दिपाखेड़ा में युवक कि मौत के मामले में निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग, एसपी के नाम सौंपा ज्ञापन

सीतामऊ लदुना चौराहे पर दिया धरना ढाई घंटे तक लगा रहा जाम
सीतामऊ।थाना क्षेत्र के ग्राम दिपाखेड़ा में एक युवक कि संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में परिजनों ने पुलिस अधीक्षक के नाम आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन के अनुसार 22 सितंबर 2026 को दीपाखेड़ा बस स्टैंड पर सुरेश सूर्यवंशी को कुछ लोग बाइक पर अपने साथ ले गए। इसके बाद परिजनों को जानकारी मिलने पर वे घटनास्थल की ओर पहुंचे, जहां सुरेश गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। परिजन उसे उपचार के लिए सीतामऊ अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से गंभीर हालत को देखते हुए मंदसौर रेफर किया गया। मंदसौर अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि मामले में शामिल सभी लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की जाए तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल वीडियो सहित सभी उपलब्ध साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए। साथ ही शासन के नियमानुसार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता मुआवजा दिलाने की मांग भी की गई है। परिजनों ने आरोपियों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी कानून के अनुसार जांच तथा यदि कोई अवैधता सामने आती है तो सक्षम प्राधिकारी द्वारा नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र वैधानिक कार्रवाई कर परिवार को न्याय दिलाने की अपील की है।
वहीं सीतामऊ में लदुना महाराणा प्रताप चौराहा पर बुधवार को आक्रोशित परिजनों और आजाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सुरेश सुर्यवंशी कि हत्या का आरोप लगाते हुए एकत्रित होकर धरना प्रदर्शन किया जिसके चलते सीतामऊ मंदसौर सुवासरा मार्ग पर ढाई घंटे तक जाम लगा रहा। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों के हौसले बुलंद हैं और वे बुल्डोजर कार्यवाही एवं जुलूस निकालने कि मांग पर अडे़ हुए थे। इस दौरान आजाद समाजवादी पार्टी के नेता प्रिंस सुर्यवंशी के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन का समर्थन करते हुए पीढ़ित परिवार को न्याय को दिलाने एवं दोषियों पर कड़ी कार्रवाई कि मांग कि और कहा कि पिढित परिवार को न्याय नहीं मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति एसडीओपी दिनेश प्रजापति एएसपी श्रीराम स्नेही मिश्रा दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारीयों ने उपस्थित परिजनों कार्यकर्ताओं से बात कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। वे लगातार परिजनों को समझाने में जुटे हुए थे और कार्यवाही का आश्वासन दे रहे थे। पुलिस के समझाने के बाद परिजन शांत हुए।ढाई घंटे तक चले धरना प्रदर्शन के बाद पुलिस शव को एंबुलेंस में रखवाकर दिपाखेड़ा भिजवाया गया।
–00–



