
रिपोर्टर जितेंद्र सिंह चंद्रावत जडवासा
ब्लाक मेडिकल आफिसर डॉ शंकरलाल खराड़ी के रतलाम मकान, गृह प्रवेश कार्यक्रम के बाद रात में हुई चोरी, पुलिस ने पकड़ा चोर
ढोढर। रतलाम के थाना औद्योगिक क्षेत्र में एक डॉक्टर के घर के गृह प्रवेश के दिन 12 लाख से अधिक के सामान की चोरी करने वाले चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चोर घर में से तीन से चार बैग चुरा ले गया। वारदात के समय घर के सदस्य सो रहे थे। पुलिस ने सीसीटीवी के माध्यम से चोर को पकड़ा है। चोरी का सामान भी जप्त कर लिया।
चोरी की घटना 16 मई को रतलाम के अष्टापक कॉलोनी सेफायर स्कूल के पास रहने वाले पूनमचंद पिता स्व. भोगजी खराड़ी के मकान में हुई थी। फरियादी के बेटे शंकरलाल ने नया मकान बनाया था। शंकरलाल सरकारी डॉक्टर होकर जावरा में बीएमओ के पद पर पदस्थ है। 16 मई को नए मकान में गृह प्रवेश हुआ था। रात के समय सभी सो गए थे। तभी रात में एक अज्ञात व्यक्ति घर में से तीन से चार बैग चुरा कर ले गया था।
एक बैग में सोने का हार, कान के सोने के लोंग, सोने की बोर, तीन मोबाइल फोन एवं नगदी करीब 30 हजार रुपए रखे थे। वह भी चोर चोरी कर ले गया था।
चोर की तलाश के लिए बनाई टीम
चोर की तलाश के लिए टीम बनाई गई। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। निगरानी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान सूरज उर्फ सुरेश पिता अमरसिंह चारेल निवासी सिमलावदा थाना बिलपांक, हाल मुकाम छत्रीपुल रतलाम के रूप में हुई।
संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी द्वारा चोरी करना स्वीकार किया गया। आरोपी के कब्जे से 1 विवो कंपनी का मोबाइल, 1 ओप्पो कंपनी का मोबाइल, 1 सैमसंग मोबाइल, 1 अन्य मोबाइल फोन तथा सोने का हार एवं कान के सोने के लोंग समेत कुल लगभग 12 लाख रुपए का सामान जप्त किया। आरोपी के खिलाफ पूर्व से 5 केस शहर के अलग-अलग थानों में दर्ज है।



