अंडर-19 एशिया कप में पाकिस्तान पर भारत की ऐतिहासिक जीत, भोपाल के व्यापारियों ने आतिशबाजी कर मनाया जश्न

अंडर-19 एशिया कप में पाकिस्तान पर भारत की ऐतिहासिक जीत, भोपाल के व्यापारियों ने आतिशबाजी कर मनाया जश्न
भोपाल। अंडर-19 एशिया कप में भारतीय युवा टीम द्वारा पाकिस्तान पर शानदार एवं ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद देशभर में जश्न का माहौल देखने को मिला। इसी उत्साह और देशभक्ति के रंग में रंगे भोपाल किराना व्यापारी महासंघ के व्यापारियों ने भी भारत की शानदार जीत का जोरदार जश्न मनाया। व्यापारियों ने आतिशबाजी कर भारतीय टीम की सफलता पर खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर भोपाल किराना व्यापारी महासंघ के महामंत्री विवेक साहू ने कहा कि अंडर-19 एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय युवा खिलाड़ियों की यह ऐतिहासिक जीत पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। युवा खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन, आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल कौशल से साबित कर दिया है कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य बेहद उज्ज्वल है। यह जीत देश के करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के लिए उत्साह और गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा कि भारतीय युवा टीम ने जिस जज्बे और दमखम के साथ जीत हासिल की है, उससे हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है। सभी खिलाड़ियों को इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
इस अवसर पर रमाकांत तिवारी, अभिषेक साहू, लक्कू भाई, राहुल साहू सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे। सभी ने आतिशबाजी कर भारत की जीत का जश्न मनाया और भारतीय टीम के समर्थन में उत्साह व्यक्त किया।



