
जीरन में अनूठी पहल,नए वित्तीय वर्ष के पहले ही दिन टैक्स भरने वाले बने ‘नगर गौरव’, परिषद ने किया भव्य सम्मान
जीरन | नगर परिषद जीरन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का आगाज एक नई और सकारात्मक परंपरा के साथ किया है। नए वित्तीय वर्ष के पहले दिन ही पूरे साल का संपत्ति कर और जलकर अग्रिम जमा करने वाले जागरूक नागरिकों का नगर परिषद कार्यालय में भव्य स्वागत किया गया। मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री विकास डाबर ने नगर के विकास में अपनी जिम्मेदारी निभाने वाले निम्नलिखित नागरिकों को कार्यालय में ससम्मान आमंत्रित किया और माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। उपभोक्ता श्री विनोद कुमार मोतीलाल राठौर, श्री दिलीप कुमार मोड़ीराम, श्री प्रेमचंद भागीरथ पाटीदार, श्री सुभाषचंद्र कांतिलाल महाजन को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सीएमओ विकास डाबर ने कहा कि विकास कार्यों की धुरी नागरिक स्वयं होते हैं। इन नागरिकों ने वर्ष भर का टैक्स एक साथ जमा कर न केवल अपनी जागरूकता का परिचय दिया है, बल्कि वे पूरे नगर के लिए प्रेरणास्रोत बने हैं। परिषद की इस पहल का उद्देश्य करदाताओं और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और ईमानदार नागरिकों को प्रोत्साहित करना है।
परिषद ने अन्य नागरिकों से भी अपील की है कि वे इन जागरूक नागरिकों से प्रेरणा लेकर अपना कर समय पर जमा करें और नगर के सौंदर्यीकरण व सुविधाओं में भागीदार बनें।
=========



