खड़ावदा में हुआ नशे से दूरी है, ज़रूरी 2.0 का आयोजन, युवाओं कोनशे से दूर रहने का दिलाया संकल्प

खड़ावदा में हुआ नशे से दूरी है, ज़रूरी 2.0 का आयोजन, युवाओं कोनशे से दूर रहने का दिलाया संकल्प
सतीश शर्मा
गरोठ — पुलिस मुख्यालय भोपाल एवं डीजीपी कार्यालय के निर्देशानुसार संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत गरोठ थाना प्रभारी (टीआई) बलवीर सिंह यादव के नेतृत्व में खड़ावदा क्षेत्र में प्रभावी जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान को क्षेत्र में नागरिकों, युवाओं, व्यापारियों एवं सामाजिक संगठनों का भरपूर जनसमर्थन मिला, जिससे यह जनभागीदारी का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा।
टीआई बलवीर सिंह यादव के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर आमजन से सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया। युवाओं से विशेष रूप से अपील की गई कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों की ओर अग्रसर हों।
टीआई बलवीर सिंह यादव ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति की समस्या नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। नशे की लत व्यक्ति को अपराध, आर्थिक संकट और सामाजिक विघटन की ओर ले जाती है। इसलिए समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है,, कि वह नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाए और इस अभियान को जनआंदोलन बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।
उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि समाज को सुरक्षित, स्वस्थ और नशामुक्त बनाना भी है। जनसहभागिता के बिना इस लक्ष्य की प्राप्ति संभव नहीं है। इसी सोच के साथ गरोठ पुलिस लगातार गांव-गांव और क्षेत्र-क्षेत्र में लोगों को जोड़कर नशा मुक्ति का संदेश पहुंचा रही है।
अभियान के दौरान उपस्थित नागरिकों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने तथा युवाओं को इस बुराई से दूर रखने का संकल्प लिया। क्षेत्रवासियों के उत्साह और सहयोग से स्पष्ट है, कि “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को खड़ावदा क्षेत्र में व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हो रहा है और यह धीरे-धीरे जनआंदोलन का स्वरूप लेता जा रहा है।



