समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 15 मई 2026 शुक्रवार

//////////////////////////////
ग्राम बड़ोदिया की पेयजल व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया
रतलाम : गुरूवार, मई 14, 2026,

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा निरंतर ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर पेयजल व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में रतलाम विकासखंड के ग्राम बड़ोदिया में पीएचई विभाग के सहायक यंत्री श्री डी.सी. कथिरिया एवं जिला सलाहकार श्री आनंद व्यास ने गांव का भ्रमण कर पेयजल व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गांव में हैंडपंप, ट्यूबवेल एवं निजी जल स्त्रोतों की स्थिति के संबंध में सरपंच, सचिव तथा ग्रामीणों से जानकारी प्राप्त की। सरपंच श्री मानसिंह पडियार ने बताया कि गांव में पेयजल की पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हैं। वर्तमान में 9 सिंगल फेज मोटर शासकीय नलकूपों पर संचालित हैं तथा 7 हैंडपंपों में से 6 चालू स्थिति में हैं। इसके अलावा गांव में 50 से अधिक निजी ट्यूबवेल भी संचालित हैं, जिससे पानी की कोई समस्या नहीं है। उन्होंने बताया कि जल निगम की योजना अंतर्गत पाइपलाइन एवं पानी की टंकी निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।
ग्रामीण श्री अठे सिंह सिसोदिया ने कहा कि गांव में पर्याप्त जल उपलब्धता है तथा पशुओं के लिए भी 24 घंटे पानी का हौज भरा रहता है। पंचायत सचिव श्री घनश्याम बैरागी ने बताया कि गांव में पानी को लेकर कभी कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को पेयजल स्त्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने एवं जल संरक्षण तथा संवर्धन के प्रति जागरूक भी किया। इस अवसर पर श्री नागेश्वर परमार, श्री बाबूलाल बोडाना, धुरी बाई परमार सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
=========
एसडीएम रतलाम ग्रामीण ने किया जनगणना के कार्यों का निरीक्षण
रतलाम : गुरूवार, मई 14, 2026,

जनगणना कार्य निदेशालय भारत सरकार के निर्देशानुसार जनगणना 2027 अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना संबंधी कार्य 01 मई 2026 से 30 मई 2026 तक जिले में किया जा रहा है। राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य को निर्धारित अवधि में अनिवार्य रूप से संपादित किए जाने हेतु अधिकारियों द्वारा जिले में निरीक्षण किया जा रहा है।
एसडीएम रतलाम ग्रामीण श्री विवेक सोनकर ने ग्राम जमुनिया में मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रगणकों, सुपरवाइजर एवं फील्ड ट्रेनर्स द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली एवं नागरिकों को जनगणना के लिए प्रगणको को सही-सही जानकारी देने के लिए जागरूक किया।
=========
ई-टोकन प्रशिक्षण रतलाम एवं आलोट में आयोजित खरीफ सीजन के लिए जिले में खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
रतलाम : गुरूवार, मई 14, 2026,

म.प्र. शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में ई-विकास प्रणाली के तहत ई-टोकन प्रशिक्षण कार्यक्रम कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष रतलाम एवं जनपद पंचायत सभागृह विकासखंड आलोट में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप संचालक कृषि श्री आर.के. सिंह ने बताया कि खरीफ फसलों की बोनी की तैयारी हेतु जिले में खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। वर्तमान में जिले में लगभग 11,865 मीट्रिक टन यूरिया, 3,949 मीट्रिक टन डीएपी, 7,819 मीट्रिक टन एनपीके, 6,617 मीट्रिक टन एसएसपी तथा 418 मीट्रिक टन एमओपी उपलब्ध है। भारत सरकार द्वारा जिले में उर्वरकों की आपूर्ति निर्बाध तथा कार्यक्रम अनुसार निरंतर की जा रही है। जिले में उक्त उपलब्ध खाद सोसायटीवार, मार्कफेड के डबल लॉक केंद्रवार तथा निजी दुकानों पर ई-विकास पोर्टल पर उपलब्ध है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री अमूल चौधरी द्वारा ई-टोकन प्रणाली संबंधित समस्त जानकारी दी गई तथा समस्याओं का निराकरण किया गया। कार्यक्रम में परियोजना संचालक आत्मा श्री निर्भय सिंह नर्गेश, सहायक संचालक कृषि श्री भिका वास्के, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री बालचंद डोडियार, विकासखंड आलोट में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री आनंदीलाल पाटीदार, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री नितेश संगित्रा सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, समिति प्रबंधक, मार्केटिंग सोसायटी, एम.पी. एग्रो के कर्मचारी एवं उर्वरक विक्रेताओं उपस्थित थे।
============
जिला पंचायत सामान्य सभा की बैठक 19 मई को
रतलाम : गुरूवार, मई 14, 2026,
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन ने बताया कि जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक 19 मई मंगलवार को दोपहर 12:30 बजे जिला पंचायत सभागृह में आयोजित की जाएगी।
============
एसडीएम श्री विवेक सोनकर ने प्रेस्टीज वेयरहाउस बिलपांक का आकस्मिक निरीक्षण किया
रतलाम : गुरूवार, मई 14, 2026

रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में जिले में उपार्जन केन्द्रो पर समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन किया जा रहा है । आज एसडीएम रतलाम ग्रामीण श्री विवेक सोनकर ने प्रेस्टीज वेयरहाउस बिलपांक का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान केंद्र पर तौल कांटों के माध्यम से तुलाई कार्य जारी पाया गया। बिलिंग प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो रही है एवं बैकलॉग लंबित नहीं है। निरीक्षण के दौरान तौल कांटों का सत्यापन किया गया। एसडीएम ने किसानो से संवाद कर उपार्जन प्रक्रिया, उपलब्ध सुविधाओं एवं केंद्रों पर की जा रही व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की ।
========
मानसून पूर्व एसडीईआरएफ एवं होमगार्ड जवानों का विशेष प्रशिक्षण
रतलाम : गुरूवार, मई 14, 2026,

राज्य आपदा मोचन बल भोपाल (एसडीईआरएफ) एवं संभागीय मुख्यालय उज्जैन से प्राप्त निर्देशों के परिपालन में आगामी मानसून सत्र को दृष्टिगत रखते हुए जिला स्तर पर धोलावाड़ डेम में विशेष प्रशिक्षण शिविर का द्वितीय सत्र प्रारंभ किया गया।
तृतीय दिवस प्रशिक्षण के दौरान 20 होमगार्ड एवं 07 एसडीईआरएफ के कुल 27 जवानों को तैराकी प्रारंभ करने से पूर्व आवश्यक एक्सरसाइज कराई गई। प्लाटून कमांडर प्लाटून कमांडर श्री बद्री मंडलोई द्वारा एसडीईआरएफ जवानों के साथ स्विमिंग अभ्यास का सघन प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में के दौरान पानी के बहाव को समझने, बचाव कार्यों के दौरान तकनीकों तथा स्वयं की सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष रूप से अभ्यास कराया गया।
=======
अनुभवात्मक प्रशिक्षण से युवाओं को मिला व्यावहारिक ज्ञान
रतलाम : गुरूवार, मई 14, 2026,

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत रतलाम द्वारा आयोजित 5-दिवसीय अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं को कृषि उपार्जन एवं भंडारण व्यवस्था की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम हकीमी वेयरहाउस, रतलाम में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण जिला आपूर्ति अधिकारी श्री आनंद गोले के विशेष सहयोग एवं जिला युवा अधिकारी श्री सौरभ श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम में कुल 9 प्रतिभागियों ने सहभागिता कर कृषि उपज के “खेत से गोदाम तक” पहुँचने की संपूर्ण प्रक्रिया को समझा।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभागियों को बताया कि वैज्ञानिक पद्धति से भंडारण करने से अनाज की गुणवत्ता सुरक्षित रहती है और किसानों को बेहतर लाभ प्राप्त होता है। साथ ही प्रतिभागियों को वेयर हाउस रिसीप्ट प्रणाली एवं खाद्य सुरक्षा चक्र की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बताया गया कि किसान अपनी फसल को किस प्रकार मंडी एवं उपार्जन केंद्र तक लाता है तथा वहाँ अनाज की गुणवत्ता, नमी एवं शुद्धता की जांच किस प्रकार की जाती है। युवाओं ने अनाज तौल प्रक्रिया, पावती जारी करने, सुरक्षित भंडारण, ग्रेडिंग एवं वेयरहाउस प्रबंधन की तकनीकी जानकारियाँ प्राप्त कीं।
प्रतिभागियों ने इस प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करते हैं तथा कृषि एवं भंडारण व्यवस्था को समझने का उत्कृष्ट अवसर उपलब्ध कराते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में किसानों के प्रति सम्मान एवं कृषि आधारित रोजगार के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है।
===========
भीषण गर्मी और हीट वेव से मत्स्य पालकों को सतर्क रहने की दी सलाह मछलियों को हीट स्ट्रोक से बचाने हेतु विभाग ने जारी किए आवश्यक दिशा-निर्देश
रतलाम : गुरूवार, मई 14, 2026, 20:00 IST
सहायक संचालक मत्स्योद्योग ने बताया कि वर्तमान में जिले में भीषण गर्मी एवं हीट वेव (लू) का प्रभाव बना हुआ है, जिससे तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। अचानक तापमान परिवर्तन और अत्यधिक गर्मी के कारण तालाबों के पानी का तापमान बढ़ने तथा पानी में ऑक्सीजन की मात्रा कम होने से मछलियों के मरने का खतरा बढ़ जाता है।
उन्होंने समस्त मत्स्य पालकों को सलाह दी है कि ऐसी परिस्थितियों में मछलियों को हीट स्ट्रोक से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाएं। गर्मियों के दौरान तालाबों की नियमित निगरानी करें तथा यदि मछलियां पानी की सतह पर आकर सांस लेती दिखाई दें तो इसे ऑक्सीजन की कमी का संकेत मानते हुए तुरंत ताजे पानी का प्रवाह बढ़ाएं। मत्स्य पालकों को मछलियों के खान-पान और उनकी गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है। दोपहर की तेज धूप में तालाबों में चारा नहीं डालना चाहिए तथा मछलियों को सुबह सूर्याेदय से पहले या शाम को सूर्यास्त के बाद चारा देना चाहिए।
उन्होंने बताया कि तालाबों में लगातार पानी भरकर जलस्तर 5 से 6 फीट तक बनाए रखना चाहिए, क्योंकि अधिक गहराई होने से पानी जल्दी गर्म नहीं होता। साथ ही सुबह और शाम के समय सबमर्सिबल पंप या ट्यूबवेल से ताजा ठंडा पानी डालना चाहिए, जिससे पानी में घुलित ऑक्सीजन की मात्रा बनी रहे और मछलियों को नुकसान से बचाया जा सके।
=========
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका पदों हेतु पात्र-अपात्र सूची जारी
रतलाम : गुरूवार, मई 14, 2026
एकीकृत बाल विकास परियोजना अधिकारी रतलाम शहर क्र. 02 ने बताया कि एकीकृत बाल विकास परियोजना रतलाम शहर क्र.- 02 अंतर्गत रिक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 01 पद एवं आंगनवाड़ी सहायिका के 01 पद पर भर्ती के लिए जारी विज्ञप्ति के बाद विकासखंड चयन समिति द्वारा पात्र एवं अपात्र आवेदिकाओं की सूची जारी कर दी गई है। जारी सूचना के अनुसार, संबंधित आवेदिकाएं सूची का अवलोकन कर सकती हैं। यदि किसी आवेदिका को सूची के संबंध में कोई आपत्ति हो, तो वह 07 दिवस के भीतर ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकती है।
==============
सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का त्वरित करे: श्री करोसिया सफाई कर्मचारियों के संबंध में बैठक संपन्न
रतलाम : गुरूवार, मई 14, 2026,

कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में म.प्र.राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष श्री प्रताप करोसिया (कैबिनेट मंत्री दर्जा) की अध्यक्षता में जिला अधिकारियों और सफाई कर्मचारी, संगठनों के प्रतिनिधियों, सभी सीएमओ नगरीय निकाय एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, नगर निगम कमिश्नर श्री अनिल भाना, पीओ डूडा श्री अरूण पाठक सहित सभी सीएमओ एवं संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में आयोग के अध्यक्ष श्री करोसिया ने सफाई कामगारों के वेतन भत्ते, एन.पी.एस., अनुकम्पा नियुक्ति, रिक्त पदों की पूर्ति, पेंशन, पी.एफ., ईएसआई प्रकरणों के त्वरित निराकरण, बस्ती विकास, सामुदायिक भवन, प्रधानमंत्री आवास योजना में नगरीय निकायवार सफाई कामगार सदस्यों की आनुपातिक भागीदारी की समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने संबंधित विभाग प्रमुखों को सफाई कामगारों के लिए शासन के निर्देशानुसार हर तरह की मदद के लिए निर्देशित किया। शासन की योजनाओं में हितलाभ प्रदान किए जाये। सफाई कर्मियों से जुड़े कोर्ट केसो का त्वरित निराकरण करवायें।
बैठक में आयोग के अध्यक्ष श्री प्रताप करोसिया ने विभिन्न कार्यालयों व नगरीय निकायों में सफाई कामगारों के स्वीकृत पद रिक्त पदों की जानकारी की विभागवार विस्तार से समीक्षा की। श्री करोसिया ने कहा कि 2007 तक नगरीय निकायों में सेवा देने वाले दैनिक वेतन भोगियो को विनियमित किया गया है, उन्हें रिक्त पदों पर नियमित करने की कार्यवाही करें। जिस वर्ग के लिए पद रिक्त हैं उसी वर्ग से भरने एवं मध्यप्रदेश शासन के नियमानुसार सफाई कर्मचारियों के नियमितीकरण की कार्यवाही की जाये एवं विभिन्न निकायों और कार्यालयों द्वारा विनियमितीकरण किए गए कर्मचारियों को पात्रतानुसार स्थाई करने की कार्यवाही करें। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार रिक्त पदों के विरुद्ध संविदा पर कर्मचारियों की भर्ती करें।
बैठक में श्री करोसिया ने नगर निगम रतलाम द्वारा रखे गये कर्मचारियों के ई एस आई कटौत्रा की जानकारी लेकर आयुक्त नगर एवं आवास मंत्रालय भोपाल को पत्र लिखने के लिए श्रम पदाधिकारी को निर्देश दिए। अनुकंपा नियुक्ति के संबंध में 30 दिन के अंदर आवेदक को लिखित में सूचित करने एवं रतलाम नगर निगम मे हुई नियुक्तियो की जाच के निर्देश एडीएम डॉ शालिनी श्रीवास्तव को दिए। मण्डी मे सफाई करने वाले कर्मचारियों का भौतिक सत्यापन करने, ई एस आई कटौत्रो की जानकारी 15 दिवस मे भेजने के निर्देश श्रम पदाधिकारी को दिए। मण्डी सचिव को ठेके पर रखे गये सफाई कर्मियों को रखे जाने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी सात दिवस मे देने के निर्देश दिए। डीन मेडिकल कॉलेज एवं सीएमएचओ को निर्देश दिये कि मेडिकल कॉलेज, जिला चिकित्सालय एवं जिले के अन्य चिकित्सालयों में रखे गये आउटसोर्स कर्मचारियों की बैठक दो तीन माह मे लेकर उनकी समस्याओं को सुने और ठेकेदारों को अवगत कराये । अगले 15 दिवस मे बैठक कर अवगत करवाने के निर्देश दिए।
बैठक में श्री करोसिया ने निर्देश दिए कि सफाई कामगारों को नियमानुसार अवकाश तथा सफाई कामगारों को काम का प्रशिक्षण दिया जाए। आयोग के अध्यक्ष ने सफाई कर्मचारियों के परिवारों के लिए सामाजिक कार्यक्रमों के लिए महर्षि वाल्मीकि सामुदायिक भवन बनवाये जाने के निर्देश दिए। श्री करोसिया ने कहा कि दैनिक वेतन भोगी एवं विनियमित कर्मचारियों की मृत्यु की स्थिति में परिजनों को आर्थिक मदद के साथ, परिजनों को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए अस्थाई पदो पर रोजगार भी उपलब्ध करवा सकते हैं। सभी नगरीय निकाय सफाई कर्मचारियों को काबिज भूमि का आवास के लिए आवासीय भूमि का पट्टा प्रदान कर आवास स्वीकृत करें। शासन की स्वरोजगार योजनाओं में सफाई कर्मियों को लाभान्वित करें। कर्मचारियों की सुरक्षा एवं उनके परिजनों के हितलाभ का विशेष ध्यान रखा जाये ।



