मंदसौरमध्यप्रदेश

समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 25 जनवरी 2026 रविवार

///////////////////////////////

गणतंत्र दिवस की फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल सम्पन्न, 16 प्लाटूनों ने किया शानदार प्रदर्शन

सर्प दंश से बचाव तथा आकाशीय बिजली से सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया गया

मंदसौर 24 जनवरी 26/ गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जिला मुख्यालय मंदसौर में आयोजित होने वाले जिलास्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर आज राजीव गांधी शासकीय महाविद्यालय, मंदसौर के क्रीड़ा परिसर में फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। यह भव्य समारोह 26 जनवरी 2026 को प्रातः 9 बजे से आयोजित किया जाएगा।

पिछले कई दिनों से चल रही परेड एवं अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों के क्रम में आज सुबह 9 बजे से आयोजित फाइनल रिहर्सल का अवलोकन कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग, पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना, अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री तैरसिंग बघेल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। अधिकारियों ने रिहर्सल के दौरान सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।

फाइनल रिहर्सल में कुल 16 प्लाटूनों द्वारा आकर्षक, अनुशासित एवं समन्वित परेड का प्रदर्शन किया गया। परेड की सटीकता, अनुशासन एवं तालमेल ने उपस्थित अधिकारियों और दर्शकों को प्रभावित किया। रिहर्सल के दौरान विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता का संदेश स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।

कार्यक्रम के दौरान सिविल डिफेंस एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जनजागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। डिप्टी चीफ वार्डन डॉ. हिमांशु यजुर्वेदी एवं उनकी टीम ने आमजन को सांप के काटने से बचाव तथा आकाशीय बिजली से सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया। इस पहल का उद्देश्य आपदा की स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया के प्रति नागरिकों को जागरूक करना रहा। फाइनल रिहर्सल कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ जे. के. जैन द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, कर्मचारीगण एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

=============

प्रधानमंत्री कृषक सूर्य मित्र योजना से किसानों को मिल रही सोलर पंप की सौगात

मंदसौर जिले में योजना अंतर्गत 1120 आवेदनों के वर्क ऑर्डर जारी

मंदसौर 24 जनवरी 26/ अक्षय ऊर्जा अधिकारी द्वारा बताया गया कि भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पी.एम. कुसुम योजना का घटक-बी प्रदेश में “प्रधानमंत्री कृषक सूर्य मित्र योजना” के नाम से संचालित किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत मंदसौर जिले के किसानों को सोलर पंप के माध्यम से सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जिले में ऑफ-ग्रिड सोलर पंपों की स्थापना का कार्य तेजी से प्रगति पर है, जिससे किसानों की बिजली पर निर्भरता कम हो रही है और खेती की लागत में उल्लेखनीय कमी आ रही है।

किसान-अनुकूल वित्तीय व्यवस्था

योजना के अंतर्गत सोलर पंप स्थापना के लिए सरल एवं लाभकारी वित्तीय व्यवस्था निर्धारित की गई है। इसमें किसान को केवल 10 प्रतिशत अंशदान करना होता है। केंद्र सरकार द्वारा 30 प्रतिशत अनुदान दिया जाता है, जबकि शेष 60 प्रतिशत राशि बैंक ऋण के रूप में उपलब्ध कराई जाती है। इस ऋण की गारंटी मध्यप्रदेश शासन द्वारा दी जा रही है। ऋण प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को नोडल बैंक नियुक्त किया गया है।

योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया

योजना का लाभ प्राप्त करने तथा वेंडर द्वारा कार्य प्रारंभ करने के लिए ऋण स्वीकृति अनिवार्य है। इसके लिए किसान को कुसुम-बी राज्य पोर्टल से एआईएफ (एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड) में ऑनलाइन आवेदन करना होगा। साथ ही नोडल बैंक में किसान का खाता एवं सीआईएफ (CIF) की उपलब्धता आवश्यक है।

जिले में अब तक की प्रगति

31 दिसंबर 2025 तक मंदसौर जिले में योजना अंतर्गत कुल 1120 आवेदनों के वर्क ऑर्डर जारी किए जा चुके हैं। इस योजना से किसानों को दिन के समय निर्बाध सिंचाई, कम लागत में खेती तथा पर्यावरण संरक्षण में सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण लाभ मिल रहे हैं। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसान अक्षय ऊर्जा विभाग से संपर्क कर सकते हैं।

============

राष्ट्रीय बालिका दिवस पर महिला एवं बाल विकास विभाग ने किया विविध गतिविधियों का आयोजन

मंदसौर 24 जनवरी 26/ जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला मंदसौर द्वारा रानी लक्ष्मीबाई बालिका उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, लैंगिक समानता के प्रति जागरूकता फैलाना एवं बालिका कल्याण से संबंधित योजनाओं की जानकारी देना रहा।

कार्यक्रम के दौरान लैंगिक भेदभाव एवं बालिका सशक्तिकरण विषय पर नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया, जिसमें बालिकाओं ने समाज में व्याप्त असमानताओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इसके साथ ही पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता एवं आइस-ब्रेकर गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस अवसर पर बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बालिकाएं समाज की आधारशिला हैं और उनके सशक्तिकरण से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।

==============

26 जनवरी को सुशासन भवन में सुबह 8 बजे होगा झंडा वंदन

मंदसौर 24 जनवरी 26/ गणतंत्र दिवस के मौके पर 26 जनवरी को कलेक्‍टोरेट कार्यालय (सुशासन भवन) मंदसौर में प्रात: 08:00 बजे कलेक्‍टर श्रीमती अदिती गर्ग द्वारा झंडा वंदन किया जाएगा।

============

जिला स्‍तरीय गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में कलेक्‍टर एवं मुख्य अतिथि श्रीमती गर्ग करेंगे झंडा वंदन

मंदसौर 24 जनवरी 26 /गणतंत्र दिवस के मौके पर 26 जनवरी को जिला मुख्यालय पर राजीव गांधी शासकीय महाविद्यालय मन्दसौर के क्रीड़ा परिसर में जिलास्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह पर कलेक्‍टर एवं समारोह के मुख्य अतिथि श्रीमती अदिती गर्ग झंडा वंदन करेंगे।

26 जनवरी को जिला पंचायत में जिला पंचायत अध्‍यक्षा श्रीमती पाटीदार करेंगी झंडा वंदन

मंदसौर 24 जनवरी 26/ सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन द्वारा बताया कि गणतंत्र दिवस के मौके पर 26 जनवरी को जिला पंचायत कार्यालय मंदसौर में सुबह 8 बजे जिला पंचायत अध्‍यक्षा श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार द्वारा झण्डा वंदन किया जायेगा।

================

26 जनवरी की शाम शासकीय भवनों में करें आकर्षक रौशनी

मंदसौर 24 जनवरी 26/ 26 जनवरी की संध्या को प्रदेश के समस्त शासकीय भवनों एवं राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों पर आकर्षक रौशनी की जाये। निजी संस्थान भी अपने बड़े भवनों में रौशनी करें। इस संदर्भ में कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने जिले के सभी विभाग प्रमुखों से कहा है कि वे अपने जिला कार्यालयों एवं अधीनस्थ संस्थान भवनों में 26 जनवरी की शाम आकर्षक रौशनी करायें। उन्होंने निजी संस्थाओं से भी अपील की है कि वे भी अपने संस्थान भवनों मे 26 जनवरी की शाम को आकर्षक रौशनी करें।

=============

साफ-सुथरा राष्ट्रीय ध्वज ही फहरायें

मंदसौर 24 जनवरी 26 / सभी जिलाधिकारी ध्वज संहिता का अक्षरशः पालन करें। गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के मौके पर फहराया जाने वाला राष्ट्रीय ध्वज साफ-सुथरा ही हो, कटा-फटा या रंग उड़ा हुआ या अत्यधिक पुराना न हो। राष्ट्रीय ध्वज संबंधी आवश्यक तैयारी समारोह के दो दिन पहले ही कर ली जाये। जिलाधिकारी राष्ट्रध्वज फहराये जाने के संबंध में ध्वज संहिता का पूर्णरूपेण पालन करें तथा अपने अधीनस्थ संस्थाओं/कार्यालयों के अधिकारियों/कर्मचारियों को भी इस बारे में आवश्यक कार्यवाही के लिये निर्देशित करें।

कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने सभी जिलाधिकारियों सभी एस.डी.एम., तहसीलदार, जनपद के सी.ई.ओ. एवं नगर पालिका/परिषदो के सी.एम.ओ. तथा जिले के सभी शाला प्राचार्यो को इस आशय के निर्देश दिये हैं।

==============

दशपुर विद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई वसंत पंचमी, 

मंदसौर।दशपुर विद्यालय में वसंत पंचमी का पर्व बड़े ही उत्साह, श्रद्धा एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसे संगीत शिक्षक श्री तेजपाल बारेट एवं नृत्य शिक्षक श्री विवान भाटी ने सम्पन्न कराया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही माँ सरस्वती के प्रति श्रद्धा भाव व्यक्त किया गया।
मंच से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सरस्वती वंदना, मधुर गीत, भावपूर्ण कविताएँ एवं प्रेरक प्रसंग प्रस्तुत कर वातावरण को ज्ञान, कला और उल्लास से भर दिया।
उपप्राचार्य श्री शैलेन्द्र पुरोहित ने अपने उद्बोधन में वसंत पंचमी पर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व ज्ञान, विद्या, कला और नवचेतना का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ-साथ संस्कारों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी।पूरा आयोजन सौहार्द, अनुशासन एवं सांस्कृतिक चेतना का सुंदर उदाहरण रहा। इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्य प्रिन्स वी थॉमस, उपप्राचार्य श्री शैलेन्द्र पुरोहित, संस्था सुपरवाइजर श्री हाकिम प्रसाद शर्मा सहित पूरा विद्यालय परिवार उपस्थित था।
कार्यक्रम का सफल एवं सशक्त संचालन शिक्षिका श्रीमती पायल कर्णावट एवं श्रीमती दीपिका बुधवानी द्वारा किया गया एवं कॉर्डिनेटर मैम भूमिका सोनी ने आभार व्यक्त करते हुए सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

=========

जैन दिवाकरीय उपाध्याय डॉ गौतम मुनि महाराज की दीक्षा जयंती

खेताखेड़ा में हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, कई लोग हुए लाभान्वित
मंदसौर । जैन दिवाकर उपाध्याय प्रवर डॉक्टर गौतम मुनि मासा की 50 वीं दीक्षा जयंती के अवसर पर गुरु गौतम मुनि जैन सेवा संस्थान द्वारा  अनुयोग हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर (मंदसौर, दलौदा)  के सहयोग से ग्राम खेताखेड़ा में जय माता दी मेडिकल स्टोर्स एवं क्लिनिक में निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें अनुयोग हॉस्पिटल के अनुभवी डॉक्टर्स एवं स्टॉफ ने अपनी सेवाएं दी।
अनुयोग हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के डॉ योगेंद्र कोठारी और डॉ स्नेहा रामटेके सहित अन्य अनुभवी चिकित्सकों और स्टॉफ  द्वारा इस स्वास्थ्य शिविर में कई लोगों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण आधुनिक मशीनों किया गया तथा  ब्लड आदि के सैंपल लेकर जांच की गई। शिविर में शुगर, बीपी की जांच के साथ निशुल्क ईसीजी की गई। मरीजों का समुचित इलाज के साथ अनुयोग स्टॉफ द्वारा स्वास्थ्य संबंधित समझाइश दी गई तथा  उन्हें  दिनचर्या के बारे में बताया गया। इस शिविर में कई लोगो ने स्वास्थ्य लाभ लिया। डॉ योगेंद्र कोठारी और डॉ अंजू कोठारी ने बताया कि पूज्य गुरुदेव गौतम मुनि जी की प्रेरणा से अनुयोग हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर की इकाइयों द्वारा नीमच एवं मंदसौर जिले के नगर एवं सुदूर ग्रामीण अंचलों में 100 स्वास्थ्य शिविर लगाने का  लक्ष्य है, इस श्रंखला  में उक्त शिविर खेताखेड़ा में आयोजित किया गया। यह जानकारी संस्था के सचिव गुरु गौतम मुनि जैन सेवा संस्थान के सचिव मनीष मारु ने दी।

==============

मुंदड़ी में दीवार लेखन कर जल एवं स्वच्छता संदेश से ग्रामीणों को किया जागरूक

मंदसौर। मल्हारगढ़ ब्लॉक में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा ग्राम मूंदड़ी में नवाकुंकर संस्था श्री श्री मां शक्ति सेवा संस्थान द्वारा ग्रामोदय से अभ्युदयष् (2026) अभियान के तहत गांव में व्यापक दीवार लेखन कार्य किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से जल संरक्षण, स्वदेशी, नशा मुक्ति, स्वच्छता और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर प्रेरक स्लोगन के द्वारा जनता को जागरूक किया जा रहा है, जिसमें स्व-सहायता समूह और प्रस्फुटन समितियां सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। ब्लॉक समन्वय विनोद गौर ने अपने संबोधन मे बताया कि ग्रामोदय से अभ्युदयष् अभियान के अंतर्गत ग्रामीणों को जल संरक्षण और विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूक करना है। संस्था सचिव श्रीमति राधिका तिवारी ने कहा कि गांव में प्रेरक स्लोगन (जैसे- जल है तो कल है, दो गज की दूरी) के माध्यम से दीवारों पर संदेश लिखना ओर जनता को जागरूक करना हमारी मुख्य गतिविधियों में शामिल है। सरपंच राजेश मालवीय ने कहा कि मूंदड़ी (ग्राम पंचायत के सभी वार्ड, मोहल्ला ओर गालियां) सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जन अभियान का जागरूकता कार्य जारी है जो प्रशंसनीय है। श्रीमति तिवारी ने कहा कि मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद का यह अभियान सामाजिक सहभागिता और स्वैच्छिकता को प्रोत्साहित करते हुए गांव के विकास (ग्रामोदय) की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है जिसमें जिला समन्वय तृप्ति बैरागी के मार्गदर्शन में यह कार्य किया जा रहा है। दीवार लेखन के समय सरपंच प्रतिनिधि कमल जैन, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष घनश्याम खराड़ी, परमानंद खैर एवं ग्रामीणजन मौजूद थे।

===========

मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के अलावा अन्य संगठनों का बदलेगा नाम
– रजिस्ट्रार फर्म एंड सोशायटी ने जारी किया आदेश
भोपाल। श्रमजीवी पत्रकार के नाम पर अब केवल मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ ही अस्तित्व में रहेगा। जो संगठन श्रमजीवी पत्रकार के नाम पर पंजीकृत हैं उन्हें अपना नाम बदलना पड़ेगा, साथ ही अब श्रमजीवी पत्रकार के नाम से किसी अन्य संगठन का पंजीयन भी नहीं हो सकेगा। दरअसल, रजिस्ट्रार फर्म एवं संस्थाएं भोपाल द्वारा भोपाल-नर्मदारपुरम संभाग, इंदौर संभाग, उज्जैन संभाग, सागर संभाग, ग्वालियर-चम्बल संभाग, रीवा-शहडोल संभाग एवं जबलपुर संभाग के असिस्टेंट रजिस्ट्रार फर्म एवं संस्थाएं को निर्देशित किया गया है कि आपके कार्यालय में पंजीकृत श्रमजीवी पत्रकार संघों के संबंध में आवश्यक कार्यवाही कर विधि अनुसार नाम संशोधित करने की कार्यवाही करें। रजिस्ट्रार ने यह भी कहा है कि श्रमजीवी पत्रकार संघ के नाम से विभिन्न जिलो में पंजीयन के समय गहन जॉचकर ही कार्यवाही की जाये। रजिस्ट्रार फर्म एवं संस्थाएं भोपाल ने यह आदेश मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के पक्ष में पारित निर्णय के अनुपालन में जारी किया गया है।
गौरतलब है कि इस संबंध में मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया ने मिलते-जुलते नाम से पंजीकृत संगठनों के खिलाफ जिला व संभाग स्तर से लेकर उच्च न्यायालय तक लंबी लड़ाई लड़ी। अंतत: उनका संघर्ष कामयाब रहा और उच्च न्यायालय जबलपुर के न्यायाधीश जी.एस. अहलूवालिया ने 06 सितम्बर 2024 को मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के पक्ष में निर्णय पारित किया कि अन्य कोई संगठन श्रमजीवी पत्रकार के नाम का उपयोग नहीं कर सकता। उच्च न्यायालय ने रजिस्ट्रार ट्रेड यूनियन को मामले में 24 अक्टूबर 2024 तक उभयपक्ष की सुनवाई कर अंतिम निर्णय लेने का आदेश दिया था। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के आदेश के बाद भी कुछ संगठन श्रमजीवी पत्रकार के नाम पर पंजीयन लिए बैठे थे। जिला या संभाग स्तर पर फर्म एंड सोसायटी के उप पंजीयकों ने भी ऐसे संगठनों के खिलाफ कार्यवाही नहीं की। लिहाजा ऐसे संगठनों द्वारा पत्रकारों को भ्रमित किया जाता था कि उनका संगठन ही वास्तविक श्रमजीवी पत्रकार संघ है। जिसके बाद मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया द्वारा मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के आदेश की प्रति के साथ रजिस्ट्रार फर्म एवं संस्थाएं भोपाल को कार्यवाही हेतु पत्राचार किया गया था। अंतत: अब रजिस्ट्रार फर्म एवं संस्थाएं भोपाल ने प्रदेश के सभी उप पंजीयकों को श्रमजीवी पत्रकार के नाम से संचालित संगठनों का नाम बदलवाने के आदेश जारी कर दिए हैं। उक्त जानकारी मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के रतलाम संभाग इकाई के अध्यक्ष डॉ प्रीतिपालसिंह राणा ने दी है।

============

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
WhatsApp Icon
Whatsapp
ज्वॉइन करें
site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}