पूर्व विधायक सिसौदिया ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, सड़क दुर्घटनाओं का हवाला देकर पर्याप्त बजट स्वीकृत करने की मांग

मंदसौर–सुवासरा फोरलेन के लिए 2300 करोड़ की डीपीआर के मुकाबले बजट में सिर्फ 199 करोड़
मंदसौर। मंदसौर से सीतामऊ सुवासरा क्षेत्र को जोड़ने वाली प्रस्तावित फोरलेन सड़क परियोजनाओं को लेकर अब सियासी हलचल तेज हो गई है। एक ओर सड़क निर्माण के लिए तैयार की गई डीपीआर और स्वीकृत बजट में बड़ा अंतर सामने आ रहा है, वहीं दूसरी ओर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं मंदसौर के पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसौदिया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर इन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार मंदसौर से सुवासरा करीब 65 किलोमीटर फोरलेन मार्ग के लिए वर्ष 2025-26 के वित्तीय बजट में लगभग 172 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं सीतामऊ से आगे प्रस्तावित करीब 11 किलोमीटर सड़क के लिए 27 करोड़ रुपये का प्रावधान बताया गया है। इस तरह दोनों कार्यों के लिए कुल करीब 199 करोड़ रुपये ही बजट में शामिल किए गए हैं। वहीं विभाग द्वारा फोरलेन निर्माण के लिए तैयार की गई डीपीआर की राशि करीब 2300 करोड़ रुपये बताई गई है।
पूर्व विधायक सिसौदिया ने इसी अंतर को प्रमुखता से उठाते हुए मुख्यमंत्री से मांग की है कि डीपीआर के अनुसार पर्याप्त राशि का प्रावधान किया जाए, ताकि सड़क निर्माण कार्य को गति मिल सके। सिसौदिया ने अपने पत्र में इस मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को भी चिंता का विषय बताया है।
उनका कहना है कि मंदसौर से सीतामऊ और सुवासरा क्षेत्र की ओर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। फोरलेन मार्ग बनने से यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है। प्रस्तावित मार्ग को दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे तथा गरोठ–उज्जैन फोरलेन से जोड़ने की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। परियोजना में कई स्थानों पर बायपास तथा प्रमुख नदियों पर बड़े पुलों का निर्माण भी प्रस्तावित बताया गया है। ऐसे में यह सड़क क्षेत्र के यातायात और विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण कड़ी बन सकती है।फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि करीब 2300 करोड़ रुपये की डीपीआर के मुकाबले 199 करोड़ रुपये के सीमित बजट में परियोजना को किस गति से आगे बढ़ाया जाएगा। पूर्व विधायक सिसौदिया की मुख्यमंत्री से की गई मांग के बाद अब क्षेत्र की नजर सरकार के अगले कदम और अतिरिक्त बजट स्वीकृति पर है। विकास के मुद्दे पर किसी तरह का विरोध नहीं, लेकिन चर्चा इस बात की भी है कि सुवासरा विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से जरूरी माने जा रहे इस महत्वपूर्ण सड़क प्रोजेक्ट के लिए पर्याप्त बजट की मांग अब मंदसौर के पूर्व विधायक को मुख्यमंत्री के सामने उठानी पड़ रही है।



