पुलवामा के शहीदों को समर्पित रहेगा रक्तदान शिविर, 14 को सीतामऊ में जुटेगा युवाओं का सैलाब

पुलवामा के शहीदों को समर्पित रहेगा रक्तदान शिविर, 14 को सीतामऊ में जुटेगा युवाओं का सैलाब
सीतामऊ। पुलवामा हमले के अमर शहीदों की याद में रक्त सेवा गौसेवा फाउंडेशन द्वारा आगामी 14 फरवरी को एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। संस्था द्वारा पिछले 6 वर्षों से लगातार शहीदों के सम्मान में “रक्त रूपी श्रद्धांजलि” का यह सिलसिला जारी है।
फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीतामऊ में 14 फरवरी 2026 शनिवार प्रातः 09 बजे से दोपहर 02 बजे तक होगा। शिविर की शुरुआत में देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा जाएगा और श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे।
संस्था के हितेश भाहु, प्रहलाद कुशवाहा और राहुल बोराना ने संयुक्त रूप से बताया कि रक्तदान महादान है। शहीदों की स्मृति में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य समाज में देशभक्ति की भावना जागृत करना और जरूरतमंदों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। आयोजन को लेकर क्षेत्र के युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की जनता से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें।



