नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 26 मार्च 2026 गुरुवार

////////////////////////////////////////////////

आगामी त्‍यौहारों के मद्देनजर डी.एम. द्वारा जिले में प्रतिबंधात्‍मक आदेश जारी

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री फोटो, वीडियों शेयर करने पर प्रतिबंध

नीमच 25 मार्च 2026, जिला दण्‍डाधिकारी नीमच श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा नीमच जिले में आगामी त्‍यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163(1) के तहत प्रतिबंधात्‍मक आदेश जारी किया गया है। इस आदेश के तहत कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म जैसे फेसबुक, व्हाट्‌सअप (x) एक्‍स, इंस्‍टाग्राम हाईक, एसएमएस टेलीग्राम एवं अन्य सोशल मीडिया साईड आदि का दुरुपयोग कर धार्मिक, सामाजिक, जातिगत भावनाओं एवं विद्वेष को भड़काने के लिए किसी भी प्रकार के संदेशों का प्रसारण नही करेगा और ना ही उन पर कमेंट, लाईक, शेयर या फॉरवर्ड नहीं करेंगा तथा ग्रुप एडमिन की यह व्‍यक्तिगत जिम्‍मेदारी होगी, कि वह ग्रुप में इस प्रकार के संदेशों को रोके।

कोई भी व्‍यक्ति सामुदायिक, धार्मिक, जातिगत विद्वेश फैलाने या लोगो अथवा सामुदाय के मध्‍य घृणा वैमनस्‍यता पैदा करने या दुष्‍प्रेरित करने या उकसाने या हिंसा फैलाने का प्रयास उपरोक्‍त माध्‍यमों से नहीं करें और न ही इसके लिए किसी को प्रेरित करें। कोई भी व्‍यक्ति अफवाह या तथ्‍यों को तोड़-मरोड़कर, भड़का कर उन्‍माद उत्‍पन्‍न करने वाले संदेश जिससे लोग या समुदाय विशेष, हिंसा या गैर कानूनी गतिविधियों में शामिल हो जाये, को प्रसारित नहीं करेंगा और न ही लाईक, शेयर या फॉरवर्ड करेंगा और न ही ऐसा करने के लिए किसी को प्रेरित करेगा। किसी भी व्यक्ति या समुदाय द्वारा सोशल मीडिया साइंट्स पर कोई पोस्ट / संदेश प्रसारित किया जाता है तो उसकी पुष्टि उपरांत ही आगे शेयर और फॉरवर्ड किया जायेगा। नीमच जिले की सीमा में किसी भी साईबर कैफे के स्वामी, संचालक द्वारा किसी भी अंजान व्यक्ति जिसका परिचय किसी विश्वसनीय प्रमाण पत्र जैसे परिचय पत्र, मतदाता पहचान पत्र, राशन कार्ड, ड्राइविंग लायसेंस, पासपोर्ट फोटो युक्त, पैनकार्ड या ऐसे अन्य ही साक्ष्य से प्रमाणित न हो, को साईबर कैफे का उपयोग नहीं करने दिया जावेगा। साईबर कैफे के स्वामी/संचालक द्वारा समस्‍त आगन्तुकों/प्रयोगकर्ताओं का रजिस्टर रखा जावेगा। जिसमें उनका हस्तलिखित नाम, पता, दूरभाष नंबर तथा परिचय का प्रमाण पत्र अंकित हो, इसके बिना साईबर कैफे का प्रयोग वर्जित होगा। साईबर कैफे में बिना वेब कैमरा लगाये, जिसमें आगन्तुकों/प्रयोगकर्ताओं की फोटो खीची जा सके तथा उसका अभिलेख सुरक्षित रखा जावेगा।

जिला दण्‍डाधिकारी द्वारा जारी आदेशानुसार जिले में विभिन्‍न मोबाईल कंपनियों, विक्रेताओं द्वारा बिना आवश्‍यक दस्‍तावेजों के सिम वितरित करने पर प्रतिबंध रहेगा। कोई भी मकान मालिक अपने किराएदार का पूर्ण वितरण संबंधित थाना प्रभारी को देंगे।

आगामी त्यौहारों एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान कोई भी व्यक्ति आग्नेय शस्त्रों (फायर आर्म्स), घातक अस्त्र-शस्त्र जैसे बन्दूक, पिस्तोल, रिवाल्वर, बल्लम्, खंजर, शमसीर, या अन्य किसी भी प्रकार के घातक हथियार जिससे जन साधारण को चोट पहुंच सकती है या जिसके प्रयोग से लोकहित को खतरा हो, सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित नहीं कर सकेगा, चाहे वह व्यक्ति लायसेंसधारी ही क्यों न हों। आगामी त्यौहारों के दौरान धार्मिक आयोजनों/जुलुस/रैली आदि की अनुमति संबंधित अनुविभागीय दण्डाधिकारी से लेना अनिवार्य होगा। किसी भी समुदाय के व्यक्ति द्वारा नेशनल, स्टेट हाईवे पर चक्काजाम एवं धरना प्रदर्शन कर मार्ग, अवरुद्ध किया जाना प्रतिबंधित रहेगा। आगामी त्‍यौहारों (जिसमें जुलूस, चल समारोह निकाले जाते हैं) के मद्देनजर जुलुस/चल समारोह आदि आगामी कार्य के दौरान अशोभनीय नारेबाजी पर रोक रहेगी।

यह आदेश 23 मार्च 2026 से 21 मई 2026 तक प्रभावशील रहेगा तथा उक्‍त प्रभावशील अवधि में इस आदेश का उल्‍लंघन धारा – 223 भारतीय न्‍याय संहिता अंतर्गत दण्‍डनीय अपराध की श्रेणी में आवेगा। यह आदेश तत्‍काल प्रभावशील होगा।

==============

जावद में नि:शुल्‍क नैत्र रोग, मोतियाबिंद जांच शिविर सम्‍पन्‍न

31 नेत्र रोगियों ने लिया लाभ

नीमच 25 मार्च 2026, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेश एवं जिले में संकल्प से समाधान अभियान चलाया जा रहा हैं। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में इस अभियान के तहत जिले में नेत्र चिकित्सा एवं मोतियाबिंद जांच शिविर आयोजित किया जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जावद में मोतियाबिंद शिविर आयोजित किया गया।

संकल्प से समाधान अभियान के तहत सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र जावद में शिविर आयोजित किया गया । नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉक्टर संगीता भारती ओर नेत्र सहायक दिलीप चंदेल ने सेवाएं प्रदान की। शिविर में कुल 31 मरीजों ने पंजीयन करवाया, जिसमें से 5 मरीजों को मोतियाबिंद आपरेशन के लिए चिन्हित किया गया।

संकल्‍प से समाधान अभियान के तहत बुधवार को आयोजित इस नैत्र रोग जांच एवं मोतियाबिंद की जांच के नि:शल्‍क शिविर में मोतियाबिंद के 5 एवं 26 अन्‍य नेत्र रोगियों की जांच कर नि:शुल्‍क औषाधियां वितरित की गई।

==============

नीमच रोजगार मेले में 64 युवाओं का हुआ प्राथमिक चयन

नीमच 25 मार्च 2026, जिला रोजगार कार्यालय नीमच एवं शासकीय आईटीआई नीमच के संयुक्त तत्वावधान में युवा संगम रोजगार–स्वरोजगार मेला पीजी कॉलेज, नीमच में आयोजित किया गया। इस मेले में कुल 119 युवाओं ने पंजीयन कराया, जिनमें से 64 युवाओं का प्राथमिक रूप से चयन किया गया है।

इस मेले में अल्‍ट्राटेक सीमेंट, धानुका प्रा.लि., साल्‍वेक्‍स, स्‍वराज सूटिंग्‍स, एम.आर.एफ., मालवा पेट्रो सहित कुल 7 कंपनियों ने भाग लिया। यह जानकारी आईटीआई प्राचार्य श्री दिनेश परमार ने दी है।

==================

कलेक्‍टर द्वारा अवैध परिवहन के 4 प्रकरणों में 2.93 लाख से अधिक की शास्ति आरोपित

नीमच 25 मार्च 2026, कलेक्‍टर श्री हिमाशु चंद्रा द्वारा अवैध खनिज परिवहन के 4 प्रकरणों में कुल 2 लाख 93 हजार 750 की शास्ति अधिआरोपित की गई हैं। कलेक्‍टर श्री चंद्रा ने म.प्र. खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के तहत अनावेदक अवैध परिवहनकर्ता वाहन मालिक सांवरलाल पिता मांगीलाल गुर्जर निवासी सरगांव जिला अजमेर द्वारा मिट्टी का अवैध परिवहन करने पर खनिज रायल्टी का 15 गुना अर्थशास्ति राशि 12000 रूपए एवं पर्यावरण क्षतिपूर्ति 2लाख रूपये इस प्रकार कुल 2 लाख 12 हजार रूपए की शास्ति अधिरोपित की हैं।

अनावेदक अवैध परिवहनकर्ता वाहन मालिक श्रीमती कानाबाई पति गोवर्धन बावरी निवासी मल्हारगढ़ जिला मंदसौर द्वारा मिट्टी का अवैध परिवहन करने पर खनिज रायल्टी का 15 गुना अर्थशास्ति राशि 2250 रूपए एवं पर्यावरण क्षतिपूर्ति 25 हजार रूपये इस प्रकार कुल 27 हजार 250 रूपए की शास्ति अधिरोपित की हैं।

अनावेदक अवैध परिवहनकर्ता वाहन मालिक घनश्‍याम पिता परसराम ग्‍वाला निवासी 173 यादव मंडी ग्‍वालटोली नीमच द्वारा मिट्टी का अवैध परिवहन करने पर खनिज रायल्टी का 15 गुना अर्थशास्ति राशि 2250 रूपए एवं पर्यावरण क्षतिपूर्ति 25 हजार रूपये इस प्रकार कुल 27 हजार 250 रूपए की शास्ति अधिरोपित की हैं।

अनावेदक अवैध परिवहनकर्ता वाहन मालिक हरिश पिता जीवनलाल प्रजापत निवासी वार्ड नं.10 कुम्‍हार गली ग्‍वालटोली नीमच द्वारा मिट्टी का अवैध परिवहन करने पर खनिज रायल्टी का 15 गुना अर्थशास्ति राशि 2250 रूपए एवं पर्यावरण क्षतिपूर्ति 25 हजार रूपये इस प्रकार कुल 27 हजार 250 रूपए की शास्ति अधिरोपित की हैं। खनिज विभाग द्वारा खनिज का अवैध उत्‍खनन पाए जाने पर, प्रकरण पंजीबद्ध कर, कलेक्‍टर न्‍यायालय नीमच में प्रस्‍तुत किए गए थे।

===================

एक आरोपी को 6 माह तक थाना हाजरी के आदेश

नीमच 25 मार्च 2026, कलेक्‍टर एवं जिला दण्‍डाधिकारी श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा म.प्र.राज्‍य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 5(क)(ख) के तहत आरोपी डेन उर्फ इस्तियाक पिता मकबूल हुसैन निवासी खारीकुआं मूलचंद मार्ग, पुलिस थाना नीमच केंट को सदाचार बनाए रखने के लिए पु‍लिस थाना नीमच केंट में 6 माह तक सप्‍ताह में एक दिन थाना हाजरी का आदेश जारी किया गया है। आरोपी डेन उर्फ इस्तियाक के विरूद्ध पुलिस थाना नीमच केंट में विभिन्‍न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध होकर विचाराधीन हैं।

==================

कलेक्‍टर एवं एस.पी. ने भादवा माता में श्रृद्धालुओं के लिए की गई व्‍यवस्‍थाओं का किया निरीक्षण

महा अष्‍टमी पर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया

नीमच 25 मार्च 2026, जिले के सुप्रसिद्ध धार्मिक आस्था के केंद्र ,आरोग्य स्थल महामाया मां भादवा माताजी में चैत्र नवरात्रि मेला आयोजित किया जा रहा है। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भादवामाता जी में नवरात्रि मेले में बडी संख्‍या में श्रद्धांलु माताजी के दर्शन करने आते हैं। महा अष्‍टमी पर भादवामाता में श्रृद्धालुओं की संख्‍या काफी बढ़ जाती है।

भादवामाता में नवरात्रि मेले में महा अष्‍टमी पर आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर बुधवार को कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं एस.पी.श्री अंकित जायसवाल ने भादवा माता मेला परिसर , माताजी के दर्शन करने आने जाने के रूट कों देखा और व्‍यवस्‍थाओं का निरीक्षण किया। नवरात्रि मेले में पार्किंग व्यवस्था , मंदिर में दर्शन के लिए प्रवेश की व्यवस्था आदि विभिन्न प्रकार की व्यवस्थाओं का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्‍यक निर्देश भी दिए।

इस मौके पर अतिरिक्‍त पुलिस अधीक्षक श्री एन.एस.सिसोदिया, एसडीएम श्री संजीव साहू, सीएसपी सुश्री किरण चौहान, पुलिस निरीक्षक श्री अमित सारस्‍वत, मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यगण तथा बड़ी संख्‍या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

कलेक्‍टर एवं एसपी ने सम्‍पूर्ण मेला परिसर, श्रृद्धालुओं के प्रवेश व निकासी के लिए बनाए गये कोरीडोर अस्‍थाई पुलिस चौकी पर सीसीटीव्‍ही से सम्‍पूर्ण मेला परिसर एवं सुरक्षा व्‍यवस्‍था की निगरानी आदि की व्‍यवस्‍था का जायजा लिया। कलेक्‍टर एवं एसपी ने सावन रोड़ पर वाहनों की पार्किंग व्‍यवस्‍था का भी अवलोकन किया और अधिकारियों को आवश्‍यक निर्देश दिए। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को नीमच से भादवामाता व भादवामाता जवासा चौराहे होते हुए भादवामाता तक मुख्‍य मार्ग पर यातायात के लिए सुरक्षा पाईंट लगाने के भी निर्देश दिए। मंदिर प्रबंधक श्री अजय एरन ने बताया, कि भादवामाता मंदिर परिसर में नवरात्रि पर महाअष्‍टमी का हवन 26 मार्च को रात्रि 10.30 बजे से प्रारंभ होगा और हवन की पूर्णाहुति अगले दिवस सुबह 4 बजे होगी। मेले में संस्‍थान की ओर से श्रृद्धालुओं को भादवामाता की बावड़ी का पवित्र जल भी 10 रूपये के शुल्‍क पर बोटल में उपलब्‍ध करवाया जा रहा है।

==============

कलेक्‍टर श्री चंद्रा ने अमृत सरोवर एवं जनभागीदारी से तालाब गहरीकरण कार्यो का किया स्‍थल निरीक्षण

नीमच 25 मार्च 2026, कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा द्वारा बुधवार को जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जनभागीदारी से तालाबों की मिट्टी निकालकर तालाब गहरीकरण के लिए चिन्हित कार्यो और अमृत सरोवर निर्माण कार्यो का मौके पर निरीक्षण कर जायजा लिया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्‍णव, जनपद सीईओ श्री आरीफ खान, सहायक यंत्री एवं उपयंत्री उपस्थित थे।

कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को नीमच विकासखण्‍ड के गांव ढोलपुरा में अंकुर उपवन में पौधारोपण कार्य का निरीक्षण किया और कार्य की सराहना की। उन्‍होने इस अंकुर उपवन के समीप ही नाले पर जनभागीदारी से बड़े तालाब निर्माण कार्य के स्‍थल का मौका मुआयना किया। कलेक्‍टर ने सरपंच एवं उपयंत्री को ढोलपुरा तालाब निर्माण में जनसहयोग से मिट्टी निकाल कर सड़क से लगी लंबी पाल बनाने और अच्‍छे बडे़ जलाशय का निर्माण करवाने के निर्देश भी दिए।

कलेक्‍टर श्री चंद्रा ने ढोलपुरा में 15 लाख की विधायक निधि से निर्माणाधीन सामुदायिक डोम निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और डोम के फर्श पर डाली गई काली चूरी व मिट्टी पर काम्‍पेक्‍शन करवाने के निर्देश भी सरपंच श्री गोपाल अहीर को दिए। कलेक्‍टर ने डोम के समीप गांव ढोलपुरा में इस साल निर्मित जलाशय का निरीक्षण किया। जलाशय में मगरमच्‍छ दिखने पर उन्‍होने वन विभाग को सूचित कर, इन मगरमच्‍छों का रेस्‍क्‍यू कर गांधी सागर जलाशय में छोड़ने के निर्देश भी दिए। इस जलाशय में काफी मात्रा में पानी भरा हुआ पाया गया है।

कलेक्‍टर श्री चंद्रा ने थड़ोली में प्रस्‍तावित अमृत सरोवर के निर्माण स्‍थल का निरीक्षण किया और इस अमृत सरोवर का आकार बढ़ाकर बड़ा सरोवर निर्माण करने के निर्देश दिए। उन्‍होने अमृत सरोवर की पाल को ठीक करवाने के निर्देश भी दिए।

कलेक्‍टर ने ग्राम जावी में अमृत सरोवर (डग आउट) निर्माण कार्य का अवलोकन किया और इस डग आउट में जल भराव क्षमता व जल भराव की अवधि आदि की जानकारी ली तथा निर्देश दिए, कि इस तालाब के पानी का उपयोग मत्‍स्‍य पालन के लिए किया जाए। उन्‍होने जावी के डग आउट से ओर मिट्टी निकालकर उसे गहरा करने के निर्देश दिए, जिससे कि किसानों को खेतों के लिए मिट्टी मिल सके और डग आउट की जल भराव क्षमता भी बढ़ सके। कलेक्‍टर श्री चंद्रा ने सेमली चंद्रावत में जनभागीदारी से पंचायत द्वारा निर्मित किए जा रहे तालाब एवं वेस्‍टवियर निर्माण कार्य का निरीक्षण कर कार्य की सराहना की।

उन्‍होने उपयंत्री को इस तालाब से सिंगोली रोड़ निर्माण के लिए ठेकेदार को मिट्टी ले जाने की अनुमति प्रदान करने की बात भी कही। साथ ही गहरीकरण के लिए पंचायत को भी मिट्टी किसानों के उपयोग के लिए ले जाने की अनुमति प्रदान करने की बात कही।

कलेक्‍टर ने सेमली चंद्रावत जलाशय की वेस्‍टवियर के लेवल को चेक करने के निर्देश भी उपयंत्री को दिए। उन्‍होने कुचडौद पंचायत के ग्राम धोकलखेड़ा में प्रस्‍तावित अमृत सरोवर निर्माण स्‍थल का निरीक्षण कर, प्रस्‍तावित स्‍थल को उपयुक्‍त बताते हुए स्‍टीमेंट बनाकर प्रस्‍तुत करने के निर्देश उपयंत्री को दिए। साथ ही अमृत सरोवर की पडल गहरी बनाने के निर्देश भी दिए।

=================

जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ग्राम कनावटी में भूमि सुपोषण और कलश यात्रा आयोजित

नीमच 25 मार्च 2026, जल गंगा संवर्धन अभियान, जल शक्ति से नवभक्ति के प्रथम चरण में म.प्र.जन अभियान परिषद के मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के विद्यार्थियों द्वारा ग्राम कनावटी में देवनारायण मंदिर पर भूमि सुपोषण और कलश यात्रा आयोजित की गई। जिला समन्‍वयक वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया, कि सामाजिक कार्यकर्ता रामचंद्र धनगर ने कलश यात्रा का शुभारंभ कलश पूजन कर किया। देव नारायण मंदिर से होली चौक होते हुए वापस मंदिर परिसर में पीपल वृक्ष के पूजन के साथ कलश यात्रा समापन हुआ। कलश यात्रा में जल संरक्षण का संदेश दिया गया। नवांकुर संस्था, जयश्री आरोग्य जन कल्याण समिति के सदस्‍य एवं बड़ी संख्‍या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

स.क्र./511/122/मालवीय/फोटो

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}