समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 15 मार्च 2026 रविवार

///////////////////////////
राजस्व अधिकारियों द्वारा गैस एजेंसियों के वितरण केन्द्रों का निरीक्षण किया गया
रतलाम : शनिवार, मार्च 14, 2026,

जिले में उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर की निर्बाध आपूर्ति के लिए कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार जिले में राजस्व अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों के वितरण केन्द्रों का निरीक्षण किया जा रहा है।
प्रशासन द्वारा घरेलू गैस आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी के तहत आज 14 मार्च को जावरा स्थित भोलेनाथ गैस एजेंसी के कार्यालय एवं गोदाम का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गैस स्टॉक, रिकॉर्ड एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई।
इसके साथ ही जावरा भारत गैस एजेंसी के गोदाम की भी जांच की गई। अधिकारियों द्वारा गैस सिलेंडरों के रखरखाव एवं वितरण व्यवस्था का जायजा लिया गया। सैलाना क्षेत्र में स्थित शिवगढ़ ग्रामीण वितरण केंद्र का भी निरीक्षण किया गया।
=====
अवैध गैस रिफिलिंग पर प्रशासन की कार्रवाई, आलोट में मेवातीपुरा से मशीन व सिलेंडर जब्त
रतलाम : शनिवार, मार्च 14, 2026,
जिले में उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर की निर्बाध आपूर्ति के लिए कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार जिले में राजस्व अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में निरीक्षण किया जा रहा है एवं गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग और रिफिलिंग की शिकायतों पर कार्यवाही की जा रही है।
एसडीएम आलोट रचना शर्मा ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की शिकायतों के बीच आलोट में बड़ी कार्यवाही करते हुए वार्ड क्रमांक-2 नागेष्वर रोड स्थित मेवातीपुरा क्षेत्र में दबिश दी गई। कार्यवाही के दौरान वाजिद अलगानी के यहां से गैस रिफिलिंग में उपयोग होने वाली मशीन सहित 8 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। टीम ने मौके पर पंचनामा बनाकर सामग्री को जब्त कर वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी।
कार्यवाही के दौरान नायब तहसीलदार हेमलता डिंडोर, फूड इंस्पेक्टर कादंबनी धकाते, पटवारी कमलेश जमारे, पटवारी स्वागत दुबे, राहुल मूलचंदानी तथा राजुल पटेल सहित प्रशासन की संयुक्त टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने मौके पर आवश्यक दस्तावेजी कार्यवाही पूरी करते हुए पंचनामा तैयार किया एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।
प्रशासनिक टीम ने नागेश्वर बाईपास स्थित रोहिणी ढाबे पर भी जांच की। यहां से एक कमर्शियल गैस सिलेंडर तथा दो घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग नियमों के विरुद्ध है, जिस पर पंचनामा बनाकर आवश्यक कार्यवाही की गई।
फूड इंस्पेक्टर कादंबनी धकाते ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध उपयोग और रिफिलिंग करना कानूनन अपराध है। प्रशासन इस तरह की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए है और आगे भी सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।
==========
राष्ट्रीय संगोष्ठी में वैज्ञानिकों और विद्वानों ने साझा किए शोध अनुभव
रतलाम : शनिवार, मार्च 14, 2026,
उच्च शिक्षा में नवाचार और शोध संस्कृति को प्रभावी बनाने हेतु प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस, शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रतलाम में “अनुसंधान पद्धति: उच्च शिक्षा में नवाचार, चुनौतियां एवं भविष्य की संभावनाएँ” विषय पर आयोजित दो दिवसीय अंतरविषयक राष्ट्रीय संगोष्ठी का उद्घाटन सत्र गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। संगोष्ठी में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के विद्वानों, प्राध्यापकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो.राजीव आर. ठाकुर ने अपने प्रेरक उद्बोधन में विद्यार्थियों को शोध और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर रतलाम में जन्मे वरिष्ठ अंतरिक्ष वैज्ञानिक प्रो. प्रहलाद चंद्र अग्रवाल ने मैसेज के माध्यम से अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि उन्होंने वर्ष 1961 में इसी महाविद्यालय में बीएससी तक अध्ययन किया बाद में उनका चयन भाभा आण्विक अनुसंधान केंद्र मुंबई में हुआ। उन्होंने टीआईएफआर में कॉस्मिक रे एवं एक्स-रे खगोल विज्ञान पर शोध कार्य किया और मुंबई विश्वविद्यालय से पीएचडी प्राप्त की। बाद में उन्होंने कैलटेक (अमेरिका) में शोध कार्य किया। भारत लौटकर उन्होंने इसरो के सहयोग से एक्स-रे उपकरणों के विकास में योगदान दिया तथा भारत के पहले मल्टी वेवलेंथ स्पेस ऑब्जर्वेटरी एस्ट्रोसैट मिशन की योजना में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में निरंतर जिज्ञासा, परिश्रम और नवाचार के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
संगोष्ठी में बीज व्याख्यान (की नोट एड्रेस) देते हुए प्रो. दीपक शर्मा (जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली) ने कहा कि शिक्षा और बुद्धिमत्ता अलग-अलग अवधारणाएँ हैं तथा नवोन्मेषी और आलोचनात्मक चिंतन ही वास्तविक ज्ञान की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से रटने की प्रवृत्ति से आगे बढ़कर वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने का आग्रह किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वाय. के. मिश्र ने अध्यक्षीय उद्बोधन में विद्यार्थियों को जिज्ञासा, आत्मचिंतन और अनुसंधान की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रो. गिरीश्वर मिश्रा पूर्व कुलपति, महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा भी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े और शिक्षा को समाज तथा वैश्विक कल्याण से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अध्यक्ष श्री चेतन गुर्जर ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के परिप्रेक्ष्य में ऐसे शैक्षणिक आयोजन निरंतर होते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल सूचना प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि ज्ञान, आलोचनात्मक सोच, सकारात्मक दृष्टिकोण और विश्लेषणात्मक क्षमता के विकास का आधार भी है।
संगोष्ठी की प्रस्तावना राष्ट्रीय सेमिनार के संयोजक डॉ. विनोद शर्मा ने प्रस्तुत की तथा संचालन डॉ. सी. एल. शर्मा ने किया। प्रथम तकनीकी सत्र की अध्यक्षता डॉ. के. एल. जाट, पूर्व प्राचार्य, स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय, नीमच ने की। उन्होंने भारत में उच्च शिक्षा में शोध संस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा शोध पद्धति में आधुनिक उपकरणों और तकनीकों के उपयोग की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। इस सत्र में बीज वक्ता प्रो. तुषार बनर्जी (देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर) रहे, जिन्होंने “कृषि चुनौतियों से टिकाऊ समाधानों की ओर: एग्रोकेमिकल अनुप्रयोगों के लिए CGTase-मध्यस्थित β-साइक्लोडेक्सट्रिन का उत्पादन” विषय पर अपना शोध कार्य प्रस्तुत किया।
द्वितीय तकनीकी सत्र की अध्यक्षता डॉ. पी. बी. रेड्डी, प्राचार्य, शासकीय महाविद्यालय, नागदा ने की तथा बीज वक्ता प्रो. सखाराम मुजाल्दा (देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर) ने शोध पद्धतियों की विभिन्न आधुनिक तकनीकों पर विस्तृत जानकारी दी।
तकनीकी सत्रों में विभिन्न शोधार्थियों एवं प्राध्यापकों ने अपने अनुसंधान पत्र प्रस्तुत किए। इनमें प्रमुख रूप से डॉ. ऋतम उपाध्याय, डॉ. मीनाक्षी श्रीवास्तव, डॉ. तबस्सुम पटेल, डॉ. अर्जुन सिंह पंवार, डॉ. दीक्षा गुप्ता, प्रो. आदर्श भेवंदिया, राहुल मेहता, प्रो. पूनम चौधरी, प्रीति वर्मा, डॉ. राकेश कुमार परमार, डॉ. मीनाक्षी हरोड़, प्रो. आयुषी सोनी, डॉ. सौरभ गुर्जर तथा श्री निलेश पाटीदार सहित अनेक विद्वानों ने अपने शोध पत्रों का प्रस्तुतीकरण किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सी. एल. शर्मा एवं प्रो. रविकांत मालवीय ने किया। आभार प्रदर्शन डॉ. अंजेला सिंगारे एवं प्रो. ललिता मरमट द्वारा किया गया।
==========
पोल्ट्री फार्म से 64 व्यावसायिक खाली गैस सिलेंडर जब्त
रतलाम : शनिवार, मार्च 14, 2026,

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में तहसीलदार रतलाम ग्रामीण आशीष उपाध्याय द्वारा धराड़ की नई कॉलोनी स्थित एक पोल्ट्री फार्म का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान राहुल सिंह सिसोदिया पिता राजेन्द्र सिंह सिसोदिया निवासी स्टेट बैंक के पास, धराड़ के पोल्ट्री फार्म की जांच की गई। जांच के दौरान पोल्ट्री फार्म के एक कमरे में 19 किलोग्राम के 64 नग खाली एचपीसीएल व्यावसायिक गैस सिलेंडर अवैध रूप से संग्रहित पाए गए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया। जिला आपूर्ति अधिकारी श्री आनंद गोले ,तहसीलदार रतलाम ग्रामीण श्री आशीष उपाध्याय, थाना प्रभारी अयूब ख़ान द्वारा संयुक्त रूप से कार्यवाही की गई । प्रकरण में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्यवाही की जा रही है।
============
‘‘प्रशासन गांव की ओर अभियान’’ अंतर्गत
रतलाम ब्लॉक की क्लस्टर पंचायत मुख्यालय ईसरथुनी मे हुई सुनवाई
प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे गांव में अनुश्रवण शिविर में ग्रामीणों से की चर्चा स्कूल एवं ग्रामों में निर्माणाधीन कार्यो का किया निरीक्षण
रतलाम : शनिवार, मार्च 14, 2026,

भारत सरकार एवं राज्य सरकार की चिन्हित फ्लैगशिप योजनाओं में शत् प्रतिशत सेचुरेशन प्राप्त करने हेतु ‘‘प्रशासन गांव की ओर अभियान’’ के तहत आज शनिवार को सभी जिला स्तरीय अधिकारियों ने ईसरथुनी क्लस्टर अंतर्गत 24 ग्राम पंचायतों मे पहुँच कर आमजन की समस्याएं सुनी एवं समाधान योग्य समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। जिला स्तर एवं राज्य स्तर से समाधान योग्य समस्याओं को अनुश्रवण पंजी में दर्ज किया गया। क्लस्टर पंचायत मुख्यालय ईसरथुनी पर सभी पंचायतों के नोडल अधिकारियों की सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन द्वारा ग्राम पंचायतवार समीक्षा की गई। भ्रमण के दौरान सीईओ जिला पंचायत के साथ तहसीलदार ऋषभ ठाकुर सहित जिला स्तरीय नोडल अधिकारी एवं मैदानी शासकीय अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।
सीईओ जिला पंचायत ने पीएम श्री हाई स्कूल कनेरी का निरीक्षण कर निर्माणाधीन कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत सीईओ जिला पंचायत वैशाली जैन ने पीएम श्री हाई स्कूल कनेरी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्कूल की रंगाई-पुताई करवाने, एआई व म्यूजिक क्लासेस प्रारंभ करवाने तथा खेल मैदान एवं निर्माणाधीन कम्प्यूटर लेब का कार्य शीघ्र पूर्ण करवाने के निर्देश दिए।
मोरवानी रेलखंड के रेलवे पुल निर्माण कार्य का किया निरीक्षण
प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत सीईओ जिला पंचायत वैशाली जैन ने रतलाम मोरवानी रेलखंड के रेलवे समपार क्रमांक-79 पर रेलवे पुल निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। मटेरियल गुण नियंत्रण प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। काम गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूर्ण करवाने के निर्देश लोक निर्माण विभाग के संबंधित अधिकारी एवं ठेकेदार को दिये।
आंगनवाडी केन्द्र सागोद का निरीक्षण कर बच्चों से चर्चा की
सीईओ जिला पंचायत ने ग्राम पंचायत सागौद का निरीक्षण किया। पंचायत मे संधारित रजिस्टर/ रिकार्ड का अवलोकन किया। लेखा संधारण की जानकारी ली । साथ ही आगनवाडी केन्द्र सागोद का निरीक्षण किया। बच्चों से चर्चा कर आगनवाडी संचालन एवं मध्याह्न भोजन के बारे में जानकारी ली। सागौद के स्कूल में संचालित परीक्षा का निरीक्षण भी किया।
ग्राम पंचायत बिबडोद कार्यालय का निरीक्षण किया एवं व्यय लेखा संधारण की जानकारी सचिव से ली। सचिव द्वारा केशबुक एवं अन्य दस्तावेज घर पर रखने पर नाराजगी जाहिर की।
सागोद में लोगों की समस्याएं सुनी
पंचायत कार्यालय सागौद में लगे अनुश्रवण शिविर में लोगों की समस्याएं सुनी एवं अनुश्रवण पंजी में दर्ज करने के निर्देश नोडल अधिकारी को दिये। सीईओ जिला पंचायत ने पंचायत के भण्डार कक्ष का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्रामीण जनो ने खाद्यान्न वितरण नियमित रूप से नहीं होने की शिकायत की। आपूर्ति अधिकारी को नियत दिवसो मे नियत समय पर दुकान खुलवाने एवं सभी पात्र हितग्राहियो को पात्रता अनुसार खाद्यान्न वितरण करवाने के निर्देश दिए। नोडल अधिकारियों ने भ्रमण के दौरान स्कूल /आंगनवाडी केन्द्र के बच्चों के साथ भोजन कर भोजन की गुणवत्ता का परीक्षण किया।
============
कृषि उपज मण्डी में रविवार को लगेगा जैविक हाट
रतलाम : शनिवार, मार्च 14, 2026,
परियोजना संचालक आत्मा श्री निर्भय सिंह नर्गेश ने बताया कि जिलें में प्राकृतिक एवं जैविक खेती की पैदावार की उचित मार्केटिंग के लिए पावर हाउस रोड सब्जी मण्डी सैलाना बस स्टैंड रतलाम पर प्रत्येक रविवार को जैविक हाट लगाने हेतु नियत किया गया है । उक्त सब्जी मण्डी में 15 मार्च रविवार को जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों के विक्रय हेतु किसान भाई प्रात 08:00 बजे से उपस्थित होकर विक्रय करेंगें। समस्त नागरिकगण मण्डी में पहुंचकर जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों को क्रय कर सकते है।
===========
रतलाम जिले में 721 बालिकाओं को एच पी वी का वैक्सीनेशन किया गया अभियान 90 दिन तक चलेगा
रतलाम : शनिवार, मार्च 14, 2026,

सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे बड़ा कैंसर है , महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर को रोकने के लिए रतलाम जिले में निशुल्क एचपीवी वैक्सीनेशन 28 फरवरी से प्रारंभ होकर 90 दिन तक किया जाएगा । मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संध्या बेलसरे ने बताया कि जिले में अब तक 721 बालिकाओं का वैक्सीनेशन किया गया है। सिविल अस्पताल आलोट में 118 , सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ताल में 79 , सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाजना में 63 , सिविल अस्पताल जावरा में 154, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपलोदा में 153, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नामली में 28, बाल चिकित्सालय रतलाम में 69, मेडिकल कॉलेज रतलाम में 10, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैलाना में 47 बालिकाओं का वैक्सीनेशन किया गया है। वैक्सीनेशन के लिए ऐसी सभी बालिका जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया है एवं 15 जन्मदिन नहीं मनाया है , निशुल्क वैक्सीनेशन करवा सकती है । वैक्सीनेशन कराने के लिए यू विन पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन कराया जा सकता है या सीधे केंद्र पर आकर भी वैक्सीनेशन कराया जा सकता है। वैक्सीनेशन के लिए आयु संबंधी कोई भी प्रमाण पत्र अथवा स्वयं के घोषणा पत्र के आधार पर भी सहजता से वैक्सीनेशन कराया जा सकता है।
सीएमएचओ ने शंका समाधान करते हुए स्पष्ट किया कि एच पी वी वैक्सीनेशन पूरी तरह सुरक्षित है। यदि किसी के घर में कैंसर संबंधी कोई मरीज नहीं है , तब भी एच पी वी का वैक्सीनेशन कराया जाना आवश्यक है , ताकि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए रोग प्रतिरोधक क्षमता का विकास हो सके। एचपीवी का टीका प्रजनन क्षमता को बिल्कुल प्रभावित नहीं करता है , एचपीवी का टीका मासिक धर्म पर कोई प्रभाव नहीं डालता है बल्कि मासिक धर्म होने के दौरान भी एच पी वी का टीका लगवाया जा सकता है। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी का गार्डशील का एक बार वैक्सीनेशन करना पर्याप्त है। एच पी वी का टीका सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने में 93 से 100% तक प्रभावशीलता प्रदान करता है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपनी 14 वर्षीय बालिका का नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर निशुल्क एच पी वी वैक्सीनेशन करने की अपील की है।
=============



