सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार नहीं लेंगे सैलरी, विधानसभा अध्यक्ष को भेजा पत्र

सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार नहीं लेंगे सैलरी, विधानसभा अध्यक्ष को भेजा पत्र
रतलाम जिले की सैलाना विधानसभा सीट से भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के विधायक कमलेश्वर डोडियार एक बार फिर अपने अनोखे फैसले को लेकर सुर्खियों में हैं. विधायक डोडियार ने आगामी 10 महीने तक अपना वेतन और भत्ता न लेने का स्वैच्छिक फैसला किया है. इसके लिए उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सहित कई मंत्रियों और आला अधिकारियों को आधिकारिक पत्र भेजा है.
राजनीति में जहां जनप्रतिनिधियों के वेतन और सुविधाओं को लेकर अक्सर चर्चा होती है, वहीं सैलाना से विधायक कमलेश्वर डोडियार ने अलग मिसाल पेश की है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सहित राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखकर करीब 10 महीने तक विधायक के रूप में मिलने वाला वेतन और भत्ता नहीं लेने का अनुरोध किया है। डोडियार ने बताया कि उनका चयन भोपाल स्थित नेशनल लॉ इंस्टीट्यूट यूनिवर्सिटी (एनएलआईयू) के एक वर्षीय एलएलएम (मास्टर ऑफ लॉ) पाठ्यक्रम में हुआ है। नियमित अध्ययन और विश्वविद्यालय के उपस्थिति नियमों का पालन करने के कारण उन्होंने 20 जुलाई 2026 से 15 मई 2027 तक विधायक वेतन और भत्ते का भुगतान स्थगित करने का अनुरोध किया है।
डोडियार ने कहा कि पढ़ाई के दौरान भी वे अपने संवैधानिक दायित्वों से पीछे नहीं हटेंगे। विधानसभा सत्र में प्राथमिकता से शामिल होंगे, क्षेत्र में जनसुनवाई करेंगे, सरकारी कार्यक्रमों में भाग लेंगे और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए शासन-प्रशासन से लगातार संपर्क बनाए रखेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस अवधि में विधानसभा क्षेत्र के दौरे और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों का खर्च वह स्वयं वहन करेंगे। विधायक का कहना है कि शिक्षा और जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाते हुए वे जनता की सेवा जारी रखेंगे।



