जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी 92 आवेदकों की समस्याएं, कलेक्टर ने अधिकारियों को समय-सीमा में आवेदनों का निराकरण करने के दिए निर्देश

जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी 92 आवेदकों की समस्याएं, कलेक्टर ने अधिकारियों को समय-सीमा में आवेदनों का निराकरण करने के दिए निर्देश
नीमच -कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 92 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
92.81 प्रतिशत आवेदनों का निराकरण
ज्ञात हो कि,वर्ष 2024-25 से 6 अक्टूबर 2026 तक जिले में जनसुनवाई के माध्यम से कुल 12,265 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 11,383 का निराकरण किया जा चुका है। इस अवधि में आवेदनों के निराकरण का प्रतिशत 92.81 रहा।
रेडक्रॉस के माध्यम से आर्थिक सहायता के निर्देश
जनसुनवाई में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने श्रीमती फरजाना बानो पति श्री जाखिर हुसैन निवासी जावद, श्री कमलेश एवं श्री शंकरलाल रेगर को रेडक्रॉस के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पात्र आवेदकों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने तथा प्रकरणों का गंभीरता से परीक्षण करने के निर्देश भी दिए।
फसल बीमा, अतिक्रमण और पट्टे से संबंधित आवेदन
जनसुनवाई में आवेदक श्री बलराम बैरागी निवासी हनुमंतिया, तहसील जावद ने एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी से फसल बीमा क्लेम की राशि दिलाने, श्री राजू धाकड़ निवासी नयागांव, तहसील जावद ने शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा श्री अमजद खान एवं श्री उस्मान खान निवासी नया बाजार, नीमच कैंट ने पट्टा प्रदान करने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किए।
इसी प्रकार,श्री फिरोज खान निवासी वार्ड क्रमांक 3, नीमच सिटी ने नाली निर्माण सहित अन्य आवेदकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन दिए।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जाए तथा लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, एसडीएम श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, सुश्री श्रुति भायडिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


