सुवासरा के ढाबला महेश में अनोखा आयोजन: गो माता और नंदी महाराज का विवाह, हजारों ने लिया आशीर्वाद

सुवासरा के ढाबला महेश में अनोखा आयोजन: गो माता और नंदी महाराज का विवाह, हजारों ने लिया आशीर्वाद
सुवासरा- क्षेत्र के ढाबला महेश गांव में आस्था और परंपरा का अनोखा संगम देखने को मिला, जहां समस्त ग्रामवासियों की ओर से गो माता और नंदी महाराज जी का भव्य विवाह समारोह संपन्न कराया गया। यह आयोजन पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।
विवाह समारोह पूरी विधि-विधान और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। ग्रामीणों ने बारात, वरमाला और अन्य पारंपरिक रस्मों का आयोजन कर इस कार्यक्रम को एक वास्तविक शादी का स्वरूप दिया। पूरे माहौल में भक्ति और उल्लास का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें आसपास के गांवों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। आयोजन में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
ग्रामवासियों ने बताया कि इस तरह के धार्मिक आयोजन गांव की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना के लिए किए जाते हैं। उनका मानना है कि ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकता भी मजबूत होती है।
यह अनोखा आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि पूरे क्षेत्र में भाईचारे और एकजुटता का संदेश भी दे गया।
=======



