नीमचमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश नीमच 13 मार्च 2026 शुक्रवार

//////////////////////////////////

विकास के लिए पूंजीगत व्यय सर्वोच्च प्राथमिकता : उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा

राजस्व प्रदर्शन में मध्यप्रदेश का उल्लेखनीय सुधार

‘फिस्कल हेल्थ इंडेक्स 2026’ में बेहतर वित्तीय प्रबंधन की झलक

मजबूत कर-संग्रह और बढ़ते पूंजीगत निवेश से सुदृढ़ हुई राज्य की वित्तीय स्थिति

नीमच 12 मार्च 2026, उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि दूसरी वार्षिक रिपोर्ट में मध्यप्रदेश के राजस्व प्रदर्शन का सकारात्मक आकलन राज्य की वित्तीय अनुशासन और विकासोन्मुख नीतियों का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में अधोसंरचना विकास को नई गति मिली है और निवेश का माहौल लगातार बेहतर हुआ है।

मध्यप्रदेश की राजकोषीय स्थिति में पिछले कुछ वर्षों में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। नीति आयोग द्वारा जारी दूसरी वार्षिक “Fiscal Health Index 2026” रिपोर्ट में राज्य के वित्तीय प्रबंधन और राजस्व प्रदर्शन का सकारात्मक मूल्यांकन किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार मध्यप्रदेश ने वर्ष 2021-22 से लगातार राजस्व अधिशेष बनाए रखा है, जो मजबूत कर-संग्रह और राज्य के अपने राजस्व स्रोतों में वृद्धि का परिणाम है।

दूसरी वार्षिक रिपोर्ट में बताया गया है कि राज्य की राजस्व प्राप्तियाँ सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) की तुलना में अधिक तेजी से बढ़ी हैं। यह वृद्धि मुख्य रूप से जीएसटी, आबकारी और व्यापार करों की प्रभावी वसूली के कारण संभव हुई है। फिस्कल हेल्थ इंडेक्स राज्यों के राजकोषीय प्रदर्शन का व्यापक और तुलनात्मक मूल्यांकन प्रस्तुत करता है तथा साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण को प्रोत्साहित करता है।

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि राज्य सरकार विकास को गति देने के लिए पूंजीगत व्यय को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अधोसंरचनात्मक विकास के लिए पूंजीगत व्यय 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है, जो एक नया कीर्तिमान होगा। वर्तमान में पूंजीगत व्यय राज्य के सकल घरेलू उत्पाद का लगभग 4.8 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि राज्य में सड़कों, स्कूलों, अस्पतालों, पेयजल और सिंचाई परियोजनाओं जैसी अधोसंरचनाओं के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया गया है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में पूंजीगत व्यय 57,348 करोड़ रुपये था, जो बढ़कर 2025-26 के पुनरीक्षित अनुमान में 74,662 करोड़ रुपये तक पहुँच गया है। यह वृद्धि 30 प्रतिशत से अधिक है और दीर्घकालिक विकास की मजबूत नींव तैयार करती है।\

दूसरी वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2019-20 से 2023-24 के बीच राज्य की कुल राजस्व प्राप्तियों में 58.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इस अवधि में राज्य के कर राजस्व में 62.52 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जिसमें स्टेट जीएसटी, व्यापार एवं बिक्री कर तथा राज्य आबकारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। साथ ही पेंशन और ब्याज देनदारियों में वृद्धि के कारण प्रतिबद्ध व्यय कुल राजस्व व्यय का 43 प्रतिशत से अधिक हो गया है। राज्य सरकार ने पूंजीगत व्यय पर लगातार ध्यान बनाए रखा है, जो पिछले 5 वर्षों में लगभग दोगुना हो गया है।

उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि विशेषज्ञों के अनुसार यह प्रवृत्ति दर्शाती है कि राज्य सरकार बुनियादी ढाँचे के निर्माण और दीर्घकालिक आर्थिक विकास को प्राथमिकता दे रही है। उल्लेखनीय है कि राज्य का ऋण स्तर अभी भी वैधानिक सीमाओं में है, जो वित्तीय अनुशासन और संतुलित राजकोषीय प्रबंधन को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि अर्थशास्त्रियों का मानना है कि मजबूत राजस्व आधार और अधोसंरचना में बढ़ते निवेश से मध्यप्रदेश की आर्थिक वृद्धि को दीर्घकालिक गति मिल सकती है और राज्य निवेश तथा औद्योगिक विकास के लिए और अधिक आकर्षक गंतव्य बन सकता है।

==============

कलेक्‍टर द्वारा अवैध खनिज परिवहन के तीन प्रकरणों में एक लाख से अधिक की शास्ति आरोपित

नीमच 12 मार्च 2026, कलेक्‍टर श्री हिमाशु चंद्रा द्वारा अवैध खनिज परिवहन के तीन प्रकरणों में कुल एक लाख 4 हजार 194 रूपये की शास्ति अधिआरोपित की गई है। कलेक्‍टर ने मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के तहत अनावेदक अवैध खनिज परिवहनकर्ता वाहन मालिक संजय कुमार पिता सुरेशचंद्र पांडया निवासी 207 गुर्जर मोहल्‍ला खोर तहसील जावद द्वारा एमसेण्‍ड का अवैध परिवहन करने पर खनिज रायल्टी का 15 गुना अर्थशास्ति राशि 2250 रूपए एवं पर्यावरण क्षतिपूर्ति 44 हजार 444 रूपये इस प्रकार कुल 46694 रूपए की शास्ति अधिरोपित की हैं।

अनावेदक अवैध खनिज परिवहनकर्ता वाहन मालिक रणसिह पिता जुझारसिह निवासी आंत्रीखुर्द तहसील मल्‍हारगढ द्वारा रैत का अवैध परिवहन करने पर खनिज रायल्टी का 15 गुना अर्थशास्ति राशि 3750 रूपए एवं पर्यावरण क्षतिपूर्ति 25 हजार रूपये इस प्रकार कुल 28750 रूपए की शास्ति अधिरोपित की हैं।

इसी तरह अनावेदक अवैध खनिज परिवहनकर्ता वाहन मालिक सुनिल पिता शंकरलाल भाटी निवासी मनासा खुर्द तहसील मल्‍हारगढ द्वारा रैत का अवैध परिवहन करने पर खनिज रायल्टी का 15 गुना अर्थशास्ति राशि 3750 रूपए एवं पर्यावरण क्षतिपूर्ति 25 हजार रूपये इस प्रकार कुल 28 हजार 750 रूपए, इस प्रकार तीन प्रकरणों में कुल एक लाख 4 हजार 194 रूपये की शास्ति अधिरोपित की हैं।

खनिज विभाग द्वारा खनिज के अवैध परिवहन पाए जाने पर प्रकरण पंजीबद्ध कर कलेक्‍टर न्‍यायालय नीमच में प्रस्‍तुत किए गए थे।

============

एडीएम एवं एसडीएम ने गैस एजेंसियों और गैस गौदामों का किया निरीक्षण

घरेलू गैस सिलेण्‍डरों की उपलब्‍धता का लिया जायजा

नीमच 12 मार्च 2026, कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में अपर कलेक्‍टर श्री बी.एस.कलेश एवं एसडीएम नीमच, जावद, मनासा तथा तहसीलदारों ने जिले में स्थित गैस एजेंसियों और गैस गौदामों का निरीक्षण कर, घरेलु गैस की उपलब्‍धता का जायजा लिया। एडीएम श्री कलेश एवं एसडीएम श्री संजीव साहू ने नीमच शहर स्थित विभिन्‍न गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर उन्‍हें आवश्‍यक निर्देश दिए। एसडीएम जावद सुश्री प्रीति संघवी ने भी क्षेत्र की ग्रामीण गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया। गैस एजेंसियों के निरीक्षण का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

=============

सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र सिंगोली में नि:शुल्‍क नैत्र रोग, मोतियाबिंद जांच शिविर सम्‍पन्‍न

114 नेत्र रोगियों ने लिया लाभ

नीमच 12 मार्च 2026, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेश एवं जिले में संकल्प से समाधान अभियान चलाया जा रहा हैं। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में इस अभियान के तहत जिले में नेत्र चिकित्सा एवं मोतियाबिंद जांच शिविर आयोजित किया जा रहे हैं। इसी कड़ी में गुरूवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंगोली में मोतियाबिंद शिविर आयोजित किया गया।

इस शिविर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.दिनेश प्रसाद एवं सिविल सर्जन डॉ.महेंद्र पाटील, नोडल अधिकारी अंधत्व डॉ.राजेश धाकड़ के मार्गदर्शन में नेत्र रोग विशेषज्ञ, डॉ.ऋतुराज शर्मा, डा.इतेश व्यास नेत्र चिकित्सा सहयक श्री दिलीप चंदेल एवं आशा, आशा सुपरवाईजर, के सहयोग से नेत्र रोगियों की जांच की गई।

संकल्प से समाधान अभियान के तहत गुरूवार को आयोजित इस नैत्र रोग जांच एवं मोतियाबिंद की जांच के नि:शल्क‍ शिविर का 114 नेत्र रोगियों ने लाभ उठाया। इसमें मोतियाबिंद के 18, नाखूना के 3, दूर नजर के चश्में के लिए 12, आंखों की एलर्जी के 5, तथा पास की नजर के चश्में के लिए 19 नैत्र रोगियों की जांच की गई। नैत्र रोगियों की जांच कर आवश्यकतानुसार नि:शुल्क औषधियां वितरित की गई।

============

बस स्टैंड से वरिष्ठ पत्रकार तिवारी का गाड़ी पर बंधा बैग अचानक गायब हो गया

सरवानिया महाराज। नगर में बुधवार दोपहर एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां वरिष्ठ पत्रकार जगदीश तिवारी का गाड़ी पर बंधा बैग अचानक गायब हो गया।

जानकारी के अनुसार पत्रकार तिवारी बुधवार दोपहर बस स्टैंड से नगर परिषद की ओर गए थे। बताया जा रहा है कि जब वे नगर परिषद से अपना काम निपटाकर वापस लौटे तो उनकी गाड़ी पर बंधा बैग वहां नहीं मिला। बैग के अचानक गायब होने से वे हैरान रह गए और आसपास तलाश भी की, लेकिन बैग का कोई पता नहीं चल पाया। पत्रकार जगदीश तिवारी द्वारा मिली जानकारी के अनुसार उस बैग में गाड़ी के महत्वपूर्ण कागजात, बैंक पासबुक, बिल बुक सहित कई जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। बताया जा रहा है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में दोपहर के समय बैग गाड़ी पर टंगा हुआ दिखाई दे रहा है, लेकिन नगर परिषद से निकलने के बाद बैग कहां गिरा या किसी ने उसे ले लिया, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। फिलहाल इस मामले को लेकर पत्रकार जगदीश तिवारी द्वारा पुलिस चौकी में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ लिखित आवेदन दिया जा रहा है।

 

 

 

 

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}