सहायक सचिवों को 4 माह से मानदेय नहीं मिला, आक्रोषित सहायक सचिवों ने रैली निकाल कर दिया ज्ञापन

सहायक सचिवों को 4 माह से मानदेय नहीं मिला, आक्रोषित सहायक सचिवों ने रैली निकाल कर दिया ज्ञापन
मंदसौर। मध्यप्रदेश पंचायत सहायक सचिव संगठन द्वारा मानदेय एवं शासन के आदेशों का जिले में क्रियान्वयन नहीं होने से आक्रोशित होकर बुधवार को जिला पंचायत मंदसौर में नारेबाजी कर मुख्यमंत्री के नाम जिला पंचायत सीईओ को ज्ञापन सौपा।मध्यप्रदेश पंचायत सहायक सचिव संगठन के जिला अध्यक्ष सुरेश सिंह परमार ने बताया की मध्यप्रदेश पंचायत सहायक सचिव / ग्राम रोजगार सहायक संगठन की बैठक जनपद पंचायत सभागृह मंदसौर में आयोजित की गई। जिसमें शासन के आदेशों को लागु नहीं करने एवं मानदेय नहीं मिलने को लेकर जिले के सहायक सचिवों द्वारा आक्रोश व्यक्त करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
जिले के सभी सहायक सचिव रैली के रूप में जिला पंचायत मंदसौर पहुंचे। जहां अतिरिक्त जिला पंचायत सीईओ को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में मांग की गई की शासन की सभी योजनाओं को क्रियान्वयन पंचायत सहायक सचिव द्वारा करने के बावजूद भी चार माह से अल्प मानदेय 18000 रु नहीं मिला है। साथ ही मानदेय भी एक कर्मचारी को दो विभागों द्वारा दिया जा रहा है। जिससे कभी 9000 मिलते हैं कभी 9000 नहीं मिलते हैं।
मध्य प्रदेश शासन द्वारा पंचायत में एक पंचायत एक सचिव की व्यवस्था करने के आदेश जारी किए गए हैं। उसके बाद भी मंदसौर जिले में सहायक सचिवों को सचिव का प्रभार नहीं मिला है। मनरेगा निर्माण कार्यों में जहां सहायक सचिवों पर कार्य पूर्ण करने का दबाव बनाया जाता है। लेकिन सामग्री भुगतान के समय सहायक सचिव को जानकारी नहीं दी जाती है। मनरेगा परिषद से ग्राम रोजगार सहायक को बीएलओ के कार्य से मुक्त रखने के निर्देश दिये गए है लेकिन उसके बाद भी मंदसौर में सहायक सचिव को बीएलओ के प्रभार दिया गया है, जिससे मुक्त किया जाए।
साथ ही मल्हारगढ़ जनपद पंचायत के सहायक सचिव नितिन जोशी के ऊपर एक पक्षीय कार्रवाई करते हुए झार्डा पंचायत से हटा दिया है ओर सचिव पर कोई कार्यवाही नहीं की गई है। उपरोक्त मांगो का निराकरण नहीं होने पर सहायक सचिव संगठन द्वारा आंदोलन किया जायेगा।जिसकी समस्त जवाबदारी मध्यप्रदेश शासन और जिला प्रशासन की रहेगी।



