नागदा में त्योहार को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ करने पुलिस की कार्रवाई, दुकानदारों को दी समझाइश

नागदा में त्योहार को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ करने पुलिस की कार्रवाई, दुकानदारों को दी समझाइश
असलम खान – संस्कार दर्शन न्यूज नागदा, जिला उज्जैन
नागदा में आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी अमृत गवरी के नेतृत्व में पुलिस द्वारा शाम के समय कार्रवाई की गई। इस दौरान सड़क किनारे खड़े ठेले, मोटरसाइकिल, दुकानों के बाहर खड़ी बाइकों सहित यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई। वहीं नो-पार्किंग में खड़े एक ट्रक पर भी चालान बनाया गया।
दुकानों के बाहर अतिक्रमण कर सामान सड़क तक निकालकर रखने से लगने वाले ट्रैफिक जाम को देखते हुए पुलिस द्वारा पैदल मार्च निकाला गया और मार्ग को चौड़ा कराया गया। पुलिस ने दुकानदारों एवं वाहन चालकों को समझाइश देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान अपनी-अपनी दुकानों के बाहर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त सामान रखकर सड़क पर अतिक्रमण न करें।
पुलिस ने सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। त्योहार के दौरान व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।



