मिश्रोली में डिस्कॉम की सख्त कार्रवाई: 3.80 लाख वसूले, 13 के कनेक्शन काटे

तीन कृषि ट्रांसफॉर्मर उतारे; अवैध बिजली उपयोग पर होगी सीधी वीसीआर कार्रवाई
भवानीमंडी। राजस्व वसूली अभियान के तहत डिस्कॉम ने मिश्रोली क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए बकायादार उपभोक्ताओं पर सख्ती दिखाई। शुक्रवार को चलाए गए विशेष अभियान में 141 उपभोक्ताओं से 3.80 लाख रुपए की वसूली की गई, जबकि 13 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए।
अभियान के दौरान मिश्रोली क्षेत्र में तीन कृषि कनेक्शनों पर 1.07 लाख रुपए बकाया होने पर उनके ट्रांसफॉर्मर तक उतार लिए गए। वहीं जिन 13 कनेक्शनों को काटा गया, उन पर करीब 1.40 लाख रुपए की बकाया राशि थी।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि संबंधित उपभोक्ताओं को पहले कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन भुगतान नहीं होने पर मजबूरन यह कार्रवाई की गई।
एक माह से ज्यादा बकाया तो तुरंत कटेगा कनेक्शन
डिस्कॉम ने साफ संकेत दिए हैं कि एक माह या उससे अधिक समय से बिल बकाया रखने वालों पर अब सीधे कार्रवाई होगी। कनेक्शन कटने के बाद यदि कोई उपभोक्ता अवैध रूप से बिजली उपयोग करता पाया गया तो उसके खिलाफ वीसीआर केस दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पांच साल तक के कटे कनेक्शन हो सकेंगे चालू:-
डिस्कॉम ने राहत देते हुए नियमों में शिथिलता प्रदान की है। अब दो वर्ष के बजाय पांच वर्ष तक के कटे घरेलू व अन्य कनेक्शन बकाया जमा कर पुनः चालू कराए जा सकेंगे।
सहायक अभियंता ने उपभोक्ताओं को चेताया है कि समय रहते बिल जमा कर दें, क्योंकि मिश्रोली सहित पूरे क्षेत्र में अभियान और तेज किया जाएगा।



