूबेदार पद पर पदोन्नत होने से बटालियन के अधिकारियों एवं एनसीसी परिवार में हर्ष का वातावरण रहा। उपस्थित अधिकारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल सैन्य भविष्य की कामना की।
प्रशिक्षण की गुणवत्ता और संगठनात्मक समन्वय पर जोर
वार्षिक कॉन्फ्रेंस के माध्यम से एनसीसी प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने, कैडेट्स की नियमित सहभागिता सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों की एनसीसी इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। बैठक में मंदसौर एवं नीमच जिले के समस्त उपस्थित एनसीसी अधिकारियों ने प्रशिक्षण संबंधी विषयों पर चर्चा की। कार्यक्रम में प्रशिक्षण संबंधी दिशा-निर्देशों के साथ-साथ बटालियन के गौरवपूर्ण सैन्य अवसर को साझा करते हुए संगठनात्मक एकता, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
–00–
दलौदा चौपाटी पर दवाखाने पर कार्रवाई, तहसीलदार व स्वास्थ्य अधिकारी ने किया सील
दलौदा चौपाटी स्थित एक दवाखाने पर प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए दलौदा तहसीलदार एवं स्वास्थ्य अधिकारी अभिषेक जैन ने मौके पर दवाखाने को सील कर दिया।बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति के इलाज में लापरवाही को लेकर परिजनों ने आरोप लगाए हैं।
–00–
मंदसौर। म. प्र. विद्युत कंपनी कर्मचारी संघ फेडरेशन के प्रांतीय महामंत्री श्री डी एस चंद्रावत ने प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को पत्र लिखकर मांग करी हैं कि वर्तमान में प्रदेश में हुई कम वर्षा तथा थर्मल पॉवर प्लांट कि मरम्मत के चलते प्रदेश में बिजली उत्पादन में कमी के चलते हो रही अघोषित विद्युत कटौती कि स्थिति पर ऊर्जा विभाग द्वारा सोशल मीडिया/ प्रिंट मीडिया/ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर प्रेस विज्ञप्ति जारी कर वस्तुस्थिति से सम्माननीय उपभोक्ताओं को अवगत कराया जाएं ताकि क्षेत्र में जमीनी स्तर पर कार्यरत ग्रिड ऑपरेटर एवं उपकेंद्र प्रभारी को जनाक्रोश का सामना नहीं करना पड़ेगा। वर्तमान में हो रही अघोषित विद्युत कटौती के कारण उपभोक्ताओं कि नाराजगी का सामना सिर्फ ग्रिड ऑपरेटर एवं उपकेंद्र प्रभारी को करना पड़ रहा है। फेडरेशन ने ऊर्जा सचिव एवं सभी विद्युत कंपनी के प्रबंध निदेशक से अनुरोध किया है कि प्रतिदिन लोड शेडिंग कि जानकारी प्रदेश स्तर तथा कंपनी स्तर से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उपभोक्ताओं को अवगत कराया जाए। फील्ड अधिकारियों को भी प्रतिदिन अपने अधीनस्थ उपकेन्द्रों का भ्रमण कर आउटसोर्स ग्रिड ऑपरेटर एवं उपकेंद्र प्रभारी कि सुरक्षा सुनिश्चित करना चाहिए। यह जानकारी वृत अध्यक्ष श्री दिलीप शर्मा एवं क्षेत्रीय सचिव अरुण राठौर ने दी।
दलौदा पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने जीते 8 स्वर्ण और 1 रजत पदक, मंदसौर जिले का बढ़ाया गौरव



