BJP को हाईकोर्ट का बड़ा झटका, MP के 3 नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसदों को नोटिस

कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने का मामला, चुनाव प्रक्रिया पर उठे सवाल
जबलपुर। मध्यप्रदेश से राज्यसभा चुनाव को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के मामले में जबलपुर हाईकोर्ट ने भाजपा के तीन नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसदों को नोटिस जारी किया है।
मामले में नामांकन प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस की ओर से आपत्ति दर्ज कराई गई थी। अब हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक और कानूनी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
याचिका में नामांकन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को चुनौती दी गई है। यदि अदालत में चुनाव प्रक्रिया नियमों के विपरीत पाई जाती है और चुनाव निरस्त करने का आदेश होता है, तो दोबारा मतदान की स्थिति बन सकती है।
हाईकोर्ट के नोटिस के बाद इस मामले पर भाजपा और कांग्रेस दोनों की निगाहें टिकी हैं। हालांकि, चुनाव रद्द होने या दोबारा मतदान का अंतिम फैसला अदालत के निर्णय पर निर्भर करेगा।
फिलहाल तीनों नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसदों को जारी नोटिस ने मध्यप्रदेश की सियासत में हलचल बढ़ा दी है।


