मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 25 जून 2026 गुरुवार

पर्याप्त वर्षा की कामना को लेकर नपाध्यक्ष श्रीमती गुर्जर व जलकार्य समिति ने श्री होरी हनुमान जी से कि प्रार्थना

मंदसौर। आगामी समय में मंदसौर नगर व जिले में पर्याप्त वर्षा हो और नगरपालिका के जल स्रोत शिवना नदी एवं अन्य स्रोतों में पानी की भरपूर आवक हो और नगर में जल संकट की स्थिति निर्मित न हो, इस कामना को लेकर कल नपाध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर ने नपा की जलकार्य समिति के सदस्यों के साथ राजस्थान-मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित श्री होरी हनुमान जी मंदिर पहुँचकर उनकी प्रतिमा के दर्शन किए और प्रभु से विनती की कि वर्षा ऋतु में भरपूर वर्षा हो। नपा के जलकार्य सभापति श्री निलेश जैन, समिति सदस्य सुनीता भावसार, श्रीमती सुनीता गुजरिया, श्रीमती माया भावसार, गोवर्धन कुमावत, कमलेश सिसोदिया, पार्षद प्रतिनिधि नंदलाल गुवारिया, राकेश भावसार के साथ नपाध्यक्ष श्रीमती गुर्जर ने पर्याप्त वर्षा की कामना को लेकर प्रार्थना की।

==================

गांधीसागर बांध जलाशय के तटवर्तीय ग्रामों के लिए बाढ़ सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी

जलस्तर की सतत निगरानी, सूचना तंत्र एवं राहत व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व

मंदसौर 24 जून 26 / गांधीसागर बांध संभाग के कार्यपालन यंत्री द्वारा बताया गया कि वर्ष 2026 के वर्षाकाल में गांधीसागर जलाशय के तटवर्तीय ग्रामों को बाढ़ से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित दायित्वों का कठोरता से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

गांधीसागर अनुविभाग क्रमांक-1 के अनुविभागीय अधिकारी प्रतिदिन जलाशय के जलस्तर, प्रत्येक चार घंटे में जलस्तर की स्थिति तथा जलग्रहण क्षेत्र में होने वाली वर्षा की जानकारी कलेक्टर मंदसौर एवं नीमच, जल संसाधन विभाग के संबंधित अधिकारियों तथा बाढ़ प्रकोष्ठ को मोबाइल, ई-मेल अथवा अन्य त्वरित माध्यमों से उपलब्ध कराएंगे। जलाशय का जलस्तर 1300 फीट पहुंचने अथवा भारी वर्षा एवं तूफान की चेतावनी प्राप्त होने पर तत्काल जिला प्रशासन एवं अन्य संबंधित विभागों को सूचित किया जाएगा।

गांधीसागर बांध पर बाढ़ नियंत्रण संबंधी समस्त कार्यवाही स्वीकृत एवं प्रचलित रूल कर्व (ऑपरेशन मैन्युअल) के अनुसार की जाएगी। सर्किट हाउस स्थित गेज वेल के माध्यम से जलस्तर की निरंतर निगरानी रखी जाएगी तथा वर्षाकाल में बाढ़ प्रकोष्ठ सक्रिय रहेगा।

अनुविभागीय अधिकारी जल संसाधन भानपुरा एवं गांधीसागर पुनर्वास उपसंभाग क्रमांक-2 गरोठ को निर्देशित किया गया है कि जलाशय के डूब क्षेत्र में कृषि कार्य करने वाले किसानों एवं अन्य व्यक्तियों को वर्षा पूर्व सुरक्षित स्थानों पर हटने हेतु सूचित करें। साथ ही 1312 से 1320 फीट के बीच प्रभावित होने वाले तटवर्तीय ग्रामों के निवासियों को वर्षाकाल में सतर्क रहने तथा जलस्तर की नियमित जानकारी प्राप्त करने के लिए जागरूक किया जाए।

जलस्तर 1310 फीट पहुंचने की स्थिति में प्रभावित ग्रामों के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्यवाही की जाएगी। बाढ़ की संभावना होने पर तहसील, जिला एवं संभाग स्तर के नियंत्रण कक्षों को तत्काल सूचना प्रदान की जाएगी तथा बचाव एवं राहत कार्यों में समन्वय स्थापित किया जाएगा।

गांधीसागर जलाशय के 1312 से 1316 फीट के मध्य डूब क्षेत्र से बीलखेड़ी, कंवली, अंत्रालिया, बंजारी, ढाबा, खेड़ा, सापुरा, चचावदा, ढाबली, उमरिया, मौलाखेड़ी खुर्द, बकाना, मोरड़ी, चिड़ी, आक्या, बालोदा, सिहोर, खड़ावदा, आंवली, रूपरा, बर्रामा, कंवला, रायपुरिया, खेरखेड़ा भाट, सुरजना, कानपुरा, करेलिया तथा गंदियाखेड़ी ग्रामों की आबादी प्रभावित हो सकती है। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित ग्रामों के नागरिकों से वर्षाकाल में सतर्क रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

=======

जिले में अब तक 67.3 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज

मंदसौर 24 जून 26 / जिले में इस वर्ष अबतक औसतन 67.3 मि.मी. वर्षा दर्ज की गयी है। जबकि पिछले 24 घन्टों में मंदसौर जिले में 2.5 मिमी वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है। पिछले 24 घन्टों में भानपुरा में 0 मि.मी., भावगढ़ में 0 मि.मी., गरोठ में 0 मि.मी., मल्हारगढ़ मे 3.0 मि.मी., संजीत में 5.0 मि.मी., धुंधड़का में 0 मि.मी., मंदसौर में 5.0 मि.मी., शामगढ़ में 15.2 मि.मी., कयामपुर में 0 मि.मी., सीतामऊ में 0 मि.मी. एवं सुवासरा में 0 मि.मी. वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है।

विगत 1 जून से अब तक वर्षामापक केन्द्र भानपुरा में 93.0 मि.मी., भावगढ़ में 37.0 मि.मी., गरोठ में 55.2 मि.मी., मल्हारगढ़ मे 108.0 मि.मी., संजीत में 60.0 मि.मी., धुधंड़का में 94.0 मि.मी., मंदसौर में 48.0 मि.मी., शामगढ़ में 83.8 मि.मी., कयामपुर में 76.5 मि.मी., सीतामऊ में 65.8 मि.मी. एवं सुवासरा में 19.0 मि.मी., वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है। गांधीसागर बांध का जल स्‍तर अब तक 1288.30 फीट है।

========

4 जूलाई विधायक जी के जन्मदिवस पर गरोठ सिविल हास्पिटल मे रक्तदान शिविर

गरोठ- भानपुरा विधानसभा से विधायक चंदरसिह जी सिसोदिया का 4 जूलाई को जन्मदिवस हे जन्मदिवस के अवसर पर गरोठ सिविल हास्पिटल मे रक्तदान शिविर का आयोजन रखा हे जिसमे अधिक से अधिक संख्या मे पहुचकर रक्तदान करने का आग्रह किया गया हे उस दीन विधानसभा मे कई आयोजन रखे गये जो विधानसभा के कार्यकर्त्ता व

दारा रखे गये हे विधायक चंदरसिह के जन्मदिवस पर पौधा रोपण, मरीजो को फल वितरण, रक्तदान शिविर, गौ शाला मे गाय की सेवा, सहित आयोजन होगे गरोठ, भानपूरा, मेलखेडा, खडावदा मंडल मे मंडल स्तर पर आयोजन सम्पन्न होगे जिसमे बडी संख्या मे भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्त्ता, ईष्टमित्र जन्मदिवस के अवसर पर उपस्थित रहेगे

=====

सीएलसी राउंड के महाविद्यालय आवंटन जारी, 1.29 लाख से अधिक विद्यार्थियों को मिला प्रवेश का अवसर

मंदसौर 24 जून 26 / उच्च शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए संचालित ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत कॉलेज लेवल काउंसलिंग (सीएलसी) राउंड के महाविद्यालय आवंटन जारी कर दिए गए हैं। इस राउंड में प्रदेश के कुल 1 लाख 29 हजार 265 विद्यार्थियों को विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में सीट आवंटित की गई है।

आवंटित विद्यार्थियों में 94 हजार 703 स्नातक (यूजी) तथा 34 हजार 562 स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी शामिल हैं। महाविद्यालय आवंटन के उपरांत विद्यार्थी निर्धारित प्रवेश शुल्क जमा कर अपने प्रवेश की प्रक्रिया पूर्ण कर सकेंगे। उच्च शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा का पालन करते हुए 30 जून तक प्रवेश शुल्क अनिवार्य रूप से जमा करने का आग्रह किया है, जिससे उनका प्रवेश सुनिश्चित हो सके।

विभाग ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित नवीनतम जानकारी एवं आवश्यक निर्देशों के लिए ई-प्रवेश पोर्टल का नियमित अवलोकन करते रहें।

===========

मल्हारगढ़ बस स्टैंड पर यातायात व्यवस्था बदहाल, बस हटाने की बात पर विवाद

मल्हारगढ़ । नगर के बस स्टैंड पर इन दिनों यातायात व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित होती नजर आ रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बस संचालक मनमाने ढंग से बसों को सड़क पर कहीं भी खड़ा कर देते हैं, जिससे विशेषकर शाम के समय जाम की स्थिति बन जाती है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर खड़ी एक बस को किनारे लगाने का आग्रह करने पर बस संचालक ने बहस करते हुए पुलिस कार्रवाई की धमकी दी। घटना के बाद लोगों में नाराजगी देखी गई। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कुछ बस संचालक पुलिस का नाम लेकर दबाव बनाने का प्रयास करते हैं, जिससे आम लोगों में असंतोष है।

रहवासियों का कहना है कि बस स्टैंड क्षेत्र में ब्रिज का निर्माण नहीं होने के कारण शाम के समय यातायात का दबाव अधिक रहता है। ऐसे में यदि बसों को निर्धारित स्थान पर खड़ा नहीं किया जाए तो जाम और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पूर्व थाना प्रभारी राजेंद्र पंवार के कार्यकाल में बस स्टैंड पर यातायात व्यवस्था बेहतर थी। उस समय एक पुलिस जवान नियमित रूप से बस स्टैंड पर तैनात रहता था, जिससे यातायात सुचारु बना रहता था। उनका कहना है कि वर्तमान में थाना प्रभारी अनिल रघुवंशी के पदभार संभालने के बाद व्यवस्था में ढील देखने को मिल रही है और आए दिन विवाद व दुर्घटना जैसी स्थितियां बन रही हैं।

नागरिकों ने जिला पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मल्हारगढ़ बस स्टैंड पर यातायात व्यवस्था सुधारने, अवैध रूप से सड़क पर खड़ी होने वाली बसों पर कार्रवाई करने तथा नियमित पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

=======

अमरपुरा में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का आरोप, खेल मैदान और चारागाह की जमीन बचाने की उठी मांग

मल्हारगढ़। मल्हारगढ़ तहसील के ग्राम अमरपुरा में करोड़ों रुपये मूल्य की शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव की गौशाला के समीप स्थित लगभग 61.3 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर कब्जा किए जाने के बाद अब खेल मैदान की भूमि पर भी अतिक्रमण कर लिया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि राजस्व रिकॉर्ड में संबंधित भूमि आज भी खेल मैदान के रूप में दर्ज है, लेकिन मौके पर मिट्टी डालकर तारबंदी (फेंसिंग) कर दी गई है। आरोप है कि इस पूरे मामले में कुछ भूमाफियाओं की मिलीभगत से शासकीय भूमि पर कब्जा किया जा रहा है। साथ ही संबंधित पटवारी कुलदीप पाटीदार की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो चारागाह एवं अन्य शासकीय भूमि भी अतिक्रमण की चपेट में आ सकती है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा करोड़ों रुपये मूल्य की शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और राजस्व विभाग से आग्रह किया है कि मौके का सीमांकन कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए तथा यदि अतिक्रमण पाया जाता है तो उसे हटाकर शासकीय भूमि को मुक्त कराया जाए।

======

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}