समाचार मध्यप्रदेश नीमच 01 जुलाई 2026 बुधवार

/////////////////////////////
12 सितम्बर को आयोजित होगी वर्ष 2026 की तीसरी नेशनल लोक अदालत
नीमच 30 जून 2026, माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार वर्ष 2026 की तीसरी नेशनल लोक अदालत का आयोजन 12 सितम्बर 2026 (शनिवार) को किया जाएगा। जिला मुख्यालय नीमच सहित तहसील मुख्यालय मनासा, जावद एवं रामपुरा स्थित न्यायालय परिसरों में आयोजित होने वाली इस नेशनल लोक अदालत का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच द्वारा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री वीरेन्द्र सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में किया जाएगा।
नेशनल लोक अदालत में नीमच, मनासा, जावद एवं रामपुरा न्यायालयों में लंबित समझौता योग्य प्रकरणों का आपसी सुलह एवं समझौते के आधार पर त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निराकरण किया जाएगा। इनमें दाण्डिक, सिविल, विविध, मोटर दुर्घटना दावा, विद्युत अधिनियम से संबंधित प्रकरणों के साथ ही नगर पालिका एवं नगर पंचायत, श्रम, बैंक तथा अन्य समझौता योग्य प्रकरण शामिल रहेंगे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संबंधित पक्षकारों से अपील की है, कि वे अपने समझौता योग्य प्रकरणों के निराकरण हेतु अपने अभिभाषकों से संपर्क कर, संबंधित न्यायालय अथवा कार्यालय में आवश्यक सहमति प्रस्तुत करें, ताकि नेशनल लोक अदालत के माध्यम से प्रकरणों का शीघ्र, सरल एवं सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
===========
अपर कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनीं आमजन की समस्याएँ
संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
नीमच, 30 जून 2026। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, नीमच में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश ने जिलेभर से आए नागरिकों की समस्याएँ गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों में शासकीय भूमि एवं मार्ग से अतिक्रमण हटाने, भूमि सीमांकन, खेत एवं मकान का कब्जा दिलाने, पट्टा प्रदान करने, राजस्व अभिलेखों में इंद्राज दुरुस्ती, शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने, खेत तक आवागमन के लिए मार्ग उपलब्ध कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं शौचालय योजना का लाभ दिलाने, बीमा राशि एवं अंत्येष्टि सहायता स्वीकृत कराने,अवैध ऋण वसूली पर कार्रवाई, पारिवारिक विवाद, मारपीट, बुजुर्गों के साथ दुर्व्यवहार तथा अन्य राजस्व एवं सामाजिक सुरक्षा संबंधी समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए गए।
अपर कलेक्टर श्री कलेश ने सभी आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जांच कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना है, इसलिए प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जाए।
जनसुनवाई में एसडीएम नीमच पराग जैन,डिप्टी कलेक्टर संजीव साहू, चंद्रसिंह धार्वे,श्रुति भयडिया सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
=====


