मध्यप्रदेशरतलाम

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 15 जुलाई 2026 बुधवार

एक पेड़ माँ के नाम अभियान व स्वैच्छिकता अभियान के तहत पौधारोपण

पर्यावरण संरक्षण हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है” — रत्नेश विजयवर्गीय

जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति, मथुरी द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान एवं स्वैच्छिकता अभियान के अंतर्गत मुक्तिधाम परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास एवं जनभागीदारी का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय ने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण, शुद्ध वायु और सुरक्षित भविष्य का आधार बनता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका पालन-पोषण करने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान जनआंदोलन का स्वरूप ले सकता है।

विकासखंड समन्वयक शैलेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण जनसहभागिता से ही संभव है। अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़कर अपने ग्राम को हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने में योगदान दें।

कार्यक्रम में परामर्शदाता जितेंद्र पाटीदार, नवांकुर संस्था युवा टॉप कौशल संस्थान के प्रतिनिधि, समिति अध्यक्ष श्याम मईड़ा, ग्राम पंचायत सरपंच रूपचंद पाटीदार, जनपद सदस्य प्रतिनिधि रमेश खदेड़ा, धर्मेंद्र राठौड़, अशोक डिंडोर, शंकरलाल मईड़ा, बाबूलाल ओहारी सहित समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

============

15 जुलाई से जिले की सभी नगरीय निकायों में फिर शुरू होंगे संध्याकालीन जनसमस्या समाधान शिविर

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देश पर वार्ड स्तर पर शाम 6 से 7 बजे तक होंगे शिविर

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन में जिले की समस्त नगरीय निकायों में 15 जुलाई से संध्याकालीन जनसमस्या समाधान शिविरों के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया जाएगा। इन शिविरों का आयोजन प्रतिदिन शाम 6:00 बजे से 7:00 बजे तक नगर के प्रत्येक वार्ड में किया जाएगा।

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने समस्त मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वार्ड स्तर पर आयोजित होने वाले इन शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। शिविरों में विशेष रूप से स्वच्छता, पेयजल, साफ-सफाई, जल निकासी सहित अन्य नगरीय समस्याओं पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन में पूर्व में भी जिले की सभी नगरीय निकायों में संध्याकालीन शिविर आयोजित किए गए थे, जिनमें नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया था। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए 15 जुलाई से इन शिविरों के द्वितीय चरण की शुरुआत की जा रही है, ताकि नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए वार्ड स्तर पर ही सुविधाजनक मंच उपलब्ध हो सके।

उक्त जानकारी परियोजना अधिकारी, डूडा श्री अरुण कुमार पाठक ने दी।

========

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की पहल पर जिले की सभी 9 नगरीय निकायों में हुई जल सुनवाई

19 शिकायतों में से 16 का मौके पर समाधान, शेष का समय-सीमा में होगा निराकरण

 

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देश एवं विशेष पहल पर जिले की सभी 9 नगरीय निकायों में मंगलवार को जल सुनवाई का आयोजन किया गया। जलापूर्ति से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित इस जनहितकारी पहल में नागरिकों की शिकायतों को प्राथमिकता के साथ सुना गया।

जल सुनवाई के दौरान जिलेभर से कुल 19 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 16 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कर संबंधित नागरिकों को राहत प्रदान की गई। शेष 3 शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं तथा उनका निराकरण निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाएगा।

जल सुनवाई में मुख्य रूप से नल कनेक्शन, पाइपलाइन लीकेज तथा ट्यूबवेल लाइन लीकेज से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। संबंधित नगरीय निकायों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अधिकांश शिकायतों का तत्काल निराकरण कर जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की।

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने निर्देश दिए हैं कि नागरिकों को पेयजल उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा जलापूर्ति संबंधी शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इससे आमजन को बेहतर एवं निर्बाध पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।

=========

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय बाजना में इलेक्ट्रिशियन कम प्लम्बर पद हेतु आवेदन आमंत्रित

प्राचार्य एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय बाजना ने बताया कि संस्था में इलेक्ट्रिशियन कम प्लम्बर के आउटसोर्स पद पर भर्ती के लिए आईटीआई उत्तीर्ण एवं अनुभवी अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

इच्छुक अभ्यर्थी अपने 10वीं एवं आईटीआई उत्तीर्ण प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड तथा अनुभव प्रमाण-पत्र की स्वप्रमाणित छायाप्रति के साथ आवेदन डाक के माध्यम से अथवा स्वयं संस्था कार्यालय में उपस्थित होकर जमा कर सकते हैं।

आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 21 जुलाई 2026 है। निर्धारित तिथि को प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।

=======

जनसुनवाई में लीगल एड क्लीनिक के माध्यम से तीन नागरिकों को मिली निःशुल्क विधिक सहायता

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने लीगल एड क्लीनिक का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन में आमजन को त्वरित एवं निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान लीगल एड क्लीनिक का संचालन किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर के कक्ष क्रमांक 16 में प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक संचालित क्लीनिक में नागरिकों को विभिन्न विधिक समस्याओं के संबंध में निःशुल्क कानूनी परामर्श एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।

जनसुनवाई के दौरान लीगल एड क्लीनिक के माध्यम से श्री शरीफ खान निवासी सैलाना, श्री योगेश सिंह ठाकुर तथा श्री मांगीलाल राव निवासी धामनोद सहित तीन नागरिकों को विधिक सहायता उपलब्ध कराई गई।

इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने लीगल एड क्लीनिक का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा नागरिकों को बेहतर एवं प्रभावी विधिक सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

=====

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने जनसुनवाई में 181 आवेदनों की सुनवाई की

कलेक्टर कार्यालय रतलाम में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन एवं अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र कुमार रावत ने आमजन की समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान कुल 181 आवेदन प्राप्त हुए।

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने निराकरण योग्य आवेदनों का मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से समाधान कराया। शेष आवेदनों के त्वरित एवं समय-सीमा में निराकरण के लिए संबंधित विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया।

जनसुनवाई में सरवन निवासी मानसिंह ने भूमि के सीमांकन के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर कार्रवाई के लिए तहसीलदार सैलाना को निर्देशित किया।

तेजराम निवासी नौगावांकला ने कृषि भूमि के सीमांकन के लिए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी भूमि के सीमांकन हेतु आवेदन दिया था। परंतु आज दिनांक तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए नायब तहसीलदार नामली को निर्देशित किया गया।

ग्राम मंडावल निवासी राजेन्द्र सिंह ने वृद्धा पेंशन चालू करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। कार्यवाही के लिए सीईओ आलोट को निर्देशित किया।

======

मुख्यमंत्री विमुक्त घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु स्वरोजगार योजना हेतु आवेदन आमंत्रित

सहायक संचालक पिछडा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण/विमुक्त घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु समुदाय विकास ने बताया कि कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री विमुक्त घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु स्वरोजगार योजना के अंतर्गत विमुक्त घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु वर्ग के युवक-युवतियों के आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के लिए आवेदक की आयु 18 से 55 वर्ष होना चाहिए। आवेदक संबंधित वर्ग का जाति प्रमाण पत्रधारी हो, आयकरदाता न हो तथा स्वयं सहायता समूह के सभी सदस्य एक ही जाति समूह के होने चाहिए। योजना के तहत आवेदक को स्वयं का उद्योग /सेवा/व्यवसाय स्थापित करने के लिए अधिकतम 1 लाख रुपये तक की परियोजना राशि पर 25 प्रतिशत अथवा अधिकतम 20 हजार रुपये तक ब्याज अनुदान दिया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों के स्वरोजगार प्रकरणों के लिए अधिकतम 10 लाख रुपये तक की परियोजना राशि पर 25 प्रतिशत अथवा अधिकतम 2 लाख रुपये तक ब्याज अनुदान का प्रावधान है। योजना के लिए आवेदन एमपीऑनलाइन पोर्टल samast.mponline.gov.in के माध्यम से किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला कार्यालय पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, पुराना कलेक्टोरेट भवन, प्रथम मंजिल, कालिका माता मंदिर के पास, रतलाम में संपर्क किया जा सकता है।

======

उद्यम योजना हेतु आवेदन आमंत्रित

व्यवसाय एवं सेवा इकाई स्थापना के लिए 50 लाख रुपये तक मिलेगा ऋण लाभ

सहायक संचालक पिछडा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए उद्यम योजना के अंतर्गत पिछडा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वर्ग के युवक-युवतियों के आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत 18 से 40 वर्ष आयु के ऐसे आवेदक, जिन्होंने न्यूनतम 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की हो, जिनके परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से अधिक न हो तथा राज्य अथवा केन्द्र सरकार की किसी अन्य स्वरोजगार योजना का हितग्राही न हों, वे स्वयं का व्यवसाय अथवा सेवा इकाई स्थापित करने के लिए 1 लाख से 50 लाख रुपये तक के ऋण हेतु आवेदन कर सकते हैं।

योजना के लिए आवेदन एमपीऑनलाइन पोर्टल samast.mponline.gov.in के माध्यम से किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला कार्यालय पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, पुराना कलेक्टोरेट भवन, प्रथम मंजिल, कालिका माता मंदिर के पास, रतलाम में संपर्क किया जा सकता है।

===

युवा संगम रोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप मेला 21 जुलाई को आईटीआई रतलाम में

अधिक से अधिक युवा पहुंचकर रोजगार का लाभ उठाएं

जिला रोजगार अधिकारी श्री अभिषेक कटारा ने बताया कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग व तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं रोजगार कार्यालय रतलाम द्वारा युवा संगम अन्तर्गत जिला स्तरीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप मेले का आयोजन 21 जुलाई 2026 को शासकीय आई.टी.आई रतलाम, सैलाना रोड, सज्जन मिल के सामने रतलाम में किया गया है, जिसमे बेरोजगार युवाओ को निजी क्षेत्र की कंपनियों में अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये जायेंगे।

आवेदक की शैक्षणिक योग्यता 10वी उत्तीर्ण से स्नातक एवं आई.टी. आई उत्तीर्ण तथा आयु 18 से 35 वर्ष तक होना चाहिए ।

इच्छुक आवेदक युवा संगम मेले में 21 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे से 3 बजे तक शासकीय आई.टी.आई रतलाम, सैलाना रोड, सज्जन मिल के सामने रतलाम में अपने फोटो, शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन, 2 पासपोर्ट साईज फोटो एवं आधार कार्ड की छायाप्रति, समग्र आईडी एवं बायोडाटा के साथ उपस्थित हो सकते है।

==========

जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों का किया शैक्षणिक एवं अकादमिक निरीक्षण

जिला शिक्षा अधिकारी, रतलाम सुश्री सिमरन सूर्यवंशी द्वारा जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों का शैक्षणिक एवं अकादमिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से संबंधित विभिन्न बिंदुओं का गहन अवलोकन एवं समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में विद्यार्थियों के नामांकन की स्थिति, नवीन प्रवेश प्रक्रिया, छात्र एवं शिक्षक उपस्थिति, पाठ्यपुस्तक वितरण, साइकिल वितरण, अपार आईडी निर्माण, ई-उपस्थिति, विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन तथा अभिलेखों का परीक्षण किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा संबंधित संस्था प्रमुखों एवं शिक्षकों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने हेतु समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा शासकीय उ.मा.वि. धराड़, शासकीय उ.मा.वि. बिलपांक तथा शासकीय नवीन कन्या उ.मा.वि. रतलाम, शासकीय उ.मा.वि. सिमलावादा का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शिक्षकों द्वारा संचालित ब्रिज कोर्स की कक्षाओं का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों की अधिगम उपलब्धियों का परीक्षण किया गया तथा शिक्षण को अधिक प्रभावी, गतिविधि-आधारित एवं छात्र-केंद्रित बनाने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

===========

सीएमएचओ ने स्वास्थ्य संस्थाओं का निरीक्षण किया

दस्तक अभियान का आयोजन रतलाम जिले में 14 जुलाई से 31 अगस्त तक किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से शून्य से 5 वर्ष आयु समूह के बच्चों को विटामिन-ए अनुपूरण, आयरन फोलिक एसिड अनुपूरण तथा बाल्यकालीन बीमारियों की देखभाल सहित ओआरएस का वितरण एवं जिंक की गोलियों की प्रदायगी की जा रही है।

इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिवा ने सैलाना विकासखंड के राजस्थान बॉर्डर स्थित ग्राम आरोग्य केंद्र कुंडा के अंतर्गत ग्राम बावड़ीखेड़ा कला तथा मकोडिया रूण्डी के मोरझर में आयोजित ग्राम स्वास्थ्य, पोषण दिवस एवं दस्तक अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरवन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैलाना तथा शहरी मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक, उकाला रोड का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी गर्भवती माताओं का शीघ्र पंजीयन करने, गर्भावस्था के दौरान समुचित स्वास्थ्य देखभाल प्रदान करने, नवजात शिशुओं की गृह भेंट आधारित देखभाल सुनिश्चित करने, सरवन एवं सैलाना केंद्रों पर भर्ती गर्भवती माताओं को स्तनपान संबंधी परामर्श देने तथा प्रोटोकॉल आधारित प्रसव सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान बीएमओ डॉ. शैलेष डांगे, डीसीएम कमलेश मुवेल, बीईई कैलाश यादव, बीपीएम धनसिंह रावत, लोकेश वैष्णव तथा सुपरवाइजर कमरूद्दीन शेख उपस्थित रहे।

=========

दस्तक अभियान 2026 का शुभारंभ

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाजना में सांसद प्रतिनिधि श्री संजय टाक, मंडल अध्यक्ष श्री नरेंद्र वसुनिया एवं अध्यक्ष श्री गोविंद डामोर द्वारा दस्तक अभियान 2026 का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में बीएमओ डॉ. पीयूष मांगरिया द्वारा दस्तक अभियान के उद्देश्य एवं गतिविधियों की जानकारी दी गई।कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

========

बर्थ वेटिंग रूम हेतु गर्भवती माता को मातृ एवं शिशु चिकित्सा इकाई रतलाम भेजा गया

जिले के विभिन्न प्रसव केंद्रों पर हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं के लिए बर्थ वेटिंग रूम की व्यवस्था की गई है, जिसके अंतर्गत संभावित प्रसव तिथि से पूर्व गर्भवती महिलाओं को भर्ती कर आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल प्रदान की जा रही है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिवा ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रावटी अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर देवला की गर्भवती महिला श्रीमती कांति पति राजाराम मईडा (26 वर्ष) की संभावित प्रसव तिथि 21 जुलाई है। ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस के दौरान जाबुपाड़ा में हुई पांचवीं प्रसवपूर्व जांच में महिला का रक्तचाप 173/110 mmHg पाया गया तथा प्रेगनेंसी इंड्यूस्ड हाइपरटेंशन (PIH) एवं एडिमा के लक्षण मिलने पर उसे हाई रिस्क श्रेणी में चिन्हित किया गया।

प्रथम रेफरल सिस्टम के अनुसार कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर श्री पुष्कर पाटीदार एवं एएनएम श्रीमती यशोदा गरवाल द्वारा गर्भवती महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रावटी रेफर किया गया। यहां ड्यूटी पर पदस्थ मेडिकल ऑफिसर डॉ. दिनेश कुमार चौधरी ने प्राथमिक जांच एवं उपचार के बाद महिला को हाई रिस्क के रूप में चिन्हित करते हुए उचित उपचार एवं बर्थ वेटिंग रूम की सुविधा के लिए मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य इकाई, जिला चिकित्सालय रतलाम रेफर किया।

संभावित प्रसव तिथि 21 जुलाई होने के कारण हाई रिस्क गर्भवती महिला को एंबुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय रतलाम स्थित मातृ एवं शिशु चिकित्सा इकाई के बर्थ वेटिंग रूम में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकीय निगरानी में आवश्यक उपचार एवं देखभाल प्रदान की जा रही है।

=======

सफलता की कहानी कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के विशेष प्रयासों से 6 वर्षीय आराध्या को मिला नया आधार कार्ड

जनसुनवाई में मिली राहत, लंबे समय से चली आ रही परेशानी का हुआ समाधान

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुँचाने के लिए कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन में जनसुनवाई एवं जनकल्याण शिविरों के माध्यम से समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में छह वर्षीय बालिका आराध्या वसुनिया को लंबे समय से लंबित आधार कार्ड की समस्या से राहत मिली।

रतलाम जिले के ग्राम रूपाखेड़ा निवासी आराध्या वसुनिया का एक वर्ष की आयु में दुर्घटनावश हाथ साइलेंसर से गंभीर रूप से जल गया था। हाथ की उंगलियों के निशान स्पष्ट नहीं होने के कारण उसका आधार कार्ड नहीं बन पा रहा था। परिवार ने कई बार प्रयास किए, लेकिन हर बार निराशा ही हाथ लगी।

मामला जनकल्याण शिविर के दौरान सामने आने पर कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके विशेष प्रयासों और सतत निगरानी के परिणामस्वरूप आराध्या का आधार कार्ड बन सका।

मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने स्वयं आराध्या और उसके परिवार को नवीन आधार कार्ड प्रदान किया। आधार कार्ड मिलने से परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन और कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।

यह पहल दर्शाती है कि संवेदनशील प्रशासन, त्वरित निर्णय और प्रभावी समन्वय से आम नागरिकों की वर्षों पुरानी समस्याओं का भी सहज समाधान संभव है।

=======

 

स्कूलों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के लिए विशेष रणनीति बनाएं : कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह

एक सप्ताह में सभी विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें वितरित करें
शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के प्रत्येक पात्र बच्चे का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए शिक्षा विभाग विशेष रणनीति तैयार करे तथा नियमित समीक्षा करते हुए अभियान चलाकर प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ा जाए।

कलेक्टर ने कहा कि जिन बच्चों ने अभी तक विद्यालय में प्रवेश नहीं लिया है, उनकी पहचान कर तत्काल नामांकन कराया जाए। महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से आंगनवाड़ी से प्रथम कक्षा में प्रवेश लेने वाले बच्चों की सूची प्राप्त कर ऐसे बच्चों की निगरानी की जाए जिन्होंने अभी तक प्रवेश नहीं लिया है। इसी प्रकार कक्षा 5 से 6 में जाने वाले ऐसे विद्यार्थियों को भी चिन्हित कर विद्यालय से जोड़ा जाए जिन्होंने अब तक प्रवेश नहीं लिया है।

उन्होंने सभी बीईओ, बीआरसी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक बच्चे तक पहुंचकर उसका प्रवेश सुनिश्चित करें। कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। निजी विद्यालयों के साथ भी समन्वय स्थापित किया जाए तथा आवश्यक सहयोग नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। चाइल्ड ट्रैकिंग एप के माध्यम से बच्चों का सत्यापन एवं ट्रैकिंग कर खोज का कार्य तत्काल पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने कहा कि सभी विद्यार्थियों की अपार आईडी शीघ्र तैयार की जाए तथा डाटा का मिलान समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालय स्तर पर एक सप्ताह के भीतर सभी विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित किया जाए। अधिकारी स्वयं विद्यालयों का भ्रमण कर पुस्तकों के वितरण की वास्तविक स्थिति का सत्यापन करें।

 

बैठक में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति पर भी विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों को विद्यालयों का निरीक्षण कर शिक्षकों की उपस्थिति की जांच करने तथा उपस्थिति का डाटा नियमित रूप से प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कक्षा 6, 7 एवं 8 के विद्यार्थियों के प्रगति पत्रक भी शीघ्र तैयार कराने के निर्देश दिए।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं बीआरसी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

=====]

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}