समाचार मध्यप्रदेश नीमच 25 अप्रैल 2026 शनिवार

///////////////////////////
सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में सुचारू रूप से उपलब्ध कराएं स्वास्थ्य सेवाएं: कलेक्टर श्री चंद्रा
उत्कृष्ट सेक्टर सुपरवाइजर व मेडिकल ऑफिसर सम्मानित
कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न
नीमच 24 अप्रेल 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने निर्देश दिए कि जिले की सभी स्वास्थ्य संस्था स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। अत्यावश्यक होने पर ही मरीज को समय पर उच्च संस्था के लिए रेफर किया जाए। यह सभी चिकित्सक सुनिश्चित करें। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, नीमच में आयोजित जिला स्तरीय स्वास्थ्य समिति की मासिक बैठक में कलेक्टर ने विभागीय समीक्षा करते हुए उक्त निर्देश सभी शासकीय चिकित्सकों को दिए। बैठक में जिला पंचायत सी.ई.ओ. श्री अमन वैष्णव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ. महेन्द्र पाटिल सहित सभी सेक्टर मेडिकल ऑफिसर एवं सुपरवाइजर उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के पैरामीटर्स पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले सेक्टर सुपरवाइजर एवं सेक्टर मेडिकल ऑफिसरों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया। कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में संपूर्ण स्वास्थ्य अमला, स्वास्थ्य के सभी पैरामीटर्स पर बेहतर कार्य करे।
बैठक में कलेक्टर ने उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की जांच एवं उन्हें स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की विस्तार से समीक्षा की और निर्देश दिए कि कोई भी उच्च जोखिम गर्भवती महिला स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे, सभी सेक्टर मेडिकल ऑफिसर यह सुनिश्चित करें। उन्होंने उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं का चिन्हांकन एवं उन्हें सेवाएं उपलब्ध कराने के कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं लाने वाले सी.एच.ओ. और सेक्टर सुपरवाइजर के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिन भी हितग्राहियों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाती हैं, उनकी जानकारी विभाग के पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए।
बैठक में कलेक्टर ने आर.बी.एस.के. की टीम द्वारा जन्मजात विकृति वाले बच्चों की स्क्रीनिंग एवं सर्जरी करवाने के कार्य की सराहना की। बैठक में आयुष्मान कार्ड बनाने, टी.बी. स्क्रीनिंग, जांच, उपचार एवं परिवार कल्याण कार्यक्रम, अंधत्व निवारण कार्यक्रम, क्षय नियंत्रण कार्यक्रम, संपूर्ण टीकाकरण कार्यक्रम एवं अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा कर प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए।
===============
सुरक्षा जवान एवं सुपरवाइजर के लिए 27 एवं 29 अप्रेल को शिविर
नीमच 24 अप्रेल 2026, भारतीय सुरक्षा दक्षता परिषद नई दिल्ली द्वारा एस.आई.एस.(सिक्युरिटी) एण्ड इंटेलीजेंस सर्विसेस इण्डिया लिमिटेड द्वारा सुरक्षा कार्यो के लिए आवेदित उम्मीदवारों को पंजीकृत कर प्रशिक्षणोपरान्त स्थायी रोजगार देने के लिए 27 अप्रेल 2026 को जनपद पंचायत सभाकक्ष नीमच में एवं 29 अप्रेल 2026 को जनपद पंचायत सभाकक्ष जावद में प्रात-10 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित किया जा रहा है।
शिविर में शामिल होने वाले आवेदक की शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण हो, आवेदक की आयु 19 से 40 वर्ष हो, लम्बाई 168 से.मी., वजन 56 से 90 कि.ग्रा. होना अनिवार्य है। यह जानकारी जिला पंचायत कार्यालय नीमच से प्राप्त हुई है।
=============
नगरपालिका मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी:
15 से 25 मई तक होंगे दावे-आपत्ति, 18 जून को अंतिम प्रकाशन
01 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर होगी मतदाता सूची तैयार
नीमच 24 अप्रेल 2026, म.प्र.राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरपालिका निर्वाचन हेतु 01 जनवरी 2026 की संदर्भ तारीख पर फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी किया गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री हिमांशु चंद्रा ने बताया कि 27 अप्रैल तक प्रशिक्षण व नियुक्ति, 15 मई को प्रारूप मतदाता सूची का सार्वजनिक प्रकाशन तथा 15 मई से 25 मई 2026 तक दावा-आपत्ति केन्द्रों पर दावे-आपत्ति प्राप्त किए जाएंगे।
दावा-आपत्ति निराकरण 30 मई तक, ERMS में प्रविष्टि 05 जून तक तथा अंतिम मतदाता सूची का सार्वजनिक प्रकाशन 18 जून 2026 को किया जाएगा। अंतिम सूची 22 जून तक मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएगी। सभी पात्र नागरिक 01.01.2026 की अर्हता तिथि पर 18 वर्ष पूर्ण कर चुके हों, वे 15 से 25 मई तक अपने क्षेत्र के दावा-आपत्ति केन्द्र पर नाम जुड़वाने, हटवाने या संशोधन हेतु आवेदन कर सकते हैं।
=================
पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति वर्ष 2025-26 के आवदेन करवाएं
नीमच 24 अप्रेल 2026, पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति वर्ष 2025-26 में नवीन एवं नवीनीकरण छात्रवृत्ति आवेदन हेतु MPTAAS पोर्टल पुन: प्रारंभ हो चुका है। जिसकी अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित की गई है।
नीमच जिले में संचालित समस्त महाविद्यालयों को निर्देशित किया गया है, कि उनकी संस्था में अध्ययनरत वर्ष 2025-26 में नवीन एवं नवीनीकरण छात्रों के MPTAAS पोर्टल पर आवेदन भरवाने की आवश्यक कार्यवाही करें।
===============
नीमच शहर में खाद्य औषधि प्रशासन टीम की कार्रवाई
3 फर्मो का आकस्मिक निरीक्षण कर लिए 7 नमूने
अप्रैल माह में जिले से 38 सैंपल लेकर जांच हेतु भेजे
नीमच 24 अप्रैल 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं अपर कलेक्टर श्री बी.एस.कलेश के मार्गदर्शन में खाद्य एवं प्रशासन नीमच की टीम ने नीमच शहर में संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों का खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आकस्मिक निरीक्षण कर, जांच के नमूने लिए तथा सुधार सूचना पत्र जारी किए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राजू सोलंकी ने बताया, कि टीम द्वारा फर्म आशीर्वाद इंटरप्राइजेज कंचन नगर नीमच का आकस्मिक निरीक्षण कर, पेकिंग हो रहे खाद्य पदार्थ नीमच गोल्ड रिफाइंड सोयाबीन तेल एवं टैंकर से रिफाइंड सोयाबीन तेल, के 2 नमूने लिए गए एवं मौके पर पर्याप्त साफ, सफाई नहीं होने, आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया है। फर्म गोयल सेल्स कार्पोरेशन बंगला नंबर 59 नीमच का आकस्मिक निरीक्षण कर मौके पर विक्रय एवं पेकिंग हेतु भंडारित खाद्य पदार्थ रिफाइंड सोयाबीन तेल का नमूना लिया। फर्म होटल श्री गणेश रतन महाराज का ढाबा नीमच का आकस्मिक निरीक्षण टीम ने किया। मौके पर खाद्य पदार्थ का निर्माण होते पाया गया एवं खाद्य विक्रय ग्राहकों को किया जा रहा था। परिसर में बैठक व्यवस्थाओं पर कार्यरत कर्मचारियों द्वारा खाद्य पदार्थ को विक्रय कर, परोसा जा रहा था। मौके पर टीम द्वारा खाद्य पंजीयन/ लाइसेंस बाबत जानकारी चाही गई, जिस पर मौजूद फर्म संचालक श्री रतन शर्मा ने खाद्य पंजीयन अनुज्ञप्ति प्रस्तुत नहीं की एवं बिना खाद्य पंजीयन / अनुज्ञप्ति के फर्म पर खाद्य पदार्थ का निर्माण विक्रय भंडारण आदि होना पाया गया, जो खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 का स्पष्ट रूप से उल्लंघन होने से फर्म होटल श्री गणेश रतन महाराज का ढाबा पर तत्काल खाद्य निर्माण क्रय विक्रय खाद्य पंजीयन/अनुज्ञप्ति प्राप्त करने तक बंद कराया गया। टीम ने मौके पर विक्रय हेतु भंडारीत खाद्य पदार्थ पनीर, दही, रबड़ी, नमकीन छाछ के कुल 4 नमूने मानक स्तर की जांच हेतु लिए गए।
मौके पर कार्यरत कर्मचारियों मेडिकल प्रमाण पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर उक्त अधिनियम की धारा 32 के अंतर्गत सुधार सूचना पत्र जारी किया गया। इसी तरह टीम द्वारा 22 अप्रैल को दो फर्मों का आकस्मिक निरीक्षण कर नमूने लिए। फर्म नवकार फूड प्रोडक्ट्स औद्योगिक क्षेत्र नीमच से निर्मित आटा का नमूना लिया गया।
फर्म कृष्णा फैमिली रेस्टोरेंट डूंगलवादा का आकस्मिक निरीक्षण कर मौके पर विक्रय हेतु भंडारित खाद्य पदार्थ पनीर, दही, छाछ नमकीन के 3 नमूने लिए गए एवं कमियां पाए जाने पर धारा 32 के अंतर्गत सुधार सूचना पत्र जारी किया गया है। समस्त खाद्य कार्यकर्ताओं को मौके पर खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 एवं नियमों का पालन करने निर्देश दिए और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों के निर्माण के भी निर्देश दिए गए। उक्त कार्यवाही खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी एवं यशवंत कुमार शर्मा द्वारा की गई है।
================
वाहन चालक के एक संविदा पद पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित
आठ मई तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे आवेदन
नीमच 24 अप्रेल 2026, कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच द्वारा वाहन चालक के एक पद पर 02 वर्ष की संविदा अवधि हेतु नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस पद हेतु अभ्यर्थी की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण होना एवं वैध ड्राइविंग लाइसेंस धारक होना अनिवार्य है। साथ ही अभ्यर्थी को समस्त प्रकार के वाहन चलाने का अनुभव होना चाहिए। वाहन मैकेनिक का ज्ञान रखने वाले अभ्यर्थियों को भर्ती में प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन पत्र का प्रारूप नवीन जिला न्यायालय परिसर स्थित नोटिस बोर्ड एवं कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच से प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन 23 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होकर 08 मई 2026 सायं 05:00 बजे तक नवीन जिला न्यायालय परिसर के नीमच की सर्विस बिल्डिंग के द्वितीय तल पर स्थित कक्ष क्रमांक 8 में व्यक्तिगत रूप से अथवा डाक के माध्यम से जमा किए जा सकते हैं। 09 मई 2026 को पात्र अभ्यर्थियों की सूची नवीन जिला न्यायालय परिसर के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी।
पात्र अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 13 मई 2026 को प्रातः 09:30 बजे से नवीन न्यायालय परिसर के द्वितीय तल पर स्थित विशेष न्यायाधीश महोदय के विश्राम कक्ष में आयोजित किया जाएगा। साक्षात्कार में उपयुक्त पाए गए अभ्यर्थियों की उसी दिन व्यवहारिक ड्राइविंग परीक्षा भी ली जाएगी। अंतिम चयन एवं प्रतीक्षा सूची मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के अनुमोदन उपरांत जारी की जाएगी, जिसकी सूचना चयनित अभ्यर्थी को पृथक से दी जाएगी। यह जानकारी जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री प्रवीण कुमार ने दी है।
=============
जल गंगा संवर्धन अभियान जल स्त्रोत सेवा समागम कार्यक्रम
कलश यात्रा से दिया जल संरक्षण का संदेश
नीमच 24 अप्रेल 2026, म.प्र.जन अभियान परिषद द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल स्त्रोत सेवा समागम कार्यक्रम में नवांकुर संस्था ग्रीन विजन फाउंडेशन के मार्गदर्शन में ग्राम सेदरिया के शिव मंदिर से जल संरक्षण कलश यात्रा, आयोजित की एवं यात्रा का समापन मुख्य चौराहो पर किया। यात्रा के पश्चात सभी लोगो को जल संरक्षण की शपथ दिलाई और जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत चौपाल बैठक की गई। इस मौके पर श्री लाल सिंह, परामर्शदाता श्री दीपक नागदा और विद्यार्थी सर्वश्री दीपक चौहान, लखन चौहान, दिव्यांशी, पूजा व स्वसहायता समूह सदस्यों ने सहभागिता की।
==============
साढे़ तीन घंटे बस में सफर कर कोज्या पहुंचे कलेक्टर श्री चंद्रा
रात्रि चौपाल में बिछात पर बैठकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
विद्युत, उर्वरक व पशुपालन हेतु मई के प्रथम सप्ताह में लगेगा शिविर, मेधावी छात्र सम्मानित
नीमच 24 अप्रैल 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा नीमच से साढ़े तीन घंटे का यात्री बस में सफर तय कर गुरूवार रात्रि में सुदूर क्षेत्र ग्राम कोज्या में आयोजित रात्रि चौपाल में पहुंचे। जिला अधिकारियों और ग्रामीणों संग रात्रि चौपाल में बिछात पर बैठकर कलेक्टर ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू हुए। कलेक्टर ने एक-एक कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं एवं समाधान के निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल में जिलाधिकारियों ने विभागीय योजनाओं से अवगत कराकर ग्रामीणों को लाभ लेने की प्रक्रिया बताई। विद्युत समस्या, आधार अपडेशन, उर्वरक, पशुपालन एवं सहकारी समिति संबंधित कार्यों और समस्याओं के समाधान के लिए मई के प्रथम सप्ताह में कोज्या में शिविर लगाने के निर्देश कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए है। टी.बी. मुक्त अभियान के तहत मरीजों को फूड बास्केट वितरित किए । बच्चों को न्यूट्री बास्केट (सुपोषण किट) वितरित की गईं। बोर्ड परीक्षाओं में प्रवीण्य सूची में आने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने आयुष आरोग्य मंदिर परिसर में पौधरोपण किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से जल गंगा संवर्धन अभियान में सहभागी बनने का आव्हान किया। जिला पंचायत सी.ई.ओ. श्री अमन वैष्णव, ए.डी.एम. श्री बी.एस. कलेश, एस.डी.एम. सुश्री प्रीति संघवी, डिप्टी कलेक्टर श्री पराग जैन सहित सभी विभागों के जिला अधिकारियों ने उपस्थित होकर सभी चौपाल पर ग्रामीणों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी एवं योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी बताई। प्रारंभ में स्थानीय जनपद प्रतिनिधि एवं सरपंच प्रतिनिधि ने साफा बांधकर कलेक्टर व अतिथियों का स्वागत किया। कलेक्टर ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए रात्रि चौपाल आयोजन के उद्देश्य एवं कार्यक्रम की रूपरेखा बताई। तत्पश्चात एक-एक कर ग्रामीणों से संवाद कर कलेक्टर ने उनकी समस्याएं सुनी और उनका समाधान करने के निर्देश संबंधित जिला अधिकारियों को दिए।
लगभग साढ़े तीन,चार घंटे चली इस रात्रि चौपाल में कलेक्टर ने उपस्थिति लगभग सभी ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी। रात्रि चौपाल में आसपास के गांव के पंचायत पदाधिकारी ग्रामीण जन बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पुरुष तथा स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित थी। कलेक्टर ने जिलाधिकारियों के साथ स्कूल प्रांगण में विद्यार्थियों और ग्रामीणों के बीच के पंगत में बैठकर रात्रि भोजन भी ग्रहण किया।
=============



