समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 18 जून 2026 गुरुवार

पोस्ट ऑफिस द्वारा आधार कार्ड संबंधित सेवाओं के लिए विशेष अभियान 20 जून को
मंदसौर। डाक संभाग द्वारा आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डाकघरों (पोस्ट ऑफिस) के आधार एनरोलमेंट एवं अपडेशन सेवा केन्द्रों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नवीन आधार पंजीयन, आधार कार्ड में सुधार, बायोमेट्रिक अपडेट तथा आधार डेटा में मोबाइल एवं ईमेल लिंक कराने जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
यह विशेष अभियान 20 जून 2026 को आयोजित किया जाएगा। इसके लिए 23 एवं 24 अप्रैल को टोकन वितरण किया जाएगा। अभियान के दिन 20 जून को सभी आधार केन्द्र प्रातः 8 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित रहेंगे। डाक विभाग नीमच मंदसौर अधीक्षक अजित सिंह डामोर ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निकटतम डाक घर आधार केन्द्र पर पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।मंदसौर शहर के मुख्य डाकघर, सिटी डाकघर , सुवासरा मंडी, भानपुरा, गरोठ, शामगढ़, दलौदा, नाहरगढ़, सीतामऊ, बूढ़ा, मल्हारगढ़, पिपलिया उपडाकघरों एवं नीमच शहर के नीमच प्रधान डाकघर, नीमच बघाना खोर, जावद, महागढ़, मनासा, रामपुरा डाक घर सहित विभिन्न डाकघरों में यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
==============
अपना घर की बालिकाएं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का कर रही अभ्यास
मंदसौर। सीतामऊ फाटक स्थित स्वाध्याय मंच अपना घर की बालिकाएं विश्व योग दिवस 21 जून का अभ्यास कर रही है। पतंजलि योग गुरू बंशीलाल टांक द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।टांक द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग प्रोटोकॉल के साथ ही बालिकाएं बचपन से ही शरीर से पूर्ण स्वस्थ रहकर शरीर बलिष्ठ बलवान होकर प्रत्येक कठिन,विषम परिस्थिति में बिना हिम्मत हारे डटकर सामना मुकाबला कर सके इसके लिये कठिन व्यायाम दण्ड बैठक, योगिक जोगिक आसन का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सभी बच्चियां बहुत उत्साह, उमंग, लगन से अनुशासनबद्ध होकर योगाभ्यास कर रही है।
==========
उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सीएम डॉ. मोहन की बड़ी सौगात, अब वे पुलिस में कर सकेंगे नौकरी
– मध्यप्रदेश पुलिस में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी भर्ती फिर होगी शुरू
– ‘मध्यप्रदेश पुलिस (उत्कृष्ट खिलाड़ियों की नियुक्ति) नियम, 2021’ में हुए महत्वपूर्ण संशोधन
– रोजगार को लेकर प्रदेश के मुखिया ने युवाओं के लिए खोले दरवाजे
भोपाल। मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उनके करियर के लिए बड़ा कदम उठाने जा रहे हैं। वे पुलिस विभाग में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी भर्ती फिर शुरू करने जा रहे हैं। इसके लिए गृह विभाग ने ‘मध्यप्रदेश पुलिस (उत्कृष्ट खिलाड़ियों की नियुक्ति) नियम, 2021’ में महत्वपूर्ण संशोधन भी कर दिए हैं। इस संबंध में 15 जून को अधिसूचना प्रकाशित कर दी गई है। संशोधित नियमों के माध्यम से उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन, पात्रता एवं मूल्यांकन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाया गया है।
गौरतलब है कि इन संशोधनों से अब मध्यप्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को शासकीय सेवा के लिए अन्य राज्यों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्हें अपने ही राज्य में मध्यप्रदेश पुलिस के अंतर्गत 10 उप निरीक्षक और 50 आरक्षक के पदों पर सीधी नियुक्ति का अवसर मिलेगा। सीएम डॉ. यादव की यह पहल खिलाड़ियों के लिए सम्मानजनक रोजगार सुनिश्चित करने के साथ-साथ उन्हें अपने खेल प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धात्मक तैयारी को निरंतर जारी रखने में भी सहायक होगी। गृह विभाग नए प्रावधानों के तहत खेल कोटे से भर्ती प्रक्रिया नियमित रूप से हर साल आयोजित करेगा। इससे खिलाड़ियों को स्थायी और संरचित अवसर मिलेंगे। होंगे। यह पहल राज्य में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
*मापदंडों में मिलेगी छूट*
बता दें, नए संशोधन के तहत पुलिस मुख्यालय हर साल आरक्षक और उप निरीक्षक पदों की रिक्तियों का विज्ञापन देंगे। पदक विजेताओं के साथ अब ओलंपिक, एशियाई और राष्ट्रमण्डल खेलों में सहभागिता करने वाले खिलाड़ी भी सीधी भर्ती के लिए पात्र होंगे। उत्कृष्ट खिलाड़ियों को निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और शारीरिक मापदंड (ऊंचाई) में पूर्ण छूट प्रदान की जाएगी। साथ ही, उन्हें लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET) से भी छूट रहेगी। उत्कृष्ट खिलाड़ियों की नियुक्तियां किसी आरक्षित वर्ग के अंतर्गत न होकर अनारक्षित (सामान्य) श्रेणी में शामिल की जाएंगी। केवल वे खेल विधाएं मान्य होंगी, जो पिछले तीन ओलंपिक खेलों में शामिल रही हों। मेरिट अंक समान होने की स्थिति में वरिष्ठता का निर्धारण ओलंपिक, एशियाई खेल, विश्व कप आदि की प्राथमिकता तथा खिलाड़ी की आयु के आधार पर किया जाएगा।
कौन बन सकेगा उप निरीक्षक
उप निरीक्षक पद पर केवल उन उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सीधी नियुक्ति प्रदान की जाएगी, जिन्होंने ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमण्डल खेल, विश्व कप-विश्व चैम्पियनशिप में सहभागिता की हो। इन प्रतियोगिताओं में स्वर्ण, रजत अथवा कांस्य पदक विजेता और सहभागिता करने वाले खिलाड़ी पात्र होंगे।
कौन बन सकेगा आरक्षक
उप निरीक्षक पद के लिए पात्र सभी खिलाड़ी, जो खिलाड़ी उप निरीक्षक पद हेतु निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं, वे आरक्षक पद के लिए भी स्वतः पात्र माने जाएंगे। राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण, रजत या कांस्य पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ी। अधिकृत राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में स्वर्ण, रजत या कांस्य पदक अर्जित करने वाले खिलाड़ी आरक्षक पद के पात्र होंगे।
===========
डबल इंजन सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प : विधायक चंद्ररसिंह सिसौदिया
जनकल्याणकारी शिविर में विधायक सिसौदिया ने लाभार्थियों को वितरित किए हितलाभ,
गरोठ –प्रदेश और केंद्र सरकार की जनहितैषी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद पंचायत भानपुरा द्वारा ग्राम लोटखेड़ी में आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याणकारी शिविर में क्षेत्रीय विधायक चंद्ररसिंह सिसौदिया ने सहभागिता करते हुए आमजन से सरकार की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने का आग्रह किया।
विधायक सिसौदिया ने कहा कि भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनकल्याण, सुशासन और विकास को समर्पित सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेशभर में जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों का उद्देश्य शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सरल, सुगम और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि, केंद्र और राज्य सरकार की डबल इंजन सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शासन की अनेक योजनाएं समाज के हर वर्ग के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ऐसे में प्रत्येक पात्र नागरिक को इन योजनाओं से जुड़कर अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना चाहिए।
इस अवसर पर विधायक चंद्ररसिंह सिसौदिया ने शिविर में उपस्थित लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध और प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्राप्त की।
विधायक सिसौदिया ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों से कहा कि जनकल्याणकारी शिविर शासन और जनता के बीच मजबूत सेतु का कार्य कर रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान, योजनाओं की जानकारी और पात्र हितग्राहियों को तत्काल लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे सुशासन की भावना और अधिक सशक्त हो रही है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी उपस्थित रहे।उक्त जानकारी भाजपा नेता सुंदरलाल परमार ने दि।
============
क्षत्रिय राठौर तेली समाज की जिला स्तरीय बैठक संपन्न, बाबूलाल राठौर बने जिला अध्यक्ष
मंदसौर। सकल पंच क्षत्रिय राठौर तेली समाज जिला मंदसौर की महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक बंजारी बालाजी मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक में जिलेभर से समाजजन, वरिष्ठ पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेश राठोर मंदसौर एवं पूर्व की जिला कार्यकारिणी ने भी सर्वसम्मति से श्री बाबूलाल राठौर (धलपट) को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। साथ ही समाज की नई जिला कार्यकारिणी का गठन करते हुए विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों की नियुक्तियां की गईं। जिसमें संयोजक के पद पर श्री ओमप्रकाश जी राठौर (नाहरगढ़) तथा कोषाध्यक्ष के पद पर श्री घनश्याम जी राठौर (राजनगर) एवं युवा जिला अध्यक्ष श्री जीवन राठौर महुवा को सर्वसम्मति से नियुक्त किया गया!उपस्थित समाजजनों ने नवनियुक्त जिला अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी का पुष्पमालाओं से स्वागत कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
बैठक में समाज की एकता, संगठन को मजबूत बनाने, युवा पीढ़ी को समाज से जोड़ने, शिक्षा को बढ़ावा देने, सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने तथा समाज हित के विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। समाजजनों ने अपने-अपने सुझाव रखे और समाज के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष बाबूलाल राठौर ने सभी समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से किया जाएगा। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।
बैठक का समापन समाज की एकता, भाईचारे एवं समाज हित में निरंतर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए समाजजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
=============:
शामगढ़ में अधिक मास सोमवती अमावस्या पर गौशाला में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, श्रद्धालुओं ने किया गौ पूजन और परिक्रमा
शामगढ़। पवित्र पावन पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) के अंतिम दिवस और सोमवती अमावस्या के पावन पर्व पर आज क्षेत्र में भारी धार्मिक उत्साह देखा गया। इस विशेष अवसर पर स्थानीय *श्री केशव माधव गौशाला*, गोवर्धन पर्वत गौ धाम (शामगढ़) में विशाल धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ कमाया।भक्तिभाव से हुआ गौ माता का पूजन और आरतीसोमवती अमावस्या के दुर्लभ संयोग पर सुबह से ही गौ धाम में श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया था। भक्तों ने श्रद्धापूर्वक गौ माता का विधि-विधान से पूजन किया और उन्हें हरा चारा व विशेष आहार अर्पित किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने गौ माता की परिक्रमा कर सुख-समृद्धि की कामना की। शाम को आयोजित विशेष गौ माता की आरती में पूरा परिसर “जय गोमाता, जय गोपाल” के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
आरती में शामिल होकर भक्तों ने पुरुषोत्तम मास के अंतिम दिन गौ माता का दिव्य आशीर्वाद प्राप्त किया।विश्व कल्याण की भावना से गूंजे जयकारे इस पावन अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं और
==========
बोलिया में सर्पदंश से 4 वर्षीय मासूम की मौत, घर में सोते समय सांप ने काटा
गरोठ। मंदसौर जिले के ग्राम बोलिया में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में सर्पदंश से चार वर्षीय बालिका माया बागरी की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार माया अपने घर में सो रही थी, तभी जहरीले सांप ने उसे काट लिया। परिजनों को घटना की जानकारी लगते ही बच्ची को तत्काल गरोठ स्थित इंदिरा गांधी शासकीय अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद बालिका को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने सांप को मौके पर ही मार दिया। अस्पताल प्रशासन एवं डॉ. दरबार किशन सिंह ने सर्पदंश से मौत की पुष्टि की है। पुलिस को सूचना दे दी गई है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई के साथ पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल
===============
रिटायर्ड रेलकर्मियों ने किया ऑनलाइन पास सुविधा का विरोध
कोटा। पेन्शनर्स एसोसिएशन ऑफ वेस्ट सेन्ट्रल रेलवे की बैठक शनिवार को आयोजित हुई। रेलवे मजदूर संघ कार्यालय मे आयोजित इस बैठक में रिटायर्ड कर्मचारियों ने रेलवे द्वारा हाल ही में लागू की गई ऑनलाइन पास सुविधा का जमकर विरोध किया।
रिटायर्ड कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें कंप्यूटर की कोई नॉलेज नहीं है और न ही उनके पास कंप्यूटर या स्मार्टफोन है।
इस नए नियम से गांवो और देहात आदि दूर दराज क्षेत्र में रहने वाले कर्मचारियों को भी भारी समस्या का सामना करना पड़ेगा। इसके चलते कर्मचारियों ने पहले की तरह ही पास सुविधा का लाभ देने की मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि रेलवे इस नए नियम को लागू कर सिर्फ अपना लाभ देखना चाहती है।
इसके अलावा बैठक में सेवानिवृत होने वाले कर्मचारियों को फाॅर्म 6 की प्रतिलिपी भी उपलब्ध करवाने, अस्पताल मे दंत इम्पलांट की सुविधा नहीं होने तथा पीपीओ मे नाम की गलती सही करने आदि मांगों को भी उठाया।
विनोद गुप्ता की अध्यक्षता मे आयोजित इस बैठक में मण्डल सचिव अब्दुल हनीफ, मो. सिद्दीकी खान, रम्मी कपूर तथा कमर जहां खान सहित बड़ी संख्या में रिटायर्ड कर्मचारी मौजूद थे।
====
बरसात से पहले सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध हो सांप बिच्छू का एंटी-वेनम टीका किसानों और आम जनता की सुरक्षा के लिए
मानसून के आगमन के साथ ही जिले में सांप, बिच्छू एवं अन्य जहरीले जीव-जंतुओं के काटने की घटनाएं बढ़ने की आशंका रहती है। ऐसे में किसानों, खेतिहर मजदूरों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ जाती है। बरसात शुरू होने से पहले जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में एंटी-स्नेक वेनम (ASV) तथा अन्य आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकांश लोग खेती-किसानी और मजदूरी से जुड़े हैं, जिन्हें बरसात के दौरान खेतों और खुले क्षेत्रों में काम करना पड़ता है। इस दौरान सांप और बिच्छुओं के संपर्क में आने का खतरा बढ़ जाता है। कई बार दूरदराज के गांवों से मरीजों को जिला अस्पताल तक पहुंचाने में काफी समय लग जाता है और एंबुलेंस भी समय पर नहीं पहुंच पाती हैं ? ऐसी स्थिति में मरीज की हालत गंभीर हो सकती है तथा समय पर उपचार नहीं मिलने से जान का खतरा भी बढ़ जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रत्येक सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर एंटी-वेनम एवं आवश्यक जीवनरक्षक इंजेक्शन उपलब्ध रहें, तो आपातकालीन स्थिति में मरीजों को तुरंत उपचार मिल सकता है और अनमोल जीवन बचाया जा सकता है । साथ ही स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा चिकित्सा कर्मियों को सर्पदंश एवं आपातकालीन उपचार संबंधी विशेष प्रशिक्षण देने की भी आवश्यकता है। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन से मांग है कि मानसून शुरू होने से पहले सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में दवाओं और एंटी-वेनम के स्टॉक की समीक्षा कर पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यह केवल स्वास्थ्य सुविधा का विषय नहीं, बल्कि किसानों और आम जनता के जीवन की सुरक्षा से जुड़ा एक महत्वपूर्ण जनहित का मुद्दा है।
जनता की मांग है कि बरसात से पूर्व जिले के प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सरकारी अस्पताल में एंटी-स्नेक वेनम एवं अन्य आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि किसी भी व्यक्ति की जान इलाज के अभाव में न जाए। सांप, बिच्छू या किसी भी जहरीले जीव-जंतु के काटने पर मरीज को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) या सिविल अस्पताल ले जाएं।
==================
पोलीटेक्निक महाविद्यालय में प्रवेश हेतु द्वितीय चरण की काउंसलिंग प्रारंभ
इंजीनियरिंग क्षेत्र में अपना केरियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थी 18 जून तक पंजीयन कराए
मंदसौर 17 जून 26 / शिवशंकर शर्मा शा. पोलीटेक्निक महाविद्यालय मंदसौर प्राचार्य द्वारा बताया गया कि कार्यालय अध्यक्ष काउंसलिंग समिति, आयुक्त, तकनीकी शिक्षा संचालनालय भोपाल द्वारा शासकीय पोलीटेक्निक महाविद्यालय मंदसौर में त्रिवर्षिय डिप्लोमा इंजीनियरिंग के प्रथम वर्ष में प्रवेश हेतु द्वितीय चरण की कांउसलिंग आरंभ हो चुकी है, जिसकी अंतिम तिथि 18 जून 2026 है।
इंजीनियरिंग क्षेत्र में अपना केरियर बनाने के इच्छुक 10वीं उत्तीर्ण विद्यार्थी अपना पंजीयन संस्था में उपस्थित होकर निःशुल्क करवा सकते है। इस महाविद्यालय में 04 ब्रांच कमशः कम्प्युटर साईंस एंड इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग एवं मैकेनिकल इंजीनियरिंग संचालित है। विद्यार्थी मनचाही ब्रांच में पंजीयन के लिए 10वीं पास अंकसूची, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, मूल निवासी प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की फोटो कॉपी तथा अपना पासपोर्ट साईज का फोटो साथ लेकर आए।
संस्था में प्रवेश संबंधित जानकारी के लिए प्राचार्य डॉ. दिलीप कुमार शर्मा मो.नं. 9826747125 या प्रवेश शाखा प्रभारी श्री आकाश तिवारी मो.नं. 7987519842 और श्री पुलकित जोशी मो.नं. 9424033264 से संपर्क किया जा सकता है । संस्था में प्रवेशित पात्र विद्यार्थियों को शासन के नियमानुसार फीस में छुट और छात्रवृत्ति का लाभ दिया जाता है।
==============
मुर्गीपालन का 12 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण मंदसौर में 20 जून से प्रारंभ
इच्छुक प्रशिक्षणार्थी 20 जून तक रजिस्ट्रेशन करवाएं
मंदसौर 17 जून 26 / ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान प्रबंधक द्वारा बताया गया कि सेन्ट्रल बैंक आफ इंडिया, ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, आरसेटी मंदसौर द्वारा मंदसौर मे 12 दिवसीय निःशुल्क मुर्गीपालन प्रशिक्षण 20 जून 2026 से प्रारंभ किया जाएगा। जिसके रजिस्ट्रेशन प्रारंभ हो चुके है, प्रशिक्षण हेतु 20 जून 2026 तक आवेदन करें। 35 सीट पूरी होने पर आवेदन नहीं लिए जाएंगे। प्रवेश पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा। प्रशिक्षण का लाभ ग्रामीण अंचल के युवक/पुरुष जिनकी आयु 18 से 50 वर्ष के बीच हो उन्ही को मिलेगा।
प्रशिक्षण मे आवास, भोजन व नाश्ते की व्यवस्था निःशुल्क रहेगी। प्रशिक्षण के दौरान इच्छुक प्रशिक्षणार्थीयों के बैंकिग संबंधी सभी जानकारियों एवं समस्याओ का समाधान भी इस प्रशिक्षण के दौरान किया जायेगा।
प्रशिक्षणार्थी 2 नये पासपोर्ट साईज फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, एवं राशन कार्ड एवं समग्र आईडी की छायाप्रति के साथ आवेदन सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया, ग्गप्रमीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, सर्किट हाउस से पहले, नई आबादी थाने के पास, मन्दसौर में जमा करा सकते है। उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रमो का अधिक से अधिक लाभ उठावे।
अधिक जानकारी के लिए सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया, ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, सर्किट हाउस से पहले, नई आबादी थाने के पास, मन्दसौर एवं मोबाईल न. 6269058449, 7999852839 8435806297, 9111858590 पर सुबह 10:00 से शाम 5:30 बजे तक संपर्क कर सकते है।
===========
सुश्री अंकिता पंड्या मंदसौर प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी
मंदसौर महिला बाल विकास जिला कार्यक्रम अधिकारी बाबूलाल विशनोई का मंदसौर से उप संचालक संचालनालय महिला एवं बाल विकास भोपाल स्थानांतरण
सुश्री अंकिता पंड्या सहायक संचालक होंगी मंदसौर प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी
======
दलौदा थाना प्रभारी सीसीटीवी कैमरे ओर फ्लेक्स बनवाकर लगवाए
थाना दलौदा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोनगिरी में अंबा बावड़ी को लेकर पिछले दिनों में तनाव की स्थिति उत्पन्न हुई थी वही क्षेत्र के पाडल्या लालमुहा गांव में राजमाता अहिल्याबाई होलकर चौराहे पर लगे पोस्टर को क्षति पहुंचाने की बात को लेकर तनाव की स्थिति निर्मित हुई थी ।
इन घटनाओं को देखते हुए दलौदा थाना प्रभारी रविंद्र प्रताप डांगी द्वारा भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा नहीं हो इसके लिए संबंधित ग्राम पंचायतों से समन्वय बनाते हुए दोनों स्थानों पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए ओर फ्लेक्स बनवाकर प्रदर्शित करवाए गए है।
दोनों स्थान सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होकर शासन प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है एवं विधि सम्मत कार्यवाही की जा रही है।
============
भाजपा नेता संजय चुंडावत की पत्नी वर्षा चुंडावत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला
पिपलिया मंडीपुलिस ने वर्षा के पति संजय चुंडावत पिता मनोहर सिंह चुंडावत और सास ममता कुंवर चुंडावत के खिलाफ बीएनएस की धारा 108, 238 B 35 ( 5 ) के तहत मामला दर्ज किया।*
किसी सोनू नाम की महिला से संजय के अफेयर की बात भी आई सामने,संजय चुंडावत के उजागरिया गांव में हुई थी विवाहिता की संदिग्ध मौत।
भावगढ़ थाना के ग्राम माऊखेड़ी में दो लड़कियां पानी मे डूबी, दोनों को जिला अस्पताल लाया गया दोनों बालिकाओं के नाम व दोनों बालिका मामा भूआ की बताई जा रही
यशस्वी पिता रविंद्र सिंह १३ साल माऊखेड़ी फाल्गुनी पिता यशपाल सिंह उम्र १८ साल शामली कि रहने वाली हैं।
==========
अफजलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सीहोर में सलमा उर्फ रानी फांसी पर लटकी मिली। सूचना मिलने पर परिजनों ने मंदसौर जिला अस्पताल में विरोध प्रदर्शन कर हत्या की आशंका जताई और निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस ने तीन डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया है। रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का खुलासा होगा।
=============
दशपुर मंडी व्यापारी संघ ने मंडी शुल्क मंडी टैक्स के विरोध में मंडी सचिव को ज्ञापन सौंपा
मंदसौर की कृषि उपज मंडी में दशपुर मंडी व्यापारी संघ ने मंडी शुल्क मंडी टैक्स 1 प्रतिशत से बढ़ाकर 1.5 प्रतिशत किए जाने के विरोध में मंडी सचिव को CM के नाम ज्ञापन सौंपा,व्यापारियों ने कहा कि टैक्स वृद्धि से कृषि उपज व्यापार पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा,जिससे किसानों और व्यापारियों को नुकसान होगा। ज्ञापन में निर्णय वापस लेकर मंडी शुल्क पूर्ववत 1 प्रतिशत रखने की मांग की गई।
========
बाइक पेड़ से टकराई, मौके पर ही मौत!
मंदसौर:-जिले के संजीत रोड पर नापाखेड़ा रणायरा के बीच मंगलवार को मंगलवार दोपहर को दर्दनाक हादसा हुआ! तेज रफ्तार से बाइक सवार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराए , बाइक पर दो लोग सवार थे, इसमें से एक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है! दोनो व्यक्ति गांव नाहरगढ के बताए जा रहे है।
=======
जनकल्याणकारी शिविर का दूसरा दिन सफल
नपं अध्यक्ष राजेश सेठिया की अहम भूमिका, सीएमओ गिरीश शर्मा के अथक प्रयासों से सैकड़ों हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
गरोठ। मध्यप्रदेश शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर परिषद गरोठ द्वारा आयोजित जनकल्याणकारी शिविर के दूसरे दिन बोलिया रोड स्थित शिविर स्थल पर बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। शिविर में शासन की हितग्राही मूलक योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की गई।
शिविर के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं के आवेदन प्राप्त किए गए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को प्रमाण पत्रों एवं स्वीकृति पत्रों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला प्रभारी दिलीप सकलेचा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए शासन की जनहितकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष गोकुल सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष उमराव सिंह, महेश मालवीय, रवींद्र पुरी गोस्वामी, राजू मगर, अर्जुन सोलंकी, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष मनोहर सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
नगर परिषद अध्यक्ष राजेश सेठिया की सक्रिय भूमिका एवं सतत मॉनिटरिंग के चलते शिविर का सफल संचालन संभव हो सका। उन्होंने शिविर में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को हितग्राहियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।
वहीं नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) गिरीश शर्मा के अथक परिश्रम, कुशल समन्वय एवं प्रशासनिक दक्षता से शिविर में आने वाले नागरिकों को सहज और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी समर्पित भाव से कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर श्रीमती रेखा सोनी द्वारा विशेष रूप से मंगल दिवस एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के आवेदन भरवाए गए तथा लाड़ली लक्ष्मी प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया। उनके इस सराहनीय प्रयास की उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने प्रशंसा की।
शिविर में बड़ी संख्या में हितग्राहियों की उपस्थिति रही। लोगों ने शासन की विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त कर आवेदन किए तथा मौके पर ही कई सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। जनकल्याणकारी शिविर के माध्यम से शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित होने के साथ ही पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली।
——-=================’
कोटा–उज्जैन के बीच पहली बार सीधी मेमू सेवा का हुआ ऐतिहासिक शुभारम्भ
आलोट। रेलवे अधिकारियों कि उपस्थिति में जनप्रतिनिधि गणों द्वारा 15 जून को कोटा से उज्जैन तक सीधी मेमू रेल सेवा का ऐतिहासिक शुभारम्भ किया गया। गाड़ी संख्या 61624/ 61623 कोटा–चौमहला मेमू सेवा का उज्जैन तक विस्तार किया गया।
समय-सारिणी के अनुसार गाड़ी संख्या 61624 कोटा से सुबह 5.40 बजे प्रस्थान कर रामगंज मंडी (07.05 बजे), भवानी मंडी (07.33 बजे), शामगढ़ (08.05 बजे), चौमहला (08.38 बजे), विक्रमगढ़ आलोट (09.13 बजे) एवं नागदा (10.30 बजे) होते हुए दोपहर 12 बजे उज्जैन पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 61623 उज्जैन से दोपहर 12.30 बजे रवाना होकर नागदा (14.10 बजे), चौमहला (15.25 बजे), शामगढ़ (15.53 बजे), भवानी मंडी (16.28 बजे) एवं रामगंज मंडी (16.58 बजे) होते हुए सायं 19.05 बजे कोटा पहुंचेगी। श्री जैन ने बताया कि इस सेवा विस्तार से कोटा मंडल के यात्रियों को धार्मिक, शैक्षणिक एवं व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नगर उज्जैन तक बिना गाड़ी बदले सीधी यात्रा की सुविधा उपलब्ध हो गई है। साथ ही नागदा जंक्शन के माध्यम से बीना एवं मध्य प्रदेश के अन्य प्रमुख गंतव्यों के लिए भी बेहतर रेल संपर्क स्थापित हुआ है।


