मां तुझे प्रणाम योजना 2026 में सुपड़ा के सत्यप्रकाश राठौड़ का चयन
Satyaprakash Rathore from Supda selected for the 'Maa Tujhe Pranam' scheme in 2026.

मां तुझे प्रणाम योजना 2026 में सुपड़ा के सत्यप्रकाश राठौड़ का चयन
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। समीपी ग्राम सुपड़ा के युवा सत्यप्रकाश पिता ईश्वरलाल राठौड़ का मध्यप्रदेश शासन की प्रतिष्ठित ‘मां तुझे प्रणाम योजना 2026’ के लिए चयन हुआ है।
योजना के तहत चयनित युवाओं को प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत से परिचित कराया जाएगा। सत्यप्रकाश का चयन लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से हुआ है। उन्होंने अपने चयन का श्रेय राष्ट्रीय सेवा योजना में लगातार सक्रिय भागीदारी और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में सहभागिता को दिया।
सत्यप्रकाश रासेयो की गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेते रहे हैं।उन्होंनेसमाजसेवा, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण सहित विभिन्न शिविरों में सहभागिता की तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाण-पत्र भी प्राप्त किए हैं। ‘मां तुझे प्रणाम योजना’ के तहत चयनित युवाओं को प्रदेश के प्रमुख ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
भ्रमण के दौरान खजुराहो के प्रसिद्ध मंदिर समूह, जटाशंकर धाम, पन्ना के विश्व धरोहर स्थल तथा पन्ना टाइगर रिजर्व सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों से युवाओं को परिचित कराया जाएगा। योजना का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना, भारतीय संस्कृति एवं प्रदेश की विरासत के प्रति गौरव की भावना तथा नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। सत्यप्रकाश राठौड़ के चयन पर परिजनों, मित्रों एवं ग्रामवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
—–



