नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 18 अप्रैल 2026 शनिवार

//////////////////////

जिला स्‍वास्‍थ्‍य समिति की बैठक 23 अप्रेल को

नीमच 17 अप्रेल 2026, कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्‍यक्षता में जिला स्‍वास्‍थ्‍य समिति की कार्यकारी समिति की बैठक 23 अप्रेल 2026 का दोपहर 3.30 बजे कलेक्‍टर कार्यालय सभागृह नीमच में आयोजित की जा रही है। मुख्‍य चिकित्‍सा अधिकारी डॉ.दिनेश प्रसाद ने सभी समिति सदस्‍यों और जिला अधिकारियों से बैठक में उपस्थित होने का आगृह किया है।

==============

हितग्राही मई जून का एक मुश्‍त राशन प्राप्‍त करें

नीमच 17 अप्रेल 2026, जिले के राशन प्राप्‍त करने वाले सभी हितग्राहियों को माह मई एवं जून 2026 का एकमुश्‍त राशन वितरण प्रारंभ हो गया है। अत: संबंधित हितग्राही अपनी नजदीकी उचित मूल्‍य दुकान पर जाकर, अपनी पात्रतानुसार माह मई एवं जून 2026 का एकमुश्‍त राशन उचित मूल्‍य दुकान से प्राप्‍त करें।

==========

एक पीडित परिवार को चार लाख की आर्थिक सहायता स्‍वीकृत

नीमच 17 अप्रेल 2026, अनुविभागीय अधिकारी राजस्‍व जावद श्रीमती प्रीती संघवी द्वारा राजस्‍व पुस्‍तक परिपत्र भाग 6(4) के तहत सर्पदंश से एक पीडित परिवार को चार लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्‍वीकृत की गई है।

एसडीएम जावद द्वारा लालपुरा निवासी बद्रीबाई पित डालुराम रेबारी की 27 फरवरी 2026 को सर्पदंश से मृत्‍यु हो जाने पर मृतका के वारिस डालुराम पिता बदा रेबारी को 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्‍वीकृत की गई। तहसीलदार रतनगढ़ द्वारा आर्थिक सहायता के प्रकरण तैयार कर , स्‍वीकृति के लिए एसडीएम जावद को प्रस्‍तुत किया गया था।

==============

प्‍लेसमेंट ड्राईव 22 अप्रेल को नीमच में

नीमच 17 अप्रेल 2026, जिला रोजगार कार्यालय नीमच द्वारा 22 अप्रेल 2026 को प्रात: 10 से दोपहर एक बजे तक प्‍लेसमेंट ड्राईव का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में क्रेडिट एक्‍सेस ग्रामीण लिमिटेड द्वारा 18 से 30 वर्ष आयु के युवाओ का चयन किया जावेगा। इच्‍छुक अभ्‍यर्थी प्‍लेसमेंट ड्राईव में उपस्थित हो सकते है। विस्‍तृत जानकारी जिला रोजगार कार्यालय नीमच से प्राप्‍त की जा सकती है।

============

जिले के स्‍वयंसेवी संस्‍थाओं की जिला स्‍तरीय समीक्षा बैठक 23 अप्रेल को

नीमच 17 अप्रेल 2026, जन अभियान परिषद द्वारा स्‍वैच्छिक संगठनों के सशक्तिकरण हेतु जिले में विभिन्‍न क्षेत्रों (वन, पर्यावरण, जल, उर्जा, जैविक कृषि, नशामुक्त, शिक्षा, स्‍वास्‍थ्‍य स्‍वालंबन, महिला एवं बाल विकास सशक्तिकरण, स्‍वदेशी, सामाजिक समरसता एवं नागरिक कर्तव्‍य के क्षेत्र में कार्य रहे, स्‍वैच्छिक संगठनों के कार्य एवं उनके क्रियान्‍वयन की पद्धति को विस्‍तार प्रदान करने एवं स्‍वैच्छिक संगठनों की जिला डायरेक्‍टरी तैयार करने की दृष्टि से स्‍वैच्छिक संगठनों द्वारा संपादित कार्यो की जिला स्‍तरीय समीक्षा बैठक कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्‍यक्षता में 23 अप्रेल 2026 को प्रात:11 बजे कलेक्‍टोरेट कार्यालय सभाकक्ष नीमच में आयोजित की जा रही है।

जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्‍णव ने सभी संबंधितों को बैठक में निर्धारित समय पर उपस्थित होने एवं पंजीकृत स्‍वयंसेवी संगठनों को भी बैठक में उपस्थित हेतु सूचित कर उक्‍त संगठनों की 21 अप्रेल 2026 तक प्रेषित करने के निर्देश दिए है।

==============

आंगनवाड़ी का समय परिवर्तन – सुबह 8 बजे से लगेगी आंगनवाड़ी

नीमच 17 अप्रेल 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा ग्रीष्म ऋतु में स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए आंगनवाड़ी केंद्र संचालन का समय प्रातः 08:00 बजे से दोपहर 03:00 बजे तक किया गया है। बच्चों की उपस्थिति प्रातः 08:00 बजे से प्रातः 11:30 तक रहेगी तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका दोपहर 03:00 बजे तक उपस्थित रहेगी। संबंधित के द्वारा बच्चों की छुट्टी पश्चात आंगनवाड़ी रिकॉर्ड संधारण,रिकॉर्ड अपडेशन, गृह भेंट, ऑनलाइन प्रविष्टि कार्य व सेवाओं संबंधित कार्य सम्पादित किया जावेगा। वर्तमान में आंगनवाड़ी का समय प्रातः 09:00 बजे से सायं 04:00 बजे तक था जिसमें परिवर्तन कलेक्टर द्वारा किया गया है।

=============

बघाना में आयुर्वेद चिकित्‍सा शिविर – 42 रोगियों ने लिया लाभ

नीमच 17 अप्रेल 2026, शासकीय आयुर्वेद औषधालय बघाना द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र क्र 95 वार्ड 38 बघाना पर पोषण पखवाड़ा के 8 संस्करण के अंतर्गत निशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर एवं मातृ एवं शिशु पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को संतुलित आहार, सुपोषण, स्वच्छता के महत्व, एवं जन्म से 2 वर्ष तक के बच्चों के समुचित पोषण एवं मौसमी बीमारियों से बचाव, तनाव मुक्ति एवं स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के बारे में आवश्यक परामर्श दिया गया। शिविर में कुल 42 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। शिविर में डॉ.पंकज कुमार पाटीदार, श्रीमती कस्तूर मालविया, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका उपस्थित थी।

================

आर.टी.ओ.ने ली बस संचालकों की बैठक

दिव्‍यांगजनों को किराए में 50 प्रतिशत छूट देने के निर्देश

नीमच 17 अप्रेल 2026, जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यात्री बस संचालकों की बैठक आयोजित करने के निर्देशो के पालन में जिला परिवहन अधिकारी, कार्यालय में यात्री बस संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आरटीओ ने उपस्थित संचालकों को निर्देश दिए, कि सभी बस संचालक अपने वाहनों के आवश्यक दस्तावेज जैसे परमिट, फिटनेस आदि पूर्ण एवं अद्यतन रखें, बसों का संचालन केवल निर्धारित बस स्टॉप से ही किया जाए तथा अन्य स्थानों पर सवारी न उतारी/चढ़ाई जाए, फव्वारा चौक स्थित पेट्रोल पंप के पास अनावश्यक रूप से बस खड़ी नही करें, दिव्यांगजनों को टिकट किराये में 50 प्रतिशत की छूट प्रदान करें।

===============

अधिकाधिक किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करें-श्री चंद्रा

कलेक्‍टर ने ए.पी.सी.समूह में शामिल विभागों की समीक्षा की

नीमच 17 अप्रेल 2026, जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए 10 कलस्‍टरों में 125-125 कुल 1250 किसानों को खरीफ में प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए तैयार किया गया है। यह किसान आगामी खरीफ से प्राकृतिक खेती करेंगे। जिले के अधिकाधिक किसानों को प्रेरित कर प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे। यह निर्देश कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा ने शुक्रवार को कलेक्‍टोरेट सभाकक्ष नीमच में ए.पी.सी.समूह में शामिल विभाग कृषि, उद्यानिकी, आत्‍मा, पशुपालन, डेयरी, मत्‍स्‍य, पशुपालन आदि विभागों की मासिक विभागीय समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्‍णव सहित विभागीय जिला अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्‍टर ने दुग्‍ध संघ अधिकारियों को दुग्‍ध उत्‍पादक पशुपालकों की संख्‍या बढ़ाने, नवीन दुग्‍ध समितियां गठित करने और नये मिल्‍क रूट तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया, कि वर्तमान में दुग्‍ध संघ द्वारा जिले में 19942 लीटर दुग्‍ध संकलन किया जा रहा है। कलेक्‍टर ने मत्‍स्‍य विभाग को नवीन अमृत सरोवर एवं तालाबों में मत्‍स्‍य पालन करवाने और नवीन मत्‍स्‍य समितियां गठित करने के निर्देश भी दिए। उन्‍होने 200 नये मत्‍स्‍य पालकों को के.सी.सी. एक माह में जारी करवाने के निर्देश भी मत्‍स्‍य विभाग को दिए है।

कृषि विभाग की समीक्षा में कलेक्‍टर ने सोयाबीन किसानों को सोयाबीन की बजाय अन्‍य फसलों का रकबा बढ़ाने के विशेष प्रयास करने, किसानों को जागरूक कर चिया सीड़स, किनोवा व पिक किनोवा की फसल लेने के लिए प्रेरित करने के लिए अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। अधिकाधिक खेतो का मिट्टी परीक्षण करवाकर, परिणाम के आधार पर उर्वरक का उपयोग करने हेतु किसानों को जागरूक करने के निर्देश भी कृषि विभाग को दिए गये।

उर्वरक की मांग उपलब्‍धता और वितरण की समीक्षा में कलेक्‍टर ने निर्देश दिए, कि कृषि विभाग सुनिश्चित करें, कि किसानों को शासन द्वारा निर्धारित मूल्‍य पर ही उर्वरक का विक्रय हो, यदि कोई तय कीमत से अधिक कीमत पर विक्रय करता है, तो उसके विरूद्ध सख्‍त कार्यवाही की जाए। कलेक्‍टर ने नीमच, जावद एवं मनासा की नर्सरियों का संचालन स्‍व-सहायता समूह के माध्‍यम से करवाने और एक मई से नर्सरी का कार्य प्रांरभ करवाने के निर्देश भी उप संचालक उद्यानिकी को दिए है।

==============

जिले में 21 से 25 अप्रेल तक पंचायतों में जल चौपाल का आयोजन -नोडल अधिकारी नियुक्‍त

नीमच 17 अप्रेल 2026, जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान 19 मार्च से 30 जून 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।

जिले में ”जल की हर एक बूंद होगी संरक्षित- जनभागीदारी से जल संचय” की थीम पर प्रत्‍येक ग्राम पंचायतों में जल चौपाल आयोजित की जा रही है। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण एवं संचयन गतिविधियों के आयोजन, जल संरचनाओं से प्‍लास्टिक कचरे की साफ-सफाई जल के बेहतर उपयोग के लिए जल प्रबंधन, कृषि, उद्यानिकी, कृषि विज्ञान केंद्र के अमले के साथ ग्राम पंचायत मुख्‍यालयों पर निर्धारित तिथियों में जल चौपाल हेतु ग्राम सभा का आयोजन किया जावेगा। संबंधित ग्राम पंचायत के क्षेत्रिय उपयंत्री, पीसीओ, एडीईओ जल चौपाल के आयोजन हेतु नोडल नियुक्‍त किए गए है। माह के प्रत्‍येक द्वितीय शुक्रवार को आवंटित ग्राम पंचायत का भ्रमण करेंगे। जनपद क्षेत्र नीमच में 68, मनासा में 102 व जावद में 73 नोडल अधिकारियों को जल चौपाल आयोजन का दायित्‍व सौंपा गया है।

============

जल गंगा संवर्धन अभियान जल स्त्रोत सेवा समागम सम्‍पन्‍न

कलश यात्रा के साथ सामुहिक श्रमदान, घाट की सफाई की

नीमच 17 अप्रेल 2026, जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल स्त्रोत सेवा समागम कार्यक्रम के द्वितीय चरण में जन अभियान परिषद विकासखंड नीमच की नवांकुर संस्था जय श्री आरोग्य जनकल्याण समिति और ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति भरभडिया ने ग्राम में कलश यात्रा के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश देकर तालाब घाट पर जल स्त्रोत पूजन, संभाग समन्‍वयक श्री शिव प्रसाद मालवीय, सरपंच श्रीमती संगीता पाटीदार, जिला समन्वयक श्री वीरेंद्र सिंह ठाकुर, श्री सत्यनारायण पाटीदार की विशेष उपस्थिति में किया गया। पूजन उपरांत तालाब के दो घाटों पर सामूहिक श्रमदान के माध्यम से घाट की साफ सफाई की। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता, ग्रामीणजन उपस्थित थे।

============

अनुदानित यूरिया का गैर-कृषि उपयोग रोकने “जिला एवं अनुभाग स्तरीय” टास्क फोर्स गठित

नीमच 17 अप्रैल 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने कालाबाजारी रोकने एवं संतुलित उर्वरक उपयोग को बढ़ावा देने के लिए अनुदानित यूरिया का गैर कृषि उपयोग रोकने एवं कालाबाजारी, स्टॉक होल्डिंग की नियमित मॉनिटरिंग हेतु “जिला स्तरीय” एवं “अनुभाग स्तरीय” टास्क फोर्स का गठन किया गया है।

जिला स्तरीय टास्क फोर्स में जिला मजिस्ट्रेट/कलेक्टर-अध्यक्ष है तथा पुलिस अधीक्षक-सदस्य, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत-सदस्य, उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास-सदस्य सचिव, प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख कृषि विज्ञान केंद्र-सदस्य, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र-सदस्य, उप संचालक उद्यानिकी-सदस्य, परियोजना संचालक (आत्मा)-सदस्य बनाए गये है।

अनुभाग स्तरीय टास्क फोर्स में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व)-अध्यक्ष है तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस)-सदस्य, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत-सदस्य, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी/उर्वरक निरीक्षक-सदस्य सचिव, वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी-सदस्य, बी.टी.एम./ए.टी.एम.(आत्मा)-सदस्य बनाए गये है।

टास्क फोर्स द्वारा उर्वरकों की स्टॉक होल्डिंग, कालाबाजारी एवं अत्यधिक मूल्य पर सख्त निगरानी रखी जाएगी। यूरिया, डी.ए.पी. के अत्यधिक उपयोग को रोकने एवं एन.पी.के. उर्वरकों के संतुलित उपयोग हेतु कृषकों को किसान गोष्ठी आदि के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। एकीकृत पोषक प्रबंधन संबंधी फसल प्रदर्शन, जैविक एवं प्राकृतिक खेती के क्षेत्र को बढ़ाने हेतु आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। आई.एफ.एम.एस. पोर्टल के माध्यम से उर्वरक विक्रय पर नियमित निगरानी की जाएगी। दैनिक निरीक्षण कर अनियमितताएं पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। ग्राम स्तर पर उर्वरक निगरानी तंत्र “धरती माता बचाओ अभियान” को सशक्त बनाकर उर्वरकों की अत्यधिक बिक्री पर निगरानी रखी जाएगी तथा आत्मा एवं कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा अनुदानित उर्वरकों का ई-विकास प्रणाली से 100 प्रतिशत विक्रय, मृदा स्वास्थ्य कार्ड की सिफारिशों के आधार पर उर्वरकों का विवेकपूर्ण उपयोग, जैव एवं कार्बनिक उर्वरकों, ग्रीन मैन्योर, एन.पी.के. एवं एस.एस.पी. के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा।

कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा, कि डी.ए.पी. के स्थान पर एन.पी.के. एवं एस.एस.पी. का उपयोग अधिक कारगर है तथा दलहन एवं तिलहन फसलों के लिए एस.एस.पी. उर्वरक में उच्च फास्फोरस एवं सल्फर तत्व होने से फसल उत्पादन में वृद्धि होगी। यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।

============

मासिक किराए पर टैक्‍सी वाहन लगाने के लिए निविदा आमंत्रित

नीमच 17 अप्रेल 2026, वित्‍तीय वर्ष 2026-27 की शेष अवधि के लिये जिला जनसंपर्क कार्यालय नीमच में मासिक किराये पर बोलेरो, स्‍कारपियों, इनोवा, टैक्‍सी वाहन, किराये पर लेने के लिये निविदा दरें (द्वितीय आमंत्रण) आमंत्रित की गई है। निविदा के प्रपत्र और शर्ते कार्यालयीन दिवसों में 22 अप्रैल 2026 को दोपहर 12 बजे पूर्व 500 रूपये नगद जमा कर जिला जनसंपर्क कार्यालय नीमच से प्राप्‍त किए जा सकते है। भरी हुई निविदाएं 23 अप्रैल 2026 को अपरान्‍ह 12 बजे तक जमा की जा सकती हैं। निर्धारित समय के पश्‍चात प्राप्‍त होने वाली निविदाओं पर कोई विचार नहीं किया जायेगा। प्राप्‍त निविदाएं 23 अप्रैल 2026 अपरान्‍ह 3 बजे जिला जनसंपर्क कार्यालय नीमच में समिति व्‍दारा निविदाकारों के समक्ष खोली जाएगी। प्राप्‍त दरों पर अंतिम निर्णय समिति द्वारा लिया जाएगा, जो सभी को मान्‍य होगा। विस्‍तृत जानकारी जिला जनसंपर्क कार्यालय नीमच से कार्यालयीन समय में प्राप्‍त की जा सकती हैं।

उल्‍लैखनीय है, कि पूर्व में 10 अप्रेल 2026 तक वाहन किराए पर लेने के लिए निविदा आमंत्रित आवंटित की गई थी। पर्याप्‍त निविदा प्राप्‍त नही होने और निविदा कार्यवाही पूर्ण नहीं होने के कारण यह द्वितीय निविदा आमंत्रण किया जा रहा हैं।

===============

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}