मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 18 जुलाई 2026 शनिवार

संध्याकालीन शिविरों के दूसरे दिन 21 शिकायतें में से 7 का हुआ मौके पर ही निराकरण

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार जिले की समस्त 8 नगरीय निकायों में शुक्रवार को संध्याकालीन वार्ड स्तरीय शिविरों के द्वितीय चरण के दूसरे दिन जनप्रतिनिधियों एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों की उपस्थिति में शिविर आयोजित किए गए।

पीओ डूडा श्री अरुण कुमार पाठक द्वारा बताया गया कि नगर पालिका जावरा के वार्ड क्रमांक 5 एवं 6 तथा जिले की सातों नगर परिषदों के वार्ड क्रमांक 3 में आयोजित शिविरों में नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं। शिविरों में कुल 21 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया।

प्राप्त शिकायतों में 8 शिकायतें पेयजल से संबंधित थीं, जिनमें से 1 शिकायत का तत्काल निराकरण किया गया। 9 शिकायतें स्वच्छता संबंधी थीं, जिनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया। इसके अतिरिक्त 4 शिकायतें निर्माण कार्यों से संबंधित प्राप्त हुईं, जिनके निराकरण के लिए संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश संबंधित कर्मचारियों को दिए गए।

शिविरों का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना तथा नगरीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना है।

============

विद्यार्थी निजी विद्यालयों से निकलकर शासकीय सांदीपनि विद्यालयों में प्रवेश ले रहे हैं : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

सांदीपनि विद्यालय सर्वसुविधा युक्त गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा का माध्यम बन रहे हैं
विधानसभा के वर्षाकालीन सत्र में प्रस्तुत होगी समान नागरिक संहिता
मध्यप्रदेश एक देश-एक विधान-एक निशान और एक कानून लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने झिंझरी और बहोरीबंद सांदीपनि विद्यालयों का किया लोकार्पण
स्लीमनाबाद कटनी में किया कार्यक्रम को संबोधित

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सनातन संस्कृति सभी के प्रति मैत्री और कल्याण का भाव रखने का संदेश देती है। कृष्ण-सुदामा का प्रसंग भी हमें मैत्री के भाव को पूर्ण गरिमा और आत्मीयता के साथ निभाने का संदेश देता है। यह प्रसंग हमें अमीर-गरीब का भेद मिटाकर समरसता का संदेश भी देता है। भगवान कृष्ण का शिक्षा के लिए सांदीपनि आश्रम उज्जैन आगमन और शिक्षा ग्रहण कर उनका 64 कलाओं 14 विद्याओं में पारंगत होना हमें शिक्षा का महत्व बताता है। राज्य सरकार बच्चों के सुनहरे भविष्य के लिए सांदीपनि विद्यालयों की सौगात दे रही हैं। प्रदेश के सांदीपनि विद्यालय सर्वसुविधा युक्त गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा का माध्यम बन रहे है। इसी का परिणाम है कि विद्यार्थी निजी विद्यालयों से निकलकर शासकीय सांदीपनि विद्यालयों में प्रवेश ले रहे हैं। शासकीय शालाओं में बच्चों को नि:शुल्क पुस्तकें और साइकिलें प्रदान की जा रही है। बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने पर मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और अगर कोई विद्यार्थी स्कूल में टॉप करता है तो उसे स्कूटी दी जा रही है। राज्य में गुरुपूर्णिमा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। गुरु हमें अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाते हैं, इसीलिए विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के लिए कुलगुरु संबोधन की परंपरा शुरू की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव स्लीमनाबाद कटनी में सांदीपनि विद्यालयों के लोकार्पण अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

झिंझरी में 38 करोड़ 61 लाख और बहोरीबंद में 35 करोड़ 63 लाख रुपए लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज क्षेत्रवासियों को झिंझरी और बहोरीबंद सांदीपनि विद्यालयों की सौगात दी। झिंझरी का सांदीपनि विद्यालय 38 करोड़ 61 लाख रुपए तथा बहोरीबंद का सांदीपनि विद्यालय 35 करोड़ 63 लाख रुपए से अधिक लागत से बनकर तैयार हुआ। यहां उपलब्ध सुविधाएं गुरुकुल की गरिमा और डिजिटल युग की दक्षता का समन्वय प्रस्तुत करती हैं।

स्लीमनाबाद टनल किसान कल्याण वर्ष में किसानों के लिए बड़ी सौगात है

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत में कई असंभव कार्यों को पूरा कर विश्व में अपनी अलग पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार विभिन्न विकास परक और कल्याणकारी कार्यों को आगे बढ़ा रही है। इसी क्रम में स्लीमनाबाद टनल परियोजना बघेलखंड और बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है, यह क्षेत्र भविष्य में पंजाब और हरियाणा को भी पीछे छोड़ देगा। इस परियोजना से रीवा, सतना, मैहर, पन्ना और कटनी में सिंचाई और पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता रहेगी। किसान कल्याण वर्ष में राज्य सरकार की ओर से इस क्षेत्र के किसानों के लिए यह बड़ी सौगात है। किसानों की समृद्धि के लिए राज्य सरकार ने टनल परियोजना के लिए लगभग 1400 करोड़ रुपए मंजूर किए थे। इसी प्रकार केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना से बुंदेलखंड के दमोह, सागर, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, विदिशा सहित अन्य जिलों के किसान लाभान्वित होंगे। पार्वती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी) परियोजना से चंबल और मालवा क्षेत्र के जिलों को सिंचाई और पेयजल के लिए पानी उपलबध होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शीघ्र ही कटनी में भव्य कार्यक्रम आयोजित कर स्लीमनाबाद टनल परियोजना का लोकार्पण किया जाएगा।

जगदीशपुर में होगी मंत्रिपरिषद की बैठक

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीराम के आशीर्वाद से मध्यप्रदेश एक देश, एक विधान, एक निशान और एक कानून लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विधानसभा के आगामी वर्षाकालीन सत्र में प्रदेश में सभी धर्मावलंबियों के लिए समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लायी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल के पास जगदीशपुर स्थित है, इसका नाम विदेशी आक्रांताओं ने बदलकर इस्लामनगर कर दिया था। विधानसभा के वर्षाकालीन सत्र से पहले जगदीशपुर में मंत्रिपरिषद की बैठक कर समान नागरिक संहिता के ड्राफ्ट को अनुमोदन प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रक्षाबंधन से एक बार फिर मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत 1500 रुपए की राशि बैंक खातों में अंतरित की जाएगी। कार्यक्रम को सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, सांसद श्री गणेश सिंह, विधायक श्री संजय पाठक, विधायक श्री वीरेंद्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय जन उपस्थित थे।

===========

डायरिया रोकथाम अभियान के तहत ग्रामीणों को सिखाई जल गुणवत्ता जांच की तकनीक

कार्यशाला में जल संरक्षण, क्लोनरीनेशन और स्वच्छ पेयजल के प्रति किया गया जागरूक

डायरिया रोकथाम के लिये चल रहे देशव्यापी अभियान के तहत जिले के विभिन्न गांवों में जल गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री एस आर जांगड़े मार्गदर्शन में जिले मे यह अभियान पीएचई विभाग के मैदानी अमले द्वारा चलाया जा रहा है!

इसी क्रम में रतलाम विकासखंड के ग्राम रत्तागढ़ खेड़ा में जल एवं स्वच्छता संबंधी कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें ग्रामवासियों, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को पेयजल स्रोतों से प्राप्त पानी की फील्ड टेस्टिंग किट के माध्यम से जल गुणवत्ता परीक्षण करने का प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यशाला में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के जिला सलाहकार श्री आनंद व्यास एवं विकासखंड समन्वयक श्री बबन बेनल ने ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों को नल-जल योजना के संचालन एवं संधारण, जलकर संग्रहण, प्रत्येक परिवार तक समान जलदाब से पेयजल उपलब्ध कराने तथा स्वच्छ जल एवं समग्र स्वच्छता सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। साथ ही गांव के पेयजल स्रोतों का क्लोरीनेशन एवं स्वच्छता सर्वेक्षण भी किया गया।

स्वास्थ्य विभाग की सीएचओ सुश्री नीलम तिवारी ने दूषित जल एवं गंदगी से होने वाली बीमारियों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। ग्रामीणों को भूजल संवर्धन, जल संरक्षण, जल के दुरुपयोग को रोकने तथा सुरक्षित एवं समुचित जल उपयोग के लिए भी प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि श्री भंवरलाल, श्री भागीरथ राठौड़, श्रीमती शोभा पाटीदार, श्रीमती सुगन सेन, श्री रामसिंह देवड़ा, श्रीमती दमयंती सिसोदिया, पंचगण, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, ग्रासरूट वर्कर्स एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

========

सिविल हॉस्पिटल जावरा में रोगी कल्याण समिति की बैठक संपन्न

सिविल अस्पताल जावरा में रोगी कल्याण समिति की बैठक विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक से पूर्व विधायक डॉ. पांडेय ने एसडीएम श्रीमती रचना शर्मा एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिवा के साथ सिविल अस्पताल तथा नवीन मातृत्व विंग का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान डायलिसिस यूनिट, ब्लड स्टोरेज सेंटर, फिजियोथैरेपी, ऑपरेशन थियेटर, एनआरसी, एनबीएसयू, ओपीडी, जन्म-मृत्यु कार्यालय एवं पोस्टमार्टम कक्ष आदि सेक्शन का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओ का जायजा लिया।

बैठक में सिविल अस्पताल प्रभारी डॉ. दीपक पालड़िया ने पिछली बैठक का पालन प्रतिवेदन एवं आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। इसके बाद विभिन्न एजेंडों पर चर्चा करते हुए नवीन पोस्टमार्टम भवन का प्रस्ताव भोपाल भेजने, शव पेटियों की मरम्मत एवं शेड निर्माण, अस्पताल परिसर में बिजली के पोल एवं एलईडी लाइट लगाने, सिविल अस्पताल एवं नवीन मातृत्व विंग के नामकरण एवं प्रतिमा स्थापना के लिए वरिष्ठ कार्यालय से पुनः पत्राचार करने तथा आवश्यकता अनुसार परिधीय क्षेत्रों के चिकित्सकों की ड्यूटी सिविल अस्पताल में लगाने पर सहमति प्रदान की गई

बैठक में वाहन स्टैंड एवं कैंटीन के टेंडर स्थानीय स्तर पर जारी करने, विधायक डॉ पांडेय ने विधायक निधि से पार्किंग एरिया के शेड बनाने की स्वीकृति दी, अस्पताल की छतों की वाटरप्रूफिंग सीएसआर फंड से करने, पुराने महिला अस्पताल के बाहरी कक्षों को दुकानों में परिवर्तित करने, सांसद निधि से कार्डियक एम्बुलेंस उपलब्ध करने की स्वीकृति सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौधरी ने दी, अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, भूमि सीमांकन, एक्स-रे मशीन सुधार हेतु संभागीय स्तर पर पत्राचार, बीपीएचयू यूनिट पुरानी मैटरनिटी में आवश्यक कार्य करवाकर शुरू करने के निर्देश दिए।

बैठक में सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौधरी, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि यूसुफ कड़पा, समाजसेवी अशोक आंटिया, सीबीएमओ डॉ. शंकरलाल खराड़ी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

=========

अवैध मदिरा विक्रेताओं पर आबकारी विभाग की कार्रवाई

शिवगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों में 52 पाव देशी शराब, 50 बीयर जप्त, 5 प्रकरण दर्ज

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन तथा प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त श्री विकास मण्डलोई के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मदिरा के विक्रय एवं परिवहन के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है।

इसी क्रम में सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री मनोहर खरे के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा 16 जुलाई को आबकारी उपनिरीक्षक श्री सचिन भास्करे ने वृत सैलाना अंतर्गत शिवगढ़ एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में होटल, ढाबों तथा किराना दुकानों की सघन जांच की। कार्रवाई के दौरान मधुबन ढाबा, निकिता किराना, राजपूताना ढाबा, पारगी ढाबा, देवश्री ढाबा सहित अन्य दुकानों की विधिवत तलाशी लेकर 52 पाव देशी प्लेन मदिरा, 40 केन बीयर तथा 10 बोतल प्रेसिडेंट बीयर जप्त की गई।

आबकारी विभाग ने आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत 5 प्रकरण दर्ज किए हैं। जप्त मदिरा की कुल कीमत लगभग 11 हजार 152 रुपये है।

कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक पुष्पराज चौहान, प्रधान आरक्षक रामचरण पवार तथा नगर सैनिक नरेंद्र सिंह भाटी शामिल रहे।

=======

21 जुलाई को आईटीआई रतलाम में आयोजित होगा युवा संगम रोजगार मेला

निजी कंपनियों में मिलेगी सीधी भर्ती का अवसर

 जिला रोजगार अधिकारी श्री अभिषेक कटारा ने बताया कि तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग मंत्रालय भोपाल एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भोपाल द्वारा युवा संगम जिला स्तरीय रोजगार, स्वरोजगार एवं प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन 21 जुलाई 2026 को शासकीय आई.टी.आई रतलाम, सैलाना रोड रतलाम में किया गया है, जिसमे 08 से 10 निजी क्षेत्र की कम्पनियों द्वारा अप्रेंटिसशिप, मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना अंतर्गत एवं अन्य रिक्त पदों पर भर्ती की जावेगी। इस युवा संगम मेले में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना एवं मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के बारे में मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जायेगा।

युवा संगम रोजगार मेले में कम्पनियों द्वारा मैनेजर, एच.आर, लेक्चरर, मशीन आपरेटर, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव, सेल्स एग्जीक्यूटिव, बिजनेस डेवलपमेंट एग्जीक्यूटिव, ट्रेनी, आदि अनेक पदों पर सीधी भर्ती की जावेगी।

आवेदक की शैक्षणिक योग्यता 8 वी, 10 वी उत्तीर्ण से स्नातक एवं आई.टी.आई. तथा आयु 18 से 35 वर्ष तक होना चाहिए।

युवा संगम रोजगार मेलें मे भाग लेने वाली कम्पनियों में इप्का लेबोरेट्रीज, अंकेलसरिया ऑटोमोबाईल, कारपोरेट देखो वेन्चर लि. रतलाम, जस्ट डायल इन्दौर, माही ग्रुप ऑफ ऐजुकेशन बाँसवाड़ा, कृषि दर्पण एग्रो प्राईवेट लिमिटेड, प्रतिभा स्वराज लिमिटेड उज्जैन, कवच ग्लोबल कनेक्ट प्रा. लि. अहमदाबाद, पेरेनियल प्राईवेट लि. पुणे आदि है।

 

इच्छुक आवेदक 21 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे से 3 बजे तक शासकीय आई. टी.आई. सैलाना रोड रतलाम में शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र, 2 पासपोर्ट साईज फोटो समग्र आई डी, आधार कार्ड की मूल व छायाप्रति एवं बॉयोडाटा के साथ उपस्थित हो सकते है।

=========

21 जुलाई को आईटीआई रतलाम में आयोजित होगा युवा संगम रोजगार मेला

निजी कंपनियों में मिलेगी सीधी भर्ती का अवसर

 जिला रोजगार अधिकारी श्री अभिषेक कटारा ने बताया कि तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग मंत्रालय भोपाल एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भोपाल द्वारा युवा संगम जिला स्तरीय रोजगार, स्वरोजगार एवं प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन 21 जुलाई 2026 को शासकीय आई.टी.आई रतलाम, सैलाना रोड रतलाम में किया गया है, जिसमे 08 से 10 निजी क्षेत्र की कम्पनियों द्वारा अप्रेंटिसशिप, मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना अंतर्गत एवं अन्य रिक्त पदों पर भर्ती की जावेगी। इस युवा संगम मेले में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना एवं मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के बारे में मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जायेगा।

युवा संगम रोजगार मेले में कम्पनियों द्वारा मैनेजर, एच.आर, लेक्चरर, मशीन आपरेटर, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव, सेल्स एग्जीक्यूटिव, बिजनेस डेवलपमेंट एग्जीक्यूटिव, ट्रेनी, आदि अनेक पदों पर सीधी भर्ती की जावेगी।

आवेदक की शैक्षणिक योग्यता 8 वी, 10 वी उत्तीर्ण से स्नातक एवं आई.टी.आई. तथा आयु 18 से 35 वर्ष तक होना चाहिए।

युवा संगम रोजगार मेलें मे भाग लेने वाली कम्पनियों में इप्का लेबोरेट्रीज, अंकेलसरिया ऑटोमोबाईल, कारपोरेट देखो वेन्चर लि. रतलाम, जस्ट डायल इन्दौर, माही ग्रुप ऑफ ऐजुकेशन बाँसवाड़ा, कृषि दर्पण एग्रो प्राईवेट लिमिटेड, प्रतिभा स्वराज लिमिटेड उज्जैन, कवच ग्लोबल कनेक्ट प्रा. लि. अहमदाबाद, पेरेनियल प्राईवेट लि. पुणे आदि है।

इच्छुक आवेदक 21 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे से 3 बजे तक शासकीय आई. टी.आई. सैलाना रोड रतलाम में शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र, 2 पासपोर्ट साईज फोटो समग्र आई डी, आधार कार्ड की मूल व छायाप्रति एवं बॉयोडाटा के साथ उपस्थित हो सकते है।

============

प्राथमिक शिक्षा निर्बाध, सान्दीपनि विद्यालय आलोट में सभी सेक्शनों में नियमित रूप से लग रही कक्षाएं

683 विद्यार्थियों के लिए 17 सेक्शन सुचारु

 जिला शिक्षा अधिकारी रतलाम द्वारा बताया गया कि, सांदीपनि विद्यालय आलोट में प्राथमिक शिक्षा निर्बाध रूप से चल रही है। प्राथमिक कक्षाओं में वर्तमान में 7 प्राथमिक शिक्षक तथा 2 अतिथि शिक्षक कार्यरत है। शेष शिक्षकों कि व्यवस्था माध्यमिक विभाग के 8 शिक्षको से कि जा रही है। इस प्रकार कुल 17 शिक्षकों द्वारा प्राथमिक कक्षाओं के सभी 17 सेक्शन में कक्षाएं संचालित की जा रही है। माध्यमिक विभाग से शिक्षकों कि व्यवस्था प्राथमिक विभाग में किये जाने से माध्यमिक विभाग की कक्षाएं प्रभावित नहीं हो रही है।

 

20 जुलाई 2026 से नवीन अतिथि शिक्षको कि नियुक्ति हेतु शासन द्वारा अतिथि पोर्टल प्रारंभ किया जा रहा है, शीघ्र ही अतिथि शिक्षको कि नियुक्ति हो जाएगी। साथ ही प्री प्राइमरी कक्षाओं हेतु स्वीकृत 6 सहायिका के पदों पर वरिष्ट कार्यालय द्वारा नियुक्ति कि प्रक्रिया प्रचलन में है।

 

प्राचार्य सान्दीपनि विद्यालय आलोट ने बताया कि विद्यालय में संचालित कक्षा एल के जी में 63 विद्यार्थी के लिए 2 सेक्शन, यूकेजी में 87 विद्यार्थी के लिए 2 सेक्शन, कक्षा पहली में 112 विद्यार्थी के लिए 3 सेक्शन, दूसरी में 124 विद्यार्थी के लिए 3 सेक्शन, तीसरी में 108 विद्यार्थी के लिए 2 सेक्शन, चौथी में 64 विद्यार्थी के लिए 2 सेक्शन तथा पांचवीं में 125 विद्यार्थी के लिए 3 सेक्शन संचालित हैं। कुल 683 विद्यार्थियों के लिए 17 सेक्शन नियमित रूप से संचालित किए जा रहे हैं।

=========

पीएम सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत आवेदन आमंत्रित

खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना पर मिलेगा 10 लाख रुपये तक का अनुदान

उप संचालक उद्यान श्री मंगल सिंह डोडवे ने बताया कि आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के अंतर्गत प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के तहत “एक जिला एक उत्पाद (ODOP)” योजना में चयनित लहसुन एवं अन्य खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पात्र हितग्राहियों को इकाई लागत का 35 प्रतिशत, अधिकतम 10 लाख रुपये तक का अनुदान बैंक ऋण पर प्रदान किया जाएगा।

योजना के अंतर्गत ओडीओपी (ODOP) श्रेणी में लहसुन आधारित प्रसंस्करण इकाइयों को तथा नॉन-ओडीओपी श्रेणी में मसाला प्रसंस्करण, डेयरी उत्पादों एवं अन्य खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना पर भी नियमानुसार अनुदान का लाभ दिया जाएगा। साथ ही एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (AIF) के तहत आवेदन स्वीकृत होने पर 2 करोड़ रुपये तक के ऋण पर अधिकतम सात वर्ष तक 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान का लाभ भी उपलब्ध है।

योजना का लाभ व्यक्तिगत उद्यमी, स्वयं सहायता समूह (SHG), किसान उत्पादक संगठन (FPO) तथा पंजीकृत संस्थाएं एवं मंडियां ले सकती हैं। आवेदक का न्यूनतम 8वीं पास होना आवश्यक है।

योजना में आवेदन के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, मार्कशीट, मशीनरी कोटेशन, बैंक पासबुक, बिजली बिल तथा परियोजना डीपीआर सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।

अधिक जानकारी के लिए ऑनलाइन आवेदन लिंकः https://pmfme.mofpi.gov.in/ पर तथा विकासखंड स्तर पर वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी कार्यालय एवं जिला स्तर पर उप संचालक उद्यान कार्यालय, नवीन कलेक्ट्रेट भवन, कक्ष क्रमांक 201 एवं 202, रतलाम में संपर्क किया जा सकता है।

======

स्लीमनाबाद टनल कटनी, रीवा, सतना, मैहर और पन्ना जिलों के लिए बनेगी अमृतधारा : मुख्यमंत्री डॉ यादव

इन पांच जिलों के कुल ढाई लाख हेक्टेयर सिंचाई का रकबा बढ़ेगा
प्रधानमंत्री श्री मोदी का मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने माना आभार
1600 करोड़ रुपये से अधिक की राशि से बनी 12 किलोमीटर लंबी टनल परियोजना
टनल की गहराई कई स्थानों पर 120 फीट तक है
इंजीनियरिंग के क्षेत्र में केस स्टडी बनेगी यह परियोजना
किसानों और व्यापारियों के लिए वरदान सिद्ध होगी स्लीमनाबाद टनल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने टनल के अवलोकन के बाद स्लीमनाबाद में की प्रेस वार्ता

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विंध्य क्षेत्र हर प्रकार के संसाधनों से समृद्ध है , लेकिन कुछ स्थानों पर पानी की कमी की चुनौती सामने आती है। स्लीमनाबाद टनल कटनी, रीवा, सतना, मैहर और पन्ना जिलों के लिए अमृतधारा बनेगी। भगवान श्रीराम के आशीर्वाद से चित्रकूट क्षेत्र और विंध्य की वैली के इन पांच जिलों के कुल ढाई लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई का रकबा बढ़ेगा। लोगों के लिए पेयजल की समस्या का समाधान होगा। कई स्थानों पर इसमें बिजली भी बनाई जाएगी। यह परियोजना राज्य में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के संकल्प की पूर्ति में निर्णायक भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों की ओर से टनल परियोजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परियोजना के लिए 1600 करोड़ रुपए की राशि में केंद्र सरकार ने लगभग 275 करोड़ की राशि प्रदान की। राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के बलबूते आज यह चुनौतीपूर्ण टनल परियोजना पूरी होने की ओर बढ़ रही है। किसानों और क्षेत्र के व्यापारियों के लिए यह टनल एक वरदान की तरह है। लगभग 12 किलोमीटर लंबी यह परियोजना भविष्य में इंजीनियरिंग के क्षेत्र में केस स्टडी सिद्ध होगी। भीषण भूकंप आने पर भी टनल 100 साल तक सुरक्षित रहेगी। कई स्थानों पर टनल की गहराई जमीन से नीचे 120 फीट तक भी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्लीमनाबाद टनल के अवलोकन के बाद मीडिया से चर्चा में यह जानकारी दी।

मां नर्मदा, गंगा बेसिन में भी हरियाली लाएंगी

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि नर्मदा नदी तो खंभात की खाड़ी में जाकर मिलती है, लेकिन यह विज्ञान का चत्मकार ही है कि अब मां नर्मदा इस ऐतिहासिक टनल के माध्यम से गंगा बेसिन में सोन नदी के आसपास के अंचल में भी हरियाली लाएगी। एक समय ऐसा भी आया जब लगा कि टनल तैयार होना असंभव जैसा है। लेकिन जब संकल्प बड़ा होता है और पवित्र मन से कार्य किया जाए तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है। बार-बार कठिन चट्टानों की चुनौतियां आने के बावजूद नर्मदा टनल को पूरा करने के संकल्प के साथ पूरी टीम काम करती रही। राज्य में एक समय पर सिंचाई का रकबा केवल साढ़े 7 लाख हेक्टेयर था। हमारी सरकारों में यह रकबा बढ़ाकर 44 लाख हेक्टेयर हुआ, जो पिछले ढाई साल में बढ़ाकर 65 लाख हेक्टेयर हो गया है। किसान कल्याण वर्ष में नर्मदा टनल परियोजना किसानों के लिए बड़ी सौगात है। आगामी तीन माह में रबी की फसल के लिए किसानों को एक लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो जाएगा।

जमीन न बेचें किसान : बघेलखंड-बुंदेलखण्ड क्षेत्र भविष्य में पंजाब हरियाणा को पीछे छोड़ेगा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सोन कछार का 152 क्यूबिक डिस्चार्ज से सतना जिले में 1 लाख 4 हजार 970 हेक्टेयर, मैहर जिले में 54 हजार 227 हेक्टेयर, कटनी जिले में 21 हजार 823 हेक्टेयर, रीवा जिले में 3 हजार 532 हेक्टेयर और पन्ना जिले में 448 हेक्टेयर सहित कुल 1 लाख 85 हजार हेक्टेयर कमांड एरिया में सिंचाई की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही नहरों के निर्माण का कार्य तेजी से हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि टनल परियोजना में एक ओर जहां टनल के माध्यम से नर्मदा नदी बहेगी तो दूसरी ओर ऊपर से कटनी नदी प्रवाहित होगी। यह टनल परियोजना बुंदेलखंड और बघेलखंड के लिए बड़ी सौगात है, जो जनता की अपेक्षाओं की पूर्ति करेगी। चुनौतिपूर्ण परिस्थितियों में सिंचाई विभाग ने सराहनीय कार्य किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों से अपील की है कि वे किसी भी कीमत पर अपनी जमीन न बेचें। यह क्षेत्र भविष्य में पंजाब और हरियाणा को पीछे छोड़ेगा। इस क्षेत्र से पलायन रुकेगा और आर्थिक रूप से समृद्धि आएगी। हमारी सरकार किसान कल्याण वर्ष में बड़े-बड़े संकल्प पूरा करते हुए आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के अभियंताओं, अधिकारियों, कर्मचारियों और हजारों श्रमिकों की अथक मेहनत है। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने टनल निर्माण में लगे श्रमिकों से आत्मीय संवाद किया, उनका उत्साहवर्धन किया और इस ऐतिहासिक कार्य में उनके योगदान की सराहना की।

टनल से कोई पर्यावर‍णीय क्षति भी नहीं

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने बताया कि टनल राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे लाइन, भूमिगत क्रॉसिंग और आबादी वाले क्षेत्रों के नीचे से सुरक्षित रूप से निकाली गई है तथा कहीं भी संरचनात्मक क्षति नहीं हुई। साथ ही कोई पर्यावरणीय क्षति भी नहीं हुई। परियोजना से प्रभावित परिवारों का पुनर्वास, मुआवजा और स्थानांतरण भी पूरी संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ किया गया।

चुनौतियां बढ़ती गई : इंजीनियर-टेक्निशियन और मजदूर, सफलता के लिए संघर्ष करते रहे

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 8 घंटे की तीन शिफ्ट में टनल बनाने के लिए काम शुरू किया गया। वर्ष 2015 तक कुल 1406 मीटर टनल बोरिंग होने से इसकी गति बढ़ाने की आवश्यकता थी। लेकिन वर्ष 2016 से टनल के अपस्ट्रीम छोर से जर्मनी से लाई गई आधुनिक मशीन से खुदाई की गई। इसके बाद चुनौतियां बढ़ती चली गईं, लेकिन इंजीनियर , टेक्नीशियन और मजदूर सुरक्षा के मानकों को ध्यान में रखते हुए कार्य में लगे रहे। टनल निर्माण के लिए लंबा संघर्ष रहा है और अब वर्ष 2026 में सफलता मिली है। टनल तैयार होने के बाद अप स्ट्रीम और डाउन स्ट्रीम में लगभग ढाई लाख हेक्टेयर सिंचाई का रकबा बढ़ेगा। प्रेस से संवाद के समय नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा, सांसद श्री गणेश सिंह, विधायक प्रणय पांडे, विधायक श्री संदीप जायसवाल, श्री धीरेन्द्र सिंह, श्री संजय पाठक, और जल संसाधन अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

========

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}