पंचायत उपचुनाव में 08 सितंबर को नामांकन होंगे दाखिल और 29 को होगा चुनाव

मंदसौर जिले में 04 सरपंच और 11 पंचों के होगा निर्वाचन
✍️श्याम शर्मा संवाददाता
सीतामऊ।मध्यप्रदेश में रिक्त हुए नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायती राज के पदों पर उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक 29 सितंबर 2026 को मतदान होगा। चुनाव की प्रक्रिया 8 सितंबर से नामांकन के साथ शुरू होगी। नगरीय निकायों के नतीजे 3 अक्टूबर को आएंगे, जबकि पंचायतों के परिणाम पद के अनुसार 3 और 5 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।
निर्वाचन आयोग के अनुसार नगरीय निकाय चुनाव प्रक्रिया में 8 सितंबर को चुनाव की सूचना जारी होने के साथ नामांकन शुरू होगा। उम्मीदवार 15 सितंबर तक नामांकन जमा कर सकेंगे। 16 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 18 सितंबर तक नाम वापस ले सकेंगे। इसी दिन चुनाव चिन्ह भी आवंटित किए जाएंगे। नगरीय निकायों में 29 सितंबर को सुबह 7 से शाम 5 बजे तक वोट डाले जाएंगे। मतगणना 3 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से होगी। त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के तहत प्रदेश में 07 जिला पंचायत सदस्य, 28 जनपद पंचायत सदस्य, 110 सरपंच और 4,090 पंच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। तथा समय सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। पंच पदों की मतगणना मतदान खत्म होने के तुरंत बाद मतदान केंद्र पर ही की जाएगी। वहीं सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के लिए मतगणना विकासखंड मुख्यालय पर होगी। सरपंच,जनपद सदस्य पदों की ईवीएम से होने वाली मतगणना 03 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य के परिणाम उसी दिन घोषित किए जाएंगे। जिला पंचायत सदस्य पदों के परिणाम 05 अक्टूबर को सुबह 10.30 बजे घोषित होंगे।
त्रिस्तरीय पंचायतीराज निर्वाचन में मंदसौर जिले के सरपंच पर ग्राम पंचायत माऊखेड़ा चंदवासा सहित 04 पंचायतों तथा 11 पंच पदों के निर्वाचन होना है। जनपद पंचायत सीतामऊ के ग्राम पंचायत माऊखेड़ा में सरपंच श्रीमती कन्याबाई के निधन से हुए रिक्त पद पर निर्वाचन की प्रक्रिया 08 सितंबर 2026 मंगलवार से प्रारंभ होने जा रही है यहां पर उपचुनाव में लगभग 7 से 8 उम्मीदवार सरपंच पद हेतु अपनी किस्मत आजमा सकते हैं। ग्राम पंचायत क्षेत्र में कुल 1200 मतदाता है जो अपने मताधिकार का उपयोग कर सरपंच उम्मीदवार का चयन करते हुए ग्राम पंचायत माऊखेड़ा के प्रथम नागरिक का ताज पहनाएंगे।



