फिर मिली 5 करोड़ की सौगात, क्षेत्रीय विकास को मिल रही नई रफ्तार

फिर मिली 5 करोड़ की सौगात, क्षेत्रीय विकास को मिल रही नई रफ्तार
नीमच। क्षेत्रीय विकास को लेकर लगातार सक्रियता और सख्त रुख अपनाने वाले विधायक श्री दिलीपसिंह परिहार के प्रयासों का असर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए भोपाल से लगातार मिल रही करोडों की सौगातों और क्षेत्र की निरंतर बदलती उन्नत तस्वीर के रूप में दिखाई दे रहा है।
बीते कुछ महीनों में विधायक परिहार ने नीमच के सर्वांगीण विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण विषयों को विधानसभा में प्रमुखता से रखा। इनमें हवाई पट्टी के उन्नयन, हवाई सेवाओं के विस्तार, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, खेलकूद के विकास तथा अधोसंरचना को मजबूत करने जैसे मुद्दे शामिल रहे। उनके इस बदले हुए और सख्त रुख का सकारात्मक प्रभाव क्षेत्र में स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है। विधायक परिहार द्वारा मंत्रियों एवं विभिन्न विभागों के साथ सतत पत्राचार और अधिकारियों के साथ नियमित बैठकों के चलते भोपाल स्तर से नीमच के लिए विकास योजनाओं की स्वीकृतियां लगातार मिल रही हैं। परिणामस्वरूप पूरे वर्षभर में करोड़ों रुपये की विभिन्न योजनाएं क्षेत्र को प्राप्त हो रही हैं, जिससे नीमच के चहुंमुखी विकास को नई दिशा और गति मिल रही है।
इसी परिप्रेक्ष्य में म.प्र.अनुसूचित जाति कल्याण मंत्रालय भोपाल के पत्र क्रमांक 1041066/143, दिनांक 16.03.2026 द्वारा नीमच में अनुसूचित जाति छात्रावास निर्माण के लिए 5 करोड रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है, ताकि अनुसूचित जाति की बच्चियां उच्च शिक्षा प्राप्त करें और कौशल विकास में आगे बढ सकें।
विधायक दिलीपसिंह परिहार ने विधानसभा सत्र के दौरान बांछडा समुदाय को समाज की मुख्यधारा से जोडने के जमीनी प्रयासों सहित बांछडा समुदाय की बच्चियों का भविष्य सुधारने उन्हें रोजगार मूलक कार्य प्रशिक्षण के सेन्टर स्थापित करने सहित लघु एवं कुटीर उद्योग स्थापना के लिए प्रोत्साहित करने की मांग शासन से की थी, ताकि वे देह व्यापार का कार्य छोडकर सम्मान जनक कार्य, रोजगार मूलक कार्य कर समाज की मुख्य धारा से जुड सकें।
विधानसभा सत्र के दौरान श्री परिहार ने शासन से मांग की थी कि बांछडा समुदाय की सभी बच्चियों का भविष्य सुधरे, उन्हें रोजगार मूलक कार्य जैसे सिलाई, बुनाई, कढाई, ब्यूटी पार्लर, कम्प्यूटर प्रशिक्षण के सेन्टर स्थापित कर प्रशिक्षित किया जाए। इस हेतु अलग से राशि का आवंटन किया जाए। बांछडा समुदाय की बच्चियों को पापड, अगरबत्ती, मसाला कुटीर उद्योग स्थापना के लिए प्रोत्साहित किया जाए। जिस पर अनुसूचित जाति मंत्री नागरसिंह चौहान ने श्री परिहार को आश्वस्त किया था कि महिला बाल विकास विभाग एवं अनुसूचित जाति जनजाति विभाग दोनों मिलकर बांछडा समुदाय को समाज की मुख्यधारा से जोडने के लिए कार्य करेंगे। बांछडा समुदाय के उत्थान हेतु शासन एवं विभागीय स्तर पर अलग से प्रयास किए जाएंगे।
सक्रिय नेतृत्व के चलते नीमच अब विकास की नई ऊंचाइयों की ओर तेजी से बढ़ रहा है। विधायक परिहार के प्रयासों से आने वाले समय में और भी बड़ी सौगातें मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

