मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 25 अप्रैल 2026 शनिवार

///////////////////////////////////////////

केबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने किए भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन, जिले की सुख-समृद्धि की कामना

मंदसौर 24 अप्रैल 26 / मध्यप्रदेश शासन के लोक निर्माण विभाग के केबिनेट मंत्री श्री राकेश सिंह ने आज मंदसौर स्थित भगवान पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचकर विधिवत दर्शन एवं पूजन-अर्चन किया। उन्होंने जिले की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान लोकसभा सांसद श्री सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर, गरोठ विधायक श्री चंदर सिंह सिसोदिया, जिला योजना समिति सदस्य श्री राजेश दीक्षित, पूर्व विधायक श्री यशपाल सिंह सिसोदिया, पूर्व विधायक श्री देवीलाल धाकड़, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, जनपद अध्यक्ष श्री बसंत शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार मौजूद थे।

============

लोक कल्याण सरोवर का आकार (शेप) ठीक और व्यवस्थित करें : केबिनेट मंत्री श्री राकेश सिंह

उप मुख्यमंत्री एवं कैबिनेट मंत्री श्री राकेश सिंह ने लोक कल्याण सरोवर का किया निरीक्षण

मंदसौर 24 अप्रैल 26/ उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा एवं लोक निर्माण विभाग के मंत्री श्री राकेश सिंह ने आज मिण्डला खेड़ा में निर्मित लोक कल्याण सरोवर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सरोवर के आकार (शेप) को ठीक एवं व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में सरोवर का आकार समरूप नहीं है, जिसे एकसमान और संतुलित किया जाए, ताकि यह अधिक सुंदर एवं आकर्षक दिखाई दे। साथ ही यह जल संग्रहण का एक प्रभावी केंद्र बन सके और जल संरक्षण को बढ़ावा दे। उन्होंने बताया कि इस पहल से क्षेत्र के हजारों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

केबिनेट मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा कि प्रदेश भर में “लोक निर्माण से लोक कल्याण” योजना के अंतर्गत लोक कल्याण सरोवरों का निर्माण किया जा रहा है। सड़क निर्माण के दौरान एक ही स्थान से मिट्टी खोदकर उसके स्थान पर लोक कल्याण सरोवर बनाए जा रहे हैं।

अब तक प्रदेश में 508 सरोवर बनाए जा चुके हैं और वर्तमान वर्ष में 600 नए सरोवर निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मंदसौर जिले के मिण्डला खेड़ा में निर्मित इस सरोवर की जल भंडारण क्षमता 2800 क्यूबिक मीटर है तथा इसकी गहराई 2.00 मीटर है। यह सरोवर लोक निर्माण विभाग द्वारा तैयार किया गया है, जो क्षेत्र में जल संरक्षण और उपयोग के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

================

मेडिकल कॉलेजों से दूर होगी डॉक्टरों की कमी, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती : उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा

स्वास्थ्य भवन बना आशा और उम्मीदों का केंद्र, मातृ-शिशु सेवा को मिलेगा नया आयाम : केबिनेट मंत्री श्री राकेश सिंह

मंदसौर जिला अस्पताल में 29 करोड़ के विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण एवं भूमिपूजन

मंदसौर 24 अप्रैल 2026 / मंदसौर जिले के स्वास्थ्य एवं अधोसंरचना विकास को नई गति देते हुए उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री राकेश सिंह ने आज इंदिरा गांधी जिला चिकित्सालय, मंदसौर में कुल 29 करोड़ 52 लाख रुपए की लागत से विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।

इस अवसर पर 7 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से निर्मित 100 बिस्तरीय नवीन वार्ड तथा 17 करोड़ 29 लाख रुपए की लागत से बने 100 बिस्तरीय मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (एमसीएच) भवन का लोकार्पण किया गया। साथ ही 4 करोड़ 73 लाख रुपए की लागत से चांदाखेड़ी फंटा से खजुरिया मार्ग निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया।

स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा मजबूती का आधार

उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों की स्थापना से प्रदेश के स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की कमी को धीरे-धीरे दूर किया जा सकेगा।

उन्होंने बताया कि पहले प्रदेश में सीमित संख्या में मेडिकल कॉलेज थे, लेकिन अब प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। इन संस्थानों से प्रशिक्षित होकर निकलने वाले विद्यार्थी प्रदेश में ही सेवाएं देंगे, जिससे आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि जिला चिकित्सालय मंदसौर में आज जो सुविधाएं जोड़ी गई हैं, वे क्षेत्र के नागरिकों के लिए बड़ी सौगात हैं और इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा।

स्वास्थ्य भवन आशाओं का केंद्र : श्री राकेश सिंह

कैबिनेट मंत्री श्री राकेश सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज लोकार्पित स्वास्थ्य भवन केवल एक इमारत नहीं है, बल्कि यह भविष्य की आशाओं का केंद्र है। यह विशेष रूप से माताओं और बहनों की सेवा के लिए समर्पित रहेगा तथा समाज के लिए प्रेरणादायक केंद्र बनेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य केवल भौतिक अधोसंरचना तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उन्हें प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर किया जा रहा है। बदलते हुए भारत में परिवर्तन को महसूस किया जा रहा है। सकारात्मक परिवर्तन देखा जा रहा है। विकास को नए पंख लगे हैं। विकास की धारा बह रही हैं। विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

कार्यक्रम में लोकसभा सांसद श्री सुधीर गुप्ता ने कहा कि सरकार निरंतर विकास कार्यों को गति दे रही है और विभिन्न क्षेत्रों में नई सौगातें प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े स्तर पर बजट आवंटन किया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप सुविधाओं में व्यापक सुधार देखने को मिल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि मंदसौर मेडिकल कॉलेज में न्यूरोलॉजी जैसे विशेष क्षेत्रों में भी कार्य किया जा रहा है, जिससे जिले के मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।

सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर ने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि विभाग ने एक नई कार्य संस्कृति विकसित की है, जिसमें गुणवत्ता के साथ कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि नयापुरा मार्ग को भी आदर्श सड़कों के रूप में विकसित किया जाए, जिससे आवागमन सुगम हो और क्षेत्रीय विकास को और गति मिले।

कार्यक्रम के अंत में ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत मरीजों को फूड बास्केट वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य टीबी मरीजों को पोषण सहायता प्रदान कर उनके स्वास्थ्य में सुधार लाना है।

इस दौरान लोकसभा सांसद श्री सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, गरोठ विधायक श्री चंदर सिंह सिसोदिया, पूर्व मंत्री श्री कैलाश चावला, जिला योजना समिति सदस्य श्री राजेश दीक्षित, पूर्व विधायक श्री यशपाल सिंह सिसोदिया, पूर्व विधायक श्री देवीलाल धाकड़, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, जनपद अध्यक्ष श्री बसंत शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार मौजूद थे।

===========

दिसंबर 2026 तक हर खेत को मिलेगा गांधी सागर का पानी : उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा

बजट में मल्हारगढ़ क्षेत्र को 450 करोड़ के विकास कार्यों की मिली स्वीकृति : केबिनेट मंत्री श्री राकेश सिंह

सड़क निर्माण के लिए एक ही स्थान से मिट्टी खोदकर बना रहे हैं लोक कल्याण सरोवर

बूढ़ा में 85 करोड़ के निर्माण कार्यों का हुआ लोकार्पण व भूमिपूजन

मंदसौर 24 अप्रैल 26/ मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बूढ़ा में आज विकास कार्यों को नई गति प्रदान करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री राकेश सिंह द्वारा कुल 85.61 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया।

इस अवसर पर क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ बनाने हेतु अनेक महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। भूमिपूजन किए गए कार्यों में 1.70 करोड़ रुपये की लागत से गर्रावद से चिल्लोद पिपलिया मार्ग, 2.70 करोड़ रुपये की खड़पालिया से काल्याखेड़ी पहुंच मार्ग, 3.43 करोड़ रुपये की गुर्जरबर्डिया से गुर्जरबर्डिया महादेव मंदिर मार्ग तथा 4.59 करोड़ रुपये की मुंडकोषा से सुजानपुरा मार्ग शामिल हैं।

इसी प्रकार लोकार्पण किए गए कार्यों में 45.84 करोड़ रुपये की लागत से नारायणगढ़ से बिल्लोद (व्हाया बादरी, रिछा, बूढ़ा, टकरावद, नापाखेड़ा) मार्ग, 11.20 करोड़ रुपये की मल्हारगढ़ रेलवे स्टेशन से नारायणगढ़ मार्ग, 5.77 करोड़ रुपये का पिपलियामंडी बायपास मार्ग तथा 10.38 करोड़ रुपये की लागत से बालागुड़ा पेट्रोल पंप से खेडाखदान, खोखरा, सोनी पिपलिया सोलंकी मार्ग शामिल हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केबिनेट मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा कि मल्हारगढ़ क्षेत्र के समग्र विकास के लिए बजट में 450 करोड़ रुपये के कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सड़क निर्माण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है। सड़कों के निर्माण हेतु आवश्यक मिट्टी एक ही स्थान से ली जा रही है, जहां ‘लोक कल्याण सरोवर’ विकसित किए जा रहे हैं। अब तक प्रदेश में 508 सरोवर बनाए जा चुके हैं तथा इस वर्ष 600 और सरोवर निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। इसके अतिरिक्त सड़कों के किनारे लगभग 1000 रिचार्ज पिट बनाए जा रहे हैं, जिससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाकर कार्य कर रही है, ताकि विकास कार्य भविष्य में विनाश का कारण न बनें। गुणवत्तापूर्ण एवं टिकाऊ निर्माण पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिससे आगामी 50 से 100 वर्षों तक इन कार्यों का लाभ जनता को मिलता रहे।

सरकार की सोच विकासवादी हैं। सरकार लगातार जनता के लिए जनहित में योजनाएं बना रही है। विकास की स्थिति बहुत अच्छी है। काम दिख रहे हैं। यह इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। विकास से कोई समझौता नहीं है। बिना मांगे ही विकास की सौगातें मिल रही है। विकसित मध्य प्रदेश में एक साथ कदमताल से बढ़ रहे हैं। विकास हमेशा जनहित में जन कल्याण के लिए होगा। निर्माण से लोक निर्माण विभाग भविष्य के सपनों को साकार कर रहा है।

उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने अपने उद्बोधन में कहा कि दिसंबर 2026 तक गांधी सागर का पानी मल्हारगढ़ क्षेत्र के प्रत्येक खेत तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में क्षेत्र का कोई भी खेत सिंचाई से वंचित नहीं रहेगा और हर किसान को पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा।

उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र में सड़कों का व्यापक जाल बिछाया गया है और गांवों से भी अधिक सड़कों का निर्माण किया गया है। शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिसमें चार सांदीपनी विद्यालयों की स्थापना सहित अनेक कार्य शामिल हैं।

लोकसभा सांसद श्री सुधीर गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र में लगातार विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। पीएम श्री स्कूल के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में सुधार हो रहा है तथा सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि मंदसौर संसदीय क्षेत्र देश का ऐसा उदाहरण बनेगा, जहां कोई भी खेत सिंचाई से वंचित नहीं रहेगा।

राज्यसभा सांसद श्री गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र में सड़कों और पानी की उपलब्धता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने इसे समग्र एवं संतुलित विकास का परिणाम बताते हुए कहा कि क्षेत्र में एक नई कार्य संस्कृति विकसित हुई है, जो विकास को निरंतर गति प्रदान कर रही है।

इस दौरान लोकसभा सांसद श्री सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, जिला योजना समिति सदस्य श्री राजेश दीक्षित, श्री मदन लाल राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार मौजूद थे।

==============

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी नई दिल्ली द्वारा आयोजित नीट परीक्षा 3 मई को होगी

परीक्षा केन्द्रों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा जारी

मंदसौर 24 अप्रैल 26 / नेशनल टेस्टिंग एजेंसी नई दिल्ली द्वारा आयोजित नीट परीक्षा 3 मई 2026 को मंदसौर नगर के तीन परीक्षा केन्द्र 1 लाल बाहादुर शास्त्री, शासकीय उत्कृष्ट उ.मा.वि. स्टेशन रोड मंदसौर 2 महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उ.मा.वि. गाँधी चौराहा मंदसौर 3- पीएम श्री केन्‍द्रीय विद्यालय मंदसौर 4- राजीव गाँधी शासकीय महाविद्यालय महू-नीमच रोड़ मंदसौर पर 3 मई 2026 को दोपहर 02:00 बजे से 05:00 बजे तक होगी

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी नई दिल्ली द्वारा आयोजित नीट परीक्षा 2026 के दौरान कानून व्यवस्था बनाये रखने एवं परीक्षा की पवित्रता तथा विश्वसनीयता सुनिश्चित करने हेतु उक्त परीक्षा आयोजन तिथि 3 मई 2026 को उक्तानुसार परीक्षा केन्द्रों के आस-पास के 100 मीटर क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा जारी की जाना आवश्यक है।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी नई दिल्ली द्वारा आयोजित नीट परीक्षा 2026 3 मई 2026 को परीक्षा की पवित्रता, पारदर्शिता, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग द्वारा मंदसौर जिले के समस्त परीक्षा केन्द्रों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा जारी की गई है।

1-परीक्षा प्रारम्भ होने के पूर्व प्रातः 08:00 बजे से सॉंय 06:00 बजे तक परीक्षा केन्द्रों से 100 मीटर की दूरी के अन्दर किसी अनाधिकृत व्यक्तियों का बिना किसी उद्देश्य के प्रवेश व घूमने, कागज या अन्य वस्तुओं का वितरण या प्रचार-प्रसार, ऐसी वस्तुओं का उपयोग जिसका प्रयोग आक्रामक आयुध के रूप में किया जा सकता है, परीक्षा से संबंधित अधिकारी/वीक्षक (इन्वीजिलेटर) कर्मचारीगण को डराने का प्रयास आदि अवांछनीय गतिविधियों तथा अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्णतः रोक रहेगी।

2- परीक्षा हेतु नियत किए गए परीक्षा केन्द्रों से 100 मीटर की दूरी के अन्दर किसी प्रकार के हाथ ठेला, खोमचा, लारी लगाकर व्यवसाय करने वाले लोगों का खड़ा होना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

3- म.प्र. कोलाहल नियंत्रण अधिनियम 1985 की धारा-10 के तहत परीक्षा केन्द्रों से 200 मीटर की दूरी के अन्दर ध्वनि विस्तारक यंत्रो का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा, तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाऊडस्पीकर/डी.जे./सम्बोधन प्रणाली) के अनियंत्रित व नियम विरुद्ध प्रयोग पर नियंत्रण/कार्यवाही के संबंध में जारी निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।

यह आदेश सर्वसाधारण आम जनता को संबोधित है और चूँकि इसकी तामिली प्रत्येक व्यक्ति पर सम्यकरूपेण करना और उसकी सुनवाई संभव नहीं है, अतः भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 (2) के तहत यह आदेश एकपक्षीय रूप से पारित किया जाता है। इस आदेश की सूचना सर्वसाधारण जनता को समाचार पत्रों/इलेक्ट्रानिक मिडिया या अन्य माध्यम से की जाए और सहगोचर सावर्जनिक स्थलों पर आदेश की प्रति चस्पा की जाए।

उक्त आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति अथवा व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा-223 के तहत कार्यवाही की जावेगी।

=================

राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा की प्रारंभिक परीक्षा 26 अप्रैल को होगी

ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू : कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग

परीक्षा केन्द्रों से 100 मीटर की परिधि में अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित

परीक्षा केन्द्रों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा जारी

मंदसौर 24 अप्रैल 26 / म.प्र. लोक सेवा आयोग, इन्दौर द्वारा आयोजित राज्य सेवा एवं वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 26 अप्रैल 2026 को मंदसौर नगर के तीन परीक्षा केन्द्र 1 लाल बाहादुर शास्त्री, शासकीय उत्कृष्ट उ.मा.वि. स्टेशन रोड मंदसौर 2 महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उ.मा.वि. गाँधी चौराहा मंदसौर व 3- राजीव गाँधी शासकीय महाविद्यालय महू-नीमच रोड़ मंदसौर पर दो सत्रों में प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक एवं दोपहर 02:15 बजे से 04:15 बजे तक होगी ।

म.प्र.लोक सेवा आयोग इन्दौर द्वारा आयोजित राज्य सेवा एवं वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 के दौरान कानून व्यवस्था बनाये रखने एवं परीक्षा की पवित्रता तथा विश्वसनीयता सुनिश्चित करने हेतु उक्त परीक्षा आयोजन तिथि 26 अप्रैल 2026 को उक्तानुसार परीक्षा केन्द्रों के आस-पास के 100 मीटर क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा जारी की जाना आवश्यक है।

अतः म.प्र. लोक सेवा आयोग इन्दौर द्वारा आयोजित राज्य सेवा एवं वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 के दौरान 26 अप्रैल 2026 को परीक्षा की पवित्रता, पारदर्शिता, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग द्वारा मंदसौर जिले के समस्त परीक्षा केन्द्रों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा जारी की गई है।

1-परीक्षा प्रारम्भ होने के पूर्व प्रातः 08:00 बजे से सॉंय 06:00 बजे तक परीक्षा केन्द्रों से 100 मीटर की दूरी के अन्दर किसी अनाधिकृत व्यक्तियों का बिना किसी उद्देश्य के प्रवेश व घूमने, कागज या अन्य वस्तुओं का वितरण या प्रचार-प्रसार, ऐसी वस्तुओं का उपयोग जिसका प्रयोग आक्रामक आयुध के रूप में किया जा सकता है, परीक्षा से संबंधित अधिकारी/वीक्षक (इन्वीजिलेटर) कर्मचारीगण को डराने का प्रयास आदि अवांछनीय गतिविधियों तथा अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्णतः रोक रहेगी।

2-आयोग की परीक्षा हेतु नियत किए गए परीक्षा केन्द्रों से 100 मीटर की दूरी के अन्दर किसी प्रकार के हाथ ठेला, खोमचा, लारी लगाकर व्यवसाय करने वाले लोगों का खड़ा होना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

3- म.प्र. कोलाहल नियंत्रण अधिनियम 1985 की धारा-10 के तहत परीक्षा केन्द्रों से 200 मीटर की दूरी के अन्दर ध्वनि विस्तारक यंत्रो का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा, तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाऊडस्पीकर/डी.जे./सम्बोधन प्रणाली) के अनियंत्रित व नियम विरुद्ध प्रयोग पर नियंत्रण/कार्यवाही के संबंध में जारी निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।

यह आदेश सर्वसाधारण आम जनता को संबोधित है और चूँकि इसकी तामिली प्रत्येक व्यक्ति पर सम्यकरूपेण करना और उसकी सुनवाई संभव नहीं है, अतः भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 (2) के तहत यह आदेश एकपक्षीय रूप से पारित किया जाता है। इस आदेश की सूचना सर्वसाधारण जनता को समाचार पत्रों/इलेक्ट्रानिक मिडिया या अन्य माध्यम से की जाए और सहगोचर सावर्जनिक स्थलों पर आदेश की प्रति चस्पा की जाए।

उक्त आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति अथवा व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा-223 के तहत कार्यवाही की जावेगी।

=============

परिवहन विभाग द्वारा शहर के प्रमुख स्‍थलों पर आमजन को राहवीर योजना की जानकारी दि गई

मंदसौर 24 अप्रैल 26 / अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी द्वारा बताया गया कि परिवहन विभाग द्वारा मंदसौर शहर के नेहरू बस स्टैंड एवं महाराणा प्रताप बस स्टैंड पर टीम के साथ पहुंच कर राहवीर योजना का प्रचार प्रसार किया साथ ही सभी बसों पर पोस्टर लगाकर आम जनता को भी राहवीर योजना की जानकारी दी गई।

राहवीर योजना

सड़क दुर्घटना में पीड़ित घायल व्यक्ति के सही समय पर अस्पताल न पहुंचने के कारण घायल व्यक्ति की मृत्यु तक हो जाती है। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने मे आम नागरिकों को यह भय रहता है कि वे भी पुलिस कार्यवाही के भागी बन जायेंगे अर्थात घायल को अस्पताल पहुंचाने की मदद करने वाले व्यक्ति से पुलिस द्वारा पुछताछ की जायेंगी, जिस कारण आम नागरिक चाहते हुवे भी पुलिस कार्यवाही के भय से सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल में ले जाने से कतराते है किन्तु ऐसा नही है। सड़क दुर्घटना में गम्भीर घायलों को उपचार हेतु अस्पताल लाने वाले राहवीर को राशि 25 हजार रूपये एवं प्रशस्ती पत्र प्रदान करने का प्रावधान है।

शासन द्वारा सड़क दुर्घटना में पीड़ित व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में त्वरित उपचार कराने के उद्देश्य से गुड सेमेरिटन योजना लागू की गई है ताकि सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से पीड़ित को अस्पताल ले जाने वाले व्यक्ति को प्रोत्साहन स्वरूप राशि प्रदान की जा सकें। इस योजनांतर्गत सड़क दुर्घटना में गम्भीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाने वाले व्यक्ति को राहवीर की परिभाषा मे शामिल किया गया है। सड़क दुर्घटना में गम्भीर घायलों को उपचार हेतु अस्पताल लाने वाले राहवीर को राशि 25 हजार रूपये एवं प्रशस्ती पत्र प्रदान करने का प्रावधान है। इस योजना से सड़क दुर्घटना मे गम्भीर घायल व्यक्ति का त्वरित उपचार संभव हो सकेगा वही प्रोत्साहन राशि 25 हजार रूपये के कारण नवयुवा एवं आम आदमी पीड़ित की मदद के लिये तत्पर रहेंगे, जिससे सड़क दुर्घटना में पीड़ित व्यक्ति की जान भी बचेगी, सड़क दुर्घटना मे होने वाली मृत्युदर में कमी परिलक्षित हो सकेंगी।

===========

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}