महावीर जयंती ,आस्था ,भक्ति का संगम
महावीर जयंती ,आस्था ,भक्ति का संगम
चौमहला /झालावाड़
रिपोर्ट रमेश मोदी
झालावाड़ जिले के चौमहला कस्बे में जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर व अहिंसा के प्रतीक भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक महोत्सव आज मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया।
सकल जैन श्री संघ द्वारा भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा को रथ में विराजित कर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा स्टेशन चौराहे स्थित श्रेयांसनाथ जैन मंदिर से शुरू होकर कस्बे के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए जैन अतिथि गृह तक पहुँची।
रथ यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं, ग्राम पंचायत और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर भगवान महावीर स्वामी का स्वागत किया। समाज के श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर भगवान की आरती कर शोभायात्रा का आदरपूर्वक स्वागत किया।
जैन अतिथि गृह पहुंचने पर समाज के प्रतिभाशाली बच्चों का सम्मान किया गया, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित कर परिवार और समाज का नाम रोशन किया। इसके पश्चात सत्यनारायण धर्मशाला में स्वामी वात्सल्य का आयोजन किया गया।
रथ यात्रा के दौरान सभी समाजजन अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर पूरी भक्ति और श्रद्धा के साथ महोत्सव में भाग लिया



