दूरदर्शी नेतृत्व और विकासवादी सोच के कायल हुए कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, नपं अध्यक्ष राजेश सेठिया की कार्यशैली की सराहना की

दूरदर्शी नेतृत्व और विकासवादी सोच के कायल हुए कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, नपं अध्यक्ष राजेश सेठिया की कार्यशैली की सराहना की
गरोठ।नगर में विकास की नई संभावनाओं को साकार करने और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सोच रखने वाले नगर परिषद अध्यक्ष राजेश सेठिया के नेतृत्व एवं कार्यशैली की प्रदेश के नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने प्रशंसा की। अपने संक्षिप्त प्रवास के दौरान मंत्री विजयवर्गीय नगर परिषद अध्यक्ष राजेश सेठिया के निवास ‘माताश्री’ पहुंचे, जहां उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री विजयवर्गीय ने नगर परिषद अध्यक्ष राजेश सेठिया की पुत्री दीपाली की सगाई के उपलक्ष्य में परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने परिवार के साथ आत्मीय मुलाकात कर प्रसन्नता व्यक्त की और सुखद भविष्य की मंगलकामनाएं कीं।
मंत्री विजयवर्गीय ने इस दौरान गरोठ की प्रसिद्ध मूंग की सेव के स्वाद की भी विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि गरोठ की मूंग की सेव का स्वाद उन्हें सदैव प्रिय रहा है। इस आत्मीय प्रसंग ने मुलाकात में अपनत्व और पारिवारिक सौहार्द की मिठास घोल दी।
मंत्री विजयवर्गीय का माताश्री निवास पर पहुंचना न केवल पारिवारिक प्रसन्नता का अवसर रहा, बल्कि नगर परिषद अध्यक्ष श्री राजेश सेठिया के प्रति उनके स्नेह और आत्मीय संबंधों को भी दर्शाता है। इस दौरान सेठिया की दूरदर्शी सोच, विकास के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण और नगर के सर्वांगीण विकास को लेकर उनकी प्रतिबद्धता चर्चा का विषय रही। मंत्री विजयवर्गीय ने उनके नेतृत्व और विकासोन्मुखी कार्यशैली की सराहना करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की।
नगर परिषद अध्यक्ष राजेश सेठिया का मानना है कि नगर का विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि बेहतर नागरिक सुविधाएं, स्वच्छता, सुव्यवस्थित नगरीय व्यवस्था और आमजन की अपेक्षाओं को पूरा करना भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी दूरगामी सोच के साथ वे नगर के विकास को नई दिशा देने और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
इस आत्मीय मुलाकात के दौरान पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष राजेश चौधरी, नगर परिषद उपाध्यक्ष महेश मालवीय, वरिष्ठ भाजपा नेता राधाकिशन पाटीदार, सभापति राजू मगर, रवीन्द्र पुरी गोस्वामी, दिनेश चौधरी, प्रदीप मोर्य (पत्रकार बलवास टाइम्स) सहित नगर परिषद के कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी ने कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर ने पारिवारिक खुशियों के साथ-साथ नगर के विकास के प्रति सकारात्मक सोच, जनप्रतिनिधियों के आपसी समन्वय और आत्मीय संबंधों की एक सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की। नगर परिषद अध्यक्ष राजेश सेठिया की दूरदर्शिता, विकासवादी दृष्टिकोण और नगर को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता को कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की सराहना से नई ऊर्जा और प्रोत्साहन मिला।



