नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 27 सितंबर 2026 रविवार

सेवा संकल्प अभियान के तहत कुकड़ेश्वर और जावद में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम संपन्न

नीमच, 26 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कुकड़ेश्वर एवं परियोजना जावद क्षेत्र के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों पर आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, माताओं एवं हितग्राहियों ने सहभागिता की।

कुकड़ेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका मनासा अध्यक्ष श्रीमती सीमा अजय तिवारी, नगर पालिका कुकड़ेश्वर अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला पटवा, उपाध्यक्ष श्रीमती सोनाली उज्जवल पटवा, रामपुरा परियोजना अधिकारी श्रीमती दीपमाला चौधरी, मनासा परियोजना अधिकारी श्रीमती किरण कामदार, सेक्टर सुपरवाइजर सुश्री चंदा दाहिना, ब्लॉक समन्वयक श्री राजीव प्रसाद, श्री ईश्वरलाल मौर्य सहित विभागीय टीम उपस्थित रही।

परियोजना जावद के आंगनवाड़ी केंद्रों पर भी आंगन मिलन सेवा के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। बच्चों की गतिविधियों के साथ पौधारोपण, स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता एवं पोषण-स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रमों में माताओं एवं हितग्राहियों के साथ पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और बच्चों के समग्र विकास से जुड़े विषयों पर संवाद किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों ने आंगनवाड़ी केंद्रों की गतिविधियों में सहभागिता करते हुए सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

—00—

लाड़ली बहना की राशि से संगीता ने खरीदी स्कूटी,गृह उद्योग को मिली नई रफ्तार

योजना से मिली आर्थिक सहायता का सदुपयोग कर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ीं संगीता

नीमच, 26 सितंबर 2026। लाड़ली बहना योजना महिलाओं को आर्थिक संबल देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान कर रही है। नीमच सिटी निवासी श्रीमती संगीता राठौर ने योजना से प्राप्त राशि का बचत के रूप में सदुपयोग करते हुए अपनी स्कूटी खरीदी। आज यही स्कूटी उनके गृह उद्योग को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

श्रीमती संगीता राठौर हल्दी, मिर्ची और धनिया की पैकेजिंग का गृह उद्योग संचालित करती हैं। वे ग्राहकों से प्राप्त ऑर्डर के अनुसार मसालों की पैकेजिंग कर तैयार उत्पाद समय पर पहुंचाती हैं। स्कूटी मिलने से उन्हें मसालों के लिए आवश्यक सामग्री लाने, तैयार उत्पाद ग्राहकों तक पहुंचाने और ऑर्डर समय पर पूरा करने में सुविधा हो रही है। इससे उनके काम में गतिशीलता आई है और वे अपने गृह उद्योग को अधिक व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ा पा रही हैं।

संगीता बताती हैं कि लाड़ली बहना योजना से प्राप्त आर्थिक सहायता को उन्होंने नियमित रूप से बचाया और इसी बचत से अपनी स्कूटी खरीदी। उनके लिए यह केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि अपने काम को विस्तार देने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का माध्यम बन गई है।

वे कहती हैं कि योजना से मिली आर्थिक सहायता ने उन्हें अपनी जरूरतों के संबंध में स्वयं निर्णय लेने और अपने व्यवसाय को मजबूत करने का आत्मविश्वास दिया है। आज वे अपने गृह उद्योग के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं।

श्रीमती संगीता राठौर ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाली योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है।

–00–

हर आंगनवाड़ी केंद्र बनेगा पोषण, शिक्षा और सम्मान का केंद्र – विधायक श्री परिहार

आंगनवाड़ी बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण केंद्र – सीईओ श्री वैष्णव

सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित

नीमच, 26 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत शनिवार को वार्ड क्रमांक-6, इंदिरा नगर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास का प्रभावी केंद्र बनाने के साथ ही समुदाय की सहभागिता को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा के साथ उनके समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं बच्चों के साथ-साथ गर्भवती एवं धात्री माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण की देखभाल में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

विधायक श्री परिहार ने कहा कि वर्ष 2047 के विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत की नींव आज की पीढ़ी से तैयार हो रही है। बच्चों के जीवन के प्रारंभिक वर्षों में उनके स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा बेटियों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण तथा महिला सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मातृशक्ति की सहभागिता बढ़ाने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि ‘आंगन मिलन सेवा’ के अंतर्गत तीन दिनों तक जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक शिक्षा एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता से संबंधित गतिविधियां शामिल हैं। उन्होंने 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले स्वच्छता पखवाड़े की भी जानकारी दी।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव ने कहा कि राज्य शासन की मंशा है कि प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों को बेहतर पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि बच्चों के जीवन के प्रथम छह वर्ष उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इस अवधि में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण के साथ बच्चों की देखभाल, पोषण आहार एवं प्रारंभिक शिक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार, नाश्ता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की निरंतर निगरानी की जा रही है।

कार्यक्रम को नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चोपड़ा एवं जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल ने भी संबोधित किया। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों एवं महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आठ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा चार लाड़ली बालिकाओं को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इसके पश्चात अतिथियों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में पार्षद श्री धारासिंह यादव, श्रीमती किरण शर्मा, श्री मनीष धाकड़ जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेश गुप्ता सहित जनप्रतिनिधिगण, पार्षदगण,सीडीपीओ, सुपरवाइजर,आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेश गुप्ता ने आभार व्यक्त किया।

–00—

सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ में होंगी विविध गतिविधियां

नीमच, 26 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत जिले में ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत 2 से 10 अक्टूबर तक विभिन्न जनसेवा एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इस दौरान रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच शिविर,आंगनवाड़ी सेवा गतिविधि,योग एवं ध्यान सत्र,महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता, करियर काउंसलिंग,पोषण एवं एनीमिया जागरूकता, नशा-मुक्त भारत जागरूकता,सड़क सुरक्षा जागरूकता,जल संरक्षण एवं जल स्रोतों की सफाई, कचरा पृथक्करण एवं कम्पोस्टिंग,साइबर सुरक्षा जागरूकता,प्लास्टिक मुक्त जागरूकता,फिट इंडिया रन एवं साइकिल रैली, शासकीय योजनाओं की जागरूकता तथा सीपीआर ड्राइव आयोजित की जाएंगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 2 अक्टूबर को स्वच्छता ही सेवा एवं आंगनवाड़ी सेवा गतिविधि, 3 एवं 5 अक्टूबर को महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता तथा पोषण एवं एनीमिया जागरूकता, 5 अक्टूबर को योग एवं ध्यान, नशा-मुक्त भारत जागरूकता तथा जल संरक्षण गतिविधियां, 6 अक्टूबर को स्वास्थ्य जांच एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता, 7 अक्टूबर को अनाथालय/वृद्धाश्रम भ्रमण एवं वृक्षारोपण, 8 अक्टूबर को कचरा पृथक्करण एवं कम्पोस्टिंग तथा साइबर सुरक्षा जागरूकता और 9 अक्टूबर को प्लास्टिक मुक्त जागरूकता तथा फिट इंडिया रन एवं साइकिल रैली आयोजित की जाएगी।

इसके साथ ही 2 से 10 अक्टूबर तक रक्तदान शिविर, शासकीय योजनाओं की जागरूकता एवं सीपीआर ड्राइव भी आयोजित की जाएगी।

विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के समन्वय से आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।

–00—

मेरे सपनों का भारत’ में विद्यार्थियों ने रंगों से उकेरी विकसित भारत की कल्पना

युवा पीढ़ी के सपनों में भारत का उज्ज्वल भविष्य : विधायक श्री सकलेचा

विद्यार्थियों की कल्पनाओं से साकार होगी विकसित भारत की तस्वीर : विधायक श्री परिहार

2047 तक भारत को विकसित, आत्मनिर्भर एवं वैभवशाली राष्ट्र बनाने में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका : विधायक श्री मारू

नीमच, 26 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार को दशहरा मैदान स्थित टाउन हॉल, नीमच में किया गया। जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए रंगों और चित्रों के माध्यम से विकसित, आत्मनिर्भर एवं समृद्ध भारत की अपनी कल्पना को अभिव्यक्त किया।

कार्यक्रम में जावद विधायक श्री ओमप्रकाश सकलेचा, नीमच विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चोपड़ा, जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल तथा जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

जावद विधायक श्री ओमप्रकाश सकलेचा ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से ज्ञान अर्जित कर रही है तथा भारत के भविष्य को लेकर नए सपने देख रही है। इन विद्यार्थियों में देश के सपनों को साकार करने की पूरी क्षमता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने विचारों और सपनों को साझा करने तथा उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

नीमच विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि ‘मेरे सपनों का भारत’ जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाओं और विचारों को अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान करती हैं। विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्र विकसित भारत को लेकर उनकी सोच और रचनात्मकता को दर्शाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में सहभागिता के लिए बधाई दी।

मनासा विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से नई पीढ़ी को विकसित भारत की संकल्पना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित, आत्मनिर्भर एवं वैभवशाली राष्ट्र बनाने में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक वंदे मातरम् गायन से हुआ। इसके बाद मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों का अवलोकन कर उनकी रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की।

प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों सहित कुल 10 छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री अरुण सोलंकी ने किया तथा आभार सहायक संचालक श्री एस.एम. मंगरिया ने व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती ऐश्वर्या मुंद्रा, श्री हेमंत हरित, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

–00—

सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा में सजी पोषण प्रदर्शनी, स्थानीय पौष्टिक व्यंजनों से दिया सुपोषण का संदेश

26 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा वार्ड क्रमांक-6, मांगलिक भवन, इंदिरा नगर, नीमच में आंगन मिलन सेवा का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सहभागिता करते हुए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया।कार्यक्रम में आयोजित पोषण प्रदर्शनी में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य सामग्री से तैयार किए गए विभिन्न प्रकार के व्यंजन प्रदर्शित किए गए। प्रदर्शनी में अमेरिकन भुट्टे के रोस्टेड व्यंजन, बेसन के लड्डू, अंकुरित चने, मूंग-परमल के लड्डू, भुट्टे की खीर, अंकुरित अनाज से बनी चाट, मूंगफली एवं तिल की चक्की, मुनगा के पराठे, भुट्टे की भुजिया, पौष्टिक खिचड़ी, सोया पुलाव, तिरंगा इडली, मूंगफली की बर्फी, सूरजना के पराठे तथा गेहूं-चना सत्तू विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने इन व्यंजनों को तैयार करने की विधि एवं उनमें मौजूद पोषक तत्वों की जानकारी अतिथियों को दी। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध मोटे अनाज, दाल, अंकुरित अनाज, हरी सब्जियां, तिल, मूंगफली एवं अन्य खाद्य सामग्री का उपयोग कर स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजन तैयार किए जा सकते हैं।

मुख्य अतिथि विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार सहित नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चोपड़ा, जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, पार्षद श्री धारासिंह यादव, जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल एवं अन्य अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लेकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की।

प्रदर्शनी के माध्यम से पोषणयुक्त आहार को दैनिक जीवन में अपनाने और स्वस्थ एवं सुपोषित परिवारों के निर्माण का संदेश दिया गया।

–00–

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}