नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 06 जून 2026 शनिवार

////////////////////////

एडीएम श्री कलेश ने की कार्यवाही

“खाद्य सुरक्षा से खिलवाड़ पर कड़ा प्रहार”: नीमच में 7 खाद्य कारोबारियों पर 7 लाख का जुर्माना

श्री रतन स्वीट्स एंड बेकरी का खाद्य लाइसेंस निलंबित, 3 लाख का जुर्माना

नीमच, 05 जून 2026, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीमच द्वारा प्रस्तुत 07 प्रकरणों में एडीएम नीमच श्री बी.एस.कलेश द्वारा खाद्य कारोबारकर्ताओं पर कुल सात लाख रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया है।

प्रकरणवार अधिरोपित शास्ति का विवरण:श्री तिरूपति फैमिली रेस्टोरेंट, मनासा रोड नीमच: दिनांक 03.06.2026 को अस्वच्छ दशाओं में खाद्य पदार्थों का भण्डारण एवं विक्रय करने पर 50,000/- रु. का जुर्माना लगाया गया है। श्री बालाजी होटल एण्ड ढाबा, निंबाहेड़ा, नीमच फोर लेन केशरपुरा, तहसील-जावद: दिनांक 04.06.2026 को अस्वच्छ स्थिति में खाद्य पदार्थों का निर्माण, भण्डारण एवं विक्रय करने पर 50,000 रूपये का जुर्माना अधिआरोपित किया गया है।

इसी तरह होटल गणपत, मंदसौर नाका, मनासा: दिनांक 04.06.2026 को अस्वच्छ स्थिति में कचोरी, समोसा, मिठाई आदि का निर्माण, भण्डारण एवं विक्रय करने पर 50,000/- रु. का जुर्माना, बालू स्वीट्स एण्ड नमकीन, न्यू उषागंज कॉलोनी, मनासा: पर दिनांक 04.06.2026 को बिना खाद्य पंजीयन के खाद्य पदार्थों का निर्माण, भण्डारण, विक्रय, अस्वच्छ स्थिति में निर्माण एवं Use by Date निकलने के बाद खाद्य पदार्थों को विक्रय हेतु प्रदर्शित कर भण्डारण करने पर 50,000/- रु. का जुर्माना, साई कृपा नमकीन, मनासा रामपुरा कुकडेश्वर: पर दिनांक 05.06.2026 को बिना खाद्य पंजीयन के नमकीन सेव, नमकीन मिक्चर, आलू चिप्स का निर्माण, भण्डारण, विक्रय एवं अस्वच्छ स्थिति में खाद्य पदार्थों का निर्माण करने पर 1,00,000/- रु. का जुर्माना अधिरोपित किया गया है।

मेसर्स पंकज नीरज: दिनांक 05.06.2026 को अस्वच्छ दशाओं में खाद्य पदार्थों का निर्माण, भण्डारण, विक्रय एवं अत्यंत दुर्गन्ध युक्त अस्वच्छ परिस्थितियों में मेथीदाना का प्रोसेस, निर्माण, भण्डारण करने पर 1,00,000/- रु. का जुर्मान अधिआरोपित किया गया है।

इस संबंध में जारी आदेशानुसार मेसर्स श्री रतन स्वीट्स एंड बेकरी, लायंस पार्क स्कायर, CRPF रोड नीमच: दिनांक 05.06.2026 को अस्वच्छ दशाओं में खाद्य पदार्थों का निर्माण, भण्डारण, विक्रय एवं अवसान दिनांक, USE BY DATE, बेस्ट बिफोर के उपरांत अत्यधिक मात्रा में पैक्ड खाद्य पदार्थों का विक्रय हेतु प्रदर्शन, भण्डारण तथा फ्रिज में अस्वच्छ दशाओं में खाद्य पदार्थों का भण्डारण करने पर 3 लाख रूपये का जुर्माना अधिआरोपित किया गया है।

लाइसेंस निलंबित: मेसर्स श्री रतन स्वीट्स एंड बेकरी का खाद्य अनुज्ञप्ति क्रमांक 11421770000107 खाद्य अनुज्ञप्ति प्राधिकारी एवं अभिहित अधिकारी द्वारा 16.05.2026 को लोक स्वास्थ्य हित में तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया था, जिसे एडीएम न्यायालय द्वारा स्थिर रखा गया है।

=============

नीमच में “हरित कवच” अभियान की शुरुआत: नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री शुक्ला ने किया पौधारोपण

21 जून तक “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में रोपे जाएंगे 5.62 लाख पौधे

1774 हेक्टेयर भूमि पर पौधे लगाकर तैयार होगा ‘हरित कवच’

नीमच, 05 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “प्रकृति से प्रेरित। जलवायु के लिए। हमारे भविष्य के लिए।” स्लोगन को सार्थक करने की दिशा में वन संरक्षक उज्जैन वृत्त श्री आलोक पाठक एवं वन मंडल अधिकारी नीमच श्री एस.के. अटोदे के निर्देशन में जिले में “हरित कवच” अभियान की शुरुआत की गई।

नवकरणीय ऊर्जा मंत्री ने किया वृहद पौधारोपण: वन विभाग द्वरा आयोजित इस कार्यक्रम में नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री व विधायक जावद श्री ओमप्रकाश सखलेचा की उपस्थिति में पौधारोपण किया गया। परिक्षेत्र रतनगढ़ के बीट पाटन में क्षतिपूर्ति वनिकरण योजना तहत एक साथ 1000 पौधे रोपे गए। परिक्षेत्र जावद के बीट अठाना के कक्ष 31 में पावरग्रिड एवं KEC Ltd. के सहयोग से 300 पौधे लगाए गए। विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा की उपस्थिति में नक्षत्र वाटिका में गुगल एवं पीपल के पौधे लगाकर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की शुरुआत की गई।

कार्यक्रम में रेंजर श्री विपुल प्रभात, डिप्टी रेंजर चंपालाल गायरी, बापूलाल दायना, वन रक्षक भागेश्वर चंदेल, पुष्पेंद्र, सुरेंद्र सिंह, कोमल चंद्रावत, नयन, मदन धनगर, सरदार सिंह आदि का सहयोग रहा।

5.62 लाख पौधारोपण का लक्ष्य: उपवनमण्‍डाधिकारी श्री दशरथ अखण्‍ड ने उक्‍त जानकारी देते हुए बताया, कि इस वर्ष वन विभाग नीमच द्वारा 1774 हेक्टेयर भूमि पर 5.5 लाख पौधे लगाकर “हरित कवच” तैयार किया जाएगा। इसकी शुरुआत आज पर्यावरण दिवस पर की गई। 21 जून तक “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में जिले में 5.62 लाख पौधे रोपे जाने का लक्ष्य है।

“नवीकरणीय ऊर्जा का करें अधिक उपयोग”: मंत्री शुक्ला पौधारोपण के दौरान कैबिनेट मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने कहा कि “पर्यावरण को बचाने के लिए हमें प्रदूषण रहित नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत जैसे सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा का अधिक से अधिक प्रयोग करना चाहिए। नीमच जिले में लगातार सौर ऊर्जा के विकास के लिए सोलर प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं।”

===============

“मां के नाम एक पेड़, बेटी के नाम उज्ज्वल भविष्य”:

आंगनवाड़ी केंद्रों पर मनाया विश्व पर्यावरण दिवस

‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में रोपे 501 पौधे

माताओं-बच्चों ने ली पर्यावरण एवं बेटी संरक्षण की शपथ

नीमच, 05 जून 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव के मार्गदर्शन में विश्व पर्यावरण दिवस पर जिले के आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

लाडली बेटियों का सम्मान, मां के नाम रोपे पौधे: जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास सुश्री अंकिता पंड्या ने बताया, कि कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, स्थानीय माताओं और बच्चों ने बड़े उत्साह से भाग लिया। आंगनवाड़ी केंद्रों पर आने वाली नन्ही बालिकाओं और उनकी माताओं का तिलक लगाकर सम्‍मान किया गया। उपस्थित माताओं और बच्चों ने मिलकर अपनी मां के सम्मान में फलदार और औषधीय पौधे रोपे।

शपथ और संकल्प: सभी उपस्थित ग्रामीणों और महिलाओं ने बेटियों को बिना किसी भेदभाव के आगे बढ़ाने और रोपे गए पौधों को जीवित रखने की शपथ ली। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़कर अपनी बेटियों के लिए एक सुरक्षित, शिक्षित और हरा-भरा भविष्य तैयार कर रहे हैं।” इस अभियान के तहत पूरे जिले के आंगनवाड़ी केंद्रों में कुल 501 पौधे लगाए गए।

=============

जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ग्रामीणों ने लिया जल स्रोत संरक्षण का संकल्प

बोरदियाकलां में बावड़ी पूजन संपन्न

विश्व पर्यावरण दिवस पर छायन में रोपे 11 छायादार एवं फलदार पौधे

नीमच, 05 जून 2026। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद नीमच द्वारा “बावड़ी उत्सव” के तहत विश्व पर्यावरण दिवस पर ग्राम बोरदियाकलां में स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर बावड़ी पर बावड़ी पूजन कार्यक्रम किया गया।

बावड़ी पूजन कर लिया जल संरक्षण का संकल्प: ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बोरदियाकलां द्वारा नवांकुर संस्था नीमच सुरेश लोक शिक्षण समिति के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित जनों ने बावड़ी का विधिवत पूजन किया। संगोष्ठी के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया गया तथा ग्रामीणों को पारंपरिक जल संरचनाओं के महत्व से अवगत कराया गया।

छायन में हुआ 11 पौधों का रोपण: इसके उपरांत ग्राम छायन में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा पंचायत परिसर में 11 छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम में जिला समन्वयक श्री वीरेंद्र सिंह ठाकुर, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बोरदियाकलां के प्रकाश सेन, मनोहरदास बैरागी, गोविंद सिंह, परमानंद भाटी, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के विद्यार्थी हरिओम गहलोत उपस्थित थे।

ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति छायन से सरपंच श्री अमृतलाल रैगर, श्री रणजीत सिंह, श्री भगत नागदा, श्री शेरसिंह, श्री राजूदास बैरागी, पंचायत सचिव श्री रामप्रसाद, श्री बबलू सिंह, श्री उदय सिंह, नवांकुर संस्था प्रतिनिधि श्री राजेंद्र सिंह चौहान एवं श्री शशि परिहार सहित में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

==========

कलेक्‍टर की अध्‍यक्षता में ए.पी.सी.समूह की समीक्षा बैठक सम्‍पन्‍न

नीमच 05 जून 2026, कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्‍यक्षता में कलेक्‍टोरेट सभाकक्ष नीमच में शुक्रवार को ए.पी.सी.समूह कृषि, उद्यानिकी, मत्‍स्‍य, दुग्‍ध संघ, सहकारिता, पशुपालन आदि विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कलेक्‍टर ने ए.पी.सी.समूह में शामिल सभी विभागों की योजनाओं विभागीय गतिविधियों की प्रगति के पावर प्रजेन्‍टेशन को एक-एक कर देखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्‍यक निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्‍णव सहित सभी संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्‍टर ने पी.एम.एफ.एम.ई.योजना के तहत हितग्राहियों के प्रकरण तैयार करते समय उन्‍हें एग्रीकल्‍चर इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर फण्‍ड का लाभ लेने हेतु प्रेरित कर लाभांवित करवाने के निर्देश दिए, जिससे, कि हितग्राहियों को ईकाई स्‍थापना के लिए अतिरिक्‍त लाभ मिल सकें। कलेक्‍टर ने कृषि उपज मण्‍डी प्रांगण में किसानों की सुविधा के लिए उपज की क्‍लीनिंग ग्रेडिंग एवं पेकेजिंग की सुविधा उपलब्‍ध कराने के प्रस्‍ताव भी तैयार कर भिजवाने के निर्देश मण्‍डी सचिव को दिए।

बैठक में कृत्रिम गर्भाधान, हिरण्‍यगर्भा योजना, डॉ.भीमराव अम्‍बेडर, कामधेनु योजना, फसल बीमा योजना, की समीक्षा की तथा खरीफ के पूर्व मिट्टी के नमूने लेकर उनका परीक्षण करवाने और सोसायटी में गत वर्ष की खपत अनुसार इस वर्ष भी उर्वरक का भण्‍डारण एवं वितरण की व्‍यवस्‍था करने, महागढ़, कृषि फार्म की जमीन का सीमांकन के लिए आवेदन कर सीमांकन के लिए आवेदन कर सीमांकन करवाने, दुग्‍ध समितियों के शेष सदस्‍यों के खाते सहकारी बैंकों में खुलवाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए है।

================

“एक पेड़ मां के नाम”: विश्व पर्यावरण दिवस पर

विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने भादवा माता में किया पौधारोपण

पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने का किया आह्वान

नीमच 05 जून 2026, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को विधायक श्री दिलीपसिंह परिहार ने ग्राम पंचायत भादवा माता में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में सहभागिता की और स्वयं पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

पौधारोपण कर दिया हरियाली का संदेश: विधायक श्री परिहार ने ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर परिसर में पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि “पेड़ हैं तो जीवन है। प्रत्येक नागरिक को अपने जीवनकाल में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी लेनी चाहिए।” उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत सभी से पौधारोपण करने की अपील की।

पर्यावरण संतुलन पर दिया जोर: श्री परिहार ने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन एवं ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर ही हम आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण दे सकते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपने खेतों की मेड़ों, सार्वजनिक स्थलों एवं घरों के आसपास पौधे लगाने का आह्वान किया।

जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण रहे उपस्थित: इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, ग्राम पंचायत के सरपंच, पंचगण एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे। सभी ने मिलकर पौधारोपण किया और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।

===========

दो पीडित परिवारों को आठ लाख की आर्थिक सहायता स्‍वीकृत

नीमच 5 जून 2026, अनुविभागीय अधिकारी राजस्‍व उपखण्‍ड मनासा द्वारा राजस्‍व पुस्‍तक परिपत्र भाग 6(4) के तहत दो पीडित परिवारों को पानी में डूबने से मृत्‍यु होने पर 8 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्‍वीकृत की गई है। एसडीएम मनासा श्रीमती किरण आंजना द्वारा भागलबुजुर्ग निवासी अरूण पिता भारत सिह की 15 मार्च 2026 को पानी में डूबने से मृत्‍यु हो जाने पर मृतक के वारिस निर्मलाबाई पति भारतसिह को 4 लाख रूपये की आर्थिक स‍हायता स्‍वीकृत की गई है।

इसी तरह कुंदवासा निवासी संतोष बाई पति दशरथ मीणा की पानी में डूबने से मृत्‍यु हो जाने पर मृतका के वारिस दशरथ पिता मन्‍नालाल, पुत्र पियुष पिता दशरथ को चार लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्‍वीकृति की गई। तहसीलदार मनासा द्वारा आर्थिक सहायता का प्रकरण तैयार कर स्‍वीकृति के लिए एसडीएम मनासा को प्रस्‍तुत किया गया था।

-==========

“धरती का श्रृंगार, वृक्षारोपण से”:

विधायक श्री अनिरुद्ध मारू ने भाटखेड़ी बुजुर्ग में किया पौधारोपण

विश्व पर्यावरण दिवस पर ग्रामीणों को दिलाई पर्यावरण संरक्षण की शपथ

नागरिकों से की पौधा लगाने की अपील

नीमच 05 जून 2026, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विधायक मनासा श्री अनिरुद्ध मारू ने ग्राम पंचायत भाटखेड़ी बुजुर्ग में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में सहभागिता की।

पौधारोपण कर दिलाई शपथ: विधायक श्री मारू ने ग्राम पंचायत परिसर में पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त गांव बनाने की शपथ दिलाई।

पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश: श्री मारू ने कहा कि “पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। ऑक्सीजन से लेकर वर्षा तक, सब कुछ वृक्षों पर ही निर्भर है। हमें अधिकाधिक पौधारोपण करना चाहिए।” उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं सिंचाई की जिम्मेदारी भी स्वयं लें, ताकि वे वृक्ष का रूप ले सकें।

जनसहभागिता से होगा संरक्षण: विधायक ने कहा, कि शासन की योजनाओं के साथ-साथ जनसहभागिता से ही पर्यावरण को बचाया जा सकता है। उन्होंने ग्राम पंचायत को पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच, सचिव, जनपद सदस्य, ग्रामीणजन एवं स्कूली बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

==========

समान नागरिक संहिता के लिये गठित उच्‍च स्‍तरीय समिति की जनपरामर्श बैठक आज नीमच में

नीमच 05 जून 2026, मध्‍यप्रदेश में समान संहिता के संबंध मेंअध्‍ययन एवं परीक्षण हेतु गठित उच्‍च स्‍तरीय समिति के सदस्‍य प्रो.गोपाल शर्मा, शिक्षाविद की अध्‍यक्षता में जनपरामर्श हेतु बैठक आज 6 जून 2026 को प्रात: 11.30 बजे जिला पंचायत सभाकक्ष नीमच में आयोजित की गई है। एडीएम श्री बी.एस.कलेश ने बताया, कि इस जन परामर्श बैठक में माननीय सांसद, विधायक, सभी राजनैतिक दल, बार काउंसिल, महिला एवं बाल अधिकार संरक्षण से जुडे गणमान्‍य व्‍यक्तियों, शांति समिति के सदस्‍यों, सामाजिक संगठन तथा सभी समुदाय के प्रतिनिधियों एवं अन्‍य जन प्रतिनिधिगणों को आमंत्रित किया गया है।

बैठक में प्रतिभागियों से समान नागरिक संहिता के संबंध में सुझाव प्राप्‍त किए जाएगे। जिन्‍हें संकलित कर शासन को भेजा जावेगा। एडीएम ने सभी संबंधितों से इस बैठक में उपस्थित होने का आगृह किया है।

==========

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}