समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 29 मार्च 2026 रविवार

समाचार मध्यप्रदेश रतलाम 29 मार्च 2026 रविवार
अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम अंतर्गत जिला सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक संपन्न
रतलाम : शनिवार, मार्च 28, 2026,
अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम अंतर्गत जिला सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता मे कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष मे आयोजित की गई।
बैठक में लंबित राहत प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की गई। पुलिस विवेचना मे लंबित प्रकरणों के संबंध में कलेक्टर द्वारा अजाक थाना प्रभारी को निर्देश दिये गये कि जाति प्रमाण पत्र के अभाव मे लंबित प्रकरणों को सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को दे। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को निर्देशित किया गया की एस.डी.एम. वार पत्र जारी कर टी.एल. मे रखा जाये, ताकि राहत प्रकरणो का त्वरित निष्पादन हो सके। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अन्य जिलों को प्रेषित प्रकरण की स्थिति आगामी बैठक मे प्रस्तुत की जाये ।
बैठक मे विधायक रतलाम ग्रामीण श्री मथुरालाल डामर ,जनप्रतिनिधि श्री प्रभु नेका, श्री राजकुमार मालवीय ,श्री मधु शिरोडकर ,डीएसपी अजाक श्री सारवान, जिला लोक अभियोजन से श्री लच्छु सिंह गोयल , श्रीमती पार्वती गौड थाना प्रभारी अनुसूचित जाति/जनजाति थाना प्रकोष्ठ रतलाम, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य श्रीमती रंजना सिंह उपस्थित थे।
===============
रतलाम में रविवार को लगेगा जैविक हाट
रतलाम : शनिवार, मार्च 28, 2026,
परियोजना संचालक आत्मा श्री निर्भय सिंह नर्गेश ने बताया कि पावर हाउस रोड सब्जी मण्डी सैलाना बस स्टैण्ड रतलाम में प्रत्येक रविवार को जैविक हाट लगाने हेतु नियत किया गया। सब्जी मण्डी में 29 मार्च रविवार को जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों के विक्रय हेतु किसान भाई जैविक/प्राकृतिक उत्पाद लेकर आएंगे । जैविक हाट प्रात 08:00 बजे से विक्रय हेतु चालू रहेगा समस्त नागरिकगण मण्डी में पहुंचकर जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों को क्रय कर सकते है।
==============
ग्रामीण युवतियों के लिए निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण का सुनहरा अवसर
रतलाम : शनिवार, मार्च 28, 2026,
रतलाम जिले की ग्रामीण युवतियों एवं महिलाओं के लिए एक विशेष अवसर प्रदान किया जा रहा है। आरसेटी वीरियाखेड़ी, जुलवानिया रोड रतलाम में 01 अप्रैल 2026 से 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों एवं महिलाओं हेतु 30 दिवसीय निःशुल्क सिलाई (टेलरिंग) प्रशिक्षण प्रारंभ किया जाएगा । इच्छुक अभ्यर्थी प्रशिक्षण हेतु पंजीयन करा सकते है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को चाय, नाश्ता, भोजन एवं आवास की सुविधा निःशुल्क प्रदान की जाएगी। साथ ही सर्टिफाइड ट्रेनर द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा और यूनिफॉर्म भी संस्थान द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद स्वरोजगार हेतु ऋण आवेदन संस्था द्वारा किया जाएगा। पंजीयन के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड, शैक्षणिक मार्कशीट, बैंक पासबुक की फोटोकॉपी एवं चार पासपोर्ट साइज फोटो आवश्यक होंगे। अधिक जानकारी एवं पंजीयन हेतु मोबाइल नंबर 8085607511, 9691614861, 7869474364, 9004644921, 6266039749 पर संपर्क कर सकते है।
============
वृद्धजनों के लिए स्वास्थ्य और विधिक सहायता शिविर आयोजित
रतलाम : शनिवार, मार्च 28, 2026,
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं म. प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष सुश्री नीना आशापुरे की अध्यक्षता में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर एवं वृहद विधिक जागरूकता शिविर लक्कड़पीठा स्थित वृद्धाश्रम, रतलाम में आज 28 मार्च को आयोजित किया गया।
इस अवसर प्रधान जिला न्यायाधीश द्वारा वृद्धाश्रम के आसपास का निरीक्षण किया गया। जिसमें वृद्धाश्रम के पीछे नाले में गंदगी बहुत ज्यादा पायी गई जिससे पानी रूका होने से कचरा एकत्रित हो गया है, जिसे यथाशीघ्र नगर निगम की टीम द्वारा सफाई करवाने हेतु निर्देशित किया। साथ ही वरिष्ठजन को मिलने वाली सुविधाओं जैसे- भोजन, स्वास्थ्य, मनोरंजन आदि के बारे में जानकारी ली गयी। इस अवसर पर अध्यक्ष द्वारा विशेष रूचि लेकर वृद्धजन की समस्याओं को सुना गया एवं उनके समाधान हेतु जिला प्राधिकरण की टीम को निर्देशित किया गया एवं वृद्धजन को उनके परिवारों में पुर्नस्थापित किये जाने हेतु पहल की गयी। उपस्थितजन को निःशुल्क विधिक सहायता एवं सलाह प्रदान की गई। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रतलाम द्वारा संचालित उक्त शिविर में जनरल मेडीसिन, स्त्री रोग, नेत्र रोग, नाक कान एवं गला आदि विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध रहे। जिनके द्वारा ब्लड प्रेशर, शुगर जांच, सामान्य जांच, मोतियाबिंद एवं आंखों से संबंधित सभी जांचे आदि करवाई गई। साथ ही कुछ वरिष्ठजन को डॉक्टर्स द्वारा अन्य आवश्यक परीक्षण हेतु जिला चिकित्सालय में बुलवाये जाने हेतु चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया गया। जिसकी जिला प्राधिकरण, रतलाम द्वारा मॉनीटरिंग की जावेगी।
आज के कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती सपना भारती कतरोलिया, न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रतलाम श्री नीरज पवैया, जिला विधिक सहायता अधिकारी, न्यायाधीश/जिला रजिस्ट्रार श्री अनुपम तिवारी, न्यायाधीश श्री अरूण सिंह ठाकुर, जिला विधिक सहायता अधिकारी सुश्री पूनम तिवारी एवं जिला चिकित्सालय के डॉक्टर्स एवं नर्सिंग स्टॉफ की टीम, पैरालीगल वालेंटियर्स उपस्थित थे । इस अवसर कुल 26 वृद्धजन को आंखो के चश्मे एवं 05 वरिष्ठजन को स्टिक तथा 06 वरिष्ठजन के आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पीएलव्ही द्वारा की गई।
===============



