समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 17 मई 2026 रविवार
21 मप्र बटालियन एनसीसी द्वारा वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन
राज्य निदेशक राष्ट्रीय अपराध जाॅच ब्यूरो (एनजीओ) श्री राजेश सुराणा के द्वारा कैडेटस को दिया गया साइबर अपराध पर व्याख्यान
रतलाम : शनिवार, मई 16, 2026,

21 मप्र बटालियन एनसीसी रतलाम द्वारा वार्षिक प्रशिक्षण शिविर 11 मई से 20 मई तक शासकीय एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, सैलाना में आयोजित किया जा रहा है ।
शिविर में कमान अधिकारी कर्नल राघवेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में एवं प्रशासनिक अधिकारी कर्नल संदीप अहलावत के निर्देशन में प्रतिदिन प्रातः सैन्य विषय के प्रशिक्षण अंतर्गत शस्त्र प्रशिक्षण, फायरिंग, नेविगेशन, टेन्ट पिंचिंग, कवायद, मैप रीडिंग इत्यादि विषयों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है इसी के साथ-साथ ही प्रतिदिन विभिन्न प्रकार के मोटिवेशनल एवं सुरक्षात्मक विषयो पर व्याख्यान कैडेटस को दिए जा रहे है।
इसी कढी में सामाजिक सुरक्षा तथा साइबर अपराध पर कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसमें मंदसौर से आए राज्य निदेशक, राष्ट्रीय अपराध जांच ब्यूरो (एनजीओ) श्री राजेश सुराणा द्वारा कैडेट्स को साइबर अपराध के विभिन्न तरीके व उनसे बचाव के लिए रखी जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। श्री सुराणा द्वारा यह भी बताया गया कि आप अनजाने ईमेल, व्हाट्सएप वीडियो कॉल, व्हाट्सएप संदेश, लुभावने प्रलोभन वाले संदेशो व काल पर प्रतिक्रिया न करे । उनके द्वारा यह भी बताया गया कि यदि आप किसी तरह साइबर अपराधियों के चंगुल में फंसते है तो तत्काल आप अपने परिवार के सदस्यों को इससे अवगत कराएं और अनिवार्य रूप से साइबर सुरक्षा
हेतु नम्बर 1930 में शिकायत दर्ज कराने का अनुरोध किया, जिससे साइबर अपराधी आपको ब्लैकमेल नही कर सकेगा और अपराधी के पकडे जाने की संभावना शत प्रतिशत हो जावेगी। श्री सुराणा द्वारा कार्यक्रम के अंत में किसी भी ऑनलाइन गेम न खेलने तथा नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।
इस दौरान मेजर डाॅ गोपाल भूरिया, लेफ्टिनेंट विजेन्द्र सोंलंकी, सी/ओ डाॅ विजयसिंह पुरावत, एफ/ओ जाकिर खान, एफ/ओ रेमसिंह डामोर, एस/ओ रीता माहेश्वरी, एस/ओ हरीश कुमार परिहार, एस/ओ कंवलजीत सिंह गंभीर, एस/ओ गौरव चैहान सहित पीआई स्टाॅफ तथा कार्यालयीन स्टाॅफ उपस्थित थे ।
=============
राजस्व संबंधित लंबित प्रकरणों का निराकरण 31 मई तक करना सुनिश्चित करे – कलेक्टर
राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न
रतलाम : शनिवार, मई 16, 2026,

कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में राजस्व से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा कर दिशा निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को एस डी आर एफ की टीम के साथ शासकीय एवं निजी अस्पतालों, सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, मैरिज गार्डन, कारीगरो की दुकानों एवं फटाका दुकानों में फायर ऑडिट करवाने के निर्देश दिए । सभी राजस्व अधिकारी गेहूं उपार्जन एवं परिवहन पर निगरानी रखे।
बैठक में कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को मार्च माह तक के राजस्व न्यायालय में लंबित सीमांकन, नामान्तरण एवं बंटवारे के प्रकरणों मे त्वरित आदेश पारित कर उनका निराकरण 31 मई तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।राजस्व संबंधित प्रकरणो के लिए लोक सेवा केन्द्र पर ही किसान को आवेदन करने के लिए प्रेरित करे एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत निर्धारित समयावधि में प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करे। लोक सेवा केन्द्र के माध्यम से दी जाने वाली सेवाओ का व्यापक प्रचार-प्रसार करे, अभिलेख सुधार, नक्शा सुधार करने के लिए नियमानुसार कार्यवाही करे। सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण समयसीमा में करने के निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम डॉ शालिनी श्रीवास्तव, एसडीएम रतलाम ग्रामीण श्री विवेक सोनकर, एसडीएम जावरा श्री सुनील जायसवाल, एसडीएम रतलाम शहर आर्ची हरित, एसडीएम सैलाना श्री तरुण जैन, एसडीएम आलोट श्रीमती रचना शर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय शर्मा, श्रीमती राधा महंत सहित समस्त तहसीलदार , नायब तहसीलदार उपस्थित थे।
=============
जिले में 10 दिन भ्रमण करेंगे कृषि रथ अतिथियों ने हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
रतलाम : शनिवार, मई 16, 2026,

मध्यप्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा हैं। किसानों तक कृषि एवं संबंधित विभाग पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, एवं कृषि वैज्ञानिको के माध्यम से नई तकनीकी जानकारी और शासकीय योजनाओं को सीधे पहुँचाने के उद्देश्य से जिले में 16 मई से 10 दिवस तक कृषि रथ गांव-गांव भ्रमण कर किसानों को जानकारी देगे।
कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में विधायक रतलाम ग्रामीण श्री मथुरालाल डामर एवं जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों के साथ आज 16 मई को कलेक्टर कार्यालय परिसर रतलाम से विकासखण्ड रतलाम के कृषि रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। राज्य शासन के निर्देशानुसार कृषि रथ द्वारा रतलाम जिले के प्रत्येक विकासखंड मे प्रतिदिन 3 से 4 ग्राम पंचायतों में भ्रमण कर खरीफ फसलों की बुवाई से पहले किसानों को उपयोगी जानकारी दी जाएगी। किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, उर्वरक का संतुलित उपयोग, कीट. रोग प्रबंधन, फसल विविधीकरण, पराली प्रबंधन, खेती को लाभकारी बनाने के उपाय तथा विभिन्न शासकीय कृषि योजनाओं, साथ ही ई. विकास प्रणाली अंतर्गत ई.टोकन उर्वरक वितरण व्यवस्था तथा उर्वरकों का अनुशंसा अनुसार उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी।
उक्त कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्री सत्यनारायण पाटीदार, अध्यक्ष कृषि स्थाई समिति श्री डीपी धाकड़, अध्यक्ष कृषि स्थाई समिति विकासखण्ड रतलाम, श्री सुरेश पाटीदार, जिला पंचायत सदस्य श्री नाथूलाल गामड़, जिला महामंत्री किसान मोर्चा श्री बद्रीलाल चौधरी, उप संचालक कृषि रतलाम श्री आरके सिंह, परियोजना संचालक आत्मा श्री निर्भय सिंह नर्गेश, एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख, कृषि विज्ञान केन्द्र कालूखेड़ा डॉ सर्वेश त्रिपाठी, डॉ शीशराम झाकड़ व प्रगतिशील कृषक उपस्थित थे ।
आज 16 मई को कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत प्रत्येक विकासखण्ड मुख्यालय सैलाना, बाजना, जावरा, पिपलौदा, आलोट में भी जनप्रतिनिधियों द्वारा कृषि रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया।
===========
18 से 25 मई तक चलेगा जनभागीदारी विशेष अभियान जनजातीय गांवों में आयोजित होंगे लाभार्थी संतुष्टि एवं स्वास्थ्य शिविर
रतलाम : शनिवार, मई 16, 2026,
सहायक आयुक्त/ नोडल अधिकारी राष्ट्रव्यापी आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार अभियान) जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती रंजना सिंह ने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत जिले के चयनित 339 जनजातीय बाहुल्य ग्रामों में आगामी 18 मई से 25 मई तक राष्ट्रव्यापी आईईसी सूचनाए शिक्षा एवं संचार अभियान- जनभागीदारी सबसे दूर, सबसे पहले, का संचालन किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह निर्देशानुसार इस दौरान सुदूर जनजातीय अंचलों में विशेष शिविर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को सीधे लाभान्वित किया जाएगा।
कलेक्टर सभागार में समस्त विभागीय अधिकारी की उपस्थिति में जनभागीदारी सप्ताह का विधिवत शुभारंभ 18 मई से किया जाएगा। चयनित ग्रामों में सघन स्वास्थ्य शिविर, हितग्राही संतुष्टि शिविर तथा वन विभाग के समन्वय से व्यापक वृक्षारोपण अभियान 19 से 25 मई तक चलाया जाएगा। शिविरों की प्रगति को पोर्टल पर भी दर्ज किया जाएगा। 20 मई को संबंधित ग्राम सचिव, सरपंच और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा ग्रामीण स्तर पर योजनाओं का व्यापक प्रचार. प्रसार कर आगामी जनसुनवाई की तिथियां घोषित की जाएगी। ग्रामीणों की स्थानीय समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए आदि सेवा केंद्रों पर विशेष जनसुनवाई का आयोजन 21 से 23 मई तक किया जाएगा। 24 मई को प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति का डाक्युमेटेशन तैयार किया जाएगा तथा 25 मई को कलेक्टर सभागार में पूरे अभियान की अंतिम समीक्षा की जाएगी।
कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने इस राष्ट्रव्यापी अभियान को पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से सफल बनाने के लिए जनजातीय कार्य विभाग, वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जनपद पंचायत ;रतलाम, सैलाना, बाजना पिपलौदा के अधिकारियों तथा स्थानीय ग्राम पंचायतों के सरपंच व सचिवों को आपसी समन्वय के साथ मुस्तैद रहकर कार्य करने के निर्देश दिए। ताकि अंतिम छोर के नागरिकों तक शासन की जन.कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ सुनिश्चित किया जा सके।
================
मानसून पूर्व एसडीईआरएफ एवं होमगार्ड जवानों का विशेष प्रशिक्षण
रतलाम : शनिवार, मई 16, 2026, 19:31 IST
राज्य आपदा मोचन बल भोपाल (एसडीईआरएफ) एवं संभागीय मुख्यालय उज्जैन से प्राप्त निर्देशों के परिपालन में आगामी मानसून सत्र को दृष्टिगत रखते हुए जिला स्तर पर धोलावाड़ डेम में विशेष प्रशिक्षण शिविर का तृतीय सत्र प्रारंभ किया गया।
द्वितीय दिवस प्रशिक्षण के दौरान 20 होमगार्ड एवं 05 एसडीईआरएफ के कुल 25 जवानों को तैराकी प्रारंभ करने से पूर्व आवश्यक एक्सरसाइज कराई गई। प्लाटून कमांडर प्लाटून कमांडर श्री बद्री मंडलोई द्वारा एसडीईआरएफ जवानों के साथ स्विमिंग अभ्यास का सघन प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में के दौरान पानी के बहाव को समझने, बचाव कार्यों के दौरान तकनीकों तथा स्वयं की सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष रूप से अभ्यास कराया गया।
=========
आरोह 2026 ग्रीष्मकालीन शिविर में खिलाड़ियों को वितरित की गई खेल सामग्री साइबर सुरक्षा एवं व्यक्तित्व विकास की भी दी गई जानकारी
रतलाम : शनिवार, मई 16, 2026, 19:54 IST

खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर “आरोह 2026” का आयोजन 05 मई से 05 जून तक किया जा रहा है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री चैतन्य काश्यप, डीएसपी अजय सारवान, अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी तथा रेल्वे मे पदस्थ टी टी श्री प्रकाश मिश्रा तथा जिला ओलंपिक संगठन अध्यक्ष श्री बलवंत सिंह भाटी विशेष रूप से उपस्थित थे । अतिथियों का स्वागत खेल और युवा कल्याण अधिकारी श्रीमती रुचि शर्मा द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
शिविर के अंतर्गत विभिन्न खेल संघों, संस्थाओं, विकासखंड समन्वयकों एवं प्रशिक्षकों तथा खिलाड़ियों को फुटबॉल, व्हॉलीबॉल, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, हर्डल्स, लेडर, नेट, शॉटपुट, डिस्कस, जेवलिन, हॉकी स्टिक, हॉकी खिलाड़ियों की किट एवं कुश्ती खिलाड़ियों की किट लगभग 3 लाख रुपए की खेल सामग्री वितरित की गई। खेल अधिकारी श्रीमती रुचि शर्मा ने जिले में संचालित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर “आरोह 2026” की गतिविधियों की जानकारी अतिथियों एवं खिलाड़ियों को दी।
कार्यक्रम में डीएसपी अजय सारवान द्वारा साइबर सुरक्षा जागरूकता, नशा मुक्ति अभियान एवं यातायात नियमों के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। वहीं अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी प्रकाश मिश्रा द्वारा खिलाड़ियों को मोटिवेशनल सेशन, कम्युनिकेशन स्किल्स, लीडरशिप एवं टीम वर्क के महत्व से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न खेल संघों एवं संस्थाओं के पदाधिकारी तथा विभागीय स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र धुलिया द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन दुर्गाशंकर मोयल द्वारा किया गया।
=========
राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर डेंगू उन्मूलन के लिए जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित
रतलाम : शनिवार, मई 16, 2026, 19:38 IST

राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर आज जिला मुख्यालय पर मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशानुसार डेंगू नियंत्रण और रोकथाम के लिए एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. देवेन्द्र मौर्य, जिला सलाहकार प्रमोद प्रजापति और जिला कम्युनिटी मोबिलाइज श्री कमलेश मुवेल की उपस्थिति में संपन्न हुई। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आगामी वर्षा ऋतु से पूर्व शहर में मच्छरों के पनपने पर रोक लगाना और अंतर-विभागीय समन्वय से मैदानी स्तर पर महाभियान चलाना है।
कार्यशाला में शहरी वार्डों की समस्त आशा कार्यकर्ता, मलेरिया विभाग के समस्त अधिकारी-कर्मचारी और नगर निगम के स्वच्छता निरीक्षक मुख्य रूप से शामिल हुए।
हर रविवार-डेंगू पर वार अभियान पर रहेगा जोर
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. देवेन्द्र मौर्य ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि डेंगू से बचाव ही इसका सबसे बड़ा उपचार है। उन्होंने नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के अमले को निर्देशित किया कि संयुक्त रूप से जलजमाव वाले हॉटस्पॉट की पहचान करें और सघन फॉगिंग व लार्वा सर्वे अभियान चलाएं।
स्रोतों के खात्मे के लिए मनेगा ड्राय-डे
जिला सलाहकार प्रमोद प्रजापति ने तकनीकी सत्र में बताया कि लार्वा को पनपने से रोकना हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अमले को निर्देश दिए कि वे नागरिकों को घरों में कूलर, टंकियों, गमलों और कबाड़ में जमा पानी को हर सप्ताह अनिवार्य रूप से खाली करने (ड्राय-डे मनाने) के लिए प्रेरित करें।
आशा कार्यकर्ता संभालेंगी डोर-टू-डोर मोर्चा
कार्यशाला में मैदानी रणनीति तय करते हुए आशा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई कि वे हर घर जाकर पानी के बर्तनों की जांच करेंगी और ठहरे पानी में एंटी-लार्वा केमिकल (टेमीफोस) का छिड़काव करेंगी। साथ ही, क्षेत्र में बुखार के मरीजों की निगरानी कर उन्हें तुरंत शासकीय चिकित्सालय भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगी।
डेंगू बचाव एवं नियंत्रण की दिलाई गई शपथ
कार्यशाला के समापन अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों, स्वच्छता निरीक्षकों, मलेरिया विभाग के कर्मचारियों और आशा कार्यकर्ताओं को डेंगू बचाव एवं नियंत्रण संबंधी सामूहिक शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं सजग रहेंगे और समाज को भी अपने आसपास जलजमाव न होने देने तथा मच्छरों के खात्मे के लिए जागरूक करेंगे।
स्वास्थ्य विभाग की अपील
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला मलेरिया विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने आसपास पानी जमा न होने दें, सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें और तेज बुखार या बदन दर्द जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में मुफ्त जांच एवं उपचार करवाएं।
=============


