नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 28 अगस्त 2026 शुक्रवार

**************************

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में शिकायतकर्ता से संवाद अनिवार्य—कलेक्टर

नीमच, 27 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निराकरण को लेकर सभी विभागों के एल-1 एवं एल-2 अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया में शिकायतकर्ता से संवाद सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि एल-1 स्तर पर शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से संवाद कर शिकायत का निराकरण सुनिश्चित करें। यदि शिकायतकर्ता निराकरण से असंतुष्ट है, तो उसे निराकरण की जानकारी से अवगत कराने के बाद ही शिकायत एल-2 स्तर पर भेजी जाए।

एल-2 अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी शिकायत को मांग श्रेणी या स्पेशल क्लोज के लिए एल-3 अधिकारी को भेजने से पहले एल-1 अधिकारी द्वारा शिकायतकर्ता से संवाद किया गया है। शिकायतकर्ता से संवाद के उपरांत ही ऐसी शिकायतों को मांग श्रेणी या स्पेशल क्लोज के लिए अग्रेषित किया जाए।

कलेक्टर ने सभी विभागों के एल-1 एवं एल-2 अधिकारियों को उक्त निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

–00–

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में शिकायतकर्ता से संवाद अनिवार्यकलेक्टर

नीमच, 27 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निराकरण को लेकर सभी विभागों के एल-1 एवं एल-2 अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया में शिकायतकर्ता से संवाद सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि एल-1 स्तर पर शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से संवाद कर शिकायत का निराकरण सुनिश्चित करें। यदि शिकायतकर्ता निराकरण से असंतुष्ट है, तो उसे निराकरण की जानकारी से अवगत कराने के बाद ही शिकायत एल-2 स्तर पर भेजी जाए।

एल-2 अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी शिकायत को मांग श्रेणी या स्पेशल क्लोज के लिए एल-3 अधिकारी को भेजने से पहले एल-1 अधिकारी द्वारा शिकायतकर्ता से संवाद किया गया है। शिकायतकर्ता से संवाद के उपरांत ही ऐसी शिकायतों को मांग श्रेणी या स्पेशल क्लोज के लिए अग्रेषित किया जाए।

कलेक्टर ने सभी विभागों के एल-1 एवं एल-2 अधिकारियों को उक्त निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

–00–

मुकेश कुमार ने समय पर सीपीआर देकर बचाई अनजान व्यक्ति की जान

स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्टर ने किया था सम्मानित

नीमच 27 अगस्‍त 2026, ग्राम कनावटी निवासी मुकेश कुमार नायक ने अपनी सूझबूझ और समय पर सीपीआर देकर सड़क पर बेहोश पड़े एक अनजान व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके इस सराहनीय कार्य के लिए कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उन्हें सम्मानित भी किया।

मुकेश कुमार नायक ने बताया कि 22 जुलाई 2026 की रात करीब 11:30 बजे वे फैक्ट्री से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सड़क पर एक व्यक्ति को बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। मौके पर कई लोग खड़े थे, लेकिन कोई उसकी मदद नहीं कर रहा था। मुकेश कुमार ने तत्काल अपनी गाड़ी रोकी और व्यक्ति की स्थिति देखी। धड़कन महसूस नहीं होने पर उन्होंने तुरंत  सीपीआर देना शुरू किया, जिससे उसकी सांस वापस चलने लगी।

इसी दौरान वहां से गुजर रहे डॉ. स्वप्निल वधवा ने भी अपनी गाड़ी रोकी। उन्होंने व्यक्ति की पल्स चेक की, जो चालू हो चुकी थी। इसके बाद मुकेश कुमार और डॉ. वधवा ने व्यक्ति को सरकारी अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया।

अस्पताल में व्यक्ति की जेब से एक मोबाइल फोन और डायरी मिली। डायरी में दर्ज सरपंच के नंबर पर डॉ. वधवा ने संपर्क किया, जिससे जानकारी मिली कि अस्पताल में भर्ती व्यक्ति का नाम प्रेम सिंह है।

मुकेश कुमार ने बताया कि उन्होंने सीपीआर देने की जानकारी अपनी पत्नी से सीखी थी, जिन्होंने नर्सिंग की है। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में सीपीआर किसी व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। उन्होंने सभी लोगों से सीपीआर का प्रशिक्षण एवं इसकी जानकारी प्राप्त करने की अपील की, ताकि आवश्यकता पड़ने पर समय रहते किसी जरूरतमंद व्यक्ति की मदद कर उसकी जान बचाई जा सके।

–00–

मुख्यमंत्री जनविश्वाश अभियान के तहत कलेक्टर ने निर्माणाधीन इनडोर स्टेडियम का किया निरीक्षण

गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निर्माण पूर्ण करने के दिए निर्देश

नीमच, 27 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने गुरुवार को नीमच में निर्माणाधीन इनडोर स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली: कलेक्टर श्री चंद्रा ने स्टेडियम परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

गुणवत्ता पर विशेष जोर: उन्होंने निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप निर्माण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश: कलेक्टर ने कहा कि इनडोर स्टेडियम का निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के साथ आवश्यक सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

खेल सुविधाओं के विस्तार के निर्देश: कलेक्टर श्री चंद्रा ने इनडोर स्टेडियम में शेड लगाने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में खाली पड़े ग्राउंड का बेहतर उपयोग करते हुए बास्केटबॉल कोर्ट, टेनिस कोर्ट एवं वॉलीबॉल कोर्ट विकसित करने के निर्देश दिए।

बाउंड्री वॉल का निर्माण: उन्होंने स्टेडियम परिसर के चारों ओर बाउंड्री वॉल का निर्माण करवाने के निर्देश भी मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दिए।

नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश: कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी नीमच को निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा कार्य में आने वाली किसी भी तकनीकी अथवा प्रशासनिक समस्या का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि इनडोर स्टेडियम का निर्माण इस प्रकार किया जाए कि यहां खेल गतिविधियों के लिए बेहतर एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और इसका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एसडीएम श्री पराग जैन, नगर पालिका सीएमओ श्रीमती दुर्गा बामनिया, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

–00–

मुख्यमंत्री जनविश्वाश अभियान के तहत कलेक्टर ने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का किया निरीक्षण

नीमच, 27 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने गुरुवार को नीमच सिटी रोड स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने प्लांट की कार्यप्रणाली, व्यवस्थाओं एवं संचालन की स्थिति का जायजा लिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्लांट की क्षमता, जल शोधन प्रक्रिया, प्रतिदिन की क्षमता तथा उपचारित जल के उपयोग के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर ने प्लांट में जल उपचार की विभिन्न प्रक्रियाओं का अवलोकन किया तथा मशीनरी एवं उपकरणों की स्थिति का निरीक्षण किया।

उन्होंने प्लांट का संचालन निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सुनिश्चित करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का नियमित रख-रखाव करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने प्लांट परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा एवं पर्यावरण मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि उपचार संयंत्र की कार्यक्षमता निरंतर बनी रहे तथा किसी भी तकनीकी समस्या का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एसडीएम श्री पराग जैन, नगर पालिका सीएमओ श्रीमती दुर्गा बामनिया एवं लैब टेक्नीशियन श्री नागेंद्र बेस उपस्थित रहे।

–00–

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 8 इंद्रानगर में शिविर संपन्न

समस्याओं का मूल कारण समझकर स्थायी समाधान सुनिश्चित करें—विधायक श्री परिहार

प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता—कलेक्टर श्री चंद्रा

नीमच, 27 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को नीमच नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 8 इंद्रानगर में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत चौथे शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा शेष आवेदनों पर समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने का माध्यम है। अधिकारियों को शिकायतों के मूल कारण को समझकर उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास, स्वामित्व योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने कहा कि अभियान के तहत आगामी छह माह तक प्रत्येक शुक्रवार को समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे नागरिकों को समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने तथा समस्याओं का यथासंभव स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चोपड़ा ने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मिलकर कार्य करें। उन्होंने नागरिकों से प्रत्येक शुक्रवार आयोजित होने वाले शिविरों का लाभ लेने की अपील की।

शिविर में नामांतरण, सीमांकन, आयुष्मान कार्ड, ई-केवाईसी, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, लोक सेवा गारंटी एवं आंगनवाड़ी सेवाओं सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

पोषण बास्केट का वितरण एवं पौधारोपण

शिविर के पश्चात विधायक एवं अधिकारियों ने एसएएम से पीड़ित बच्चों की माताओं को 5 न्यूट्री बास्केट वितरित किए। इसके बाद पौधारोपण भी किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। संचालन श्री पप्पू मंगल ने किया तथा आभार नगर पालिका सीएमओ श्रीमती दुर्गा बामनिया ने व्यक्त किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एसडीएम श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती मयूरी जोक, श्रीमती वंदना खंडेलवाल सहित जनप्रतिनिधि, पार्षदगण,अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

–00–

कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने दीनदयाल अंत्योदय रसोई एवं बस स्टैंड का किया निरीक्षण

नीमच, 27 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने गुरुवार को नीमच में संचालित दीनदयाल अंत्योदय रसोई एवं बस स्टैंड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

दीनदयाल अंत्योदय रसोई का निरीक्षण: कलेक्टर ने रसोई में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, भोजन तैयार करने की प्रक्रिया एवं परिसर की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

हितग्राही से लिया फीडबैक: कलेक्टर ने रसोई में भोजन करने आए मोहम्मद शफी से भोजन की गुणवत्ता एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।

बस स्टैंड की व्यवस्थाओं का जायजा: कलेक्टर ने बस स्टैंड परिसर में साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल, यात्रियों के बैठने की व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया।

स्वच्छता पर विशेष जोर: कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को बस स्टैंड परिसर में नियमित एवं बेहतर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अनावश्यक गंदगी एवं अव्यवस्था नहीं होने देने के निर्देश दिए।

बसों की पार्किंग व्यवस्थित करने के निर्देश: कलेक्टर ने संचालित बसों को सुव्यवस्थित ढंग से खड़ा करवाने के निर्देश एसडीएम श्री पराग जैन को दिए।

यात्री सुविधाओं में सुधार: यात्रियों के बैठने के लिए उपलब्ध स्थानों का निरीक्षण कर कलेक्टर ने आवश्यकतानुसार व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

सार्वजनिक स्थलों पर सुविधाओं का ध्यान: कलेक्टर ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एसडीएम श्री पराग जैन, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

–00–

अमानक बीज विक्रय करने वाले 16 बीज विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित

नीमच, 27 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चन्द्रा के निर्देशानुसार जिले में अमानक बीजों के विक्रय पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के उप संचालक श्री एन.एस. रावत ने बताया कि बीज निरीक्षकों द्वारा जिले के विभिन्न बीज विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर बीजों के नमूने लिए गए। इन नमूनों को परीक्षण के लिए अधिकृत बीज परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया।

परीक्षण में अमानक पाए गए बीजों के संबंध में संबंधित विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया। प्राप्त जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जिले के 16 बीज विक्रेताओं के बीज विक्रय लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।

निलंबित किए गए बीज विक्रेताओं में श्रीराम कृषि सेवा केंद्र लासुर, मंदरा एग्रो सिंगोली, श्री राम ट्रेडर्स सिंगोली, धाकड़ कृषि सेवा केंद्र नीमच, शांति सागर एग्रीटेक एलएलपी नीमव, ओम खाद बीज रतनगढ़, श्री सांवलिया बीज भंडार कुकड़ेश्वर, बालाजी बीज भंडार सिंगोली, श्री देव कृषि सेवा केंद्र कदवासा, आनंद कृषि क्लीनिक कुकड़ेश्वर, जोशी एग्रो एजेंसी नीमच, संदीप एग्रोटैक नीमच, अंबिका एग्रो एजेंसी रामपुरा, पालीवाल बीज भंडार नीमच, पाटीदार कृषि बाजार नीमच एवं अंबिका बीज भंडार नीमच शामिल हैं।

गुणवत्ता सुनिश्चित करने लगातार हो रही कार्रवाई

कृषि विभाग द्वारा जिले में बीजों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बीज विक्रय प्रतिष्ठानों का निरंतर निरीक्षण एवं नमूना परीक्षण किया जा रहा है। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अमानक बीजों का विक्रय पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्रवाई बीज (नियंत्रण) आदेश, 1983 एवं बीज अधिनियम, 1966 के प्रावधानों के अंतर्गत की गई है। मध्यप्रदेश में अमानक बीज पाए जाने पर संबंधित उत्पादक कंपनी तथा विक्रेता/डीलर के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई का प्रावधान है।

केवल गुणवत्तापूर्ण एवं वैध दस्तावेज वाले बीज बेचने के निर्देश

कृषि विभाग ने जिले के समस्त बीज विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि वे केवल निर्धारित गुणवत्ता वाले तथा वैध दस्तावेजों के साथ उपलब्ध बीजों का ही विक्रय करें। बिना वैध अनुज्ञप्ति अथवा अमानक बीज का विक्रय करते पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

–00–

किसानों को फसलों की सतत निगरानी की सलाह

कीट-व्याधि का प्रकोप दिखाई देने पर नियंत्रण के उपाय अपनाएं : डॉ.पचौरी

नीमच, 27 अगस्त 2026। जिले में खरीफ फसलों की अवधि लगभग दो माह पूर्ण हो चुकी है। ऐसे में किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों की सतत निगरानी करते रहें तथा नींदा एवं कीट-व्याधि का प्रकोप दिखाई देने पर समय पर नियंत्रण के उपाय अपनाएं।

कृषि विशेषज्ञ डॉ. पचौरी ने बताया कि सोयाबीन में सेमीलूपर एवं गर्डल बीटल का प्रकोप दिखाई देने पर क्लोरएन्ट्रानिलीप्रोल 18.5 प्रतिशत एस.सी. की 150 मिली प्रति हेक्टेयर अथवा पूर्व मिश्रित बीटा सायफ्लुथ्रिन+इमिडाक्लोप्रिड की 350 मिली प्रति हेक्टेयर अथवा थायोमिथॉक्सम+लैम्ब्डा सायहेलोथ्रिन की 125 मिली प्रति हेक्टेयर मात्रा से छिड़काव करें।

सोयाबीन एवं उड़द में पीला मोजेक दिखाई देने पर रसचूसक कीट एवं सफेद मक्खी के नियंत्रण हेतु डाईमिथोएट 30 प्रतिशत ई.सी. की 750 मिली प्रति हेक्टेयर अथवा इमिडाक्लोप्रिड 17.8 एस.एल. की 200 मिली प्रति हेक्टेयर मात्रा से छिड़काव करें।

मक्का में फॉल आर्मी वर्म का प्रकोप दिखाई देने पर इमामेक्टीन बेंजोएट की 220 ग्राम प्रति हेक्टेयर अथवा क्लोरएन्ट्रानिलीप्रोल+लैम्ब्डा सायहेलोथ्रिन की 200 मिली प्रति हेक्टेयर मात्रा से छिड़काव करें।

मूंगफली में सफेद लट के नियंत्रण हेतु क्लोथियानीडीन 50 प्रतिशत डब्ल्यू.डी.जी. की 250 ग्राम मात्रा प्रति 1000 लीटर पानी प्रति हेक्टेयर क्षेत्र में ड्रेंचिंग करें। मूंगफली में व्याधि नियंत्रण के लिए पूर्व मिश्रित टेबुकोनाजोल+सल्फर की 1 किलोग्राम मात्रा प्रति हेक्टेयर के मान से छिड़काव करें। खेतों में पानी भरने की स्थिति में जल निकासी की समुचित व्यवस्था भी करें।

फलदार पौधों में कीट नियंत्रण के लिए डाईमिथोएट 1.5 मिली एवं कॉपर ऑक्सीक्लोराइड 50 डब्ल्यू.पी. की 2.5 ग्राम मात्रा प्रति लीटर पानी के मान से स्प्रे करने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा सोयाबीन में जैविक नियंत्रण के लिए खेत में 30 से 40 टी-आकार की खूंटियां (बर्ड परचर) लगाने की सलाह दी गई है,जिससे पक्षियों के माध्यम से कीटों के नियंत्रण में सहायता मिल सके।

–00–

कलेक्टर ने हिंगोरिया के शासकीय माध्यमिक विद्यालय का किया निरीक्षण

अनुपस्थित शिक्षकों का सात दिवस का वेतन काटने, बीआरसी को कारण बताओ सूचना पत्र तथा संकुल प्राचार्य पर कार्यवाही के निर्देश

नीमच, 27 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने गुरुवार को नीमच जिले के हिंगोरिया स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता, उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री चंद्रा ने कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों से गणित विषय से संबंधित प्रश्न पूछे तथा उनसे प्रश्न हल करवाकर उनकी विषयगत समझ एवं शैक्षणिक दक्षता का परीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने तथा आत्मविश्वास के साथ सीखने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण में विद्यालय की व्यवस्थाओं में अनियमितता पाए जाने पर कलेक्टर ने संकुल प्राचार्य के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। विद्यालय के तीन शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। कलेक्टर ने अनुपस्थित शिक्षकों को तत्काल उपस्थित होने के निर्देश देते हुए उनके सात-सात दिवस के वेतन काटने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने बीआरसी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि यदि अनुपस्थित शिक्षक तत्काल उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनके विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, एसडीएम सुश्री पराग जैन एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती ऐश्वर्या मूंदड़ा उपस्थित रहे।

–00–

कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने फिल्टर प्लांट का किया निरीक्षण

स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

नीमच, 27 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने गुरुवार को नीमच स्थित फिल्टर प्लांट का निरीक्षण कर पेयजल व्यवस्था एवं जल शुद्धिकरण प्रक्रिया का जायजा लिया।

  • कलेक्टर ने फिल्टर प्लांट में पानी के शोधन की प्रक्रिया, मशीनरी की कार्यप्रणाली तथा प्लांट से होने वाली जलापूर्ति व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
  • उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्लांट की क्षमता, जल शोधन प्रक्रिया, प्रतिदिन होने वाली जलापूर्ति एवं आवश्यक रखरखाव के संबंध में जानकारी ली।
  • कलेक्टर ने पानी की शुद्धता एवं क्लोरीन की जांच की तथा पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए निर्धारित मापदंडों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
  • उन्होंने कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए तथा क्लोरीन की मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए।
  • कलेक्टर ने फिल्टर प्लांट की मशीनरी एवं उपकरणों का नियमित रखरखाव करने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
  • उन्होंने प्लांट परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की सतत निगरानी करने को कहा।
  • कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखा जाए।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एसडीएम श्री पराग जैन, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया एवं केमिस्ट लैब इंचार्ज श्री सुरेश पवार उपस्थित रहे।

–00–

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत कलेक्टर ने नगर पालिका कार्यालय का किया निरीक्षण

लीज नवीनीकरण,नामांतरण एवं संपत्ति कर के लंबित प्रकरणों के निराकरण के दिए निर्देश

नीमच, 27 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने गुरुवार को नगर पालिका नीमच कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की व्यवस्थाओं एवं नागरिक सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।

  • निरीक्षण के प्रमुख बिंदु- कलेक्टर श्री चंद्रा ने लोक सेवा गारंटी, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र एवं रसीद काउंटर का निरीक्षण किया।
  • राजस्व शाखा में बगला बगीचा प्रकोष्ठ का निरीक्षण कर लीज नवीनीकरण एवं नामांतरण से संबंधित प्रकरणों की नस्तियों का अवलोकन किया।
  • लीज नवीनीकरण के लिए आए आवेदक श्री गणपत लाल एवं श्री राजाराम मारू से प्रकरण की जानकारी ली तथा लीज जमा किए जाने की स्थिति जानी।
  • कलेक्टर ने आवेदकों से नामांतरण एवं लीज संबंधी प्रक्रिया की जानकारी ली और उनकी समस्याओं के बारे में भी पूछा।
  • उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को 5 सितंबर तक लीज नवीनीकरण, नामांतरण एवं संपत्ति कर से संबंधित लंबित प्रकरणों की सूची तैयार कर उनका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
  • कलेक्टर ने सीएमओ कक्ष, स्वास्थ्य शाखा एवं संपत्ति कर कक्ष का भी निरीक्षण किया।
  • संपत्ति कर जमा करने आए आवेदकों से नामांतरण एवं संपत्ति संबंधी जानकारी ली तथा पूछा कि उन्हें किसी प्रकार की समस्या तो नहीं हो रही है।
  • उन्होंने संपत्ति कर से संबंधित नस्तियों का भी अवलोकन किया और लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर जोर दिया।

  निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एसडीएम श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती मयूरी जौक, श्री चंद्रसिंह धारवे, सीएमओ श्रीमती दुर्गा बामनिया सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

–00–

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}