
रिपोर्टर जितेंद्र सिंह चद्रांवत जडवासा
वार्डन की मनमानी से ढोढर का छात्रावास राम भरोसे, जिला पंचायत सीईओ के आदेश का कोई असर नहीं
जड़वासा। ढोढर स्थित बालिका छात्रावास में पदस्थ वार्डन की कथित मनमानी के चलते छात्राएं भय के साए में रहने को मजबूर है। आरोप है कि वार्डन छात्रावास छोड़कर अपने निवास पर चली जाती है। जबकि नियमानुसार वार्डन को मुख्यालय पर ही रहने के आदेश हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ढोढर स्थित बालिका छात्रावास में उक्त वार्डन को तीन साल से अधिक का समय व्यतीत हो चुका है। लेकिन वह एक दिन भी मुख्यालय पर उपस्थित नहीं रही।
लोगों ने बताया कि उक्त वार्डन के पास ढोढर के बालक माध्यमिक विद्यालय के प्रधान अध्यापक का चार्ज भी है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल से छुट्टी होने के बाद वे सीधे अपने घर चली जाती है। हालांकि इसकी शिकायत गणमान्य लोगों ने प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत कलेक्टर मिशा सिंह व जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन से की थी।
इस पर जिला पंचायत सीईओ ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल कार्रवाई कर अवगत कराने के निर्देश दिए थे। लेकिन एक पखवाडा बीत जाने के बाद भी स्थिति यथावत है।



