समाचार मध्यप्रदेश मंदसौर 24 जनवरी 2026 शनिवार

//////////////////////////////
मतदाता दिवस के अवसर पर सुशासन भवन में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती गर्ग ने दिलाई शपथ
मंदसौर 23 जनवरी 26 / कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अदिती गर्ग द्वारा सुशासन भवन में जिला अधिकारियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई। शपथ दिलाते हुए उन्होंने कहा कि ‘‘हम, भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचन में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।‘‘
============
कलेक्टर श्रीमती गर्ग की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक संपन्न
मंदसौर 23 जनवरी 26/ महिला एवं बाल विकास विभाग जिला परियोजना अधिकारी श्री बी. एल. विश्नोई द्वारा बताया गया कि कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग में जिला पोषण समिति की बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, समस्त परियोजना अधिकारी , जिला समन्वयक, समस्त ब्लॉक एवं समस्त पर्यवेक्षकों की उपस्थिति रही। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री बी. एल. विश्नोई द्वारा पीपीटी के माध्यम से जिले के प्रदर्शन को बताया गया। जिसमें कलेक्टर श्रीमती गर्ग द्वारा निर्देशित किया गया कि पर्यवेक्षक सभी निजी स्कूलों में जाकर सत्यापन करे और छूटे हुए बच्चों को नवीन पंजीयन किए जाने के निर्देश दिए गए।
कार्य नहीं करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की सेवा समाप्ति करने, कम उपलब्धि प्रतिशत वाली परियोजनाओं को चेतावनी पत्र जारी किए जाने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संबोधन कार्य का अंतर्गत 24 जनवरी 2026 को समस्त परियोजनाओं में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण आयोजित किए जाने और सभी SAM बच्चों को mmbask कार्यक्रम में दर्ज किए जाने और नियमित फॉलोअप किए जाने के विशेष निर्देश दिए गए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर NRC भर्ती किए जाने वाले बच्चों की वेट लिस्ट बनाने के संबंध में निर्देशित किया गया। कम उपलब्धि वाली परियोजनाओं एवं पर्यवेक्षकों के प्रति नाराजगी व्यक्त की गई और उन्हें निर्देशित किया गया कि यदि आगामी माह में 88% कम भोजन वितरण होता है तो उनके विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।
जहां जनसंख्या घनत्व कम है और जो स्कूल सीएम राइस स्कूलों में शिफ्ट हो गए हैं उन क्षेत्रों में सर्वे करने के निर्देश दिए। अंत में कलेक्टर श्रीमती गर्ग द्वारा मुख्य बिंदुओं पर उपस्थित सभी से चर्चा की गई। और दिए गए समस्त निर्देशों का यथाशीघ्र पालन किए जाने और अपनी कार्यशाली में आवश्यक सुधार किए जाने एवं नियमित आंगनवाड़ी केंद्रों की समीक्षा और आवश्यक सुधार करते हुए अपनी नियमित पोषण ट्रैक में प्रविष्टि की स्थिति सुधारने हेतु निर्देशित किया जाकर सभी को निर्देशित किया गया कि बैठक में प्राप्त समस्त निर्देशों का पालन करें। बैठक के अंत में सभी को धन्यवाद देते हुए बैठक का समापन किया गया। फोटो संलग्
=================
मंदसौर शहर के सभी परिवारों को शुद्ध एवं स्वच्छ पानी मिलेगा : उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा
उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने रामघाट मंदसौर में 11 करोड़ के नवीन फिल्टर प्लांट का किया भूमिपूजनमंदसौर 23 जनवरी 2026/ उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने रामघाट, मंदसौर में अमृत 2.0 योजना अंतर्गत 11 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले नवीन फिल्टर प्लांट, टंकी एवं डिस्ट्रीब्यूशन पाइप लाइन का विधिवत भूमि पूजन किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, जिला योजना समिति सदस्य श्री राजेश दीक्षित सहित नगर पालिका के पार्षदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि नवीन फिल्टर प्लांट के बन जाने से मंदसौर शहर के सभी परिवारों को शुद्ध एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि 48 वर्ष पुराने फिल्टर प्लांट के स्थान पर 11 करोड़ रुपये की लागत से नया फिल्टर प्लांट निर्मित किया जा रहा है, जो नगर पालिका के लिए अत्यंत आवश्यक कार्य था।
उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्रों में अमृत 2.0 योजना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के माध्यम से सरकार द्वारा पीने के पानी की व्यवस्था की जा रही है। सरकार का संकल्प है कि देश के हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचे और 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाया जाए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली, स्वच्छता एवं जल जैसी मूलभूत सुविधाएं बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक को अपने शहर, गांव और घर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में योगदान देना चाहिए। इस दौरान उन्होंने फिल्टर प्लांट का अवलोकन भी किया।
कार्यक्रम के पश्चात उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध घुमंतू समुदायों के परिवारों के शैक्षणिक, सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान हेतु संचालित जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि 16 एमएलडी क्षमता का फिल्टर प्लांट, तीन पानी की टंकियां तथा तेलिया तालाब का सौंदर्यीकरण एक साथ किया जाएगा, जिससे शहर की जलापूर्ति व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में चंबल नदी से लगभग 60 प्रतिशत पानी प्राप्त हो रहा है। साथ ही 3300 करोड़ रुपये की लागत से मंदसौर बैराज परियोजना का निर्माण किया जा रहा है, जिससे भविष्य में मंदसौर को और अधिक जल उपलब्ध होगा। सिवरेज कार्य भी प्रारंभ हो चुका है, जिससे शहर की स्वच्छता में सुधार आएगा।
=============
मल्हारगढ़ सूक्ष्म सिंचाई परियोजना से हर किसान होगा लाभान्वित, किसी भी समय कर सकेंगे सिंचाई : उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा
उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने ग्राम हरसोल, अरनिया देव, सुठोद में 18 करोड़ 86 लाख के निर्माण कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन
मंदसौर 23 जनवरी 26/ उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ग्राम हरसोल, अरनिया देव एवं सुठोद में कुल 18 करोड़ 86 लाख रुपए की लागत से निर्मित एवं निर्मित होने वाले विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। ग्राम हरसोल में उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने 6 करोड़ 47 लाख रुपए की लागत से निर्मित दो सड़कों का लोकार्पण किया। इसमें 1 करोड़ 24 लाख रुपए की लागत से मनासा पिपलिया मार्ग से किशनगढ़ मार्ग तथा 5 करोड़ 3 लाख रुपए की लागत से नारायणगढ़ से हरसोल मार्ग शामिल है। इसके अतिरिक्त ग्राम हरसोल में 3 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड, 4 लाख रुपए की लागत से मांगलिक भवन एवं 13 लाख रुपए की लागत से संत श्री रविदास भवन का भी लोकार्पण किया गया।
ग्राम अरनिया देव में 2 करोड़ 25 लाख रुपए की लागत से अरनिया देव से लसुड़िया कंदमाला मार्ग के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया।
ग्राम सुठोद में उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने 5 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से सुठोद से नारायणगढ़ मार्ग तथा 4 करोड़ 76 लाख रुपए की लागत से पुराने शहर मार्ग नारायणगढ़ से मुंदेड़ी मार्ग का भूमिपूजन किया। लोकार्पण एवं भुमि पूजन कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, जिला योजना समिति सदस्य श्री राजेश दीक्षित, श्री मदन लाल राठौर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, किसान, आम नागरिक, पत्रकार मौजूद थे।
उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने कहा है कि मल्हारगढ़ सूक्ष्म उद्यवन सिंचाई परियोजना के माध्यम से क्षेत्र के प्रत्येक खेत तक पानी पहुंचाया जाएगा। इस परियोजना के तहत किसान किसी भी समय खेत में जाकर सिंचाई कर सकेगा और इसके लिए बिजली की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने कहा कि एक वर्ष के भीतर चंबल का पानी हर खेत तक पहुंचेगा, साथ ही पीने के पानी की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी।
उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि सरकार ने जो कहा है, उसे करके दिखाया है। जनता ने विकास कार्यों के लिए सरकार को अवसर दिया है और उसी विश्वास के साथ लगातार काम किए जा रहे हैं। सरकार ने गरीबों के आंसू पोंछने, उनकी तकलीफें दूर करने, सुरक्षा और इलाज की व्यवस्था करने का कार्य किया है। बिजली, सड़क और स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सड़क योजना के माध्यम से हर गांव को जोड़ा गया है और आज क्षेत्र में सड़कों का मजबूत जाल बिछ चुका है। नदियों को जोड़ने के कार्य से पानी की समस्या दूर हुई है। आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज की गारंटी मिली है, जिसका लाभ सभी वर्गों और समुदायों को समान रूप से मिला है। सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है।
उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने बताया कि अस्पतालों के साथ-साथ सांदीपनि विद्यालय प्रारंभ किए गए हैं, जहां गरीब और अमीर सभी वर्गों के बच्चे एक साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
वर्तमान समय में सड़कों का चहुंमुखी विकास हुआ है, जिससे गांव-गांव तक आवागमन सुगम हुआ है। यह सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति का परिणाम है कि विकास कार्य निरंतर तेज गति से हो रहे हैं। सड़क परिवहन देश के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सड़कों के माध्यम से न केवल आवागमन सुलभ होता है, बल्कि कृषि, उद्योग, व्यापार और सेवा क्षेत्रों को भी नई गति मिलती है। सशक्त सड़क नेटवर्क के बिना संतुलित और समग्र विकास संभव नहीं है।
=============
26 जनवरी को सुशासन भवन में सुबह 8 बजे होगा झण्डावंदन
मंदसौर 23 जनवरी 26 / गणतंत्र दिवस के मौके पर 26 जनवरी को कलेक्टोरेट कार्यालय (सुशासन भवन) मंदसौर में प्रात: 08:00 बजे झण्डा वंदन कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग द्वारा झंडा वंदन किया जाएगा।
===========
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में “स्वयं” पोर्टल पर जनवरी 2026 के लिए पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ
उच्च शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों का पंजीयन कराने जारी किए निर्देश
मंदसौर 23 जनवरी 26 / महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी, उच्च गुणवत्ता, बहुविषयक एवं नवाचार आधारित शिक्षा एक ही जगह पर ऑनलाइन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही भारत सरकार द्वारा स्वयं (SWAYAM Study Webs of Active–Learning for Young Aspiring Minds) पोर्टल के माध्यम से विभिन्न विषयों में उच्च गुणवत्ता वाले ऑनलाइन पाठ्यक्रम विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराए गए हैं।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उच्च शिक्षा विभाग द्वारा स्वयं पोर्टल पर विद्यार्थियों का निशुल्क पंजीयन कराया जा रहा है। इन पाठ्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक विद्यार्थी को उत्कृष्ट, सरल एवं समावेशी शिक्षण सामग्री तक समान रूप से पहुंच प्रदान करना है। “स्वयं” पोर्टल का लाभ अधिक से अधिक विद्यार्थियों को मिल सके, इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग द्वारा पोर्टल पर विद्यार्थियों का पंजीयन सुनिश्चित कराने के दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि प्रत्येक विद्यार्थी का “स्वयं” पोर्टल पर न्यूनतम एक विषय में पंजीयन अनिवार्य होगा। जनवरी 2026 के लिए पोर्टल पर पंजीयन की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, जिसमें विद्यार्थी अपनी रुचि एवं शैक्षणिक आवश्यकता के अनुरूप संबंधित पाठ्यक्रम का चयन कर पोर्टल की लिंक के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं।
विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी एवं नोडल अधिकारी डॉ. दिवा मिश्रा ने बताया कि “स्वयं” पोर्टल से विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी, गुणवत्तापूर्ण, बहुविषयक एवं नवाचार आधारित शिक्षा का लाभ मिलेगा, जिससे उनकी शैक्षणिक दक्षता, कौशल विकास एवं रोजगार की संभावनाओं में वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि पंजीयन प्रक्रिया को समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिये सभी उच्च शिक्षण संस्थानों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
=============
नारी सशक्तिकरण का राष्ट्रीय आंदोलन बन गया है, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अभियान के 11 वर्ष पूर्ण होने पर दी बधाई
मंदसौर 23 जनवरी 26 / मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के सफलतम 11 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान नारी सशक्तिकरण का राष्ट्रीय आंदोलन बन चुका है। देश-दुनिया की मुख्य धारा से बेटियों को जोड़ने वाले इस ऐतिहासिक अभियान के अंतर्गत महिलाओं के अधिकार, सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर के लिए हम सभी प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में संकल्पित होकर कार्य कर रहे हैं।
===========
खेलो एमपी यूथ गेम्स
मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं केंद्रीय मंत्री डॉ. मांडविया 27 जनवरी को करेंगे राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का भव्य शुभारंभ
सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक श्री कैलाश खेर टीटी नगर स्टेडियम में देंगे प्रस्तुति
मंदसौर 23 जनवरी 26 / सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने गुरुवार को प्रेस से चर्चा में बताया कि 27 जनवरी 2026 को शाम 6:30 बजे भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में खेलो एमपी यूथ गेम्स की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का भव्य शुभारंभ होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केन्द्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया इसका शुभारंभ करेंगे। मंत्री श्री सारंग ने बताया कि प्रदेश में ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताएँ सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी हैं, जबकि जिला एवं संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएँ प्रगति पर हैं और 25 जनवरी 2026 तक पूर्ण हो जाएँगी। इसके बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया जाएगा।
भव्य शुभारंभ समारोह, खेलों की थीम पर आधारित होगा आयोजन
मंत्री श्री सारंग ने बताया कि टीटी नगर स्टेडियम में आयोजित शुभारंभ समारोह को विशुद्ध रूप से खेलों की थीम पर आधारित रखा गया है। समारोह में श्री कैलाश खेर की विशेष प्रस्तुति होगी, वहीं इंडियाज़ गॉट टैलेंट फेम डांस ट्रूप द्वारा आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी जाएँगी। इसके अतिरिक्त खेलों के इतिहास पर आधारित नृत्य-नाटिका तथा भव्य आतिशबाजी कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहेंगे। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि यह समारोह खेल, ऊर्जा और युवा उत्साह का जीवंत प्रदर्शन होगा।
खेल विभाग एवं खेल संघों के समन्वय से मिले सकारात्मक परिणाम
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि देश में पहली बार खेल विभाग एवं सभी मान्यता प्राप्त खेल संघों के संयुक्त समन्वय से खेलो एमपी यूथ गेम्स का आयोजन किया जा रहा है, जिसके अत्यंत सकारात्मक एवं उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं। इस पहल के माध्यम से ग्रामीण स्तर से बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली खिलाड़ी उभरकर सामने आए हैं, जिससे जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभा की पहचान संभव हो सकी है। उन्होंने कहा कि इस नवाचारी मॉडल का सफल क्रियान्वयन भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी लागू किए जाने के लिए मध्यप्रदेश का प्रयास रहेगा, ताकि देशभर में खेलों के विकास को नई दिशा मिल सके।
ऑनलाइन पंजीयन एवं पारदर्शी व्यवस्था
मंत्री श्री सारंग ने बताया कि खेलो एमपी यूथ गेम्स में सहभागिता के लिए खिलाड़ियों का ऑनलाइन पंजीयन डैशबोर्ड आधारित डिजिटल प्रणाली के माध्यम से किया गया है, जिससे पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी, सरल एवं सुगम बनी है। ब्लॉक स्तर से प्रारंभ हुई इस प्रक्रिया में अब तक एक लाख से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने बताया कि पंजीयन, खेलवार सहभागिता, परिणामों की प्रविष्टि एवं प्रगति की निगरानी रीयल-टाइम डैशबोर्ड के माध्यम से की जा रही है।
31 जनवरी तक चलेंगी प्रतियोगिताएँ, 28 खेल होंगे शामिल
मंत्री श्री सारंग ने बताया कि चयन प्रक्रिया 313 विकासखंडों से प्रारंभ की गई, जिसके अंतर्गत 13 से 20 जनवरी 2026 तक जिला स्तरीय प्रतियोगिताएँ संपन्न की जा चुकी हैं तथा संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएँ 25 जनवरी तक पूर्ण होंगी। ब्लॉक एवं जिला स्तर पर 21 खेलों की प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। राज्य स्तर पर प्रदेश के 10 संभागों की टीमें प्रतियोगिताओं में भाग लेंगी, जिससे यह आयोजन प्रदेशव्यापी सहभागिता का प्रतीक बनेगा।
खेलों की परंपरा के अनुरूप आयोजन स्थल
मंत्री श्री सारंग ने बताया कि प्रतियोगिताओं का आयोजन इस आधार पर किया गया है कि जिस क्षेत्र में जिस खेल को खेलने की परंपरा और लोकप्रियता है, उस खेल का आयोजन वहीं किया जाए। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएँ भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, रीवा, शिवपुरी, ग्वालियर, सागर एवं नर्मदापुरम में प्रस्तावित हैं। भोपाल में एथलेटिक्स, फेंसिंग, पुरुष क्रिकेट, क्याकिंग-कैनोईंग, रोईंग, तैराकी, शूटिंग, पुरुष हॉकी, बॉक्सिंग, थ्रोबॉल, व्हॉलीबॉल एवं कबड्डी आयोजित होंगी। इंदौर में बास्केटबॉल, वेटलिफ्टिंग, टेबल टेनिस एवं टेनिस, शिवपुरी में महिला क्रिकेट, ग्वालियर में महिला हॉकी, पिट्टू एवं बैडमिंटन, उज्जैन में मल्लखम्ब, योगासन, रस्साकशी एवं कुश्ती, जबलपुर में खो-खो एवं आर्चरी, रीवा में फुटबॉल, नर्मदापुरम में ताईक्वांडो एवं शतरंज तथा सागर में जूडो प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी।
पहली बार पारंपरिक एवं लोकप्रिय खेलों को विशेष स्थान
मंत्री श्री सारंग ने बताया कि खेलो एमपी यूथ गेम्स में पहली बार पारंपरिक एवं लोकप्रिय खेलों को विशेष रूप से शामिल किया गया है। इसमें पिट्टू और रस्साकशी जैसे पारंपरिक खेलों के साथ-साथ क्रिकेट और थ्रोबॉल को भी शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में प्रचलित खेलों को संस्थागत मंच प्रदान करना, अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ना और छिपी हुई प्रतिभाओं को आगे लाना है।
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि खेलो एमपी यूथ गेम्स प्रदेश के युवाओं को प्रतिभा प्रदर्शन का सशक्त, पारदर्शी और व्यापक मंच प्रदान कर रहे हैं तथा यह आयोजन मध्यप्रदेश को खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
==============
नंद सेवा संकल्प समिति के जिला कार्यालय का भव्य शुभारंभ
श्री रामचंदानी के आतिथ्य में हुआ शुभारंभ, सामाजिक कार्यों को मिलेगी नई गति
मंदसौर। नंद सेवा संकल्प समिति के जिला कार्यालय का उद्घाटन शनिवार को समाजसेवी एवं पाताल लोक के संपादक मोहन राम चंदानी के मुख्य आतिथ्य में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्री चंदानी ने विधिवत फीता काटकर कार्यालय का औपचारिक शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जिलेभर के सामाजिक संगठनों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिससे समिति के सामाजिक कार्यों को लेकर व्यापक समर्थन स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। उद्घाटन समारोह में विशाल डाबी (भलाई की सप्लाई, शामगढ़), चेतन जोशी, कपिल मावर, दिनेश सोलंकी, रमेश सैनी, दिनेश परमार, बाबूलाल चौधरी, राकेश बोराणा, सतीश देवड़ा, शेखर राज चौहान, परमानंद चौहान, विजय परिहार, राजेश चौधरी, अशोक परमार, ओम बड़ोदिया शहजाद हुसैन अध्यक्ष निडर युवा सेवा संस्था, लक्की, मुरलीधर मिश्रा, एडवोकेट जावेद अजहर सिद्दीकी, सोहेल खान, भविष्य चौहान, शीतल, मनीषा चौहान, निधि सेन एवं गायत्री राठौर सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी उपस्थित रहे। कैंसर पीड़ितों के लिए अहम पहल इस अवसर पर संबोधित करते हुए मोहन राम चंदानी ने कहा कि नंद सेवा संकल्प समिति गरीब, लाचार एवं कमजोर वर्गों के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है, विशेषकर गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को राहत पहुंचाने का कार्य सराहनीय है। उन्होंने बताया कि 14 दिसंबर से कैंसर पीड़ितों एवं उनके परिजनों के लिए अहमदाबाद में भवन की व्यवस्था की गई है, जहां रहने और खाने की संपूर्ण सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने आगे बताया कि समिति द्वारा भविष्य में एंबुलेंस सेवा प्रारंभ करने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर रेफर मरीजों को आपातकालीन स्थिति में कम बजट में अहमदाबाद तक पहुंचाया जा सके। सामाजिक गतिविधियों को मिलेगा विस्तार कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने नए कार्यालय के उद्घाटन पर समिति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह कार्यालय जिला स्तर पर सामाजिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। श्री चंदानी जैसे प्रतिष्ठित अतिथि की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को बढ़ाया, वहीं बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी से भविष्य में सहयोग की नई संभावनाएं भी खुली हैं। कार्यक्रम का समापन सेवा, समर्पण और सहयोग के संकल्प के साथ हुआ।
इस अवसर पर नंद सेवा संकल्प समिति की टीम के संस्था अध्यक्ष दयाराम चौहान उपाध्यक्ष राजेश राठौर सचिव कत. आबिद अंसारी कोषाध्यक्ष धर्मवीर रत्नावत सह सचिव देवेन्द्र सिंह चौहान सदस्य दिनेश सेन. देवेन्द्र शर्मा] आदित्य चौहान सभी ने आए हुवे अतिथियों एवं मेहमानों का स्वागत किया।


