
अंतरराष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण दिवस पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित
किशनगढ़ ताल
ठा शंभू सिंह तंवर
मेरा युवा भारत, रतलाम द्वारा अंतरराष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण दिवस के उपलक्ष्य में सांदीपनि विद्यालय, आलोट में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
जिला युवा अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत, रतलाम द्वारा युवाओं को आपदाओं के प्रति जागरूक करने, सुरक्षित रहने, एक-दूसरे का सहयोग करने तथा आपदा प्रबंधन के महत्व को समझाने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय प्राचार्य फिरोज खान, अतुल वर्मा एवं ब्लॉक कोऑर्डिनेटर दुर्गा शंकर मोयल ने मां सरस्वती के चित्र पर पूजा-अर्चना कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए बाढ़, भूकंप, आगजनी एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से बचाव तथा जन-जागरूकता से संबंधित विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में कल्पना शर्मा, विजय आंजना, इशिका खींची एवं दिनेश राठौर शामिल रहे। निर्णायकों द्वारा प्रतिभागियों की चित्रकला का मूल्यांकन कर श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया गया।चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान विकास चंद्रवंशी, द्वितीय स्थान – हिमांशी सोनी, तृतीय स्थान – सौम्या परमार स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथियों विद्यालय प्राचार्य फिरोज खान, दुर्गा शंकर मोयल एवं अतुल वर्मा द्वारा विजेता प्रतिभागियों को टॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ब्लॉक कोऑर्डिनेटर दुर्गा शंकर मोयल ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में रचनात्मकता बढ़ती है तथा आपदा के समय सतर्कता, सुरक्षा और सहयोग की भावना विकसित होती है।


