मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 29 मार्च 2026 रविवार

///////////////////////////////

शिफा और शकीना अन्य बालिकाओं के लिए बनीं प्रेरणा एचपीवी टीकाकरण को मिला बढ़ावा

मंदसौर 28 मार्च 2026/ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नाहरगढ़ में एक प्रेरणादायक एवं भावुक पहल देखने को मिली, जहाँ नन्ही बालिकाओं शिफा और शकीना ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी वैक्सीन लगवाकर समाज के सामने एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया। उनकी इस पहल ने अन्य किशोरियों एवं अभिभावकों को भी जागरूक होने का संदेश दिया है।

इस अवसर पर आयोजित जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति लोगों को जानकारी दी गई तथा टीकाकरण के महत्व को समझाया गया। शिफा और शकीना ने टीकाकरण के बाद भावुक अपील करते हुए कहा कि उन्होंने यह टीका अपनी सुरक्षा के साथ-साथ अपने दोस्तों के बेहतर भविष्य के लिए लगवाया है, और वे चाहती हैं कि प्रत्येक 14 वर्ष की बालिका इस टीके का लाभ उठाए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोविंद सिंह चौहान ने भी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बेटियों का स्वास्थ्य सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि 14 वर्ष की आयु में एचपीवी वैक्सीन लगवाकर सर्वाइकल कैंसर जैसी घातक बीमारी से बचाव संभव है, जिससे बेटियों का भविष्य सुरक्षित और स्वस्थ बनाया जा सकता है।

यह पहल न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रही है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश भी दे रही है।

=======

होमगार्ड परिसर में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित, 16 यूनिट हुआ रक्तदान

मंदसौर 28 मार्च 2026/ जिला होमगार्ड एवं SDERF इकाई के जवानों के लिए आज होमगार्ड कार्यालय परिसर में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अनुयोग अस्पताल के संचालक डॉ. योगेंद्र कोठारी एवं उनकी टीम द्वारा मानसेवी सेवाएं प्रदान करते हुए जवानों एवं उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

इस स्वास्थ्य शिविर में होमगार्ड एवं SDERF जवानों के साथ-साथ सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स और उनके परिवारजनों ने भी लाभ लिया। इस अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान अभियान भी आयोजित किया गया, जिसमें डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री वीरेंद्र सिंह जादौन सहित जवानों द्वारा लगभग 16 यूनिट रक्तदान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बेहतर स्वास्थ्य एवं नियमित स्वास्थ्य जागरूकता बनाए रखने के संबंध में सभी को संबोधित किया गया। साथ ही उपस्थित जवानों एवं वॉलंटियर्स के लिए परिवार स्वास्थ्य आईडी बनाने की जानकारी दी गई, जिससे भविष्य में आवश्यकता होने पर चयनित जांच एवं उपचार अनुयोग अस्पताल द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराया जा सकेगा। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान सभी जवानों का सामान्य स्वास्थ्य संतोषजनक पाया गया।

===========

मिटती विरासत को मिला जीवन: जल गंगा संवर्धन अभियान से निखरी प्राचीन बावड़ी

मंदसौर 28 मार्च 26/ मंदसौर जिले के भैसोदामंडी क्षेत्र में स्थित एक प्राचीन बावड़ी, जो कभी स्थानीय लोगों के जीवन का प्रमुख जल स्रोत हुआ करती थी, आज फिर से अपनी पुरानी पहचान हासिल कर चुकी है। यह परिवर्तन संभव हुआ जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत किए गए जीर्णोद्धार कार्यों से, जिसने एक उपेक्षित धरोहर को नई जिंदगी दे दी।

वर्षों से देखरेख के अभाव में यह ऐतिहासिक बावड़ी पूरी तरह घास-फूस, झाड़ियों और गंदगी से ढक चुकी थी। पानी दूषित हो चुका था और इसका उपयोग लगभग समाप्त हो गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह बावड़ी ग्वालियर रियासत काल की एक महत्वपूर्ण जल संरचना थी, जो कभी आसपास के क्षेत्र की प्यास बुझाती थी और सामाजिक जीवन का केंद्र हुआ करती थी।

लेकिन जब जल गंगा संवर्धन अभियान की शुरुआत हुई, तो इस बावड़ी के कायाकल्प का कार्य भी प्राथमिकता में लिया गया। साफ-सफाई, कचरा हटाने, जल स्रोत को पुनर्जीवित करने और आसपास के क्षेत्र के सौंदर्यीकरण जैसे कार्य किए गए। इसके परिणामस्वरूप आज यह बावड़ी एक बार फिर स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक रूप में सामने आई है।

अब यह केवल जल संरक्षण का माध्यम नहीं रही, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी बन गई है। स्थानीय नागरिकों में भी इस पहल को लेकर जागरूकता बढ़ी है और वे इसके संरक्षण के लिए आगे आ रहे हैं।

भैसोदामंडी की यह सफलता कहानी बताती है कि यदि सामूहिक प्रयास और सही दिशा में काम किया जाए, तो पुरानी धरोहरों को फिर से जीवंत किया जा सकता है। जल गंगा संवर्धन अभियान न केवल जल संरक्षण की दिशा में एक मजबूत कदम है, बल्कि यह हमारी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को बचाने का भी सशक्त माध्यम बन रहा।

==============

मगरमच्छ को रेस्क्यू कर गांधीसगर ले जाया गया

सीतामऊ – आज रात्रि में मंदसौर रोड स्थित भेरू सेठ की दुकान के पास मगरमच्छ देखा गया था, जिसकी सूचना मिलने पर नगर परिषद अध्यक्ष मनोज शुक्ला एवं पुलिस टिम भी मौके पर पहुंची ओर रेस्क्यू टीम को सूचना की गई रात करीब दो बजे इस मगरमच्छ को रेस्क्यू कर गांधीसगर ले जाया गया।

कुछ समय से सीतामऊ तालाब में भी एक मगरमच्छ दिखाई दे रहा था, हो सकता है ये वही मगरमच्छ हे, जो रात्रि में तालाब से बाहर आ गया होगा।

=============

मंदसौर प्रथम खंड में आज से अफीम का तोल शुरू, पहले दिन 361 किसानो को बुलाया है

=============

नगर परिषद शामगढ का पैसा जमा नहीं हुआ तो पाइपलाइन काट दी जाएगी

शामगढ- नगर परिषद शामगढ ने बताया कि थाना परिसर में रह रहे कर्मचारियों का लगभग 94200 रुपए बकाया है सुविधा तो पूरी ले रहे हैं लेकिन नल का पैसा जमा नहीं कर रहे हैं 31 मार्च तक पैसा जमा नहीं हुआ तो पुरे थाना परिसर का नल जल की पाइपलाइन काट दी जाएगी।

==============

अभिव्यक्ति स्थल पर हर रविवार सजेगा जैविक हाट बाजार

मंदसौर 28 मार्च 26 / जिले में प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा किसानों को उनकी उपज के लिए उचित विपणन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा अभिव्यक्ति स्थल, महाराणा प्रताप बस स्टैंड के पास, मंदसौर में जैविक हाट बाजार का आयोजन किया जा रहा है।

उप संचालक कृषि एवं किसान कल्याण विभाग श्री रविंद्र मोदी ने बताया कि यह जैविक हाट बाजार प्रत्येक रविवार, प्रातः 11.00 बजे से नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। इस हाट बाजार में मंदसौर जिले के जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले कृषक, कृषक समूह तथा स्व-सहायता समूह अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं को विक्रय कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि प्राकृतिक उत्पादों की बिक्री हेतु यह एक सशक्त मंच प्रदान करेगा। साथ ही उपभोक्ताओं को शुद्ध, स्वास्थ्यवर्धक एवं रसायन मुक्त उत्पाद उचित दरों पर उपलब्ध होंगे।

जिले के समस्त जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले कृषकों, उत्पादक समूहों तथा क्रेता-विक्रेताओं से आग्रह किया गया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में जैविक हाट बाजार में सहभागिता करें। अधिक जानकारी हेतु संपर्क करें: – 9630202379, 6269698309

============

कार्यालयों में  समिति का गठन नहीं किया तो 50 हजार रूपए का जुर्माना होगा

मंदसौर 28 मार्च 26 / जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अधिकारी बी.एल. बिश्नोई द्वारा बताया गया कि महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम-2013 द्वारा महिलाओं को कार्यस्थल पर सुगम वातावरण, सुरक्षा प्रदान करते हुए मजबूत शिकायत तंत्र प्रावधानित किया है। अधिनियम की धारा-4 के अंतर्गत प्रत्येक नियोजक आंतरिक समिति का गठन करेगा। प्रत्येक कार्यालय (शासकीय / प्रायवेट) जहां 10 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं, ऐसे कार्यालय में एक आंतरिक समिति का गठन होना अनिवार्य है।

समिति के पीठासीन अधिकारी एवं सदस्यों की नियुक्ति अधिकतम तीन वर्ष के लिए होती है। तीन वर्ष पश्चात समिति का पुनर्गठन किया जाना होता है। जिले के प्रत्येक 10 से अधिक कर्मचारी कार्यरत शासकीय/ अशासकीय कार्यालय में समिति का गठन पीठासीन अधिकारी कार्यस्थल पर कार्यरत वरिष्ठ महिला कर्मचारी, वरिष्ठ महिला उपलब्ध न होने पर अन्य कार्यालय से किसी अन्य महिला को आमंत्रित किया जाएगा।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने समस्त अशासकीय संस्थाओं में आंतरिक समिति का गठन करें अथवा पूर्व में गठित समितियों का तीन वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के पश्चात नवीन समिति का गठन कर She BOX प्रोर्टल पर रजिस्‍ट्रेशन अनिवार्य रूप से करे, अन्यथा इस स्थिति में कार्यालयीन समिति का सही गठन या गठन न होने पर अधिनियम की धारा-26(1) के अनुसार 50 हजार रुपए की राशि से जुमनि से दंडित करने की कार्रवाई की जाएगी।

============

सुपर 5 हजार योजना के लिए 10वीं–12वीं के विद्यार्थी 31 मार्च तक करें आवेदन

मंदसौर 28 मार्च 26 / सहायक श्रम आयुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत पंजीबद्ध निर्माण श्रमिकों के पुत्र/पुत्रियों के लिए संचालित “सुपर 5 हजार” योजना अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2024–25 में माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं परीक्षा में प्रथम 5 हजार तथा 12वीं कक्षा में संकायवार प्रथम 5 हजार विद्यार्थियों की प्रावीण्य सूची श्रम सेवा पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है।

योजना अंतर्गत पात्र विद्यार्थियों को मंडल द्वारा एकमुश्त 25 हजार रुपये की नगद प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। पात्र निर्माण श्रमिकों की संतानों द्वारा विद्यालय के माध्यम से निर्धारित आवेदन पत्र 31 मार्च 2026 तक प्रस्तुत किए जा सकते हैं।

आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेजों में निर्माण श्रमिक का पोर्टल जनरेटेड परिचय पत्र, निर्माण श्रमिक/पंजीयन धारक की बैंक पासबुक की छायाप्रति (जिसका बैंक खाता विवरण परिचय पत्र में अंकित हो), संस्था प्रमुख द्वारा जारी वर्तमान में अध्ययनरत होने का प्रमाण पत्र एवं अंकसूची की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा। अधिक जानकारी हेतु संबंधित विद्यालय या श्रम कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

==========

भगवान महावीर जन्म कल्याणक पर जैएसजी मेन द्वारा विशाल निःशुल्क रक्त परीक्षण(ब्लड टेस्ट) एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन  

मंदसौर। भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक महोत्सव के पावन अवसर पर सकल जैन समाज मंदसौर के तत्वावधान में सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल पेश की जाएगी। इस मंगलमय प्रसंग पर जैन सोश्यल ग्रुप मेन मंदसौर द्वारा जिला चिकित्सालय के विशेष सहयोग से जेएसजी चिकित्सा सेवा प्रकल्प के अंतर्गत एक विशाल निःशुल्क रक्त परीक्षण एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह भव्य आयोजन आगामी 31 मार्च,2026 मंगलवार को नयापुरा रोड स्थित रुद्राक्ष माहेश्वरी भवन में संपन्न होगा, जिसका समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
संस्था के अध्यक्ष कमल कच्छारा, प्रोजेक्ट चेयरमैन संजय जैन (श्वेता) और सचिव अशोक कर्नावट ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य भगवान महावीर के जीओ और जीने दो के सिद्धांत को जन-सेवा के माध्यम से चरितार्थ करना है। शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें बाजार में हजारों रुपए मूल्य वाली महंगी और महत्वपूर्ण जांचें पूरी तरह निःशुल्क की जाएंगी। विशेषज्ञ टीम द्वारा सीबीसी, एलएफटी, आरएफटी, लिपिड प्रोफाइल, थायराइड (टी3, टी4, टीएसएच), विटामिन-डी, विटामिन-बी12, आरबीएस और कैल्शियम जैसी सूक्ष्म एवं आवश्यक जांचें की जाएंगी, जिससे आमजन को बेहतर स्वास्थ्य परामर्श मिल सके। विशेष नि:शुल्क जांच करवाने के लिए अपना आधार कार्ड साथ में अवश्य लेकरआए।
इसी कड़ी में मानवता की रक्षा के लिए विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन होगा। संस्था ने विशेष रूप से युवाओं और 18 से 60 वर्ष के स्वस्थ स्त्री-पुरुषों से रक्तदान की अपील की है। पदाधिकारियों ने बताया कि एक यूनिट रक्तदान से तीन जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाया जा सकता है, इसलिए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए अधिक से अधिक संख्या में युवाओं को इस जीवनदान के अभियान से जुड़ना चाहिए।
जैन सोशल ग्रुप मेन परिवार इस आयोजन की तैयारियों में जोर-शोर से जुटा हुआ है। संस्था ने नगर के सभी नागरिकों से इस पुनीत अवसर का लाभ उठाने और अपनी सेहत के प्रति जागरूक बनने का आग्रह किया है। रक्तदान हेतु इच्छुक दानदाता  संजय जैन (श्वेता)9826061167 से संपर्क कर अपना पंजीयन सुनिश्चित करा सकते हैं।

=============

7 हजार की रिश्वत लेते दबोचे गए दरोगा की पेंट हो गई गीली!

मध्य प्रदेश के खरगोन में लोकायुक्त पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक अनोखा नजारा देखने को मिला। कसरावद थाने के ASI रवींद्र कुमार गुरु को 7,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। टीम को देखते ही दरोगा इतने घबरा गए कि उनकी पैंट गीली हो गई। यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

=============

मंदसौर  देर रात नेहरू बस स्टैंड पर विवाद हुआ

मंदसौर :-प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक प्रकाश राठौड़ और पंकज राठौर दोनों सगे भाई हैं और मंदसौर नेहरू बस स्टैंड क्षेत्र में साईं कृपा होटल संचालित करते हैं। इसी दौरान दो युवक, जिनमें एक उपेंद्र और उसका एक साथी शामिल था, सब्जी के दाम को लेकर होटल संचालकों से विवाद करने लगे। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद युवक वहां से चले गए थोड़ी देर बाद वापस आकर दोनों युवकों ने होटल पर ईट फेंकना चालू कर दी जिसमें होटल संचालक प्रकाश राठौड़ और उनके भाई पंकज राठौर को चोट लगी है इसके बाद दोनों पक्षों में मार पीट हो गई वहीं पुलिस मौके पर पहुंची और होटल संचालक सहित तीन लोगों को जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए लाया गया।

==============

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}