समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 07 फरवरी 2026 शनिवार

////////////////////////////////////
स्वतंत्रता सेनानी श्री नारायणप्रसाद गुप्ता की स्मृति में
वैश्य महासम्मेलन युवा इकाई द्वारा कल 51 यूनिट रक्तदान किया जायेगा
मंदसौर l वैश्य महासम्मेलन युवा जिला इकाई मंदसौर द्वारा वैश्य महासम्मेलन के संस्थापक अध्यक्ष, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री नारायण प्रसाद गुप्ता नानाजी की स्मृति में 8 फरवरी रविवार को प्रातः 9:30 बजे जिला चिकित्सालय मंदसौर में रक्तदान शिविर का विराट आयोजन रखा गया है जिसमें एक पखवाड़े में 51 यूनिट रक्तदान किया जाएगा l रक्तदान समारोह वैश्य महासम्मेलन के प्रदेश महामंत्री श्री जगदीश अग्रवाल गरोठ, जिला जिला प्रभारी श्री नरेंद्र अग्रवाल, जिलाध्यक्ष श्री जगदीश चंद्र चौधरी, जिला महामन्त्री श्री भगवान दास विजयवर्गीय की गरिमामयी उपस्थिति में रखा गया हैl
इस आशय की जानकारी देते हुए वैश्य महासम्मेलन युवा इकाई के संभागीय प्रभारी कपिल भंडारी , संभागीय अध्यक्ष डॉ. आशीष अग्रवाल जिला प्रभारी जगदीश काला जिलाध्यक्ष राकेश दुग्गड, जिला महामंत्री दिलीप सेठिया प्रोजेक्ट चेयरमैन सचिन पाटनी एवं आशीष अग्रवाल ने बताया कि प्रतिवर्ष नुसार इस वर्ष भी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वैश्य महासम्मेलन के जनक श्री नारायण प्रसाद गुप्ता नानाजी की स्मृति में संपूर्ण मध्य प्रदेश में रक्तदान महादान शिविर का आयोजन मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री शिरोमणि संरक्षक श्री उमाशंकर गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष श्री सुधीर अग्रवाल एवं युवा प्रदेश अध्यक्ष विकास डागा के आव्हान पर किया जा रहा हैl
मंदसौर जिला मुख्यालय पर 8 फरवरी को प्रात : 9: 30 बजे जिला चिकित्सालय मंदसौर के रक्तदान यूनिट में युवा साथी बड़े पैमाने पर रक्तदान देंगे l एक पखवाड़े में 51 यूनिट रक्तदान देने का लक्ष्य रखा गया है l 8 फरवरी को 21 यूनिट रक्तदान दिया जाएगा और आवश्यकता अनुसार सभी साथी रक्तदान महादान हेतु लगातार सक्रियता के साथ तत्पर हैं l 15 दिवस में 51 यूनिट का लक्ष्य पूर्ण किया जाएगा l
जिलाध्यक्ष राकेश दुग्गड एवं जिला महामंत्री दिलीप सेठिया , प्रोजेक्ट चेयरमैन सचिन पाटनी, आशीष अग्रवाल ने मंदसौर जिले के वैश्य बंधुओ और मातृशक्ति से अनुरोध किया कि 8 फरवरी को अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करके किसी व्यक्ति को जीवन दान में सहयोग करें l
=================
परीक्षा की चर्चा पर प्रधानमंत्री के प्रेरणादायक उद्बोधन को विद्यार्थियों ने ध्यानपूर्वक सुना
मंदसौर 6 फरवरी 2026/ “परीक्षा पर चर्चा” कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ऑनलाइन उद्बोधन को जिले के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा उत्साहपूर्वक एवं ध्यानपूर्वक सुना गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ शिक्षाविदों, विद्यालय के समस्त विद्यार्थियों तथा स्टाफ सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता की।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को परीक्षा को उत्सव के रूप में लेने, आत्मविश्वास बनाए रखने तथा सकारात्मक सोच के साथ तैयारी करने का संदेश दिया। उन्होंने तनाव मुक्त रहकर लक्ष्य निर्धारित करने और समय प्रबंधन पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को परीक्षा संबंधी तनाव से मुक्त रहने के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए तथा निश्चिंत होकर तैयारी करने हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को प्रेरणादायक बताते हुए इसे अपने लिए उपयोगी एवं मार्गदर्शक अनुभव बताया। फोटो संलग्न
जल संरक्षण व संवर्धन की हुई विविध गतिविधियां
लिम्बावास, पहेड़ा एवं बूढ़ा में मनाया गया ‘जल अर्पण दिवस’
मंदसौर 6 फरवरी 2026/ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जिले में जल संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देने हेतु विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। कार्यपालन यंत्री श्री प्रदीप गोगादे ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग के मैदानी अमले द्वारा जल स्रोतों को स्वच्छ रखने, नियमित क्लोरिनेशन सुनिश्चित करने तथा जल गुणवत्ता बनाए रखने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में मल्हारगढ़ विकासखंड के ग्राम लिम्बावास, पहेड़ा एवं बूढ़ा में ‘जल अर्पण दिवस’ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत परिसर में आकर्षक रंगोली बनाई गई। जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में जल कलश यात्रा निकाली गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत ग्रामवासियों एवं स्कूली बच्चों को पेयजल स्रोतों से प्राप्त पानी की फील्ड टेस्टिंग किट के माध्यम से जल गुणवत्ता परीक्षण का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों को नल जल योजना के संचालन एवं संधारण संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई। उन्हें योजना के निर्माण से लेकर प्रबंधन एवं रखरखाव की जिम्मेदारियों, जलकर की मासिक वसूली, प्रत्येक परिवार को समान दबाव से पानी उपलब्ध कराने तथा ग्राम में स्वच्छ जल एवं समग्र स्वच्छता सुनिश्चित करने के संबंध में कार्यशाला के माध्यम से मार्गदर्शन दिया गया।
इसके साथ ही गांव में स्थापित पेयजल स्रोतों का क्लोरिनेशन कार्य एवं स्वच्छता सर्वेक्षण भी किया गया। विद्यालयीन बच्चों ने रैली निकालकर जल संरक्षण, जल के अपव्यय को रोकने एवं सुरक्षित एवं समुचित उपयोग के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया।
==========
जवाहर नवोदय विद्यालय की चयन प्रवेश परीक्षा 7 फरवरी को आयोजित होगी
मंदसौर 6 फरवरी 26 / नवोदय विद्यालय के प्राचार्य द्वारा बताया गया की जवाहर नवोदय विद्यालय चयन प्रवेश परीक्षा-2026 कक्षा 9 वीं एवं 11 वीं की 7 फरवरी 2026 को प्रात: 11 से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित होगी। यह परीक्षा पी.एम. श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय लदूना केन्द्र पर आयोजित होगी।
==========
मल्हारगढ़ में विकासखण्ड स्तरीय रोजगार मेला 9 फरवरी को
अधिक से अधिक युवा अवसर का लाभ उठाएं
मंदसौर 6 फरवरी 2026/ म.प्र. डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत मंदसौर जिले में विकासखण्ड स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन 9 फरवरी 2026 को प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक जनपद पंचायत परिसर, मल्हारगढ़ में किया जाएगा। यह जानकारी मिशन से श्री अनिल मरावी द्वारा दी गई।
रोजगार मेले में नवभारत फर्टिलाइजर्स (इंदौर), मारुति सुजुकी (गुजरात), लाइम कंपनी (अहमदाबाद), एस.आई.एस. इंडिया (नीमच), मुथुट माइक्रो फाइनेंस (बांसवाड़ा, राजस्थान), एलआईसी लाईफ इंश्योरेंस (मंदसौर), गैल इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (गुना), एसबीआई लाईफ इंश्योरेंस (मंदसौर), सिद्धिविनायक बॉयो फर्टिलाइजर्स (मंदसौर), अटेला ऑर्गेनिक इंडस्ट्रीज (दलौदा), एलएनटी फाइनेंस (इंदौर), एस.के.एम.पी. मीडिया टेक्नोलॉजी प्रा.लि. (पिपलिया मंडी) सहित विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी।
इन कंपनियों द्वारा लाईफ मित्र, सेल्स ऑफिसर, फील्ड ऑफिसर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, ट्रेनी, कस्टमर केयर, इंश्योरेंस एजेंट, सिविल सिक्योरिटी गार्ड, कलेक्शन ऑफिसर, वेल्डर, सीएनसी ऑपरेटर, इलेक्ट्रीशियन, फ्रंटलाइन स्टाफ, कलेक्शन स्टाफ एवं अन्य पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई, स्नातक, स्नातकोत्तर एवं डिप्लोमा धारक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 35 वर्ष के मध्य होनी चाहिए।
मेले में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थी अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, बायोडाटा/रिज्यूम, रोजगार पंजीयन कार्ड, आधार कार्ड तथा शैक्षणिक अंकसूचियों की छायाप्रति अनिवार्य रूप से लेकर आएं।
अधिक जानकारी के लिए म.प्र. डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला पंचायत मंदसौर (म.प्र.) के दूरभाष क्रमांक 07422-292016 पर संपर्क किया जा सकता है।
=================
अवैध मादक पदार्थ के अंर्तराज्यीय तस्कर पर मंदसौर पुलिस द्वारा की गई प्रभावी कार्यवाही
मंदसौर 6 फरवरी 26 / म०प्र० शासन एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले आरोपियों के विरूद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्यवाही करने हेतु निर्देश प्रसारित किये गये है। उक्त निर्देशों के अनुपालना हेतु जिला पुलिस अधीक्षक मंदसौर श्री विनोद कुमार मीना द्वारा जिले में समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है जिसका जिला स्तरीय पर्यवेक्षण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंदसौर श्री तेर सिंह बघेल द्वारा किया जा रहा है।
अवैध मादक पदार्थ के तस्करों पर प्रभावी कार्यवाही करने हेतु श्री नरेन्द्र सोलंकी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मल्हारगढ के मार्गदर्शन में प्रभारी थाना प्रभारी नारायणगढ द्वारा आदतन अवैध मादक पदार्थ तस्कर सद्दाम पिता लाल मोहम्मद मुसलमान उम्र 32 वर्ष नि. बुढा के विरूद्ध स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ अवैध व्यापार निवारण अधिनियम 1988 (PIT-NDPS Act) के तहत कार्यवाही कर प्रतिवेदन जिला पुलिस अधीक्षक मंदसौर द्वारा जिला दण्डाधिकारी मंदसौर के माध्यम से आयुक्त महोदय उज्जैन को प्रेषित किया गया था, जिसमें स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ अवैध व्यापार निवारण अधिनियम 1988 (PIT-NDPS Act) के तहत निरोधात्मक आदेश पारित किया गया है, जिसे दिनांक 05.02.26 को गिरफ्तार कर आज दिनांक को केन्द्रीय जेल इंदौर दाखिल किया गया।
श्री विनोद कुमार मीना, पुलिस अधीक्षक मन्दसौर के मार्गदर्शन में जिले के सूचीबद्ध अवैध मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त अपराधियों के आपराधिक रिकॉर्ड को ICJS पोर्टल के माध्यम से अद्यतन किया जा रहा है। उक्त अभियान के तहत श्री नरेन्द्र सोलंकी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मल्हारगढ द्वारा अवैध मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त आरोपियों के रिकॉर्ड को अद्यतन कर उनका डोजियर निर्मित किया है, जिसमें सद्दाम पिता लाल मोहम्मद मुसलमान उम्र 32 वर्ष नि. बुढा पर कुल 13 अपराध पंजीबद्ध है जिसमें से 05 अपराध अवैध मादक पदार्थ तस्करी के है, जिसमें म०प्र० के जिला मंदसौर, नीमच, झाबुआ एवं राजस्थान के थाना जलोदा जागीर, छोटी सादडी जिला प्रतापगढ में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी के अपराध है। आरोपी सद्दाम पर अवैध मादक पदार्थ तस्करी के अतिरिक्त शेष 08 अपराध आग्नेय शस्त्रों की तस्करी से संबंधित है। इस प्रकार आरोपी कुख्यात अवैध मादक पदार्थ की तस्करी के साथ साथ कुख्यात आग्नेय शस्त्र तस्कर भी बन चुका है।
===============
मध्यप्रदेश, अब पर्यटन और रोज़गार का नया ग्रोथ इंजन : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
प्रदेश में 900 करोड़ की लागत से बन रहे हैं धार्मिक और सांस्कृतिक लोक
मंदसौर 6 फरवरी 26 / प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकास भी,विरासत भी’ के कालजयी मंत्र को ध्येय वाक्य मानकर मध्यप्रदेश अपनी सांस्कृतिक पहचान को अक्षुण्ण बनाए रखने की दिशा में एक ऐतिहासिक पथ पर अग्रसर है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने जिस सांस्कृतिक पुनर्जागरण का शंखनाद उज्जैन में ‘श्री महाकाल लोक’ के लोकार्पण के साथ किया था, वह यात्रा अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में एक विराट जन-अभियान का रूप ले चुकी है। प्रदेश की पावन धरा पर लगभग 900 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 20 ‘लोकों’ का निर्माण किया जा रहा है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी गौरवशाली परंपराओं का जीवंत साक्ष्य बनेंगे।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक वैभव की इस अविरल यात्रा में वर्तमान में 580 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 17 महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक लोक पर तीव्र गति से कार्य संचालित है। सागर में ‘संत रविदास लोक’ 101 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा है। यह हमारी सामाजिक समरसता का प्रतीक है। सीहोर जिले के सलकनपुर में ‘देवी लोक’ और ओरछा में ‘श्रीरामराजा लोक’ जैसे भव्य प्रकल्प अपनी पूर्णता के करीब हैं। सरकार की संकल्प शक्ति का ही परिणाम है कि मंदसौर में ‘भगवान पशुपतिनाथ लोक परिसर’ का कार्य पूर्ण कर उसे जनता को समर्पित किया जा चुका है। साथ ही भोपाल में ‘वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप लोक’, जानापाव में ‘भगवान परशुराम लोक’ और महेश्वर में ‘देवी अहिल्या संग्रहालय’ जैसे प्रकल्पों ने पूर्ण होकर प्रदेश के सांस्कृतिक मानचित्र को और अधिक समृद्ध किया है।
जन-आस्था का सम्मान करते हुए राज्य सरकार ने 315 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से भविष्य में 3 नए लोक और 2 अन्य लोक के द्वितीय चरण को भी मूर्त रूप दिया जायेगा। ‘श्री महाकाल लोक’ की भव्यता को प्रेरणा मानकर अब ओंकारेश्वर में ‘ममलेश्वर लोक’ का निर्माण, बैतूल में ताप्ती उद्गम स्थल में ‘ताप्ती लोक’ और मैहर में ‘माँ शारदा लोक’ का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। महेश्वर में 110 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला ‘देवी अहिल्या लोक’ और अमरकंटक में ‘माँ नर्मदा लोक’ के द्वितीय चरण का निर्माण सनातन संस्कृति के प्रति अटूट श्रद्धा का परिचायक है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में निर्मित हो रहे धार्मिक और सांस्कृतिक ‘लोक’ केवल पत्थर और ईंटों के निर्माण मात्र नहीं हैं, अपितु ये मध्यप्रदेश के विकास के नए ‘ग्रोथ इंजन’ सिद्ध होंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के विज़न को आत्मसात करते हुए ये स्थल पर्यटन के वैश्विक केंद्रों के रूप में उभरेंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर रोज़गार के अभूतपूर्व अवसर सृजित होंगे। हस्त शिल्पियों से लेकर सेवा क्षेत्र तक, इन लोकों का विकास हर वर्ग के लिए आर्थिक समृद्धि का नया द्वार खोलेगा। आस्था का यह महायज्ञ जहाँ एक ओर हमारी जड़ों को सींच रहा है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश को आधुनिकता और आत्मनिर्भरता के पथ पर तेजी से आगे बढ़ा रहा है।
=================
होटल मैनेजमेंट में करियर : एस.आई.एच.एम. इंदौर में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ
जेएनयू (JNU) से मान्यता प्राप्त डिग्री और 100 प्रतिशत कैंपस प्लेसमेंट का अवसर
25 अप्रैल 2026 को होगी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की प्रवेश परीक्षा
मंदसौर 6 फरवरी 26 / मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग के अंतर्गत संचालित एवं एन.सी.एच.एम.सी.टी. (NCHMCT), नोएडा से मान्यता प्राप्त स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (एस.आई.एच.एम.), इंदौर होटल उद्योग में भविष्य बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभरा है। संस्थान में शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। विशेष रूप से वंचित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए संस्थान स्तर पर ‘डायरेक्ट एडमिशन’ (सीधे प्रवेश) का प्रावधान रखा गया है।
प्रवेश परीक्षा एवं प्रक्रिया
सत्र 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 25 दिसंबर 2025 से जारी है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम (JEE) आगामी 25 अप्रैल 2026 को ऑनलाइन होगा। इस परीक्षा में न्यूमेरिकल एबिलिटी, रीजनिंग, सामान्य ज्ञान और इंग्लिश जैसे विषयों पर प्रश्न पूछे जाएंगे।
रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम और वैश्विक मान्यता
संस्थान के प्राचार्य डॉ. वी.के. सिंह ने बताया कि राऊ स्थित यह संस्थान जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से मान्यता प्राप्त तीन वर्षीय बीएससी हॉस्पिटैलिटी एंड होटल एडमिनिस्ट्रेशन डिग्री प्रदान करता है। इसके अलावा, 10वीं और 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए अल्पकालिक डिप्लोमा और क्राफ्ट्समैनशिप सर्टिफिकेट कोर्स भी उपलब्ध हैं, जिनमें फूड प्रोडक्शन, बेकरी, हाउसकीपिंग और फ्रंट ऑफिस जैसे विषय शामिल हैं।
प्रमुख सुविधाएं और प्लेसमेंट
संस्थान की सबसे बड़ी विशेषता इसकी 100 प्रतिशत कैंपस प्लेसमेंट रिकॉर्ड है। यहाँ के विद्यार्थियों का चयन ओबेरॉय, ताज, आईटीसी, मैरियट और रिलायंस जैसे प्रतिष्ठित समूहों में होता है। विद्यार्थियों को चौथे सेमेस्टर में विदेशी इंटर्नशिप का विकल्प भी दिया जाता है। संस्थान आधुनिक छात्रावास, वाई-फाई, अनुभवी फैकल्टी और परिवहन जैसी सुविधाओं से सुसज्जित है। आरक्षित वर्ग के छात्रों के लिए शासन की नियमानुसार छात्रवृत्ति भी उपलब्ध है।
विकास की असीम संभावनाएं
इंदौर शहर अपनी स्वच्छता, सुरक्षित वातावरण और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था के कारण शिक्षा के लिए विद्यार्थियों की पहली पसंद है। यहाँ से प्रशिक्षण प्राप्त छात्र मैनेजमेंट ट्रेनी के रूप में 25 से 30 हजार रुपये प्रतिमाह के शुरुआती वेतन पर करियर शुरू कर सकते हैं, जो अनुभव के साथ जनरल मैनेजर जैसे उच्च पदों तक पहुंचता है। होटल उद्योग के साथ-साथ यहाँ के छात्र एयरलाइंस, बैंकिंग, रिटेल और इवेंट मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में भी सफल करियर बना रहे हैं।
=================
“कृषक कल्याण वर्ष-2026”
किसानों को सशक्त बनाने किया जा रहा है तकनीक का प्रभावी उपयोग : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
एआई आधारित डिजिटल क्रॉप सर्वे और फार्मर रजिस्ट्री से पारदर्शी व प्रमाणिक कृषि डेटा व्यवस्था हुई स्थापित
म.प्र. बना फार्मर रजिस्ट्री के शत-प्रतिशत अनुपालन वाला पहला राज्य
मंदसौर 6 फरवरी 26 / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि किसानों को सशक्त बनाने और कृषि व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप देने के लिए तकनीक का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। एआई आधारित डिजिटल क्रॉप सर्वे और फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से राज्य में ग्रामीण डेटा प्रणाली को एक नई दिशा प्रदान की गई है। उन्नत तकनीक, पारदर्शी डेटा प्रबंधन और केंद्र-राज्य समन्वय से यह पहल किसानों के हित में मजबूत डिजिटल आधार तैयार कर रही है। इससे किसानों को योजनाओं का वास्तविक लाभ सुनिश्चित होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से खेत पर उपस्थित होकर फसल की फोटो लेकर जानकारी सुरक्षित की जा रही है, जिससे फसल संबंधी डेटा पूरी तरह प्रमाणिक हो रहा है। जियो-फेंसिंग तकनीक से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सर्वे केवल वास्तविक खेत स्थल पर ही किया जाए। सर्वे डेटा का त्रिस्तरीय सत्यापन एआई/एमएल सिस्टम और पटवारी स्तर पर किया जा रहा है। अन्य विभागों द्वारा भी इस डेटा का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। डीसीएस डेटा के आधार पर उपार्जन पंजीयन की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि इंटरनेट उपलब्ध न होने की स्थिति में भी सर्वे की विश्वसनीयता बनी रहे। सर्वे के दौरान ली गई फोटो की प्रामाणिकता और सही लोकेशन की पुष्टि प्रणाली द्वारा की जाती है। सर्वे केवल निर्धारित समयावधि में ही संभव है और समय सीमा के बाहर या मोबाइल समय में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ होने पर सर्वे स्वतः रुक जाता है। एआई या एमएल एल्गोरिदम के माध्यम से डेटा का क्रॉस-वेरिफिकेशन कर मानवीय त्रुटियों की संभावना को न्यूनतम किया गया है। फसल क्षेत्र, उत्पादन अनुमान और योजनाओं के क्रियान्वयन में डेटा-ड्रिवन निर्णय लिए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री को एकीकृत डिजिटल प्रणाली के रूप में विकसित किया गया है। इसमें किसानों की पहचान, भूमि विवरण और योजना संबंधी जानकारी का केंद्रीकृत पंजीकरण एवं सत्यापन किया जा रहा है। इस प्रक्रिया में भूमि अभिलेखों का पूर्ण डिजिटल एकीकरण, स्थान आधारित रिकॉर्ड और बहु-स्तरीय डेटा जांच शामिल हैं। प्रत्येक किसान को 11 अंकीय विशिष्ट डिजिटल पहचान संख्या प्रदान की जा रही है, जिससे एक प्रमाणिक और सटीक किसान डेटाबेस (यूनिफाइड डिजिटल प्रोफाइल) तैयार हो रही है।
फार्मर रजिस्ट्री के निर्धारित मानकों का 100 प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है। एससीए योजना में भारत सरकार से वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए 713 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। यह डिजिटल व्यवस्था डुप्लीकेशन और फर्जी लाभार्थियों पर प्रभावी रोक लगाएगी और भविष्य की सभी डिजिटल कृषि योजनाओं की मजबूत नींव बनेगी। साथ ही, जन समर्थ पोर्टल के माध्यम से किसानों को आसान कृषि ऋण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
=========



