नामावलियों के अंतिम प्रकाशन से पहले 21 फरवरी को जिला स्तरीय बैठक

निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण पर होगी समीक्षा, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहेंगे मौजूद
झालावाड़, 20 फरवरी। अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के संदर्भ में चल रहे निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत अंतिम प्रकाशन से पूर्व जिला स्तर पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक 21 फरवरी 2026 को दोपहर 3 बजे मिनी सचिवालय के सभागार में आयोजित होगी।
निर्वाचन विभाग, राजस्थान, जयपुर द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत निर्वाचक नामावलियों का प्रारूप प्रकाशन 16 दिसंबर 2025 को किया जा चुका है। अब निर्धारित कार्यक्रमानुसार निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाना प्रस्तावित है।
अंतिम प्रकाशन की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने, विभागीय निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में यह बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में जिले के विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है, ताकि सभी पक्षों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारी पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं, जिससे अंतिम प्रकाशन प्रक्रिया निर्धारित तिथि पर सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
——००——



