कलेक्टर ने धुंधडका स्थित नायब तहसीलदार न्यायालय का आकस्मिक निरीक्षण किया

6 माह से 1 वर्ष के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से करें निराकरण : कलेक्टर श्रीमती गर्ग
मंदसौर। जिले में राजस्व प्रकरणों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण को लेकर कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग लगातार सक्रिय रूप से मॉनिटरिंग कर रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने धुंधडका स्थित नायब तहसीलदार न्यायालय का आकस्मिक निरीक्षण किया और वहां लंबित प्रकरणों की स्थिति का विस्तृत अवलोकन किया।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने न्यायालय में लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि 6 माह से 1 वर्ष तक के लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रकरण आमजन से सीधे जुड़े होते हैं, इसलिए इनमें अनावश्यक विलंब कतई स्वीकार्य नहीं होगा। कलेक्टर ने 3 माह से 6 माह तक लंबित मामलों को भी जल्द से जल्द निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतिदिन नियमित रूप से न्यायालय में बैठकर प्रकरणों की सुनवाई करें और समयबद्ध तरीके से उनका समाधान सुनिश्चित करें।भूमि आवंटन से जुड़े प्रकरणों पर विशेष ध्यान देते हुए कलेक्टर ने कहा कि इन मामलों को किसी भी स्थिति में लंबित न रखा जाए। उन्होंने नामांतरण, सीमांकन सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की भी समीक्षा की और सभी मामलों में पारदर्शिता एवं गति बनाए रखने पर जोर दिया।कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को त्वरित एवं सरल न्याय उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, इसलिए सभी प्रकरणों का समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन, एसडीएम मंदसौर श्री शुभम पाटीदार, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



