समाचार मध्यप्रदेश नीमच 22 अप्रैल 2026 बुधवार

//////////////////////////////////////////////
पोषण पखवाड़ा के तहत पिपल्या जागीर एवं गोविंदपुरा में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर सम्पन्न
61 मरीजों ने लिया स्वास्थ्य लाभ
नीमच 21 अप्रैल 2026 “पोषण पखवाड़ा” के तहत नीमच जिले में मंगलवार को पिपल्या जागीर एवं गोविंदपुरा में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर एवं मातृ-शिशु पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। शिविर में आमवात, संधिवात, त्वचा रोग, उदर रोग, विबंध, श्वास, कास, प्रतिश्याय, रक्ताल्पता, उच्च रक्तचाप, अर्श, अम्लपित्त, प्रमेह आदि रोगों की जांच कर रोगियों को निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। साथ ही रक्तचाप की निःशुल्क जांच भी की गई। बच्चों के संज्ञानात्मक विकास हेतु थीम-03 “प्रारंभिक वर्षों में खेल आधारित शिक्षा (3-6 वर्ष)” के अंतर्गत खेल आधारित शिक्षण गतिविधियों का महत्व समझाया गया। इन शिविरों में कुल 61 मरीजों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर पंचायत सदस्य, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ.आबिद खान, डॉ.आरपी वर्मा, श्रीमती संजू भदौरिया, आंगनवाड़ी पर्यवेक्षक, प्राचार्य, आंगनवाड़ी, आशा कार्यकर्ता, सहायिका एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
==================
राज्य सेवा व राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा दो सत्रों में 26 अप्रेल को
परीक्षा के सुचारू रूप से संचालन के लिए उड़न दस्ते गठित
नीमच 21 अप्रेल 2026, राज्य सेवा व राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 का आयोजन 26 अप्रेल 2026 को दो सत्रों में प्रात:10 बजे से 12 बजे एवं दोपहर 2.15 से 4.15 बजे तक किया जा रहा है। परीक्षा केंद्र स्वामी विवेकानन्द शा.पी.जी.कॉलेज मनासा रोड नीमच एवं स्कीम नं.36 उत्कृष्ट स्कूल नीमच में आयोजित की जा रही है।
परीक्षा केंद्र पर परीक्षा के सुचारू रूप से संचालन के लिए आकस्मिक निरीक्षण के लिए उड़न दस्ते का गठन किया गया है। डिप्टी कलेक्टर एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट नीमच सुश्री श्रुति भयडिया, तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट नीमच श्री संतोष कुमार एवं तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट जावद श्री नवीन गर्ग को प्रथम दल तथा तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट नीमच नगर डॉ.अजेन्द्र नाथ प्रजापति को द्वितीय दल नियुक्त किया गया है।
====================
जनभागीदारी से तालाब गहरीकरण एवं उपजाऊ मिट्टी का खेतों में उपयोग प्रारंभ
ग्राम बरखेड़ी में कृषकों द्वारा 700 ट्रॉली मिट्टी का परिवहन, तालाब की क्षमता 2100 घनमीटर बढ़ी
नीमच 21 अप्रैल 2026 कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव के नेतृत्व में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत तालाबों से उपजाऊ मिट्टी कृषकों को खेतों में डालने हेतु उपलब्ध कराने का महा-अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में जनपद पंचायत मनासा की ग्राम पंचायत बरखेड़ा के ग्राम बरखेड़ी में 15 कृषकों द्वारा जे.सी.बी. मशीन एवं 12 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की सहायता से तालाब की उपजाऊ मिट्टी निकालकर अपने-अपने खेतों में डाली जा रही है। अभी तक कृषकों द्वारा इस तालाब से 700 ट्रॉली काली मिट्टी का परिवहन कर खेतों में डाला जा चुका है।
ग्रामीण कृषकों द्वारा संपादित इस कार्य से शासन की किसी भी प्रकार की आर्थिक सहायता के बिना तालाब की जल संग्रहण क्षमता 2100 घनमीटर बढ़ चुकी है। आगामी दिनों में लगभग 1500 घनमीटर अतिरिक्त खुदाई/गहरीकरण का कार्य किया जाएगा तथा लगभग 500 ट्रॉली उपजाऊ मिट्टी और निकाली जाएगी। इससे इन 15 कृषकों की कई हेक्टेयर कृषि भूमि में उपजाऊ मिट्टी की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी। जिले में इस प्रकार के 400 कार्य चिन्हित कर जनभागीदारी से क्रियान्वित किए जा रहे हैं।
================
विधायक नीमच श्री दिलीप सिंह परिहार ने स्वयं भरा जनगणना फॉर्म
नागरिकों से डिजिटल माध्यम से “स्व-गणना” सुविधा का लाभ लेने का किया आह्वान
नीमच 21 अप्रैल 2026, विधानसभा क्षेत्र नीमच के विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने नागरिकों को डिजिटल माध्यम से जनगणना प्रक्रिया में भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए मंगलवार को स्वयं जनगणना पोर्टल के माध्यम से अपना फॉर्म भरकर एक सराहनीय पहल की है। उन्होंने जिलेवासियों को यह संदेश दिया, कि प्रत्येक नागरिक अपने घर बैठे आसानी से “स्व-गणना” सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
=================
जिला पंचायत सीईओ एवं एडीएम ने की जनसुनवाई – 83 आवेदकों की सुनी समस्याएं
नीमच 21 अप्रेल 2026, कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में मंगलवार को जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैषण एवं अपर कलेक्टर श्री बीएस कलेश ने जनसुनवाई करते हुए 83 आवेदकों की सुनी समस्याएं और उनका निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
जनसुनवाई में नयागांव के हीरानाथ, सरवानिया महाराज के राजकुमार, दारू के दिलीप पुरोहित, बनड़ा के जगदीश, कोर्ट मोहल्ला नीमच सिटी के भंवर लाल, कंजार्डा के प्रेमचंद्र, लसुडिया आंत्री के भारत, ओमप्रकाश, भाटखेडी के मुकेश, आमली भाट के श्रवणदास, आलोरी गरवाडा की जुम्माबाई, घसुण्डी बामनी के भरत नागदा, झांतला के गोपालसिह, कनावटी की राजकुंवर ने भी अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
इसी तरह सुवाखेडा के भारतसिह, मालखेडा के मुकेश, ढिकरिया की मायाबाई, डिकेन के नानूराम पाटीदार, कंजार्डा के प्रभुलाल धाकड़, नीमच के ज्ञानप्रकाश खण्डेलवाल, बरखेडी के पूजा, सावन की किरण गौड, ग्वालटोली के साहिल, खजूरी की विष्णुबाई, बघाना की तब्सुम बी, नीलिया के सुनील शर्मा, तुरकिया के किशोर गुर्जर, टीचर कालोनी नीमच के देवेन्द्र सिह सेंगर, बिहार गंज नीमच की निकीता, कनावटी की पिंकी नायक, नीमच के संजय गौड आदि ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन जनसुनवाई में प्रस्तुत किए।
============
राजस्व कार्यो की समीक्षा बैठक 23 को
नीमच 21 अप्रेल 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में टाउनहॉल नीमच में 23 अप्रेल को प्रात:10 बजे से राजस्व कार्यो की समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में सभी अनुविभागीय अधिकारी अपने अधीनस्थ तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं पटवारियों के साथ उपस्थित होने का आगृह है। बैठक में फार्मर रजिर्स्टी, आर.ओ.आर.ई-केवायसी, नक्शा तरमीम, शासकीय सर्वे नंबरों का बटांकन तरमीम, आदेश अनुपालन, डेटा परिमार्जन, पीएम किसान सम्मान निधि, ई-केवायसी, पीएम किसान सम्मान निधि, आधार से बैंक खातों की लिंकिंग(एनपीसीआई सिडिंग), नक्शाविहीन ग्रामों का अभिलेख निर्माण की प्रगति, मजरा टोला से राजस्व ग्रामों का अभिलेख निर्माण, सातवीं लघु सिंचाई संगणना आदि की समीक्षा की जाएगी।
===============
सैनिक कल्याण हेतु राशि संग्रहण में उत्कृष्ट कार्य पर महामहिम राज्यपाल श्री पटेल द्वारा कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा सम्मानित
लोक भवन भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया प्रशस्ति पत्र
नीमच 21 अप्रैल 2026, महामहिम राज्यपाल श्री मंगू भाई पटेल द्वारा लोक भवन, भोपाल में मंगलवार को आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में सैनिक कल्याण के लिए राशि संग्रहित करने में उत्कृष्ट कार्य करने पर नीमच जिले की ओर से कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर महामहिम राज्यपाल श्री पटेल ने सशस्त्र सेना ध्वज दिवस कोष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, कि यह कोष वीर सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के कल्याण हेतु समर्पित है। उन्होंने नीमच जिले द्वारा इस पुनीत कार्य में किए गए उल्लेखनीय योगदान की सराहना की।
उल्लेखनीय है, कि कलेक्टर श्री चंद्रा के मार्गदर्शन में नीमच जिले ने सशस्त्र सेना ध्वज दिवस कोष हेतु निर्धारित लक्ष्य से अधिक राशि का संग्रहण कर प्रदेश में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किया है। इस अवसर पर मध्य प्रदेश सैनिक कल्याण संचालनालय, एवं लोक भवन भोपाल के अधिकारीगण उपस्थित थे।
==================



