समाचार मध्यप्रदेश नीमच 27 मार्च 2026 शुक्रवार

///////////////////////////////////////
कोई भी अविवादित नामांतरण प्रकरण समय-सीमा से बाह्य ना हो- मुख्य सचिव
मुख्य सचिव ने वीडियों कांफ्रेसिंग के माध्यम से की जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा वी.सी. में की गेहूं, उपार्जन तैयारियों, उर्वरक, पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी की उपलब्धता एवं वितरण की समीक्षानीमच 26 मार्च 2026, प्रदेश के मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने गुरूवार को वीडियों कांफ्रेसिंग के माध्यम से जिलो के कलेक्टर एवं एस.पी.तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान, गेहूं उपार्जन तैयारियों, उर्वरक, पेट्रोल, डीजल एवं एल.पी.जी.की उपलब्धता एवं वितरण की विस्तार से समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि उर्वरक का शतप्रतिशत वितरण ई-विकास प्रणाली, ई-टोकन के माध्यम से ही किया जाए। प्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल की पर्याप्त उपलब्धता एवं सभी जिलो में आपूर्ति निर्बाध बनी हुई है। एलपीजी प्लांट से भी पर्याप्त गैस की आपूर्ति की जा रही है। गेहूं उपार्जन कार्य की समीक्षा दौरान निर्देश दिए गये, कि उपार्जन के लिए पंजीकृत किसानों का सत्यापन कार्य पूर्ण करें। एफ.ए.क्यू. मानक का गेहूं उपार्जित किया जाए।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए, कि एम.पी.ई.सेवा पोर्टल/ एप्प के प्रति आमजनों को जागरूक किया जाए। इस एप्प/ पोर्टल के माध्यम से प्रदेश सरकार की विभिन्न विभागों की 970 सेवाओं का लाभ एक ही पोर्टल एप्प से लिया जा सकता है। मुख्य सचिव ने सभी जिलों को समग्र ईकेवायसी का शतप्रतिशत कार्य अप्रेल माह में अभियान चलाकर पूर्ण करवाने के निर्देश भी दिए है। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत कोई भी आवेदन समय-सीमा बाह्य ना जाए। अविवादित नामांतरण के प्रकरण भी समय-सीमा में निराकृत हो। मुख्य सचिव ने 9 जिलों के 34 गांवों की स्वामित्व योजना के तहत ग्राउन्ड ट्रूथिंग का कार्य 10 अप्रेल तक पूरा करवाने के निर्देश दिए। बैठक में नारकोड समिति की बैठक में नियमित रूप से आयोजित कर पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए।
नीमच के एनआईसी कक्ष में इस वी.सी. में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, एस.पी.श्री अंकित जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस.कलेश व अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।
============
खोर एवं जावद में खाद्य सुरक्षा टीम ने की कार्रवाई- चार फर्मो का निरीक्षण कर लिए नमूने
नीमच 26 मार्च 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा नीमच की टीम ने खोर एवं जावद में चार खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण कर, नमूने लिए और खाद्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 32 के तहत सुधार सूचना पत्र जारी किए है।खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री यशवंत कुमार शर्मा ने बताया, कि टीम ने गुरूवार को फर्म मयंक इंटरप्राइजेज विक्रम सीमेंट फैक्ट्री कैंटीन खोर का आकस्मिक निरीक्षण कर, खाद्य पदार्थ धनिया, विभिन्न दालों के 4 के नमूने जांच हेतु लिए है। मौके पर पर्याप्त साफ, सफाई नहीं होने, मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर नोटिस जारी किया गया है। फर्म महालक्ष्मी किराना एवं जनरल स्टोर खोर विक्रम नगर का आकस्मिक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थ चवला, हरामूंग, राजमा, काबुली चना के कुल 4 नमूने लिए गए।
फर्म मुकेश नमकीन जवाद का आकस्मिक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थ नमकीन का नमूना लिया गया। मौके पर पर्याप्त साफ सफाई नहीं होने, मेडिकल प्रमाण पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम की धारा 32 के अंतर्गत सुधार सूचना पत्र जारी किया गया है। फर्म महेश किराना स्टोर जावद का आकस्मिक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थ चवला, बेसन, हरामुंग, पोहा के 4 नमूने लिए गए है।
समस्त खाद्य कार्यकर्ताओं को मौके पर खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 एवं नियमों का पालन करने निर्देश दिए है। यह कार्यवाही खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राजू सोलंकी एवं श्री यशवंत कुमार शर्मा ने की है।
=================
अफीम कृषक बंधु किसी के भी प्रलोभन में ना आए- प्रबंधक श्री राव
प्रबंधक श्री राव ने की किसानों से अपील
नीमच 26 मार्च 2026, शासकीय अफीम एवं क्षारोद कारखाना नीमच के प्रबंधक श्री संजय कुमार राव ने बताया, कि शासकीय अफीम एवं क्षारोद कारखाना, नीमच में फसल वर्ष 2025-26 हेतू केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो विभाग के अफीम तौल केंद्रों से अफीम कंटेनर प्राप्त करने के तुरंत बाद सैंपलिंग एवं परीक्षण की प्रक्रिया 28 मार्च 2026 से प्रारंभ कर दी जाएगी।
इस वर्ष भी सैंपलिंग एवं परीक्षण की प्रक्रिया पिछले वर्ष की भांति ही OCTA (Opium Container Tracking Application) द्वारा की जा रही है तथा पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी जांच प्रक्रिया संपूर्ण पारदर्शिता से संपन्न की जाएगी। प्रबंधक श्री संजय कुमार राव ने बताया, कि किसान बंधु किसी भी व्यक्ति बिचैलिया एवं कर्मचारी के दिए गए किसी भी प्रकार के प्रलोभन में न आएं, क्योंकि परीक्षण की संपूर्ण प्रक्रिया को Digitized किया गया है, जो प्रणाली को अत्यधिक गोपनीय एवं पारदर्शी बनाएगा। साथ ही, यह भी अवगत कराया है, कि प्राप्त अफीम की सैंपलिंग एवं परीक्षण संबंधित संपूर्ण कार्य एक माह में समाप्त करने का शासकीय अफीम एवं क्षारोद कारखाना, नीमच द्वारा हर संभव प्रयास किया जाएगा तथा इससे संबंधित परिणाम प्रत्येक दिन विभाग की वेबसाईड https://goaf.gov.in पर अपलोड कर दिया जाएगा।
प्रबंधक श्री राव ने बताया, कि समस्या दर्ज करने हेतु पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी कार्यालय में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है एवं जिसके लिए दूरभाष संख्या 07423-226015 सोमवार से शनिवार तक प्रातःकाल 10:00 बजे से सांयकाल 06:00 बजे तक संचालित रहेगा। इसके अलावा ईमेल आई.डी. goawcontrol@gmail.com पर भी समस्याए दर्ज कराई जा सकती हैं।
अफीम फेक्ट्री के प्रबंधक श्री संजय कुमार राव ने बताया, कि कोई भी व्यक्ति, बिचैलिया एवं कर्मचारी किसी भी कृषक को मॉर्फिन की मात्रा बढाने, अफीम परिणामों में फेर-बदल करवाने अथवा गुणवत्ता से अधिक आरी का पट्टा दिलवाने का प्रलोभन देता है, तो वह उस किसान को मात्र ठगने का प्रयास करेगा। किसान बंधु किसी भी व्यक्ति, बिचैलिया एवं कर्मचारी के दिए गए किसी भी प्रकार के प्रलोभन में न आएं। यदि कोई किसान इनके झांसे में आता है, तो इससे किसान बंधुओं को आर्थिक हानि होगी।
================
भादवा माता में वृहद विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क शिविर सम्पन्न
नीमच 26 मार्च 2026, मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार गुरूवार को ग्राम पंचायत भादवा माता में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच द्वारा आमजन को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से वृहद विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच की सचिव श्रीमती शोभना मीणा, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री प्रवीण कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग से उपसंचालक श्री वैभव बैरागी, स्वास्थ्य विभाग से डॉ.जुनैद खान, आदिम जाति कल्याण विभाग से क्षेत्रीय संयोजक डॉ. प्रीतम, सामाजिक न्याय विभाग, थाना यातायात, तथा गैर शासकीय संगठन पुनर्जागरण एवं जनसाहस के पदाधिकारीगण भी उपस्थित थे।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल स्थापित कर, पम्पलेट, बैनर एवं अन्य प्रचार सामग्री के माध्यम से आमजन को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। उपस्थित वक्ताओं द्वारा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ किस प्रकार प्राप्त किया जा सकता है, इस संबंध में सरल एवं व्यवहारिक जानकारी दी गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीमच की सचिव श्रीमती शोभना मीणा द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता, पीड़ित प्रतिकर योजना, महिला एवं बाल संरक्षण, नशा मुक्ति, साइबर अपराध जागरूकता एवं अन्य विधिक प्रावधानों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी।
================
पेयजल नमूनों की जांच रिर्पोट संबंधित पंचायतों को भी दी जाए-श्री चंद्रा
जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
नीमच 26 मार्च 2026, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में “जिला जल एवं स्वच्छता मिशन” की बैठक गुरूवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, कार्यपालन यंत्री लो.स्वा.यां.विभाग श्री दीपेश वास्पत, महाप्रबंधक जल निगम श्री धीरेन्द्र कुमार बिजोरिया, सभी समिति सदस्यगण उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्री चंद्रा ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की प्रगति एवं ग्रीष्मकालीन ग्रामीण पेयजल व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। कार्यपालन यंत्री को निर्देश दिये है,कि ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों के नवीन नलकूप खनन की मांग पत्रों पर मौका निरीक्षण कर आवश्यकता के अनुरूप स्थल का चयन कर, प्रस्ताव प्रस्तुत करें। जिले की जिन ग्राम पंचायतों में जलकर की राशि वसूल नही हो रही, उन ग्राम पंचायतो की सूची तैयार कर जिला पंचायत के माध्यम से कार्यवाही करें। कलेक्टर ने निर्देश दिए है, कि जिले में किसी भी ग्राम पंचायत में पेयजल परिवहन बिना स्वीकृति के नहीं किया जावे। उन्होने निर्देश दिए, कि जल परिक्षण प्रयोगशालाओं से कोई भी पेयजल नमूना स्वीकार सीमा में नहीं पाया जाता है, तो परीक्षण रिपोर्ट संबंधित ग्राम पंचायत को अवगत कराते हुऐ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत एवं जिला पंचायत को प्रेषित करें।
बैठक में कलेक्टर श्री चंद्रा ने महाप्रबंधक, म.प्र.जल निगम को निर्देशित किया, कि पाईप लाईन खुदाई के पूर्व संबंधित विभाग को सूचना दी जाए तथा लिखित अनुमति उपरांत ही पाईप लाईन बिछाने का कार्य करें। जहां-जहां लोक निर्माण विभाग की रोड प्रस्तावित है तथा जहां पाईप लाईन निर्माण के अंतर्गत आ रही है उसे प्राथमिकता से स्थानांतरित करें।
===============
जिले की 10 समूहों में 26 एकल मदिरा दुकानों का आठवे चरण में
ई-टेण्डर के माध्यम से निष्पादन 27 मार्च को
नीमच 26 मार्च 2026, जिला आबकारी अधिकारी नीमच ने बताया, किनीमच जिले में वर्ष 2026-27 के लिये अर्थात एक अप्रेल 2026 से 31 मार्च 2027 तक की अवधि के लिये ई-टेण्डर/ ई-टेण्डर कम ऑक्शन आठवे चरण में 10 समूहों की 26 एकल दुकानों को निष्पादन 27 मार्च को शाम 5.30 बजे तक किया जावेगा।
ई-टेण्डर (ई-टेण्डर एवं ई-टेण्डर कम ऑक्शन) हेतु ऑनलाईन टेण्डर प्रपत्र डाउन लोड एवं आफर सबमिट करने की तिथि 25 मार्च 2026 को दोपहर: 4 बजे से 27 मार्च 2026 को दोपहर 12 बजे तक रहेगी। ई-टेण्डर कम ऑक्शन प्रपत्र खोलने की तिथि एवं समय 27 मार्च 2026 को दोपहर 12.05 बजे से रहेगी। ई-टेण्डर कम ऑक्शन अंतर्गत ऑक्शन प्रारंभ एवं बंद होने की तिथि एवं समय 27 मार्च 2026 को शाम 4.30 बजे से सायंकाल 5.50 बजे तक (तत्पश्चात 15 मिनट के अंतराल में बोली दिये जाने पर आगामी 15 मिनिट के लिए समयावधि में वृद्धि) ई-टेण्डर खोलने की तिथि एवं समय संबंधित समूह का ऑक्शन समाप्त होने अथवा 27 मार्च 2026 को दोपहर 6 बजे (जो भी बाद में हो) रहेगा।
=================/
वाहनों पर ब्लेक फिल्म पाए जाने पर सख्त कार्यवाही की जाए-श्री चंद्रा
हेलमेट उपयोग के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान निरंतर जारी रहे
जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न
नीमच 26 मार्च 2026, जिले में वाहनों पर काली फिल्म लगाकर वाहन उपयोग करने वालों, हेलमेट का उपयोग नहीं करने वाले, दो पहिया वाहन चालकों के विरूद्ध चालानी कार्यवाही निरंतर जारी है। प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के विरूद्ध भी कार्यवाही निरंतर जारी रहे। यह निर्देश कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में गुरूवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में परिवहन अधिकारी एवं यातायात थाना प्रभारी को दिए गये। बैठक में एसपी श्री अंकित जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण श्री अमित नार्गेश, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.दिेनेश प्रसाद सहित अन्य जिला अधिकारी एवं समिति के सदस्यगण उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया, कि परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा पीयूसी प्रमाण पत्रों की जांच कर 148 वाहनों पर 1.70 लाख रूपये की चालानी कार्यवाही की गई। चार पहिया वाहनों पर ब्लेक फिल्म पाए जाने पर 82 चालान कर 41 हजार रूपये का शमन शुल्क वसूल किया गया। बगैर हेलमेट दो पहिया वाहन चलाना पाए जाने पर 1193 चालान कर 3 लाख 57 हजार 900 रूपये एवं सीट बेल्ट नहीं लगाना पाए जाने पर एक माह में 641 चालान बनाए जाकर 3 लाख 25 हजार 500 रूपये का शमन शुल्क वसूल किया गया है। नशा कर वाहन चलाते पाए जाने पर 10 चालान कर, एक लाख रूपये का शमन शुल्क वसूल किया गया है। नीमच मनासा मार्ग पर अकारण सड़क पर खड़े 5 वाहनों का चालान कर 25 हजार रूपये शमन शुल्क वसूल किया गया है। बैठक में दुर्घटना संभावित झोन पर बड़े संकेतक लगाने के निर्देश भी सड़क निर्माण एजेंसी को दिए गऐ। बैठक में बताया गया कि जिले की मण्डी में नीमच में 425 ट्रेक्टर ट्रालियों पर नि:शुल्क रिप्लेक्टर लगाए गये है। मनासा में 125 ट्रेक्टर ट्राली एवं जावद में 30 ट्राली पर रिप्लेक्टर लगाए गये है।
बैठक में बताया गया, कि सगराना घाटी पर गति सीमा , दुर्घटना संभावित क्षेत्र के संकेतक बोर्ड लगवाने और ब्लिंकर लगाने रेडियम पट्टी, स्पीड ब्रेकर पर मार्किंग करवाने के निर्देशों के पालन में उक्त कार्य संबंधित द्वारा कर दिया गया हैं।
बैठक में कलेक्टर ने सीएमओ नीमच को प्रायवेट बस स्टेण्ड पर सात दिवस में पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था करने तथा यात्री वाहन निर्धारित स्टेण्ड पर ही रूके, बीच मार्ग में सड़क किनारे सवारी ना उतारे, चढ़ाए यह सुनिश्चित करवाने के निर्देश भी संबंधितों को दिए गये हैं। कलेक्टर ने नवीन निर्माणाधीन सड़कों के निर्माण में जक्शन सुधार करवाने, हाईवे पर दुर्घटना संभावित स्थलों का आवश्यक सुधार करवाने तथा संबंधित सड़क निर्माण विभाग को अपनी सड़कों का सात दिवस में निरीक्षण परीक्षण कर टूटे हुए डिवाईडर ठीक करवाने, रांग साईड से ग्रामों में प्रवेश के लिए दिए गए कट को बंदकर अन्य उपयुक्त स्थल पर वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
==========
मनासा में आयुर्वेद चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर सम्पन्न- 44 रोगियों ने लाभ लिया
नीमच 26 मार्च 2026, शासकीय आयुर्वेद औषधालय मनासा द्वारा निशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर गुरूवार को आंगनवाड़ी केंद्र मनासा पर आयोजित किया गया। शिविर में आमवात, संधिवात, उदर रोग, विबंध, श्वास,कास, प्रतिशाय, रक्त अल्पता, उच्च रक्तचाप, स्त्रीरोग, मधुमेह आदि बीमारियों की जांच कर, निःशुल्क औषधियां वितरित की। शिविर में कुल 44 हितग्राहियों ने स्वास्थ्य लाभ लिया। शिविर में डॉ.मदनलाल पाटीदार ने सेवाएं दी। शिविर में डॉ.सीमा पाटीदार, श्रीमती आशा जटिया, श्रीमती संगीता राठौर ने भी आवश्यक सहयोग किया।
================



