समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 08 जनवरी 2026 गुरुवार

////////////////////////
सरस्वती स्वयं सहायता समूह सिखेड़ी की दो दिन की राशि काटी जाएगी आगनबाडी कार्यकर्ता एवं सुपरवायजर को नोटिस जारी
रतलाम : बुधवार, जनवरी 7, 2026,
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री रामनिवास बुधोलिया ने बताया कि कार्यालय महिला एवं बाल विकास परियोजना रतलाम ग्रामीण 2 जिला रतलाम के आंगनवाड़ी केंद्र सिखेड़ी में दिनांक 5.1.26 एवं 6.1.26 को पोषण आहार ना मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसकी जांच करने पर पाया गया कि सरस्वती स्वयं सहायता समूह सिखेड़ी द्वारा दो दिन से आंगनवाड़ी केंद्र पर नाश्ता व भोजन प्रदाय नही किया गया है। उक्त संबंध में समूह की 2 दिनों की नाशता एवं भोजन की राशि काटी जावेगी और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ओर सुपरवाइजर को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
===========
सभी शासकीय कार्यालय पर हो विद्युत सज्जा एवं ध्वजारोहण-कलेक्टर
आगामी गणतंत्र दिवस आयोजन के लिए कलेक्टर ने बैठक में अधिकारियों को दायित्व सौंपे
रतलाम : बुधवार, जनवरी 7, 2026,

आगामी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारी के लिए बुधवार को कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने संबंधित अधिकारियों को दायित्व सौंप कर समय सीमा में कार्य संपन्न करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने शासन के निर्देशानुसार सभी शासकीय कार्यालयों पर गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर विद्युत सज्जा करने एवं 26 जनवरी को प्रातः काल में ध्वजारोहण करने के निर्देश सभी कार्यालय प्रमुखों को दिए। जिला मुख्यालय पर गणतंत्र दिवस का मुख्य कार्यक्रम पोलोग्राउंड पर आयोजित होगा। इस अवसर पर लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा। कलेक्टर ने परेड रिहर्सल, विद्युत व्यवस्था , साफ सफाई, मंच सज्जा, बैठक व्यवस्था आदि के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। गणतंत्र दिवस पर विभिन्न विभागों द्वारा अपनी विभागीय योजनाओं, कार्यक्रमों पर आधारित झांकियां प्रदर्शित की जाएगी। इस संबंध में कलेक्टर द्वारा सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि झांकियों की थीम का पूर्व से अनुमोदन प्राप्त करें। झांकी आकर्षक एवं विभाग की उपलब्धियों को प्रदर्शित करते हुए बनाये।
कलेक्टर द्वारा गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी एवं एसी ट्रायबल को निर्देशित किया गया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम की थीम एवं गणवेश गरिमामय हों।
=============
कोई भी बच्चा पंजीयन से वंचित न रहे- कलेक्टर शिक्षा विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक संपन्न
रतलाम : बुधवार, जनवरी 7, 2026,

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग, एवं जनजातीय कार्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों और योजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्टर सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि शिक्षा विभाग के अधिकारी शीत लहर को दृष्टिगत रखते हुए स्कूलों के संचालन के समय में पहल करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश जारी करें। अत्यधिक ठंड होने की स्थिति में स्कूलों का संचालन का समय परिवर्तित कराया जाए। बैठक के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रतलाम जिले की प्रदेश स्तर पर राज्य छात्रवृत्ति के मामले में 12वीं रैंक, एमपी टॉस के मामले में 24 वी रैंक, अपार आईडी बनाने में 11वीं रैंक, परीक्षा पर चर्चा पंजीयन मामले में 23 वी रैंक है । कलेक्टर ने सभी प्रकार के लंबित मामलों में आधार कार्ड, समग्र आईडी एवं जाति प्रमाण पत्र की ऑनलाइन प्रविष्टि के आंकड़ों में शुद्धता लाकर विद्यार्थियों के अकाउंट अप टू डेट करने निर्देश दिए। विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं अन्य हित लाभ मिल सके ,इसके लिए उन्होंने मामलों की लाइन लिस्टिंग करके राजस्व अधिकारियों से समन्वय कर डाटा अपडेट करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में प्रगति लाने के लिए 10 दिवस की समय सीमा निर्धारित की गई। निशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण के मामले में 9वीं से 12 वीं के बच्चों का डाटा नहीं होने के कारण असंतोष व्यक्त करते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी आलोट को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए। साइकिल वितरण का स्कूल के प्रिंसिपल से वेरिफिकेशन करवाने तथा विकास खंडवार डाटा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग संबंधी सांदीपनि सी एम राइज स्कूल भवन निर्माण संबंधी कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए स्वयं भ्रमण करने की बात कही। उन्होंने निर्देशित किया कि फरवरी माह के अंत तक जिले में शिक्षा विभाग से संबंधी जर्जर भवनों की सूची तैयार की जाए, एवं पी डब्लू डी से समन्वय स्थापित कर डिस्मेंटल की कार्रवाई कर जर्जर भवनों को गिराया जाए। उन्होंने कहा कि जहां स्कूल शिक्षा विभाग के भवन रिक्त हो उनकी भी जानकारी प्रस्तुत की जाए ताकि अन्य विभाग को भवन आवंटित किए जा सके। बैठक में पीएम श्री स्कूल, लैपटॉप वितरण भुगतान राशि, आदि की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने शिक्षा विभाग एवं ट्रायबल विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और जिले के शत प्रतिशत बच्चों का प्रत्येक स्थिति में शाला में पंजीयन होना सुनिश्चित करें, इस संबंध में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा वेरिफिकेशन कराया जाए। उन्होंने सभी बच्चों का ऑनलाइन पंजीयन करने के निर्देश दिए उन्होंने कहा कि जो बच्चे बीच में अध्ययन छोड़ देते हैं उन्हें ब्रिज कोर्स कराकर शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ा जाए। ऑनलाइन पंजीयन एवं अपडेशन संबंधी सभी कार्य एक सप्ताह की समय सीमा में पूर्ण किया जाए। गणवेश वितरण कार्य का वेरिफिकेशन कराया जाए। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती रंजना सिंह ने सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना, महर्षि वाल्मीकि योजना, साइकिल प्रदाय योजना तथा प्रतिभा योजना, छात्रवृत्ति भुगतान हेतु ई केवाईसी की जानकारी प्रस्तुत की। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिन कार्यक्रमों के संबंध में बजट को लेकर समस्या हो उस विषय में राज्य स्तरीय अधिकारियों से चर्चा कराई जाए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी छात्रावासों में निरीक्षण करते हुए आवश्यकता अनुसार लाइट, भोजन की गुणवत्ता, राशन की गुणवत्ता, हाइजीन एवं सेनिटेशन, आवश्यकता अनुसार पुताई आदि व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें ताकि विद्यार्थियों को परेशानी ना हो, बैठक में सी एम राइज स्कूलों में छात्रवृत्ति, भवन निर्माण कार्य की जानकारी, धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान , पीएम जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रस्तुत की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती अनीता सागर तथा श्री जितेंद्र जोशी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
===============
लोकतंत्र के लोक उत्सव भारत पर्व के आयोजन हेतु आयुक्त नगर पालिका निगम नोडल अधिकारी नियुक्त
रतलाम : बुधवार, जनवरी 7, 2026,
प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी लोकतंत्र का लोक उत्सव ”भारत पर्व “ का आयोजन आगामी 26 जनवरी 2026, गणतंत्र दिवस की संध्या को जिला मुख्यालयों पर संस्कृति विभाग द्वारा जनसम्पर्क विभाग तथा जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित किया जाएगा। लोक उत्सव पर्व का आयोजन एवं स्थानीय व्यवस्थाओं के लिए आयुक्त नगर पालिका निगम रतलाम श्री अनिल भाना को अपर कलेक्टर डॉ शालिनी श्रीवास्तव द्वारा नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है
============
कलेक्टर ने आज निर्माणाधीन सांदीपनी स्कूल रतलाम का निरीक्षण किया निर्माण कार्य जून 2026 तक पूर्ण करने के दिए निर्देश
रतलाम : बुधवार, जनवरी 7, 2026,

कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने आज निमार्णाधीन सांदीपनी स्कूल रतलाम का संबंधित अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूल भवन, खेल मैदान, वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम आदि निर्माण कार्यों का अवलोकन कर निर्माण कार्य जून 2026 तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्कूल भवन में शासन द्वारा स्वीकृति अनुसार फर्नीचर की डिमांड तत्काल भेजने, विद्यार्थियों के लिए मुख्य सड़क से स्कूल तक पहुंचने के लिए सड़क बनवाने, स्कूल में फायर एनओसी इत्यादि के लिए कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान निर्माण सामग्री मटेरियल की टेस्ट रिपोर्ट एवं कम्पोजिशन का अवलोकन किया। उन्होने डीपीआर, विद्युत टेस्ट, पेयजल टेस्ट रिपोर्ट, स्वीकृति आदेश, निर्माण सामग्री मटेरियल की टेस्ट रिपोर्ट एवं भवन का मेप ब्लूप्रिन्ट जिला शिक्षा अधिकारी एवं प्राचार्य को अपने कार्यालय में रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी अनीता सागर, प्राचार्य सांदीपनी स्कूल संध्या बोरा को कार्यो का सतत निरीक्षण कर निगरानी में गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण करवाने के लिए निर्देशित किया । निरीक्षण के दौरान उनके साथ ई ई पी आई यू श्री सचिन हरित सहित निर्माण कार्य से संबंधित इन्जीनियर एवं ठेकेदार इत्यादि उपस्थित थे ।
=============
मरीज के घर आने वाला पानी बैक्टीरिया रहित होकर स्वच्छ था
रतलाम : बुधवार, जनवरी 7, 2026,
एक ही परिवार के चार लोग उल्टी दस्त से पीड़ित , एक को करवाया भर्ती ‘ के संबंध में खंडन करते हुए नगर पालिका निगम आयुक्त श्री अनिल भाना ने बताया कि मोहम्मद शादाब ने मीडिया को खराब पानी पीने की वजह से स्वास्थ्य खराब होने की बात कही । नगर निगम द्वारा मरीज के घर एवं उसके आसपास के घरो से पानी के सैंपल लिए गए जिनमें सभी प्रकार के सामान्य एवं बैक्टेरियल टेस्ट कराए गए जिनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। मरीज के घर आने वाला पानी बैक्टीरिया रहित होकर स्वच्छ था, जो कि पानी की टेस्ट रिपोर्ट से स्पष्ट है। पानी स्वच्छ था इसकी पुष्टि क्षेत्र के अन्य किसी व्यक्ति के बीमार न होने से भी होती है ।
सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ एम एस सागर ने बताया कि मोहम्मद शादाब निवासी कुंजड़ो का वास रामचंद्र तेली की गली , सामान्य पेट दर्द एवं उल्टी दस्त की शिकायत लेकर जिला चिकित्सालय रतलाम में दिनांक 6 जनवरी को पूर्वाह्न 2: 50 बजे भर्ती किया गया था।
संबंधित क्षेत्र के अन्य कोई भी मरीज आज दिनांक तक जिला चिकित्सालय रतलाम में उल्टी दस्त की शिकायत को लेकर भर्ती नहीं किए गए हैं। सामान्य पेट दर्द एवं उल्टी दस्त के मुख्य कारण पेयजल के अतिरिक्त गरिष्ठ एवं तले हुए, अधिक मसाले वाले भोज्य पदार्थ वायरल संक्रमण आदि भी होते हैं। सामान्य पेट दर्द एवं उल्टी दस्त के उपचार संबंधी सभी व्यवस्थाएं जिला चिकित्सालय में निशुल्क उपलब्ध है। स्वास्थ्य लाभ होने के बाद 6 जनवरी 2026 को ही मरीज मोहम्मद शादाब अपराह्न 4:05 बजे अपनी स्वेच्छा से घर चले गए । अब मरीज का स्वास्थ्य ठीक है
==============



